Home Blog Page 507

नीतीश की 2 बजे तेजस्वी के साथ शपथ, सोनिया को फोन कर जताया आभार

समर्थकों में ‘सुशासन बाबू’ और विरोधियों में ‘पलटू राम’ के नाम से जाने जाने वाले नीतीश कुमार आज 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे। उपमुख्यमंत्री के रूप में तेजस्वी यादव के साथ दोपहर 2 बजे राजभवन में उनका शपथ ग्रहण होगा। इससे पहले नीतीश ने मंगलवार को तेजस्वी यादव से साथ गठबंधन के स्वरूप को लेकर चर्चा की और साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी को फोन करके महागठबंधन सरकार में उनका समर्थन करने के लिए आभार जताया। नीतीश अब एनडीए की जगह यूपीए का हिस्सा हो गए हैं।

भाजपा से नाता तोड़ने के बाद नीतीश ने कहा कि वे भाजपा के साथ अपमानित महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा – ‘काफी समय से भाजपा के रवैये से परेशानी महसूस कर रहा था और आज सब सहयोगियों ने एकमत से एनडीए से बाहर आने का समर्थन किया।’

नीतीश ने कल दोपहर राजभवन जाकर राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया और शाम को नई सरकार बनाने का दावा करते हुए राज्यपाल को 164 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा। नीतीश आज 8वीं बार बिहार के सीएम बनेंगे। सात दलों के महागठबंधन में उनकी प्रमुख सहयोगी आरजेडी और कांग्रेस होंगी।

कल शाम जेडीयू के प्रमुख नीतीश कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से फोन पर बातचीत की और समर्थन देने के लिए उनका आभार जताया। नीतीश ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बात भी फोन पर की। नीतीश भाजपा से नाता तोड़ें के बाद अब कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए का हिस्सा हो गए हैं जिसका आरजेडी भी हिस्सा है। पता चला है कि नीतीश कांग्रेस को सरकार में अच्छी हिस्सेदारी देंगे। कांग्रेस के 19 विधायक हैं।

बिहार में मंगलवार को राजनीतिक घटनाक्रम बहुत तेजी से बदला। नीतीश कुमार पहले एनडीए के मुख्यमंत्री के रूप में अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपा। इसके बाद आरजेडी, कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों ने उन्हें महागठबंधन का नेता चुना। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल के पास 164 विधायकों के समर्थन के साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।

बिहार विधानसभा में इस समय 242 सदस्य हैं और बहुमत के लिए 122 वोट की जरूरत है जिसे नीतीश आसानी से हासिल कर लेंगे। कांग्रेस ने सोमवार को कहा था कि वह धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने में मदद करने के लिए बिहार में किसी भी गैर-भाजपा सरकार का समर्थन करेगी।

नीतीश ने इस्तीफा दिया, एनडीए के जगह अब यूपीए का हिस्सा बनेंगे

बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। साथ ही भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से उनका नाता टूट गया है। कुमार अब से कुछ देर पहले राज्यपाल से मिले और अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 160 विधायकों के साथ होने का दावा किया है।

एनडीए से बाहर जाने का फैसला करने के बाद नीतीश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उन्हें काफी अपमानित किया है और वे बाहर जाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर कदम पर उनकी बेइज्जती की।

नीतीश की नई सरकार में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं। कांग्रेस, जिसके 19 विधायक हैं, भी शामिल हो सकती है। दोनों बड़े नेताओं में सरकार चलाने के लिए काफी मुद्दों पर सहमति बन गई है।

बिहार विधानसभा में भाजपा की 77, की जेडीयू 45, कांग्रेस 19, सीपीआईएम (एल) के नेतृत्व वाले वाम दलों के पास 16 और राजद के पास 79 सीटे हैं। नीतीश ने दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से टेलीफोन पर बात की थी। आज वे पूर्व मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव की माता राबड़ी देवी से भी मिले।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे, जबकि तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री होंगे। मंत्रालयों का बंटवारा मुख्यमंत्री करेंगे, हालांकि विधानसभा का अध्यक्ष राष्ट्रीय जनता दल का हो सकता है।

ट्रम्प के फ्लोरिडा आवास पर एफबीआई का छापा, पूर्व राष्ट्रपति ने साजिश बताया

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित पाम बीच पर बने आवास पर अमेरिका की फेडरल जांच एजेंसी (एफ़बीआई) ने आज सुबह छापा मारा है।
फिलहाल एफबीआई का इस घर पर अभी भी कब्ज़ा है जबकि ट्रम्प के इस घटना की है। अमेरिका के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी पूर्व राष्ट्रपति के घर एफबीआई ने छपा मारा हो।

रिपोर्ट्स के मुताबिक छापे के दौरान ट्रम्प के घर बनी उनकी तिजोरी तोड़ दी गई। ट्रंप के खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिये साझा की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक राष्ट्रपति पद से हटने के बाद ट्रम्प बड़ी मात्रा में रिकॉर्ड अपने साथ ले गए। यह छापेमारी इसी कारण की गयी।

याद रहे अमेरिका का ला डिपार्टमेंट ट्रंप के खिलाफ जांच कर रहा है। यह छापेमारी सोमवार सुबह शुरू हुई और कई घंटे बाद भी जारी रही। उधर अमेरिकी न्याय विभाग ने ट्रंप के आवास पर छापे की खबरों पर टिप्पणी नहीं की है। अमेरिका के मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि ‘बड़ी संख्या में आए एफबीआई एजेंटों ने उनकी मार-ए-लागो वाले घर को खंगाला है।’

ट्रम्प के इस दावे पर एफबीआई मुख्यालय और मियामी क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से कोई स्टेटमेंट जारी नहीं हुई है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन दस्तावेजों के बक्से की खोज की गयी जो ट्रंप कथित तौर पर अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद व्हाइट हाउस से फ्लोरिडा के घर ले गए थे।

ट्रंप ने कहा है कि उनके घर पर अभी घेराबंदी है। छापेमारी जारी है। एफबीआई ने उसे अपने कब्जे में लिया हुआ है। हालांकि, उन्होंने छापेमारी के कारणों को उजागर नहीं किया। छापेमारी के दौरान ट्रंप फ्लोरिडा स्थित अपने आवास पर नहीं थे। वे न्यूयॉर्क में थे। ट्रंप ने इसे उन्हें 2024 के राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में रोकने की साजिश करार दिया है।

जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग वाली याचिका, सुप्रीम कोर्ट का केंद्र को नोटिस

सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को जनसंख्या नियंत्रण का कानून बनाने की मांग करने वाली एक याचिका पर नोटिस जारी करते हुए उससे जवाब मांगा है। अपनी याचिका में याचिकाकर्ता ने कहा कि जनता को स्वच्छ जल, हवा, भोजन, स्वास्थ्य और रोजगार देने का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का कानून बनाया जाना बहुत जरूरी है।

याचिकाकर्ता धर्मगुरु देवकी नंदन ठाकुर की इस याचिका को सर्वोच्च अदालत ने मुख्य मामले के साथ क्लब कर दिया है। याचिका में धर्मगुरु ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए कोई ठोस और कारगर क़ानून नहीं होने से कोर्ट विधि आयोग को निर्देश दे कि दूसरे विकसित देशों में जनसंख्या नियंत्रण की नीतियों को देखने के बाद भारत के लिए भी वो उचित हो वैसा कानून बनाने के लिए सुझाव और सिफारिशें दें।

बता दें सर्वोच्च अदालत में पहले से भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय एक जनहित याचिका दाखिल है जिसमें याचिकाकर्ता ने कहा है कि जनसंख्या का विस्फोट बम से भी ज्यादा घातक है।

भाजपा नेता ने याचिका में कहा कि बड़ी जनसंख्या के कारण शिक्षित, समृद्ध, स्वस्थ और सुगठित मजबूत भारत नहीं बन पायेगा। उपाध्याय ने याचिका में मांग की है कि केंद्र सरकार आबादी नियंत्रण के उपायों को देश में लागू करे।

नोएडा में महिला से दुर्व्यवहार के आरोपी भाजपा नेता के अवैध कब्जे पर बुलडोजर

महिला से दुर्व्यवहार करने वाले नोएडा की ग्रांड ओमेक्स सोसायटी में रहने वाले भाजपा श्रीकांत त्यागी के अवैध कब्जे पर प्रशासन ने सोमवार सुबह बुलडोजर चलवा दिया। इस भाजपा नेता का महिला से गालीगलोच करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया में इस नेता के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। अब नोएडा पुलिस ने त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

श्रीकांत त्यागी पर लोगों से गाली गलोच करने और उनके धमकाने के पहले भी काफी आरोप लगे हैं। उधर भाजपा त्यागी से अपना पल्ला झाड़ती नजर आ रही है। अब प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आज सुबह बड़ा एक्शन लेते हुए ग्रांड ओमेक्स सोसायटी में त्यागी के अवैध कब्जे पर बुजडोजर चला दिया। इस बीच नोएडा के सेक्टर-93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना फेज 2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक नोएडा अथॉरिटी की एक टीम सुबह करीब साढ़े 9 बजे बुलडोजर के साथ ग्रांड ओमेक्स सोसायटी पहुंची और अवैध कब्ज़ा हटाने का काम शुरू कर दिया। नोएडा पुलिस ने त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। त्यागी पर महिला के साथ गाली-गलौज करने का आरोप है। ग्रांड ओमेक्स सोसायटी में अवैध कब्जे को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।

पुलिस अभी फरार श्रीकांत त्यागी को पकड़ नहीं पाई है। आज त्यागी के अवैध निर्माण को गिराने के बाद सोसायटी के लोग जश्न मनाते दिखे। वैसे रविवार की रात भी ग्रांड ओमेक्स सोसायटी में हंगामा दिखा जब आधा दर्जन लोगों ने रात करीब पौने 8 बजे बिना इजाजत सोसायटी में घुसने की कोशिश की। पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिनसे पूछताछ की जा गयी है।

उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति एम वेंकैया नायडू की विदाई आज

राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को सोमवार को संसद के उच्च सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में विदाई दी जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपराष्ट्रपति नायडू को एक स्मृति चिन्ह भेंट करेंगे और उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति के रूप में उनके कार्यकाल को कवर करने वाला एक प्रकाशन भी जारी किया जाएगा। इसके बाद दिन का समापन विदाई रात्रि भोज के साथ किया जाएगा।

गौरतलब है कि, रविवार को नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से उनके निवास पर मुलाकात की, इस मुलाकात की तस्वीरें दोनों ने अपने ट्विटर पर साझा की।

आपको बता दें, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है। और जगदीप धनखड़ 11 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। धनखड़ ने विपक्ष की साझा प्रत्याशी उपराष्ट्रपति उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को पराजित किया था।

पात्रा चॉल जमीन घोटाले में संजय राउत की पत्नी से ईडी की पूछताछ आज

पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दफ्तर में पेश हुई हैं। वर्षा को ईडी ने समन भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया है।

इससे पहले ईडी ने दिसंबर 2020 में पीएमसी बैंक घोटाला मामले वर्षा राउत से पूछताछ की थी। उस वक्त उनके बैंक अकाउंट खाते में प्रवीण राउत की पत्नी माधुरी राउत के जरिए 55 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। और आज ईडी के अधिकारी उनसे पात्रा चॉल जमीन घोटाला मामले में पूछताछ करेंगे।

आपको बता दें, पांच दिन से प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में चल रहे संजय राउत को बुधवार को मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया गया था। कोर्ट ने संजय राउत को 8 अगस्त तक ईडी की कस्टडी में भेजा है।

ईडी ने दावा किया है कि राउत और उनके परिवार को पात्रा चॉल पुनर्विकास परियोजना में 1.06 करोड़ रुपये की राशि का लाभ हुआ है। किंतु इसके उलट संजय राउत का कहना है कि उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के चलते फंसाया जा रहा है।

अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के हमले में 8 की मौत

अफगानिस्तान में आतंकी हमलों का दौर जारी है। नई घटना में देश की राजधानी काबुल में शुक्रवार देर रात एक मस्जिद के नजदीक हुए ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में 18 लोग घायल हुए हैं। यह ब्लास्ट आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ब्लास्ट एक वाहन में हुआ। सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि यह घटना वेस्ट काबुल के शिया बहुल सर-ए करेज इलाके में हुआ।

ब्लास्ट के बाद कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिनमें से कुछ की बाद में मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक घटना में 8 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इस्लामिक स्टेट संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है ब्लास्ट में 20 लोग मारे गए हैं।

हाल के महीनों में इस्लामिक स्टेट अफगानिस्तान में काफी सक्रिय हैं और शिया मुस्लिम उसके निशाने पर रहे हैं। इसी साल पहले भी उसने घटनाओं को अंजाम दिया है।

उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू, धनखड़ और अल्वा में टक्कर

देश का नया उपराष्ट्रपति चुनने के लिए मतदान शुरु हो गया है। इस चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए की तरफ से पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ जबकि विपक्षी खेमे से पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यपाल मार्गरेट अल्वा उम्मीदवार हैं।

राष्ट्रपति चुनाव की तरह उप राष्ट्रपति चुनाव में भी सत्तारूढ़ एनडीए की स्थिति मजबूत दिखती हैं, हालांकि, उपराष्ट्रपति चुनाव में कुछ राजनीतिक दल कांग्रेस (विपक्ष) की उम्मीदवार अल्वा के साथ हैं। हालांकि, ममता बनर्जी की टीएमसी ने इस चुनाव में मतदान नहीं करने का फैसला किया है जिसका लाभ भाजपा प्रत्याशी को मिलेगा।

उप राष्ट्रपति चुनाव में टीआरएस, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अल्वा के समर्थन में हैं। बिहार में भाजपा की सहयोगी जेडीयू, आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस, मायावती के बसपा, अन्नाद्रमुक और शिवसेना (शिंदे गुट) धनखड़ का समर्थन कर रहे हैं।

उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्य सभा के सदस्यों के अलावा मनोनीत सांसद भी मतदान करते हैं। भाजपा के पास दोनों सदनों में 394 सदस्यों के अलावा सहयोगी जदयू, एआईएडीएमके, लोजपा और अन्य सहयोगी दलों के 47 सदस्य भी हैं। इस तरह एनडीए के सांसदों की संख्या 446 पहुंच जाती है। भाजपा खेमे का दावा है कि उसके पास 522 सदस्य हैं जबकि 5 मनोनीत सदस्य भी हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने धारावाहिक ‘स्वराज’ सीरियल का किया शुभारंभ, युवाओं से देश के इतिहास पर गर्व करने का किया आग्रह

भारत की आजादी के 75 वें वर्ष में दूरदर्शन ने 75 एपिसोड की एक श्रृंखला की शुरुआत की है। इस धारावाहिक के अंतर्गत गौरवशाली इतिहास और भारतीय इतिहास के बारे में कम ज्ञात कहानियों को प्रस्तुत किया जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को नर्इ दिल्ली में दूरदर्शन के इस मेगा ऐतिहासिक हिंदी धारावाहिक “स्वराज – भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा” का शुभारंभ किया।

इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, “इस स्वराज श्रृंखला का प्रयास भारतीयों को अपनी संस्कृति, मूल्यों और प्राचीन ग्रंथों पर गर्व महसूस करने का होना चाहिए। युवाओं को देश की प्राचीन संस्कृति और इतिहास पर गर्व करने का आग्रह करते हुए कहा आगे कहा कि भारत के भाव की अभिव्यक्ति दूरदर्शन के संचार के बिना संभव नहीं हैं।”

साथ ही इस मौके पर मौजूद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि, “इस सीरियल के माध्यम से युवा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में जान सकते हैं। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों की कम-ज्ञात कहानियां युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाएंगी और प्रत्येक भारतीय को अपने गौरवशाली अतीत पर गर्व कराएगी।“

यह सीरियल 14 अगस्त से कुल 75 सप्ताह तक प्रसारित किया जाएगा। इसका प्रसारण रात 9 बजे से 10 बजे तक दूरदर्शन पर किया जाएगा। यह हिंदी भाषा के साथ ही अन्य नौ भाषाओं में भी अनुवादित किया जाएगा।

आपको बता दें, यह सीरियल अपनी 75 कड़ियों के धारावाहिक के अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानियों और स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों के योगदान पर प्रकाश डालेगा और इसका प्रसारण आकाशवाणी पर भी किया जाएगा।

‘स्वराज’ सीरियल के उद्घाटन के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरूगन मौजूद रहे।