Home Blog Page 377

राजधानी दिल्ली में पोस्टर वार: कई इलाकों में 44 एफआईआर दर्ज, 4 गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में पोस्टर वार के चलते कई इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में पोस्टर लगाए गए है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अभी तक कुल 100 एफआईआर दर्ज की है और चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। इन पोस्टरों पर लिखा था – ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’

पुलिस के मुताबिक लगाए गए पोस्टरों में प्रिंटिंग प्रेस का नाम नहीं लिखा गया है, इसलिए कार्रवाई बड़े पैमाने पर हो रही है। और 2 हजार पोस्टर दीवारों से हटाए गए है जबकि 2 हजार जब्त किए गए है। गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में दो प्रिंटिंग प्रेस के मालिक हैं।  

दिल्ली पुलिस ने आईपी स्टेट इलाके से एक वैन पकड़ी है और उस वैन के ड्राइवर ने बताया है कि उसके मालिक ने कहा था कि आप मुख्यालय पोस्टर पहुंचाने है। और वह एक दिन पहले भी आप मुख्यालय पोस्टर लेकर गया था।

आम आदमी पार्टी (आप) ने ट्वीट कर कहा कि, “मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है!! पीएम मोदी, आपको शायद पता नहीं पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है एक पोस्टर से इतना डर! क्यों? ”

दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में 2 एफआईआर, नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में 6 एफआईआर, शाहदरा डिस्ट्रिक्ट में 9 एफआईआर, नॉर्थ वेस्ट जिले में 12 एफआईआर दर्ज की गयी है। इस मामले में की कार्रवाई जमानती धाराओं के तहत हुई थी और सभी गिरफ्तार लोगों को जमानत मिल गयी है।

लंदन में खालिस्तानियों ने भारतीय उच्चायोग में तिरंगा उतारा, भारत ने स्पष्टीकरण मांगा  

लंदन में विरोध प्रदर्शन के दौरान खालिस्तान समर्थक अलगाववादी तत्वों के भारतीय उच्चायोग में तिरंगा उतारे जाने का वीडियो सामने आने के बाद भारत ने ब्रिटेन से सुरक्षा व्यवस्था की गैरमौजूदगी के लिए स्पष्टीकरण की मांग है कि कैसे ये तत्व उच्चायोग परिसर में दाखिल हुए। इस दौरान नीचे खड़े लोगों ने खालिस्तानी झंडे उठा रखे थे और वे नारेबाजी कर रहे थे।  

घटना के बाद भारत ने रविवार रात दिल्ली में वरिष्ठतम ब्रिटिश राजनयिक को तलब किया। उनसे इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की गैरमौजूदगी पर स्पष्टीकरण मांगा गया। विदेश मंत्रालय ने एक सख्त बयान में कहा – ‘भारत को ब्रिटेन में भारतीय राजनयिक परिसरों और कर्मियों की सुरक्षा के लिए ब्रिटिश सरकार की बेरुखी देखने को मिली है, जो अस्वीकार्य है।’

इस बीच रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ब्रिटिश उप उच्चायुक्त क्रिस्टीना स्कॉट को घटना के मद्देनजर विदेश मंत्रालय में तलब किया गया क्योंकि उच्चायुक्त एलेक्स एलिस दिल्ली से बाहर हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा – ‘लंदन में भारतीय उच्चायोग के खिलाफ अलगाववादी और चरमपंथी तत्वों की कार्रवाई पर भारत का कड़ा विरोध जताने के लिए नई दिल्ली में ब्रिटेन की वरिष्ठ राजनयिक को आज देर शाम तलब किया गया।’

अपने बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटेन से सुरक्षा व्यवस्था की गैरमौजूदगी के लिए स्पष्टीकरण की मांग की गई, जिससे ये तत्व उच्चायोग परिसर में दाखिल हुए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि राजनयिक को वियना संधि के तहत ब्रिटिश सरकार के बुनियादी दायित्वों की याद दिलाई गई।

मंत्रालय ने घटना में शामिल लोगों की पहचान करने, उन्हें गिरफ्तार करने और मुकदमा चलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि उम्मीद है कि ब्रिटिश सरकार आज की घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान, गिरफ्तारी और मुकदमा चलाने के लिए तत्काल कदम उठाएगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कड़े कदम उठाएगी।

उधर एलिस ने एक ट्वीट में कहा – ‘मैं लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर और वहां के लोगों के खिलाफ आज के घृणित कृत्यों की निंदा करता हूं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’ इस बीच लंदन पुलिस ‘स्कॉटलैंड यार्ड’ ने कहा -‘हमें इलाके में हुई एक घटना की जानकारी मिली है लेकिन उसने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

फरार खालिस्तान समर्थक नेता अमृतपाल के चाचा और चालक का आत्मसमर्पण  

खालिस्तान समर्थक नेता अमृतपाल सिंह को भले पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई हो, उसके चाचा और ड्राइवर ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया है। अमृतपाल सिंह को पुलिस पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी है और उसकी तलाश की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमृतपाल सिंह कथित तौर पर ड्रग रिहैब सेंटर और एक गुरुद्वारे का इस्तेमाल हथियार जमा करने और युवाओं को आत्मघाती हमले के लिए तैयार करने के लिए कर रहा था।

इस बीच उसके चाचा हरजीत सिंह और ड्राइवर हरप्रीत ने पंजाब के महतपुर में पुलिस के सामने समर्र्पण कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह और उसके साथियों का पीछा किया था लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। उसके कई साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अमृतपाल सिंह का शनिवार को जब पुलिस पीछा कर रही थी उस समय उसके चाचा हरजीत सिंह मर्सिडीज चला रहे थे। हरजीत ने कहा कि 15-16 किलोमीटर पीछा करने के दौरान वह और अमृतपाल अलग हो गए थे। अमृतपाल के चार बड़े सहयोगियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था किया था और उन्हें असम के डिब्रूगढ़ ले जाया गया है।

अमृतपाल के गिरफ्तार सहयोगियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने अमृतपाल सिंह के 112 सहयोगियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 34 को रविवार को गिरफ्तार किया गया है। ‘वारिस पंजाब दे’ ग्रुप के कई सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार किए लोगों में दलजीत सिंह कलसी भी शामिल है, जो अमृतपाल सिंह के फाइनेंस को संभालता है।

 याद रहे पंजाब में मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर पाबंदियां बढ़ा दी गई हैं। पड़ोसी राज्य हरियाणा भी हाई अलर्ट पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमृतपाल सिंह ड्रग रिहैब सेंटर और एक गुरुद्वारे का इस्तेमाल हथियार जमा करने और युवाओं को आत्मघाती हमले के लिए तैयार करने के लिए कर रहा था।

यूपी के सोनभद्र में उफनते नाले में बह गए छह मजदूर, चार के शव मिले

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में शनिवार को 6 मजदूरों की एक उफनते नाले में बह जाने से मौत हो गयी। इनमें ज्यातादर महिलाएं हैं। चार शव मिल गए हैं, जबकि दो लोगों की तलाश अभी जारी है। सभी गढ़वान थाना रामपुर बरकोनिया निवासी हैं।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा तब हुआ जब सोनभद्र के  घटना कोन थाना क्षेत्र के चकरिया में बैतरा नाले में भारी बारिश के बाद पानी भर गया। जब यह लोग नाला पार कर रहे थे तो नाले के तेज बहाव में बह गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गयी लेकिन बहाव काफी तेज होने से उनका पता नहीं चला।

छह मजदूर बह गए जिनमें से चार के शव पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। हालांकि,  अब तक दो मजदूरों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि दोनों मजदूरों की तलाश की जा रही है। यह इलाका कोन थाना क्षेत्र के तहत चकरिया में पड़ता है।

घटना तब हुई जब शुक्रवार शाम बारिश के बाद नाले में अचानक तेज बहाव आ गया।  इसमें छह मजदूर बह गए जिनमें से चार के शव मिल गए हैं। मरने वालों में राजकुमारी, रीता, राजमति और हीरावती शामिल हैं जिनके शव मिल गए हैं जबकि  संतरा देवी और विमलेश की तलाश की जा रही है। 

महाराष्ट्र के थाने जिला में मांगों को लेकर मार्च निकाल रहे एक किसान की मौत

महाराष्ट्र के थाने जिला में में शनिवार को मोर्चा निकाल रहे अखिल भारतीय किसान सभा के एक किसान की मौत हो गयी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किसान की मौत पर अफ़सोस जताते हुए उनके परिवार को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक किसान लगातार चलने के कारण हुई। यह मार्च नासिक से मुंबई तक जा रहा है और इसका आयोजन किसानों की मांगों के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने किया है।

सरकार के अधिकारियों से बैठक के बाद जब किसान ठाणे जिले में वासिंद में रुके थे तभी इस किसान पुण्डलिक अंबो जाधव (58) की तबीयत बिगड़ गयी। पुलिस के मुताबिक उसने किसान की आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और जाधव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

मोर्चे का संचालन कर रहे किसान सभा के नेता अजीत नवले ने मीडिया को बताया कि  दिवंगत किसान पुंडलिक शुरू से मोर्चे में शामिल थे। लगातार चलने से उनकी तबीयत खराब हो गई। बता दें मार्च में किसानों के साथ खेतिहर मजदूर और कई आदिवासी और प्याज उत्पादक किसान भी बड़ी संख्या में शामिल हैं।

उधर महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दादा भूसे ने बताया है कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किसान पुण्डलिक जाधव की मौत पर दुख प्रकट करते हुए उनके परिवार को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। किसान कई मांगों को लेकर मार्च निकाल रहे हैं। 

पीएम के उद्घाटन के हफ्ते बाद ही भरा बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेस वे में बारिश पानी  

कर्नाटक में बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेस वे, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक हफ्ता पहले ही किया था, का अंडरब्रिज शुक्रवार रात रामनगर के पास भारी बारिश के बाद जलमग्न हो गया। इसके निर्माण पर 8,480 करोड़ रुपये की लागत आई है। जलमग्न होने से जिन लोगों के वाहनों को नुकसान पहुंचा है उनमें से कुछ यात्रियों ने इसपर नाराजगी जताते हुए सवाल किया है कि क्या एक्सप्रेस वे उद्घाटन के लिए तैयार था?

याद रहे पीएम मोदी ने छह दिन पहले इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। हालांकि, शुक्रवार रात रामनगर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद यह जलमग्न हो गया। इससे कई लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। बता दें इसके निर्माण पर 8,480 करोड़ रुपये की लागत आई है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि एक्सप्रेसवे के अंडरब्रिज में पानी जमा होने से कुछ हादसे हुए हैं।

पानी भर जाने से लोगों को वाहन धीमी गति से ले जाने पड़े और राजमार्ग पर लंबा  जाम लग गया। वाहनों में नुकसान होने के बाद कुछ व्यथित यात्रियों ने सीएम बोम्मई और पीएम मोदी से नाराजगी जताते हुए सवाल किया है कि क्या एक्सप्रेसवे उद्घाटन के लिए तैयार था?

एक व्यक्ति की कार पानी से भरे अंडरब्रिज में आधी डूब गयी और उसके पीछे आ रहे एक वाहन ने उसकी कार को टक्कर मार दी। लोग सवाल कर रहे हैं कि सड़क और परिवहन मंत्रालय से जांच कराई जाए कि क्या सड़क उद्घाटन के लिए तैयार थी? क्या वोट बैंक की राजनीति का नुकसान हमें भुगतना चाहिए?

कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अंडरब्रिज में एक से ज्यादा हादसे हुए हैं। कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। बता दें पीएम मोदी ने 12 मार्च, को 118 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया था। इसके बनने से बेंगलुरु-मैसूर की यात्रा का  समय तीन घंटे का है जो अब 75 मिनट कम हो गया है। 

दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी से मौसम थोड़ा सुहावना हुआ, गर्मी से हल्की राहत मिली

राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है। पिछले कुछ दिन से लगातार बढ़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। इससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है।  साथ ही बारिश न होने से वातावरण में फैले प्रदूषण से कुछ हद तक बचाव होगा।

दिल्ली के पड़ौसी उत्तर प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में भी कई जगह बारिश होने की खबर है। कई जगह तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। राजधानी दिल्ली में दिन की शुरुआत बूंदाबांदी से हुई।

मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में दो दिन तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे अधिकतम तापमान  बढ़ौतरी नहीं होगी। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिन तक हल्की बारिश होने की संभावना है।

उधर महाराष्ट्र के नागपुर में आईएमडी ने राज्य के कुछ हिस्सों में तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट और 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि विदर्भ के कुछ जिलों में तूफान, हवा और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना है। 

बाइडेन-मोदी के गर्मियों में ऑस्ट्रेलिया में क्वाड शिखर सम्मेलन में मिलने के आसार

इन गर्मियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन की मुलाकात हो सकती है। हाल में अमेरिका ने भारत में अपना राजदूत तैनात करने का फैसला किया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत का रूस के प्रति सहयोगी रुख रहा है जिससे अमेरिका परेशान दिखा है। हालांकि, नए घटनाक्रम से जाहिर होता है कि अमेरिका भारत को मनाने की कोशिश में है।

रूस और चीन के साथ हाल के टकराव के बाद अमेरिका का नया रुख भारत को खुश करने की कोशिश का हिस्सा दिखता है। मोदी-बाइडेन की मुलाकात की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि बाइडेन मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।

इस समय जबकि नई दिल्ली जी-20 नेताओं के समूह के शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, भारत का अंतरराष्ट्रीय महत्व बढ़ा है। इस सम्मलेन में यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार चर्चा का मुख्य विषय रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या रूस के  राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सभा में हिस्सा लेंगे या नहीं।

रिपोर्ट्स की बात करें तो बाइडेन के मोदी से ऑस्ट्रेलिया में मई में मुलाकात करने की संभावना है। उस समय ऑस्ट्रेलिया और जापान के नेताओं के साथ यह दोनों नेता क्वाड शिखर सम्मेलन में साथ जुटेंगे। पीएम मोदी के साथ रात्रिभोज राष्ट्रपति बाइडेन की तीसरा औपचारिक राजकीय रात्रिभोज होगा। 

बजट सत्र में केजरीवाल सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे : भाजपा का ऐलान

तीसरे मोर्चे के गठन की कोशिशों और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने की ख़बरों के बीच भाजपा ने दिल्ली विधानसभा में आज से शुरू हो रहे बजट सत्र अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया है। हाल में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की एक मामले में गिरफ्तार के बाद भाजपा केजरीवाल सरकार पर लगातार हमलावर है।

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। इसमें सरकार और विपक्ष  के बीच वर्तमान मुद्दों को लेकर तीखी नोकझोंक की संभावना है। सत्तारूढ़ आप ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी और अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर एलजी वीके सक्सेना और केंद्र पर निशाना साधा है।

अधिकारियों ने कहा कि सत्र की शुरुआत उपराज्यपाल (एलजी) के अभिभाषण से होगी और बजट 21 मार्च को पेश किया जाएगा। उधर आम आदमी पार्टी ने कहा है कि सत्र में पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया की गिरफ्तारी और उपराज्यपाल कैसे निर्वाचित सरकार के कामों में दखल दे रहे हैं, इस पर चर्चा होगी।

पार्टी ने कहा कि 2002 में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर के साथ एक घटना में एलजी के शामिल होने का मुद्दा भी उठाएगी। साथ ही भाजपा शासित केंद्र के सीबीआई और ईडी के दुरुपयोग और सरकारी कामकाज में एलजी के हस्तक्षेप का मुद्दा भी उठाएंगे।

इस बीच भाजपा विधायकों ने एक साझे बयान में कहा कि वे केजरीवाल सरकार को घेरेंगे, क्योंकि उसके दो मंत्री सलाखों के पीछे हैं और उस पर शराब नीति, क्लासरूम निर्माण, बिजली सब्सिडी और फीडबैक यूनिट द्वारा जासूसी के आरोप लग रहे हैं।  इसमें कहा गया कि ऐसी स्थिति में, इस सरकार को पद पर बने रहने का कोई नैतिक या संवैधानिक अधिकार नहीं है और सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है।

हैदराबाद में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 6 लोगों की दम घुटने से मौत

एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से हैदराबाद के सिकंदराबाद में शुक्रवार को 6 लोगों की मौत हो गयी। आग लगने के बाद दमकल कर्मियों को यह लोग बेहोशी ही हालत में इमारत के भीतर मिले जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बहुमंजिला इमारत एक वाणिज्यिक परिसर था जिसमें आग लगने के बाद भीतर इन लोगों की संभवता दम घुटने से मौत हो गयी। इनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। आग ‘स्वप्नलोक कॉम्प्लेक्स’ नामक भवन में लगी थी और यह लोग पांचवीं मंजिल पर दमकल कर्मियों को बेहोश मिले थे।

उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया हालांकि तब तक इन की जान जा चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक जांच के बाद ही मौत की वजह पता चलेगी हालांकि यह मौत दम घुटने से हुई हो। जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म’ का इस्तेमाल कर इमारत से 12 लोगों को निकाला गया और दम घुटने से बेहोश हुए छह लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पीड़ित तेलंगाना के वारंगल, महबूबाबाद और खम्मम जिलों से थे।

जान गंवाने वाले सभी लोग एक मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत थे, जिसका कार्यालय परिसर में ही स्थित है। सभी मृतक 25 वर्ष से कम उम्र के थे और हाल ही में कंपनी में नियुक्त हुए थे।