यूक्रेन के चार राज्यों पर रूस के कब्जे का समर्थन किया उत्तर कोरिया ने

यूक्रेन के चार राज्यों के रूस में आधिकारिक विलय का उत्तर कोरिया ने समर्थन किया है। रूस की इस कार्रवाई का भले पश्चिम देशों ने कड़ा विरोध किया हो, उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को रूस के कब्जे का समर्थन करते हुए अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए।

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर दूसरे देश के मामलों में हस्तक्षेप करने में गैंगस्टर जैसे दोहरे मानक लागू करने का आरोप लगाया। प्योंगयांग के विदेश मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय संगठनों के महानिदेशक जो चोल सु ने कहा – ‘जनमत संग्रह संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के अनुरूप वैध रूप से आयोजित किए गए थे। एकध्रुवीय दुनिया को बनाए रखने के लिए, अमेरिका स्वतंत्र देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करता है और यूएनएससी का दुरुपयोग करके उनके कानूनी अधिकारों का उल्लंघन करता है।’

उत्तर कोरिया के अधिकारी ने कहा – ‘अमेरिका ने पूर्व यूगोस्लाविया, अफगानिस्तान और इराक सहित संप्रभु राज्यों के खिलाफ आक्रामकता के युद्ध छेड़े। लेकिन यूएनएससी ने अमेरिका से कोई प्रश्न नहीं किए। अगर सुरक्षा परिषद वाशिंगटन की अतिवादी और मनमानी प्रथाओं और आंशिक और दोहरे मानकों वाले कृत्यों का पालन करती है, तो उसे नतीजे भुगतने होंगे।’

रूस के इस कदम का भले अमेरिका के समर्थक देश कड़ा विरोध कर रहे हों अमेरिका और अल्बानिया के इसके विरोध में यूएनएससी में पेश प्रस्ताव में वोटिंग के समय भारत अनुपस्थित रहा था। हालांकि, रूस ने इस प्रस्ताव को वीटो कर  बाद यह खारिज हो गया।