Home Blog Page 314

धनशोधन मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री देशमुख को बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत

धनशोधन मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को जमानत मिल गयी है। उन्हें यह जमानत बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली है। उन्हें नवंबर 2021 में गिरफ्तार किया गया था।

इस साल की शुरुआत में एक विशेष पीएमएलए अदालत ने देशमुख की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। साल के शुरू में विशेष पीएमएलए अदालत द्वारा उनकी जमानत अर्जी खारिज करने के बाद उन्हें उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा था।

याद रहे मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद सीबीआई ने देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। इसके बाद ईडी ने भी देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।

प्रवर्तन निदेशालय ने जांच करने के दौरान ही नवंबर, 2021 में देशमुख को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद से वे न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी की चार्जशीट में दावा किया गया है कि देशमुख ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया। देशमुख पर मुंबई के विभिन्न बार और रेस्तरां से करीब करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप है।

तीन वैज्ञानिकों एलैन, क्लॉज़र और एंटन को भौतिकी में योगदान पर नोबेल पुरस्कार

इस साल भौतिकी में विशेष योगदान पर नोबेल पुरस्कार के लिए फ्रांस के वैज्ञानिक एलैन आस्पेक्ट, अमेरिका के जॉन एफ क्लॉज़र और ऑस्ट्रेलिया के एंटन ज़ीलिन्गर को चुना गया है। उन्हें क्वांटम फिजिक्स में विशेष योगदान के लिए यह  पुरस्कार मिला है।

नोबल पुरस्कार समिति ने मंगलवार को बताया कि इन तीनों को यह पुरस्कार उलझे हुए फोटोन, बेल इनीक्वेलिटी को एस्टेबलिश करने और क्वांटम इंफोर्मेशन की शुरुआत करने के लिए दिया गया है। एलैन आस्पेक्ट फ्रांस की पेरिस यूनिवर्सिटी से हैं जबकि जॉन एफ क्लॉज़र अमेरिका और एंटन ज़ीलिन्गर ऑस्ट्रेलिया के वियना से हैं।

एलैन, क्लॉज़र और एंटन ने उलझे हुए क्वांटम स्टेट्स पर बेहद महत्वपूर्ण प्रयोग किये। उलझे हुए क्वांटम स्टेट में दो पार्टिकल एक यूनिट की तरह व्यवहार करते हैं, तब भी जब उन्हें अलग कर दिया जाए। इन एक्सपेरिमेंट्स के नतीजों ने क्वांटम जानकारी पर नए नतीजों के लिए रास्ता साफ किया है।

आने वाले समय में अन्य विषयों में काम करने वाले लोगों को भी नोबेल पुरस्कार दिए जाएंगे। याद रहे स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में आयोजित हो रहे वीक में सबसे पहले फिजियोलॉजी/मेडिसिन कैटेगरी में पुरस्कार का ऐलान किया गया था। इस बार का मेडिसिन का नोबेल स्वीडन के स्‍वांते पाबो को दिया गया है। विलुप्त होमिनिन और मानव विकास के जीनोम से संबंधित खोजों के लिए स्‍वांते पाबो को मेडिसिन के लिए नोबेल दिया गया है।

वरिष्ठ फोटो पत्रकार नरेश शर्मा को मिला विरासत और संस्कृति पर जम्मू कश्मीर सरकार का ‘श्रेष्ठ फोटो अवार्ड’

दिल्ली: वरिष्ठ फोटो पत्रकार नरेश शर्मा को राज्य की विरासत और संस्कृति पर उनकी तस्वीर के लिए जम्मू-कश्मीर राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विभिन्न पुरस्कार विजेता, नरेश शर्मा को यह अवार्ड जम्मू में आयोजित एक समारोह में जम्मू-कश्मीर सरकार की कमिश्नर, स्टेट टैक्स ने प्रदान किया।

राज्य विरासत से संबंधित तीन सर्वश्रेष्ठ तस्वीरों के लिए यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, जम्मू और कश्मीर द्वारा स्थापित किया गया था। दिलचस्प बात यह है कि नरेश शर्मा ने 2002 में जब यह पुरूस्कार शुरू हुआ था, तब भी इसमें पहला पुरूस्कार हासिल किया था। यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, जम्मू और कश्मीर सरकार के तत्वावधान में पर्यटन निदेशालय, जम्मू द्वारा आयोजित ‘सबसे बड़ा घुमक्कड़ फोटोग्राफी प्रतियोगिता’ का हिस्सा था।

नरेश शर्मा दिल्ली के रहने वाले हैं और उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय परियोजनाओं पर काम किया है। उनकी कुछ तस्वीरें दिल्ली सरकार के अभियानों का हिस्सा भी थीं। उन्हें जम्मू में आयोजित एक समारोह में राज्य कर आयुक्त रश्मि सिंह से पुरस्कार मिला। पुरस्कार में एक प्रशस्ति पत्र और 15,000 रुपये नकद शामिल हैं।

जम्मू स्थित पर्यटन विभाग के निदेशक विवेकानंद राय, जम्मू-कश्मीर पर्यटन की संयुक्त निदेशक सुनैना शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में उपस्थित थे। जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग की तरफ से जिला प्रशासन जम्मू के सहयोग से गरबा और डांडिया रात्रि समारोह का आयोजन पद्म श्री पद्मा सचदेव गवर्नमेंट पीजी कॉलेज फॉर विमेन, गांधी नगर में नवरात्रि समारोह के एक भाग के रूप में किया गया।

विवेकानंद राय ने इस मौके पर फोटोग्राफी के क्षेत्र में नरेश शर्मा की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। नरेश शर्मा ने 5 साल से अधिक समय तक जम्मू-कश्मीर में काम किया  है और आतंकवाद, राजनीति और अन्य प्रमुख घटनाओं को कवर किया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार की पहल पर भी प्रकाश डाला और कहा कि डांडिया रात्रि का आयोजन किया गया है और केंद्र शासित प्रदेश में धूमधाम से नवरात्रि मनाई जा रही है।

जम्मू-कश्मीर पर्यटन की संयुक्त निदेशक सुनैना शर्मा ने भी नरेश शर्मा द्वारा खींची तस्वीरों की प्रशंसा की, और कहा यह जम्मू और कश्मीर की संस्कृति और विरासत को दर्शाती है। उन्होंने नरेश शर्मा को बधाई देते इंडियन एक्सप्रेस के साथ जम्मू में नरेश शर्मा के काम को याद किया।

इस अवसर पर डोडा के दीपक ठाकुर को दस हजार रुपये का दूसरा पुरस्कार जबकि पुंछ के इरफान चौधरी को पांच हजार रुपये का तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया।

तेलंगना के मुख्यमंत्री केसीआर दशहरे पर करेंगे राष्ट्रीय पार्टी के नाम की घोषणा

तेलंगना के मुख्यमंत्री और तेलंगना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव राष्ट्रीय राजनीति में कूदने की तैयारी में हैं। वो दशहरे पर अपनी पार्टी के राष्ट्रीय स्वरूप और नाम की घोषणा कर सकते हैं।

केसीआर ने इसे लेकर अपने कैबिनेट सहयोगियों और पार्टी के सभी 33 जिलाध्यक्षों के साथ एक बैठक की और राष्ट्रीय पार्टी की घोषणा को लेकर चर्चा की। यह तय हुआ कि बुधवार दोपहर 1:19 बजे राष्ट्रीय पार्टी का ऐलान किया जाएगा। इस बैठक में पार्टी के रोडमैप पर चर्चा की गयी। टीआरएस विधायक दल और राज्य कार्यकारिणी समिति की विस्तारित बैठक भी कल तेलंगाना भवन में होगी।

इस बैठक में टीआरएस के राष्ट्रीय दल बनने पर एक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। चर्चा है की पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्र समिति (बीआरएस) हो सकता है। जानकारी के मुताबिक पार्टी एंबेसडर कार और गुलाबी रंग का चुनाव चिन्ह बरकरार रखना चाहती है। सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद अध्यक्ष, महापौर और नगरपालिका अध्यक्ष के इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

अंतिम फैसला होने के बाद पार्टी टीआरएस का नाम बदलने का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजेगी। राज्य से मान्यता प्राप्त पार्टी के रूप में टीआरएस किसी भी राज्य में चुनाव लड़ सकती है। केसीआर ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से कहा कि बीआरएस राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के विकल्प के रूप में उभरेगा और यह 2024 में दोनों के बीच सीधी लड़ाई होगी।

यूपी में नाबालिग का निर्वस्त्र शव मिला; शव लेकर भागती पुलिस का वीडियो वायरल, उठे सवाल

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक नाबालिग लड़की के शव को पुलिस के लोगों को जल्दबाजी में जलाने के लिए ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद जहाँ पुलिस विवाद में फंस गयी है वहीं कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इसपर सवाल उठाते हुए घटना की जांच की मांग की है। परिवार जनों ने भी अपनी बेटी से दुष्कर्म और हत्या  का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में जबरदस्त तनाव और गुस्सा है।

यह घटना औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव की है जहाँ सोमवार सुबह बाजरे के खेत में इस किशोरी (17) का निर्वस्त्र शव मिला था। किशोरी के परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। विपक्षी कांग्रेस ने पुलिस पर शव को आनन-फानन में लेकर भागने का आरोप लगाया है, हालांकि जिले के एसपी ने इसे गलत बताया है। वैसे पुलिस के लड़की के शव को लेकर भागते हुए का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विवाद में फंस गयी है।

पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी चारू निगम फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच के लिए एसओजी और सर्विलांस के साथ पुलिस की 10 टीमों को जिम्मा दिया है। परिजनों के मुताबिक उनकी बेटी सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई और तब बाजरे के खेत में उसका शव मिला।

पुलिस ने अपनी जांच और पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है। लिहाजा सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।

इस बीच कांग्रेस ने शव लेकर भागते हुए पुलिसकर्मियों और पीछे चल रही एक महिला का वीडियो साझा करते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट में लिखा – ‘ उत्तर प्रदेश के औरैया में 17 साल की एक लड़की का निर्वस्त्र शव खेत में मिला।  पुलिस पहुंची और शव को आनन-फानन में लेकर भागने लगी। बदहाल परिवार पीछे दौड़ रहा है। महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में प्रदेश नंबर एक है, लेकिन कोई जंगलराज नहीं कहेगा।’

यूक्रेन के चार राज्यों पर रूस के कब्जे का समर्थन किया उत्तर कोरिया ने

यूक्रेन के चार राज्यों के रूस में आधिकारिक विलय का उत्तर कोरिया ने समर्थन किया है। रूस की इस कार्रवाई का भले पश्चिम देशों ने कड़ा विरोध किया हो, उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को रूस के कब्जे का समर्थन करते हुए अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए।

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर दूसरे देश के मामलों में हस्तक्षेप करने में गैंगस्टर जैसे दोहरे मानक लागू करने का आरोप लगाया। प्योंगयांग के विदेश मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय संगठनों के महानिदेशक जो चोल सु ने कहा – ‘जनमत संग्रह संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के अनुरूप वैध रूप से आयोजित किए गए थे। एकध्रुवीय दुनिया को बनाए रखने के लिए, अमेरिका स्वतंत्र देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करता है और यूएनएससी का दुरुपयोग करके उनके कानूनी अधिकारों का उल्लंघन करता है।’

उत्तर कोरिया के अधिकारी ने कहा – ‘अमेरिका ने पूर्व यूगोस्लाविया, अफगानिस्तान और इराक सहित संप्रभु राज्यों के खिलाफ आक्रामकता के युद्ध छेड़े। लेकिन यूएनएससी ने अमेरिका से कोई प्रश्न नहीं किए। अगर सुरक्षा परिषद वाशिंगटन की अतिवादी और मनमानी प्रथाओं और आंशिक और दोहरे मानकों वाले कृत्यों का पालन करती है, तो उसे नतीजे भुगतने होंगे।’

रूस के इस कदम का भले अमेरिका के समर्थक देश कड़ा विरोध कर रहे हों अमेरिका और अल्बानिया के इसके विरोध में यूएनएससी में पेश प्रस्ताव में वोटिंग के समय भारत अनुपस्थित रहा था। हालांकि, रूस ने इस प्रस्ताव को वीटो कर  बाद यह खारिज हो गया।

जम्मू कश्मीर के डीजी जेल की हत्या, हत्यारा ‘डिप्रेशन का शिकार’

गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू कश्मीर दौरे के बीच एक बड़ी घटना में जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजी) जेल हेमंत लोहिया की हत्या कर दी गयी है। कुछ ख़बरों में उनके हत्यारे को डिप्रेसन का शिकार बताया गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसे बेहद दुर्भाग्य पूर्ण घटना बताया है।

जानकारी के मुताबिक डीजी लोहिया की हत्या उनके निवास पर की गयी। उनके घरेलू सहायक यासिर अहमद पर हत्या का आरोप है जिसे कुछ रिपोर्ट्स में डिप्रेशन का शिकार बताया गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने इसे बहुत  दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। उन्होंने कहा कि हत्या के बाद उनका घरेलू सहायक यासिर पकड़ा गया है।

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कथित आरोपी (57) ने हत्या के बाद लोहिया के शव को जलाने का भी प्रयास किया था। हत्या आरोपी यासिर डिप्रेशन का शिकार है और पुलिस ने इस बात के सबूत जारी किये हैं। पुलिस ने यासिर के अपनी डायरी पर लिखे गये कुछ नोट्स को जारी किया है। इनसे साफ पता चलता है कि यासिर ‘अपनी जिंदगी से ऊब गया था और वह बहकी- बहकी बातें लिखता था’।

पुलिस ने हेमंत लोहिया के कथित हत्यारे की तस्वीर जारी की है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आतंकी संगठन पीएएफएफ ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। उधर पुलिस ने अधिकारी के घरेलू सहायक पर मुख्य आरोपी होने का शक जताया है। घटना स्थल से एकत्र किए गए कुछ सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध आरोपी को वारदात के बाद भागते हुए देखा गया था किंतु अब वह पकड़ा गया हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब छह महीनों से घर में काम कर रहा था।

शुरुआती जांच से पता चला कि हत्या का आरोपी अपने व्यवहार में काफी आक्रामक दिख रहा था। वह डिप्रेशन में भी था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और आरोपी की मानसिक स्थिति बताने वाले कुछ दस्तावेजी सबूत जब्त कर लिए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर जानकारी दी थी कि डीजी जेल हेमंत लोहिया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

विधानसभा उपचुनाव: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर होंगे उपचुनाव

भारतीय निर्वाचन आयोग ने सोमवार को 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 3 नवंबर को होने की घोषणा की हैं। इनमें महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहर, तेलंगाना और ओडिशा शामिल हैं। नोमिनेशन करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर हैं।

बता दें, महाराष्ट्र की 166 (अंधेरी ईस्ट), बिहार की 177 (मोकामा) और 101 (गोपालगंज), हरियाणा की 47 (आदमपुर), तेलंगाना की 93 (मुनूगोडू), उत्तर प्रदेश की 139 (गोला गोरखनाथ) और ओडिशा की 46 (धाम नगर) सीट पर चुनाव होने हैं।

आपको बता दें, मतदान 3 नवंबर को होगा और इसके नतीजे 6 नवंबर को आएगें। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी इसी साल चुनाव होने हैं। और जल्द ही चुनाव आयोग इसकी तारीखों की घोषणा कर सकते हैं। फिलहाल इन दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार हैं। किंतु भाजपा के साथ ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भी इन राज्यों को जीतने की कोशिश करेंगे।

फ्लाइट में बम की सूचना के बाद उड़ान को चीन की तरफ भेजा, दिल्ली एयरपोर्ट पर नहीं हो सकी लैंडिंग

तेहरान से चाइना जा रही महान एयर की फ्लाइट में बम होने की खबर मिलने से हड़कंप मच गया। यह जानकारी पुलिस को एक कॉल के जरिए मिली थी कि फ्लाइट में बम हैं। और कॉल के मिलते ही फ्लाइट की तुरंत लैंडिंग करवाने की कोशिश की गई।

फ्लाइट संख्या डब्ल्यू-581 तेहरान से चीन के ग्वांगझू जा रही थी। और सुबह करीब 9.30 बजे विमान के पायलटों ने दिल्ली एटीसी से संपर्क किया था और लैंडिंग की अनुमति मांगी थीं। जिसके बाद विमान दिल्ली के एयरस्पेस में होल्ड पर रहा।

बता दें सूत्रों के अनुसार विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई थी। जयपुर एयरपोर्ट एटीसी को भी सतर्कता वश सूचना दी गई थी। वहीं अब विमान को चीन में लैंड कराया जाएगा। और अगले 2 घंटे में चाइना के एयरपोर्ट पर लैंड होगा।

आपको बता दें, मुंबई एयरपोर्ट पर शनिवार की रात इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6045 में भी बम रखे होने की ई-मेल मिलने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यह फ्लाइट रात में मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली थी। जांच के दौरान फ्लाइट में कुछ भी नहीं मिला जिसके बाद फ्लाइट को रात में देरी से छोड़ा गया। और अब मुंबई पुलिस जांच कर रही है कि ई-मेल किसने और क्यों भेजी।

साथ ही दिल्ली से मलेशिया जाने वाली एक उड़ान शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बम की झूठी खबर के कारण देरी से रवाना हुई थी।

देश में निर्मित ‘एचएएल’ लड़ाकू हेलीकॉप्टर भारतीय वायुसेना में हुआ शामिल

वायुसेना के जोधपुर एयरबेस में मंगलवार को भारतीय वायुसेना में देश में बना पहला हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर शामिल हो गया हैं। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी भी शामिल रहें।

हेलीकॉप्टर को हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने बेंगलुरु में निर्मित किया हैं। इस हेलीकॉप्टर का वजन केवल 6 टन है और पहाड़ी इलाको में आसानी से अपनी फुल कैपेसिटी में मिसाइल और दूसरे हथियारों के साथ ऑपरेट करने में सक्षम हैं।

इस हेलीकॉप्टर की बॉडी और रोटर्स को इस प्रकार बनाया गया है कि इन पर गोली का कोई खास असर नहीं होगा। इसे सियाचिन से लेकर रेगिस्तान तक के अलावा समुद्र में भी तैनात किया जा सकता हैं। इसकी आगे की रचना पतली है जिससे इस पर हवा का दबाव कम रहें और उसकी स्पीड प्रभावित न हो।

सूत्रों के अनुसार टॉप स्पीड करीब 270 किलोमीटर प्रति घंटा हैं। इसमें फाइटर प्लेन की तरह ही दो पायलट आगे पीछे बैठते हैं जबकि सामान्य हेलीकॉप्टर में दो पायलट अगल-बगल बैठते हैं। एलसीएच ध्रुव से समानता रखता है और इसमें कई में स्टील्थ विशेषता, बख्तर सुरक्षा प्रणाली, रात को हमला करने और आपात स्थिति में सुरक्षित उतरने की क्षमता भी हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि, “मैं कल 3 अक्टूबर को जोधपुर, राजस्थान में स्वदेश में विकसित पहले हल्के कॉमेट हेलीकॉप्टरों (एलसीएच) के प्रेरण समारोह में भाग लेने के लिए रहूंगा। इन हेलीकॉप्टरों के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की युद्ध क्षमता को काफी बढ़ावा मिलेगा। ”