Home Blog Page 389

छत्तीसगढ़ के सुकमा इलाके में नक्सलियों से मुठभेड़ में डीआरजी के तीन जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के सुकमा इलाके में शनिवार को पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) के तीन जवान शहीद हो गए हैं। इस घटना में दो अन्य जवान घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

नक्सलियों से यह मुठभेड़ कुंदेड़ और जगरगुंडा के बीच हुई है। नक्सलियों ने एंबुश लगा रखा था और सुकमा के थाना जगरगुंडा से डीआरजी की पार्टी नक़्सल गस्त पर थी जब यह मुठभेड़ हुई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप के तीन जवान शहीद हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सर्च अभियान के दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। मृतकों में एएसआई रामूराम नाग, सहायक कांस्टेबल कुंजम जोगा और सैनिक वंजम भीमा शामिल हैं। हमले में दो जवान घायल हुए हैं।

यह घटना शनिवार सुबह की है जब जगरगुंडा के पास आश्रम पारा में दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस दौरान धमाके की आवाज भी सुनी गई। जगरगुंडा क्षेत्र के नए स्थापित कुंदेड़ कैम्प से एरिया डोमिनेशन पर पार्टी निकली थी। तभी कैंप से दो किमी दूर आश्रम पारा के पास सुबह आठ बजे नक्सलियों ने घात लगाकर जवानों पर हमला कर दिया।

जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज भारत पहुंचे, पीएम मोदी से कई मुद्दों पर बैठक

भारत और जर्मनी के बीच नवीन तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार और निवेश समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समग्र द्विपक्षीय संबंधों में बातचीत और विस्तार के लिए जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज शनिवार को भारत पहुंचे हैं। उनकी दो-दिवसीय यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आज बैठक हुई है।

बैठक में यूक्रेन युद्ध, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उपाय जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई है। शीर्ष पद पर एंजेला मर्केल के 16 साल के ऐतिहासिक कार्यकाल के बाद दिसंबर, 2021 में जर्मनी का चांसलर बनने के बाद शोल्ज की यह पहली भारत यात्रा है।

मोदी-शोल्ज वार्ता में रूस-यूक्रेन युद्ध के परिणामों पर व्यापक चर्चा होने की जानकारी है। इसके अलावा इसमें व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और नई तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर रहने की संभावना है। दोनों नेताओं ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समग्र स्थिति पर भी गहन विचार किया।

याद रहे इंडोनेशिया के शहर बाली में भी पिछले साल 16 नवंबर को मोदी और शोल्ज के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। दोनों नेताओं के बीच पहली बैठक पिछले साल 2 मई को तब हुई थी, जब मोदी छठवीं भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श (आईजीसी) में हिस्सा लेने बर्लिन गये थे।

मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसे में 17 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

मध्य प्रदेश में एक बड़े सड़क हादसे में शुक्रवार देर रात 17 लोगों की मौत हो गयी और 50 लोग घायल हो गए हैं जिनमें कुछ की हालत गंभीर है। हादसा तब हुआ जब एक ट्रक ने लोगों से भरी खड़ी बसों को टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा रीवा और सतना जिलों की सीमा पर हुआ जब सड़क किनारे खड़ी तीन बसों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। कई लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी जबकि कुछ ने अस्पताल जाकर दम तोड़ा। हादसा इतना भीषण था कि इसमें 50 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। इनमें कई की हालत अभी भी खराब बताई गयी है।

हादसा बरखड़ा गांव के पास मोहनिया सुरंग के बाहर हुआ। बसों में सवार लोग सतना शहर में कोल महाकुंभ आयोजन से लौट रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शबरी माता जयंती के अवसर पर दिन में इस कार्यक्रम को संबोधित किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक सीमेंट से लदा ट्रक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी तीन बसों से टकराया जिससे दो बसें पलट गईं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हादसे की बाद घायलों की जानकारी लेने रीवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। चौहान ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद और मृतक व्यक्तियों के निकट परिजनों को सरकारी नौकरी देने की बात कही है। गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये मुआवजा देने का भी सीएम ने ऐलान किया।

पूर्व मुख्यमंत्रियों और कांग्रेस नेताओं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया है। नाथ ने एक ट्वीट कर मरने वालों के निकट परिजनों से संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।

भारतवंशी अजय सिंह बंगा बने वर्ल्ड बैंक के नए प्रेजिडेंट

मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ और भारतीय मूल के अजय सिंह बंगा वर्ल्ड बैंक  के नए प्रेजिडेंट बन गए है। अमेरिका के प्रेजिडेंट जो बाइडेन ने गुरुवार को यह घोषणा की। वह इस पद पर नियुक्त होने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। बंगा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्फीफंस कॉलेज से इकनॉमिक्स की डिग्री ली है। उन्हें 2016  में पद्म श्री से भी नवाजा गया था।

बंगा अभी प्राइवेट इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक के वाइस प्रेसिडेंट हैं। उन्हें बिजनस में 30 साल से अधिक अनुभव है और वह मास्टरकार्ड में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। साथ ही वह अमेरिकन रेड क्रॉस, क्राफ्ट फूड्स और डाउ इंक के बोर्ड में रह चुके हैं। अगर वर्ल्ड बैंक का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स उनके नाम पर मुहर लगाता है, तो वह इस पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकन और सिख-अमेरिकन होंगे। अब तक इंटरनेशनल मॉनीटरी फंड और वर्ल्ड बैंक में भारतीय मूल को कोई भी व्यक्ति इस पद पर नहीं पहुंचा है।

राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा है कि, ‘अजय सिंह बग्गा इतिहास के इस महत्वपूर्ण क्षण में विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए विशिष्ट रूप से उपयुक्त हैं। अजय सिंह ने सफल, वैश्विक कंपनियों के निर्माण और प्रबंधन में तीन दशक से अधिक का समय बिताया है। ये वे कंपनियां हैं जो विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में रोजगार सृजित करती हैं और निवेश लाती हैं। उनके पास लोगों और व्यवस्था को प्रबंधित करने तथा परिणाम देने के लिये दुनिया भर के वैश्विक नेताओं के साथ साझेदारी करने का एक अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड है।’

आपको बता दें, अजय सिंह बंगा की आयु 63 वर्ष है और वे साल मास्टरकार्ड के प्रेजिडेंट और सीईओ रह चुके हैं। बंगा 12 साल तक मास्टरकार्ड इंक का प्रमुख रहने के बाद दिसंबर 2021 में रिटायर हुए थे। उन्होंने 2025 तक एक अरब लोगों और पांच करोड़ माइक्रो और स्मॉल कंपनियों को डिजिटल इकॉनमी में लाने का लक्ष्य रखा था।

बंगा की नियुक्ति की घोषणा उस वक्त हुई जब कुछ ही दिन पहले वर्ल्ड बैंक को प्रमुख डेविड मालपस ने जून में पद छोड़ने की घोषणा की थी। उनका पांच साल का कार्यकाल अप्रैल 2024 में खत्म होना था, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया है।

अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलन ने एक बयान में कहा कि बंगा का अनुभव वर्ल्ड बैंक के लक्ष्यों को हासिल में उनके काम आएगा।मालपस के उत्तराधिकारी को नियुक्त करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है लेकिन फाइनल सेलेक्शन मई के शुरुआत में होने की उम्मीद है। सबसे पहले बंगा का ही नॉमिनेशन पब्लिक किया गया है।

हालांकि बैंक 29 मार्च तक दूसरे देशों के नॉमिनेशन को स्वीकार करेगा। जर्मनी ने हाल में कहा था कि इस पद पर किसी महिला की नियुक्ति होनी चाहिए। उसका कहना था कि बैंक के 77 साल के इतिहास में कोई महिला इस पद पर नहीं बैठी है। अजय सिंह अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ पार्टनरशिप फॉर सेंट्रल अमेरिका के को-चेयर के रूप में भी काम कर चुके हैं।

छत्तीसगढ़: सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के सभी 11 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक ट्रक और पिकअप वैन की भिड़ंत में 11 लोगों की मौत और 15 घायल हो गए है।

घटना DPWS स्कूल खमरिया के पास पहुंच कर हुर्इ। तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए।

ये हादसा भाटापारा मार्ग पर हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। परिवार के 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक साहू फैमिली पारिवारिक काम से अर्जुनी आया था। इसी दौरान एक भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये हादसा डीपीडब्ल्यूएस स्कूल खमरिया के पास हुआ।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीखपुकार मच गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया दिया है।

हादसा इतना भीषण था कि मौके से गुजर रहे लोग भी सन्न रह गए। जबकि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। आसपास जाम लग गया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। वही पुलिस ने मृतक के शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुर्घटना में पिकअप वैन और ट्रक को पुलिस ने जप्त कर लिया है।

चुनावी राज्य नागालैंड में सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

नागालैंड में शुक्रवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, “कांग्रेस की नीति वोट पाओं और भूल जाओ की है। कांग्रेस ने दिल्ली से रिमोट के जरिए पूर्वोत्तर को नियंत्रित किया जबकि भाजपा आठ राज्यों को ‘अष्टलक्ष्मी’ मानती है। हमारा यह प्रयास है कि दिल की दूरियां भी मिटे और दिल्ली से भी दूरी कम हो।”

इस मौके पर पीएम ने आगे आगे कहा कि, “बीते 9 वर्षों में मैं खुद दर्जनों बार यहां आया हूं, दिल्ली से लेकर दिमापुर तक उन्होंने परिवारवाद को ही प्राथमिकता दे रखी थी। लेकिन हमारी सरकार ने पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए दिल्ली की सरकार की सोच को ही बदल दिया है। कांग्रेस ने नॉर्थ-ईस्ट को एटीएम माना हुआ था। सरकार का पैसा जनता तक नहीं, बल्कि करप्ट पार्टियों की तिजोरी में पहुंचता था।”

उन्होंने आगे कहा कि, “देश अपने लोगों पर अविश्वास करने से नहीं बल्कि उन पर भरोसा करने से चलता है। नागालैंड के लिए हमारे पास शांति, विकास और समृद्धि का मंत्र है। इसलिए लोगों को भाजपा और एनडीपीपी पर भरोसा करते है। पिछले कुछ सालों में कई युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है।”

पीएम ने कहा कि, “अपनो पर अविश्वास करके देश को नहीं चलाया जा सकता है। लोगों का सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान करके ही देश को चलाया जा सकता है। इससे पहले पूर्वोत्तर में फूट डालो की राजनीति होती थी। लेकिन अब हमने इस परिस्थिति को बदल डाला है। आज केंद्र सरकार नागालैंड के हजारों परिवारों को मुफ्त राशन दे रही है। गरीबों, आदिवासियों और महिलाओं के उत्थान पर ध्यान केंद्रित कर रहे है। आज हमारी हर योजना में समाज के इन तबकों को प्राथमिकता दी जाती है।”

स्टैंडिंग कमेटी चुनाव के पहले आप पार्षद पवन सहरावत हुए भाजपा में शामिल

दिल्ली नगर निगम चुनाव (एमसीडी) के स्थायी समिति के 6 सदस्यों के चुनाव शुक्रवार को होना है और एमसीडी हाउस की स्टैंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से ठीक पहले बवाना से आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद पवन सहरावत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ज्वाइन कर लिया है।

बवाना से आप पार्षद का भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यालय में पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और महासचिव हर्ष मल्होत्रा ने पवन सहरावत का स्वागत किया।

आप विधायक आतिशी मार्लेना ने कहा कि, भाजपा चुनाव नहीं जीते तो दूसरी पार्टी की सरकार नहीं बनने देंगे? आज ये एमसीडी में कर रहे हैं और किसी राज्य में कर सकते हैं और सदम में भी कर सकते हैं। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर आंखों पर होना चाहिए।

आपको बता दें, बुधवार को आप की शैली ओबेरॉय को दिल्ली का नया मेयर चुना गया और उसी शाम स्थायी समिति के चुनाव भी होने थे किंतु स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों (भाजपा और आप) के बीच चुनाव से पहले सदन में जमकर मारपीट हुई और दोनों पार्टी के पार्षदों ने हाउस में मतपेटियां भी उछाली जिसके इस सबके चलते सदन को स्थगित कर दिया गया था।

सीडब्ल्यूसी चुनाव पर चर्चा में गांधी परिवार नहीं होगा शामिल

कांग्रेस का 85 वां राष्ट्रीय अधिवेशन छत्तीसगढ़ के रायपुर में आज पार्टी की संचालन समिति बैठक के साथ शुरू हो चुका है। यह महत्वपूर्ण प्रोग्राम के तौर पर भी देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार पार्टी के कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) चुनाव कराने पर इसमें अहम फैसला लिया जाना है। अधिवेशन के पहले दिन एक अहम बैठक से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल नहीं होंगे। जिसमें पार्टी के शीर्ष निकाय, सीडब्ल्यूसी के चुनावों पर चर्चा होगी।

सोनिया गांधी ने अक्टूबर में 137 साल पुराने संगठन की बागडोर मल्लिकार्जुन खरगे को सौंप दी थी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को गांधी परिवार फ्री हैंड देना चाहता है और किसी भी तरह से फैसलो को प्रभावित नहीं करना चाहता। लेकिन वे अन्य होने वाले कॉन्क्लेव में भाग लेंगे जो कि 2024 के राष्ट्रीय चुनावों के लिए विचार-मंथन की उम्मीद करता है।

आपको बता दें, छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस का 85 वां राष्ट्रीय अधिवेशन 24 से शुरू हो गया है और 26 तक चलेगा। इसमें लगभग 15 हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस तीन दिवसीय अधिवेशन के दौरान 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए रोडमैप तैयार करने और समान विचारधारा वाले दलों के साथ चुनावी गठबंधन की रणनीति को अंतिम रूप देने की उम्मीद है।

पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम बेल, सीजेआई ने कहा सभी एफआईआर की एक जगह हो सुनवाई

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश में बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने कहा कि, दिल्ली कोर्ट पवन खेड़ा को मंगलवार तक अंतरिम जमानत दे। साथ ही कोर्ट ने याचिका पर सीमित सुनवाई मंजूर की है। सभी एफआईआर के क्लब करने पर नोटिस जारी कर दिया है। खेड़ा के खिलाफ उत्तर प्रदेश और असम में एफआईआर दर्ज है किंतु पुलिस अब पवन खेड़ा को असम नहीं ले जा पाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख तक याचिकाकर्ता को द्वारका कोर्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, “दिल्ली की क्षेत्राधिकार वाली कोर्ट अंतरिम जमानत दें। मंगलवार तक अंतरिम जमानत जाए। खेड़ा को संरक्षण के लिए आदेश जारी कर रहे हैं। इस बीच खेड़ा निचली अदालत में जमानत याचिका दाखिल करें। उत्तर प्रदेश और असम में दर्ज एफआईआर एक साथ जोड़ने पर सोमवार को सुनवाई करेंगे।”

पवन खेड़ा की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी ने सुनवाई के दौरान कहा कि, “जो पवन खेड़ा ने कहा वो नहीं कहना चाहिए था, मैं यह मानता हूं उन्होंने खुद माना है कि उनकी जुबान फिसल गई थी हालांकि उन्होंने माफी भी मांगी थी। उनको रिहा करने के आदेश दिए जांए। अदालत उनको संरक्षण दे। देश में किसी भी राजनीतिक बयानबाजी पर ये गंभीर केस नहीं लगाए जा सकते। ये अभिव्यक्ति की आजादी का हनन है। गिरफ्तारी में प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। खेड़ा ने जो अपराध किया है उसमें 3 और 5 साल की ही अधिकतम सजा है।”

सीजेआई ने कहा कि, “हम सभी एफआईआर के एक राज्य में निर्धारित कर देते है, ताकि वह राहत के लिए हाईकोर्ट जा सकें। इस स्टेज पर हम एफआईआर रद्द नहीं कर सकते। ” इसी दौरान प्रधानमंत्री पर दिया गया बयान सुनाया गया और इस पर सीजेआई ने पूछा कि ये सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का माला कैसे?

आपको बता दें, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर असम, लखनऊ और वाराणसी में शिकायतें दर्ज की गई हैं। खेड़ा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए और 153 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

झूठ बोलकर विमान से उतारा गया, लंबी लड़ाई के लिए तैयार हूं- पवन खेड़ा

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता पवन खेड़ा ने गुरुवार को कहा कि, “पुलिस अधिकारियों ने उन्हें झूठ बोलकर छत्तीसगढ़ जाने वाले विमान से उतरने के लिए झूठ बोला गया था। मुझे बताया गया कि मेरे सामान के साथ कुछ समस्या है हालांकि मेरे पास केवल हाथ में रखने वाला ही बैग था।“  

उन्होंने आगे बताया कि, “मुझे कहा गया कि आपके सामान को लेकर कुछ समस्या है, जबकि मेरे पास केवल एक हैंडबैग है। जब फ्लाइट से नीचे आया तो बताया गया कि आप नहीं जा सकते हैं। फिर कहा गया- आपसे डीसीपी मिलेंगे। मैं काफी देर से इंतजार कर रहा हूं। नियम, कानून और कारणों का कुछ अता-पता नहीं है।“

आपको बता दें, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पार्टी के अन्य नेताओं के साथ विमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की बैठक के लिए छत्तीसगढ़ जा रहे थे। किंतु विमान में चढ़ने के कुछ क्षण बाद पवन खेड़ा को बोर्डिंग पास के बावजूद दिल्ली से इंडिगो की एक उड़ान से कथित रूप से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया गया।

वहीं इंडिगो एयरलाइन के सूत्रों ने कहा कि, पवन खेड़ा को प्राथमिकी या प्रथम सूचना रिपोर्ट मिलने पर विमान से उतारा गया था। उड़ानों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पवन खेड़ा को बिना गिरफ्तारी वारंट के रोका गया। कांग्रेस की सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि, “यह और कुछ नहीं बल्कि एक घबराई हुई सरकार और उसकी मनमानी है।“