Home Blog Page 1446

अगर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बने तो…

फोटोः विकास कुमार
फोटोः विकास कुमार

ऐसा दो वजहों से हो सकता है. यदि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सरकार बनाने के लिए जरूरी सीटें न मिलें. और दूसरी, यदि राजग के वर्तमान सदस्यों की कुल सीटें इतनी हों कि उन्हें सरकार बनाने के लिए अन्य कई पार्टियों के समर्थन की दरकार हो. तब हो सकता है कि विवादित छवि के चलते मोदी को समर्थन देने वाली पार्टियां भाजपा को उतनी आसानी से न मिलें. ऐसे में भाजपा मोदी के स्थान पर प्रधानमंत्री पद के लिए किसी और का नाम आगे बढ़ा सकती है.

सवाल उठता है कि तब मोदी की राजनीति में फिर क्या बचेगा? क्या उसके बाद भी मोदी उतने ही आक्रामक और प्रभावशाली रह जाएंगे जितने वे आज हैं? क्या प्रधानमंत्री नहीं बन पाने की स्थिति में नरेंद्र मोदी वापस गुजरात चले जाएंगे? या वे राष्ट्रीय राजनीति में अपने लिए एक नई भूमिका तलाशेंगे? उनके प्रतिद्वंद्वियों, समर्थकों, पार्टी और उद्योग जगत के लिए तब किस तरह की परिस्थितियां जन्म ले सकती हैं?

जानकारों का एक वर्ग मानता है कि अगर मोदी इस बार प्रधानमंत्री नहीं बन पाते हैं तो फिर यह उनके राजनीतिक जीवन का बेहद मुश्किल समय होगा. वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक रशीद किदवई कहते हैं, ‘2009 लोकसभा की हार से आडवाणी जी अभी तक उबर नहीं पाए. ऐसे में अगर मोदी इस बार प्रधानमंत्री नहीं बने तो फिर उनका भविष्य अंधकारमय ही नजर आता है. अगले पांच सालों में काफी कुछ बदल जाएगा.’

अगर 16 मई के बाद मोदी के लिए अच्छे दिन नहीं आए तो उनके राजनीतिक करियर पर ग्रहण लगने के विचार से राजनीति के वरिष्ठ जानकार शरत प्रधान भी सहमत नजर आते हैं, ‘वर्तमान चुनावी परिदृश्य को देखते हुए यह लगता तो नहीं है कि मोदी का रथ रुकने वाला है. लेकिन मोदी इस बार प्रधानमंत्री नहीं बने तो उनका पूरा राजनीतिक करियर खतरे में आ जाएगा. जिस तरह की चौतरफा हाइप उन्होंने बना रखी है, ऐसे में अगर वे प्रधानमंत्री नहीं बन पाते हैं तो किसी लायक नहीं बचेंगे. ’

एक तरफ जहां प्रधानमंत्री न बन पाने की स्थिति में मोदी के राजनीतिक जीवन पर ग्रहण लगने की बात की जा रही है, वहीं दिल्ली से लेकर गुजरात तक के राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि पीएम न बन पाने की स्थिति में मोदी वापस गुजरात चले जाएंगे. और वहां मुख्यमंत्री बनें रहेंगे. ऐसा सोचने के पीछे बड़ा कारण यह है कि मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री का पद अभी तक छोड़ा नहीं है. गुजरात भाजपा के एक नेता कहते हैं, ‘मोदी जी ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा नहीं दिया है. ऐसे में यह क्यों माना जाए कि वे पीएम नहीं बनें तो सीएम भी नहीं रहेंगे. वे अभी सीएम तो हैं ही. इसमें गलत क्या है? ’

विभिन्न राजनीतिक बहसों में अब इस बात की भी चर्चा है कि यदि मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने की कोई संभावना न हो लेकिन एनडीए अपने पुराने साथियों या अन्य पार्टियों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में आ सकता हो तो ऐसे में क्या होगा? क्या ऐसे में भाजपा के लिए मोदी के स्थान पर किसी और को प्रधानमंत्री बनाना आसान होगा?

रशीद इस संभावना में कई पेंच देखते हैं, वे कहते हैं, ‘अगर ऐसा होता है तो बगावत की सूरत तैयार हो जाएगी. पूरा चुनाव पार्टी ने मोदी के नेतृत्व में उनके नाम पर लड़ा है. ऐसे में जितने भी सांसद जीत कर आएंगे वे सभी मोदी के नाम पर ही आएंगे, ऐसे में वे मोदी के अलावा किसी और को वे शायद ही स्वीकार करें.’ हालांकि टाइम्स ऑफ इंडिया के पूर्व संपादक दिलीप पडगांवकर मोदी के अलावा भाजपा से किसी और के प्रधानमंत्री बनने की संभावना से इंकार नहीं करते. वे कहते हैं, ‘ मोदी बहुत व्यावहारिक राजनेता हैं. अगर उस आदमी को लगा कि वो तो पीएम नहीं बन सकता लेकिन किसी और के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बन सकती है. तो फिर वो खुद आगे बढ़कर किसी और को प्रधानमंत्री बनाने का प्रस्ताव दे सकता है. ऐसे में सोनिया-मनमोहन जैसा सिस्टम विकसित होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता. जिसमें प्रधानमंत्री एक रबर स्टैंप की तरह काम करे और सोनिया की तरह मोदी असल सत्ता का केंद्र बने रहें.’

शरत प्रधान भी पडगांवकर की बात से सहमत से लगते हैं जब वे कहते हैं, ‘ इतना माहौल बनाने के बाद केंद्र की राजनीति में न आकर राज्य में वापस जाना मोदी के लिए एक बेहद शर्मनाक घटना होगी. ऐसे में यह भी संभव है कि मोदी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाएं.’

हालांकि भाजपा नेताओं से बात करने पर वे ऐसी किसी भी संभावना से इंकार करते हैं. भाजपा के एक उपाध्यक्ष कहते हैं, ‘एक चीज आप समझ लीजिए, मोदी जी अगर प्रधानमंत्री नहीं बने तो वे किसी और को भी बनने नहीं देंगे. या तो वो पीएम बनेंगे या पार्टी विपक्ष में बैठेगी, जिसमें वे नेता प्रतिपक्ष बनकर शासन करने वाले की नाक में दम कर देंगे. वे ऐसे आदमी नहीं हैं कि अगर खुद पीएम नहीं बन पाए तो किसी और का नाम आगे बढ़ा दें. ’

राजनीति को देखने समझने वालों का एक तबका ऐसा भी है जो पूरी तरह से इस बात को स्वीकार कर चुका है कि मोदी का अब सिर्फ शपथग्रहण होना बाकी है. ऐसे ही लोगों का प्रतिनिधित्व गुजरात के वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक देवेंद्र पटेल करते हैं. वे कहते हैं, ‘मोदी का प्रधानमंत्री बनना 100 फीसदी तय है. भाजपा अपने दम पर बहुमत के आंकड़े को छू लेगी.’

हालांकि देवेंद्र पटेल के इस आशावाद पर प्रश्न उठाने वालों की कमी नहीं है. वरिष्ठ पत्रकार अजय बोस कहते हैं, ‘ भाजपा के भीतर ही ये बात शुरू हो चुकी है कि पार्टी की हालत उतनी भी ठीक नहीं है जितना ढिंढोरा पीटा जा रहा है. ऐसी चर्चा हो रही है कि आंकड़ा 170-180 के पार नहीं जा पाएगा. ऐसे में मोदी के पीएम बनने की संभावना पर प्रश्न बना हुआ है.’

अजय यह राय भी रखते हैं कि अगर मोदी पीएम नहीं बने तो वे ऐसा नहीं करेंगे कि अपना बोरिया बिस्तर बांधकर अमित शाह के साथ गुजरात चले जाएं. वे कहते हैं, ‘ये आदमी यहीं दिल्ली में रहेगा लेकिन पहले की तरह आक्रामक और प्रभावशाली नहीं रह पाएगा. क्योंकि जैसे ही आक्रामक होने की वे कोशिश करेंगे भाजपा के नेता उनसे पूछ बैठेंगे कि तुमने तो कहा था कि तुम्हारी सूनामी चल रही है. 300 सीट लेकर आओगे. कहां गईं वे सीटें?’

भाजपा के नेताओं और मुख्यमंत्रियों पर असर
मोदी के प्रधानमंत्री न बन पाने की स्थिति में भाजपा के मुख्यमंत्रियों के और मजबूत होने की संभावना भी जताई जा रही है. रशीद कहते हैं, ‘मोदी अगर पीएम नहीं बने तो जाहिर सी बात है उनके साथी मुख्यमंत्री मजबूत होंगे. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे नेता और मजबूती से चमक के साथ उभरेंगे.’

भाजपा के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन बार मुख्यमंत्री बनने के साथ ही लालकृष्ण आडवाणी के करीबी होने के कारण भी चर्चा में रहे हैं. आडवाणी ने पूर्व में कई बार न सिर्फ मोदी और शिवराज की तुलना की है बल्कि कई बार भाजपा के लौहपुरुष ने सार्वजनिक मंच से शिवराज सिंह के काम को मोदी से बेहतर भी ठहराया है. पिछले साल भाजपा के संसदीय बोर्ड में मोदी और चौहान को शामिल करने की चर्चाएं गर्म थीं. हालांकि अंत में सिर्फ मोदी को बोर्ड का सदस्य बनाया गया. ऐसा भी कहा गया कि लालकृष्ण आडवाणी शिवराज को बोर्ड में शामिल करने के पक्षधर थे. मोदी के पीएम न बनने की स्थिति में आडवाणी के समर्थन से शिवराज के और मजबूत होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.

शिवराज के साथ ही भाजपा के अन्य मुख्यमंत्रियों- छत्तीसगढ के रमन सिंह, राजस्थान की वसुंधरा राजे, गोवा के मनोहर पार्रिकर आदि के भाजपा में और ऊपर उठने के आसार बनेंगे.

मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा के अन्य दूसरी पंक्ति के नेताओं जैसे सुषमा स्वराज आदि की स्थिति भी मजबूत होगी जिन पर मोदी उदय के बाद अंधकार छाया हुआ है. भारतीय जनता पार्टी जो फिलहाल इतनी अधिक मोदी केंद्रित हो गई है कि चर्चाओं में उसे लोग मोदी जनता पार्टी बुला रहे हैं. उस पार्टी के अन्य नेता मोदी के सीन से हटने की स्थिति में न सिर्फ राहत की सांस लेंगे बल्कि सभी के सामने उम्मीदों का एक नया रास्ता खुलेगा.

राजनाथ सिंह
मोदी के पीएम न बनने की स्थिति में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के लिए छींका फूट जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है. अमित शाह को अगर छोड़ दें तो मोदी के प्रति वफादारी दिखाने के मामले में राजनाथ सिंह का स्थान सबसे ऊपर है. कहा जा रहा है कि इस वफादारी के पीछे  राजनाथ सिंह का अपना यह गणित है कि अगर किसी कारण से मोदी पीएम नहीं बन पाते हैं और भाजपा में किसी और के प्रधानमंत्री बनने की संभावना पैदा होती है तो मोदी उनका नाम आगे बढ़ा देंगे. इस वजह से राजनाथ सिंह पिछले कई महीनों से मोदी के कहे अनुसार सबकुछ कर रहे हैं. मोदी की हर बात का समर्थन करने, उनकी हर इच्छा का पालन करने से लेकर राजनाथ ने हर संभव तरीके से मोदी को यह समझाना चाहा है कि कैसे उनके खुद के अलावा कोई और उन्हें पीएम देखने को बेकरार है तो वह सिर्फ राजनाथ ही हैं. भाजपा के बाकी अन्य नेताओं से जहां समय-समय पर मोदी को प्रतिद्वंदिता की बू आती रहती है, वहीं राजनाथ सिंह ने तमाम ऐसे जतन किए हैं जिससे मोदी को उनसे किसी तरह की प्रतिद्वंद्विता का अहसास न हो.

भाजपा के कुछ नेता भी बातचीत में इस बात को स्वीकार करते हैं कि कैसे मोदी के पीएम न बनने की स्थिति में रेस में सबसे आगे राजनाथ ही होंगे. शरत कहते हैं, ‘राजनाथ ये सोच रहे हैं कि मोदी के न बन पाने की स्थिति में उनका नंबर आ जाएगा. क्योंकि सहयोगियो को राजनाथ से कोई आपत्ति नहीं होगी. उनकी कट्टर हिंदूवादी नेता की छवि भी नहीं है, पिछले कुछ समय से खुद को वाजपेयी जैसा दिखाने का उनका प्रयास भी जारी है. संघ से संबंध भी ठीक हैं. ऐसे में मोदी की तरफ से हरी झंडी मिलने के बाद राजनाथ का राजयोग चमक सकता है.’

फोटोः विकास कुमार
फोटोः विकास कुमार

लालकृष्ण आडवाणी
पिछले कुछ समय में भाजपा में मोदी का किसी नेता से सबसे अधिक संघर्ष रहा तो वह उनके राजनीतिक गुरु रहे लालकृष्ण आडवाणी ही हैं. गुरु और शिष्य के बीच तल्खी का आलम यह रहा कि जिस गोवा की भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में मोदी को लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया जाना था, उसमें आडवाणी शामिल तक नहीं हुए. पार्टी ने कहा कि आडवाणी जी की तबीयत खराब है इसलिए वे बैठक में नहीं आए, उन्होंने मोदी जी को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनने पर शुभकामना दी है. लेकिन पार्टी का यह झूठ उस समय सामने आ गया जब अगले ही दिन आडवाणी ने पार्टी के सभी पदों से न सिर्फ इस्तीफा दे दिया बल्कि यह आरोप भी लगाया कि कैसे पार्टी के अधिकतर नेता इस समय अपने निजी एजेंडे के तहत काम कर रहे हैं.

खैर, कई दिनों की मान-मनुहार और संघ के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया. उसके बाद जब दिल्ली के भाजपा दफ्तर में मोदी को भाजपा का पीएम उम्मीदवार घोषित किया गया तो उस कार्यक्रम से भी आडवाणी दूर रहे. हाल के दिनों में मोदी और उनकी टीम चाहती थी कि आडवाणी लोकसभा छोड़ राज्यसभा को अपना ठिकाना बनाएं लेकिन वयोवृद्ध आडवाणी लोकसभा चुनाव लड़ने पर अड़ गए. यह मामला निपटा तो अगला विवाद लोकसभा सीट को लेकर खड़ा हो गया. आडवाणी भोपाल से लड़ना चाहते थे क्योंकि उन्हें संदेह था कि कहीं उनका शिष्य गांधीनगर से लड़ने पर उनकी हार की साजिश न रच दे. खैर पार्टी ने आडवाणी की नहीं सुनी और उन्हें गांधीनगर से ही संतोष करना पड़ा.

लौहपुरूष कहे जाने वाले आडवाणी के भीतर 2009 में प्रधानमंत्री न बन पाने का मलाल तो है ही साथ में किसी तरह एक बार पीएम बन जाने की उनकी ख्वाहिश भी किसी से छुपी नहीं है. ऐसे में अगर मोदी प्रधानमंत्री बनने से चूकते हैं तो क्या आडवाणी का प्रधानमंत्री बनने का सपना परवान चढ़ सकता है?

राजनीतिक उठापठक को समझने वाले लोगों का आकलन है कि मोदी के न बन पाने की स्थिति में अगर किसी और भाजपा नेता की पीएम बनने की संभावना बनती है तो उसमें लालकृष्ण आडवाणी सबसे आगे हैं. अजय बोस कहते हैं, ‘आडवाणी भाजपा, यहां तक कि भारतीय राजनीति में भी, सबसे वरिष्ठ, अनुभवी और सक्रिय नेता हैं. सुलझे हुए व्यक्ति हैं, साथ में मॉडरेट भी हैं. उनके कद का कोई दूसरा सक्रिय राजनीति में नहीं है. सभी से उनके संबंध अच्छे हैं. यहां तक कि गांधी परिवार तक से उनके संबंध मधुर हैं. ऐसे में मोदी के बाद की स्थिति में वे सबसे मजबूत  दावेदार हैं.’

‘गठबंधन के लोगों के लिए बूढ़ा और सक्रिय राजनीति के अंत की तरफ पहुंच चुका राजनेता ज्यादा मुफीद होता है. ऐसे व्यक्ति से अपना काम कराना और उससे निपटना बेहद आसाना हो जाता है’ आडवाणी के रेस में आगे होने की एक और वजह का उल्लेख करते हुए अजय बोस कहते हैं, ‘अटल जी गठबंधन के लोगों को इसीलिए पसंद थे. वे अपना राजनीतिक जीवन जी चुके थे. चला-चली के समय में परायों से भी प्रेम ही किया जाता है. ऐसे आदमी के बारे में माना जाता है कि वे नुकसान नहीं पहुंचाएगा.’

लेकिन क्या संघ और भाजपा के नेता इसके लिए तैयार होंगे? बोस कहते हैं, संघ तो इनके नाम पर तैयार नहीं होगा हालांकि भाजपा के नेता मजबूरन उनके कद के कारण दबाव में साथ देते नजर आएंगे.

संघ
मोदी को लेकर संघ में शुरु से ही एक तबका ऐसा था जो उन्हें प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी बनाने के खिलाफ था. मोदी की खिलाफत करने वाले इस तबके की संघ में अच्छी खासी तादाद है. मोदी का विरोध करने वाले इस वर्ग का मानना था कि मोदी ने गुजरात में 12 साल के अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में संघ को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया. मोदी के कार्यकाल में संघ के कार्यकर्ताओं पर गुजरात पुलिस ने खूब लाठियां भांजी, किसी तरह की सुविधा उन्हें स्वंयसेवक रहे मुख्यमंत्री के कार्यकाल में नहीं मिली और संघ की विचारधारा के खिलाफ जाते हुए न सिर्फ मोदी ने पूरी सत्ता अपने हाथों में ले ली बल्कि संगठन से भी वे बड़े हो गए. ऐसा व्यक्ति अगर प्रधानमंत्री बनता है तो वह संघ के साथ पूरे देश में वही दोहराएगा जो उसने गुजरात में किया है. इस तबके के विरोध के बावजूद पॉपुलर मूड को भांपते हुए संघ ने मोदी को पीएम पद का प्रत्याशी बनाने के लिए हरी झंडी दे दी.

अब ऐसी स्थिति में अगर 16 मई को परिणाम आने के बाद मोदी पीएम नहीं बन  पाते हैं तो इसका संघ पर क्या प्रभाव पड़ेगा ?

शरत कहते हैं, ‘ ये तो साफ है कि मोदी को संघ नापसंद करता है. ऐसे में मोदी के पीएम न बनने पर उसे किसी तरह का कष्ट नहीं होगा.’

संघ के नेता और पांचजन्य के पूर्व संपादक बदलेव शर्मा कहते हैं, ‘संघ पर इस बात का रत्तीभर भी कोई असर नहीं पड़ेगा कि मोदी पीएम बनते हैं या नहीं. या भाजपा की सरकार आती है या नहीं. संघ सत्ता से संचालित नहीं होता है. संघ के काम पर कोई असर नहीं होगा. संघ पिछले 80 सालों से काम कर रहा है. इतने वर्षों में तो विरोधी ताकतें ही सत्ता पर काबिज रही हैं. ’

हालांकि सूत्र बताते हैं कि मोदी के रेस से बाहर होने की स्थिति में संघ राजनाथ सिंह या नितिन गड़करी का नाम आगे बढ़ा  सकता है.

फोटोः विकास कुमार
फोटोः विकास कुमार

मोदी समर्थक भाजपा कार्यकर्ता
वे भाजपा के कार्यकर्ता ही थे जिनके दबाव में पार्टी को मोदी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी बनाना पड़ा. मोदी के प्रत्याशी घोषित होने के बाद से अभी तक भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता चरम पर है. सोशल मीडिया से लेकर जमीन पर फैले ये कार्यकर्ता ही मोदी की असली ताकत हैं. ऐसे में अगर ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है कि मोदी पीएम नहीं बन पाएंगे तो इस पर इन कार्यकर्ताओं-समर्थकों की क्या प्रतिक्रिया होगी.

भाजपा कार्यकर्ता और मोदी चालीसा लिखने वाले मेरठ के रमेश जायसवाल कहते हैं, ‘हम तो इसकी कल्पना ही नहीं कर सकते. ऐसा हुआ तो लोग पागल हो जाएंगे. मोदी के अलावा किसी और को प्रधानमंत्री बनाया तो कार्यकर्ता बगावत कर देंगे. हम कार्यकर्ता किसी और को पीएम नहीं बनने देंगे. आप मेरी बात मानिए पार्टी टूट जाएगी. लोग प्रत्याशियों को नहीं बल्कि मोदी को वोट कर रहे हैं. ऐसे में इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है. मोदी के अलावा किसी और को कार्यकर्ता स्वीकार नहीं करेगा.’

शरत कहते हैं, ‘ये सही ही है कि कार्यकर्ताओं में मोदी को लेकर भाव है लेकिन एक सीमा के बाद कार्यकर्ता की चलती नहीं है. अगर ऊपर बैठे लोग निर्णय कर लेंगे तो बेचारे कार्यकर्ता के पास उसे मानने के अलावा कोई और चारा नहीं होगा.’

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)
मोदी के प्रधानमंत्री नहीं बनने का राजग पर क्या प्रभाव पड़ेगा ? क्या उसका विस्तार होगा ? क्या  और पार्टियां भाजपा से जुडेंगी?  क्या वे पार्टियां राजग में वापस आएंगी जो मोदी के कारण उससे दूर जा चुकी हैं?  क्या ममता और नीतीश मोदी के सीन से बाहर होने की स्थिति में फिर से राजग का दामन थाम सकते हैं?

जानकार इस बात को स्वीकार करते हैं कि मोदी के सीन से बाहर होने की स्थिति में एनडीए के पुराने साथी भाजपा के प्रति जरूर कुछ नरमी बरत सकते हैं. शरत प्रधान कहते हैं, ‘इसकी पूरी संभावना है कि मोदी के फ्रेम से बाहर होने की स्थिति में एनडीए से बाहर चल रहे दल उसकी तरफ फिर से हाथ बढ़ाएं. ऐसे में एनडीए के विस्तार होने और उसके फिर से मजबूत होने की संभावना बनती है.’

हालांकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता केसी त्यागी ऐसी किसी भी संभावना से इंकार करते हैं. वे कहते हैं, ‘अटल बिहारी वाजपेयी और जॉर्ज फर्नाडिंस के बीच जो लिखित समझौता हुआ था वो खत्म हो गया है. भाजपा ने अपने घोषणापत्र में इस बार राममंदिर, धारा 370 और समान नागरिक संहिता को शामिल किया है. पूरे चुनाव को भाजपा ने सांप्रदायिक बना दिया है. इस भाजपा से हमारा कोई रिश्ता नहीं हो सकता. ’

लेकिन अगर भाजपा मोदी की जगह किसी और को पीएम बनाने की बात करती है तो क्या जदयू उसका समर्थन करेगी? त्यागी कहते हैं, ‘हम किसी भी सूरत में भाजपा को सपोर्ट नहीं करेंगे. सिर्फ मोदी ही नहीं हमें लगता है कि पूरी भाजपा अब सांप्रदायिक हो चुकी है. ऐसे में चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी किसी को आगे करे, हम उसका समर्थन नहीं करेंगे. चाहें वो राजनाथ सिंह हों या फिर लालकृष्ण आडवाणी’

फोटोः एएफपी
फोटोः एएफपी

अर्थव्यवस्था
नरेंद्र मोदी के प्रति व्यापार जगत की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है. जब भाजपा में मोदी की पहचान गुजरात के मुख्यमंत्री तक ही सीमित थी और उनको राष्ट्रीय स्तर पर लाने की कोई सुगबुगाहट तक नहीं थी, तभी देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने उन्हें भारत के लिए जरूरी घोषित कर दिया था. रतन टाटा, अंबानी बंधु, अडानी, नारायणमूर्ति से लेकर न जाने कितने छोटे-बड़े उद्योगपति हैं जिन्होंने मोदी के गुजरात में किए गए काम की न खूब न प्रशंसा की बल्कि उसे भारत के लिए मॉडल भी बताया. उद्योगपतियों की तरफ से कहा गया कि मोदी को भारत का प्रधानमंत्री होना चाहिए. ऐसा होने पर जिस तरह का विकास उन्होंने गुजरात में किया है, जिस तरह से उद्योग-धंधे गुजरात में दिन दूनी, रात चौगुनी तरक्की कर रहे हैं, वैसा ही पूरे देश में होगा. यह भी कहा जा सकता है कि मोदी को पहले पीएम के तौर पर प्रोजेक्ट करने का काम उद्योगपतियों ने ही किया.

हाल के महीनों में चुनावी सर्वेक्षणों में भाजपा की जीत और मोदी के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाएं चरम पर पहुंच जाने के बाद भारतीय बाजार भी अपने चमक के सबसे ऊपरी पायदान पर है.

पिछले छह महीनों में भारत में विदेशी संस्थागत निवेश एक लाख 16 हजार करोड़ पहुंच चुका है. वहीं पिछले 23 अप्रैल को सेंसेक्स ने भी अपने इतिहास की सबसे ऊंची छलांग लगाई और 22913 के आंकड़े को छू लिया. निफ्टी भी 6862 के ऐतिहासिक ऊंचाई को छू पाने में सफल रहा.

मार्केट के कई जानकारों का ऐसा मानना है कि शेयर बाजार और निवेश की यह गुलाबी तस्वीर सिर्फ इस कारण से है कि मार्केट को पक्का विश्वास है कि मोदी 16 मई के बाद पीएम बनने वाले हैं. इस उम्मीद के कारण ही बाजार इस तरह बेहतर प्रदर्शन कर रहा है.

ऐसे में प्रश्न उठता है कि अगर मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते हैं तो फिर बाजार की इस गुलाबी तस्वीर का रंग क्या होगा ?

बाजार के जानकार अभय शाह कहते हैं, ‘ देखिए मोदी के आने की उम्मीद में ही बाजार लहलहाता हुआ दिखाई दे रहा है. हालांकि जमीन पर कुछ हुआ नहीं है लेकिन सेंसेक्स, जो अर्थव्यवस्था का दर्पण होता है, बता रहा है कि मोदी के आने का अर्थतंत्र कितना बेसब्री से इंतजार कर रहा है. अगर किसी कारण से मोदी नहीं आ पाते हैं तो बाजार का चेहरा फिर से पीला पड़ जाएगा. अर्थव्यस्था के रिवाइवल की जो उम्मीद जगी थी वो खत्म हो जाएगी.’

बाजार को जानने वाले लोग बताते हैं कि मोदी के पीएम न बनने की स्थिति में कुछ समय तक सेंसेक्स आदि में भारी गिरावट देखी जाएगी. जैसे सेंसेक्स जो 22913 तक पहुंचा है वह 17 हजार पर आ सकता है. मोदी के पीएम न बनने की खबर पर बाजार बेहद नाकारात्मक प्रतिक्रिया देगा. बाजार को थोड़े समय के लिए गंभीर झटका लगेगा क्योंकि वह यह मान कर बैठा है कि अच्छे दिन आने वाले हैं क्योंकि मोदी आने वाले हैं. ’

शाह कहते हैं, ‘ मोदी की सरकार नहीं बनने की स्थिति में काफी कुछ इस बात पर भी निर्भर करेगा कि फिर किसकी सरकार बनती है. अगर तीसरा मोर्चा आया जिसमें 10 प्रधानमंत्री के दावेदार होंगे या फिर कांग्रेस आई तो फिर बाजार गर्त में चला जाएगा.’

लेकिन अगर मोदी की जगह भाजपा का ही कोई और पीएम बनता है तब की स्थिति में क्या होगा?

इस सवाल का जवाब देते हुए अर्थशास्त्री भरत झुनझुनवाला कहते हैं, ‘ बाजार के गुलजार होने का कारण सिर्फ मोदी नहीं है. इसका बड़ा कारण सत्ता परिवर्तन की संभावना है. ऐसे में अगर मोदी पीएम नहीं बनते हैं और भाजपा से कोई और प्रधानमंत्री बनता है, तो उस स्थिति में भी बाजार की चमक बनी रहेगी. मोदी के न होने का कोई खास असर नहीं होगा. बाजार को एक स्थाई और प्रो मार्केट वाली सरकार चाहिए.

केदारनाथ यात्रा-2014: एक खतरनाक चुनावी स्टंट

 भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ के लिए रास्ता बनाने की जद‍ोजहद जारी है.
भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ के लिए रास्ता बनाने की जद‍ोजहद जारी है.

उत्तराखंड के लिए मई का पहला हफ्ता दो कारणों से बेहद महत्वपूर्ण है. एक, प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान होने हैं और दूसरा, चार धाम यात्रा शुरू होनी है. प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस इन दोनों ही मोर्चों पर विफलता के मुहाने पर खड़ी है. लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियां बेहद कमजोर हैं तो चार धाम यात्रा के लिए उसकी सरकार की तैयारियां जर्जर हालत में हैं. पिछले साल 16-17 जून को उत्तराखंड के पहाड़ों पर पानी कहर बनकर टूटा था. इसमें दर्जनों गांव, सैकड़ों भवन और हजारों लोगों का अस्तित्व हमेशा के लिए मिट गया. इस आपदा का सबसे ज्यादा प्रभाव केदारनाथ इलाके में हुआ था. केदारनाथ मंदिर तो सुरक्षित रहा लेकिन इसके आसपास और मंदाकनी घाटी में सैकड़ों किलोमीटर तक सब कुछ तबाह हो गया. दर्शन करने आए हजारों यात्रियों की मौत हो गई और हजारों लापता हुए. आशंका जताई जा रही थी कि यात्रा शायद अब दो-तीन साल तक संभव नहीं होगी. हालांकि कुछ महीनों बाद ही केदारनाथ मंदिर में दोबारा से पूजा शुरू कर दी गई, लेकिन यह औपचारिकता मात्र ही थी. श्रद्धालुओं का मंदिर तक पहुंच पाना असंभव था. सभी मोटर और पैदल मार्ग ध्वस्त हो चुके थे. ऐसे में मंदिर समिति के कुछ लोगों और पुजारियों को हवाई मार्ग से मंदिर तक पहुंचाया गया और पूजा शुरू हुई.

इस आपदा में हजारों स्थानीय लोग बेघर हुए और सैकड़ों गांवों के सभी संपर्क मार्ग टूट गए. ऐसे में सरकार की दो महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं थीं. एक, प्रभावित लोगों का पुनर्वास और दूसरा, प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण. लेकिन सरकार ने एक तीसरे ही विकल्प को अपनी प्राथमिकता बनाया. वह था किसी भी तरह केदारनाथ यात्रा को जल्द से जल्द दोबारा शुरू करना. उत्तराखंड में सात मई को लोकसभा के लिए मतदान होना है. इससे तीन दिन पहले ही चार मई को केदारनाथ यात्रा शुरू हो रही है. चुनाव प्रचार में यात्रा के शुरू होने को एक उपलब्धि के तौर पर पेश किया जा रहा है. सरकार यह संदेश देना चाहती है कि उसने इतने कम समय में ही इतनी भीषण आपदा से निपट कर चार धाम यात्रा को सुचारू कर दिया है. लेकिन हकीकत यह है कि हजारों प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उनकी मूलभूत जरूरतों को नजरअंदाज करके वह दूसरे हजारों लोगों को एक खतरनाक यात्रा का निमंत्रण दे रही है.

केदारनाथ यात्रा के शुरू होने से एक हफ्ता पहले तहलका ने पूरे यात्रा मार्ग का दौरा किया. हमने देखा कि पूरा रास्ता कदम-कदम पर सरकार की असफलताओं की गवाही देता है.  इससे साफ लगता है कि इस यात्रा को सुचारु बनाने का यह दावा एक खतरनाक चुनावी स्टंट ही है.

पिछले साल आई आपदा से अब तक 10 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है. इस दौरान प्रभावित लोगों और क्षेत्रों की स्थितियां सुधारने के लिए सभी समीकरण अनुकूल थे. प्रदेश और केंद्र दोनों जगह एक ही पार्टी यानी कांग्रेस की सरकार थी, आपदाग्रस्त क्षेत्र सहित प्रदेश के पांच में से चार सांसद कांग्रेस के ही थे, वर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत उस वक्त केंद्रीय जल संसाधन मंत्री थे, सरकारी और गैर-सरकारी स्रोतों से आया अरबों रुपये का राजस्व था और साथ ही लाखों लोग स्वयंसेवक बनकर सरकार की हर संभव मदद को उतर आए थे.

इस सबके बावजूद भी सरकार ने स्थानीय लोगों और यात्रा की तैयारियों को जिस स्थिति में छोड़ दिया है उसे यात्रा मार्ग के अनुसार ही देखते हैं.

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा का पहला और शुरूआती पड़ाव ऋषिकेश माना जाता है. यहां तक यात्री रेल और हवाई जहाज के माध्यम से भी पहुंचते हैं. इससे आगे का पहाड़ी सफर यात्रियों को सड़क से ही तय करना होता है. ऋषिकेश से केदारनाथ की दूरी लगभग 225 किलोमीटर है. पिछली आपदा से सबक लेते हुए उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने इस साल ऋषिकेश में यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था शुरू की है. पंजीकरण न होने के कारण ही पिछले साल राहत कार्यों में लगी टीमों के पास ऐसा कोई आंकड़ा नहीं था जिससे वह जरूरतमंद लोगों की संख्या का अनुमान लगा सकें. लापता और मृतकों की संख्या का भी इसी कारण कोई पता नहीं लग सका था. पर्यटन विभाग के अपर निदेशक एके द्विवेदी बताते हैं, ‘ऋषिकेश में यात्रियों के बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था शुरू की गई है. इसके अलावा यात्रा मार्ग पर जगह-जगह सत्यापन केंद्र बनाए जा रहे हैं. सत्यापन होने पर ही यात्रियों को दर्शन के लिए जाने दिया जाएगा.’ पंजीकरण और सत्यापन का यह काम दक्षिण भारत की एक संस्था को सौंपा गया है. ‘त्रिलोक सेक्युरिटी सिस्टम्स’ नाम की यह संस्था वैष्णो देवी, तिरुपति और अजमेर की दरगाह शरीफ समेत कई बड़े धार्मिक स्थलों पर भी पंजीकरण का काम करती है. संस्था के प्रबंध निदेशक रविचंद बताते हैं, ‘उत्तराखंड में हमारे 15 केंद्र होंगे. इनमें से पांच मोबाइल केंद्र होंगे जो अलग-अलग जगहों पर जाकर भी पंजीकरण और सत्यापन का काम करेंगे. इसके लिए अभी हमारे लगभग 120 लोग वहां काम कर रहे हैं.’ यह संस्था अपने काम के लिए न तो उत्तराखंड सरकार से और न ही यात्रियों से कोई शुल्क लेती है. इस बारे में रविचंद बताते हैं, ‘पंजीकरण के समय हम हर यात्री को एक कार्ड (प्रवेश पत्र) देते हैं. इसी में यात्रियों की सारी जानकारियां दर्ज होती हैं. इसके पिछली तरफ हम विज्ञापन छापते हैं. यह विज्ञापन भी व्यापारिक नहीं होते बल्कि केंद्रीय मंत्रालयों के सामाजिक विज्ञापन होते हैं. इसी से हमारी वित्तीय जरूरतें भी पूरी हो जाती हैं.’

ऋषिकेश में यात्रियों का पंजीकरण होते देखकर यात्रा की शुरुआत में एक सुखद एहसास होता है. लगता है कि यात्रा की व्यवस्थाएं सुधारने की दिशा में सरकार ने काम किए हैं. हालांकि इसमें सरकार का कोई खास योगदान नहीं है. यह संस्था स्वयं ही पंजीकरण का प्रस्ताव लेकर उत्तराखंड सरकार के पास आई थी और प्रदेश सरकार को बिना कोई पैसा खर्च किए ही यह सुविधा मिल गई है. ऋषिकेश से कुछ आगे बढ़ने पर भी यह सुखद एहसास बना रहता है. लगभग 15 किलोमीटर दूर बसे शिवपुरी इलाके में आपदा का कोई प्रभाव नहीं दिखता. यहां आज भी पुरानी रौनक बरकरार है. सड़क से नीचे गंगा बहती है और उसके चौड़े-चौड़े किनारों पर कई व्यावसायिक टेंट लगे हैं. चमचमाती सफेद रेत पर बने टेंट, उनके बाहर वॉलीबाल खेलते देशी-विदेशी यात्री और नदी की बलखाती धारा में हो रही राफ्टिंग. शिवपुरी से लगभग 20 किलोमीटर आगे कौडियाला तक यात्रा मार्ग के निचली तरफ ऐसे ही रोमांचक दृश्य मिलते हैं. इन मोहक दृश्यों के कारण सड़क की टूटी-फूटी हालत और बीच-बीच में पहाड़ों से पत्थर गिरने पर भी यात्रियों का ध्यान अब तक नहीं जाता.

 जिस तरह फौरी तौर पर सड़कों का काम किया गया है उससे साफ है कि ये ज्यादा समय तक सहेरे नहीं रहेगी. ऐसे में जगह-जगह यात्रियों के फंसने की आशंका है. फोटोः राहुल कोटियाल
जिस तरह फौरी तौर पर सड़कों का काम किया गया है उससे साफ है कि ये ज्यादा समय तक सहेरे नहीं रहेगी. ऐसे में जगह-जगह यात्रियों के फंसने की आशंका है. फोटोः राहुल कोटियाल

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर ऋषिकेश के बाद पहला बड़ा पड़ाव आता है श्रीनगर. ऋषिकेश से लगभग 100 किलोमीटर दूर बसे इस नगर में आपदा का पहला बड़ा सबूत मिलता है. शहर की शुरुआत में ही सड़क से लगी आईटीआई की इमारत यात्रियों को पिछले साल की आपदा का पहला किस्सा सुनाती है. इस इमारत की एक मंजिल आज भी रेत के नीचे दफन है. श्रीनगर में सरकारी भवनों के अलावा लगभग 70 घरों में नदी का पानी और मलवा भर गया था. इन भवनों का सारा सामान इस रेत के नीचे ही दफन होकर बर्बाद हो गया. इस पर तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा लोगों को सुझाव दे रहे थे कि ‘घरों में रेत भर गई है तो निकालो और बेचो.’ सरकार की उदासीनता के चलते अंत में लोगों ने अपने-अपने घरों से खुद ही मलवा साफ करवाया. सरकारी भवन आज भी वैसे ही मलवे में दबे पड़े हैं. आईटीआई की दुमंजिला इमारत की आज बस एक ही मंजिल जमीन से ऊपर है. इसमें पढ़ने वाले छात्रों के लिए जहां वैकल्पिक व्यवस्था की गई है वहां कुल उतने कमरे भी नहीं हैं जितनी इस परिसर में इमारतें थी. इस आईटीआई परिसर के बिलकुल साथ में हो रहा एक निर्माण कार्य भी अपनी ओर ध्यान खींचता है. नदी के साथ आए मलवे को साफ करने की जगह उसी के ऊपर एक भव्य इमारत खड़ी की जा रही है. आपदा के बाद इस क्षेत्र में किसी भी तरह के निर्माण पर रोक लगा दी गई थी. इसके बावजूद भी यह इमारत राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के लिए बनाई जा रही है. श्रीनगर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मानव बिष्ट बताते हैं, ‘एनआईटी की यह इमारत दस करोड़ की लागत से बनाई जा रही है. सरकार का तर्क है कि यह प्री फैब्रिकेटेड इमारत है लिहाजा इसे जरूरत पड़ने पर किसी दूसरे स्थान तक सुरक्षित पहुंचाया जा सकता है. लेकिन यह क्षेत्र सुरक्षित नहीं है और इस आपदा में यह प्रत्यक्ष देखा भी जा चुका है. ऐसे में 10 करोड़ रुपये इस असुरक्षित निर्माण पर खर्च करने का क्या औचित्य है?’ मानव बिष्ट का अपना घर भी इस आपदा में पूरी तरह रेत में दब चुका है. श्रीनगर में अब एक मात्र वे ही हैं जिन्होंने अभी तक घर से मलवा नहीं हटाया. अपने घर की हालत दिखाते हुए वे कहते हैं, ‘घर का सारा सामान और मेरे दो दुपहिया वाहन इस मलवे के नीचे दफन हैं. मैंने घर इसलिए साफ नहीं करवाया क्योंकि मैं स्थायी समाधान की मांग कर रहा हूं. यह क्षेत्र अब सुरक्षित नहीं है. सरकार को इस क्षेत्र के प्रभावित लोगों का विस्थापन करना चाहिए.’  बिष्ट आगे बताते हैं, ‘श्रीनगर की जल विद्युत परियोजनाएं यहां के लोगों के लिए अभिशाप बनीं. ये सारा मलवा जो लोगों के घरों में भर गया था वह यहां बिजली परियोजना बना रही जीवीके कंपनी द्वारा डंप किया गया मलवा था. इस तबाही के लिए ये परियोजनाएं सीधे तौर से जिम्मेदार हैं.’

कई रिपोर्टों के मुताबिक उत्तराखंड विश्व के उन क्षेत्रों में से एक है जहां जल विद्युत परियोजनाओं का घनत्व सबसे ज्यादा है. बीती आपदा के बाद यह बहस तेज हो गई थी कि ये परियोजनाएं भी आपदा का एक कारण हैं. एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए पिछले साल 13 अगस्त को सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को इस संदर्भ में जांच निर्देश दिए. इस पर मंत्रालय ने एक 11 सदस्यीय टीम का गठन किया था. 28 अप्रैल 2014 को इस टीम ने सर्वोच्च न्यायालय में अपनी रिपोर्ट पेश की है. इसमें पहली बार यह बात आधिकारिक तौर से कही गई है कि ये परियोजनाएं भी आपदा का एक कारण हैं और इनसे पर्यावरण को कई खतरे हैं. रिपोर्ट में उत्तराखंड की कई परियोजनाओं की अनुमति निरस्त करने की भी संस्तुति की गई है.

इन परियोजनाओं का पहले भी समय-समय पर विरोध होता रहा है. श्रीनगर में जीवीके कंपनी द्वारा बनाई जा रही परियोजना का तब सबसे ज्यादा विरोध हुआ था जब स्थानीय धारी देवी मंदिर के इस परियोजना से डूबने की बात सामने आई. यह मंदिर श्रीनगर से लगभग 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यहां के लोगों की आस्था का केंद्र है. जीवीके कंपनी ने मंदिर के पास ही एक ऊंचा मंच तैयार कर मंदिर को वहां स्थापित करने की बात कही थी. स्थानीय लोगों ने इसका जमकर विरोध किया और मंदिर नहीं हटने दिया था. श्रीनगर निवासी प्रमोद बेलवाल बताते हैं, ‘आपदा के दौरान जब पानी बढ़ने लगा तो जीवीके कंपनी ने बांध की सुरंगों को नहीं खोला. उन्होंने नदी का पानी बढ़ने दिया और लोगों को डराया कि मंदिर डूबने वाला है. आपदा की आड़ लेकर कंपनी ने मंदिर को अपने बनाए मंच के ऊपर स्थापित करवा लिया. इसके बाद जो पानी नदी में भर गया था उसे एक साथ ही छोड़ दिया. इस कारण श्रीनगर में नुकसान कई गुना बढ़ गया.’

यात्रा मार्ग पर श्रीनगर से कुछ ही आगे बढ़ने पर सिरोबगड़ नामक इलाका पड़ता है. इस इलाके में खड़ा एक दैत्य रुपी पहाड़ पिछले कई साल से यात्रा में बाधा उत्पन्न करता है. यह पहाड़ हर साल टूटता है और कई बार तो पूरी सड़क ही इससे धंस जाती है. सरकार के पास आज तक इसका कोई इलाज नहीं है. इस समस्या से निपटने के नाम पर बस यहां एक छोटा-सा मंदिर बना दिया गया है. यात्री भले ही सिरोबगड़ में हर साल फंसते हों, लेकिन सरकार आस्था का सहारा लेकर इस बाधा को अपनी जिम्मेदारियों समेत लांघ चुकी है.

यहां से कुछ आगे बढ़ने पर आपदा के निशान और गाढे होते जाते हैं. रुद्रप्रयाग में नदी से काफी ऊपर बने भवन भी टूट कर लटकते हुए दिखाई पड़ते हैं. सड़क जगह-जगह पर अब भी इस तरह से कटी हुई है कि किसी भी पल पूरी धंस जाए. हालांकि स्थानीय लोग बताते हैं कि जब से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है और हरीश रावत मुख्यमंत्री बने हैं तब से सड़कों का काम बहुत तेजी से हो रहा है. यह काम प्रदेश के लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है. विभाग के मुख्य अभियन्ता केके श्रीवास्तव बताते हैं, ‘अनुमति देरी से मिलने के कारण कुछ जगह निर्माण कार्यों में देरी हुई है. कई जगह यह तय नहीं हो पा रहा था कि काम सीमा सड़क संगठन द्वारा किया जाना है या लोक निर्माण विभाग द्वारा.’ इस मुद्दे पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता अजेंद्र अजय कहते हैं, ‘सरकार की प्राथमिकता यह नहीं थी कि काम जल्द से जल्द हो. इनकी प्राथमिकता यह थी कि काम कौन-सा संगठन करे. लोक निर्माण विभाग द्वारा काम किए जाने पर आसानी से इनका कमीशन तय हो जाता है.’

आपदा के बाद वर्ल्ड बैंक की वित्तीय मदद से ‘उत्तराखंड डिजास्टर रिकवरी प्रोजेक्ट’ बनाया गया था. इसका मुख्य उद्देश्य था आपदा प्रभावित इलाकों में पुनर्निर्माण करना. लेकिन इसकी स्थिति यह है कि इसके तहत आज तक एक भी काम नहीं हुआ है. इस प्रोजेक्ट के मुख्य अभियन्ता केके श्रीवास्तव बताते हैं, ‘मैं पिछले लंबे समय से केदारनाथ सड़क मार्ग पर काम कर रहा हूं. अभी हमारी प्राथमिकता यही है. जहां तक इस प्रोजेक्ट का सवाल है तो इसमें अभी तक तीन अनुबंध ही हुए हैं. क्रियान्वयन के स्तर पर अभी तक इसमें कुछ भी नहीं हो पाया है. लेकिन अब काम तेजी से चल रहा है.’ श्रीवास्तव आगे बताते हैं, ‘इस बार जिस तेजी से काम हो रहा है वह सच में तारीफ के काबिल है. इससे पहले यदि कहीं भी काम होता था तो ज्यादा से ज्यादा कुछ जूनियर इंजीनियरों को ही मौके पर भेजा जाता था. लेकिन इस बार सभी बड़े अधिकारी न सिर्फ मौके पर जा रहे हैं बल्कि कई-कई दिनों वहीं रह भी रहे हैं.’ हालिया दिनों में सड़क निर्माण में आई इस तेजी के बारे में अजेंद्र अजय बताते हैं, ‘सर्वोच्च न्यायालय ने सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी. 28 अप्रैल तक सरकार को यह रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी थी. सिर्फ इसी डर से काम में यह तेजी देखी जा रही है.’

रुद्रप्रयाग में मंदाकनी और अलकनंदा नदी का संगम है. यहां से केदारनाथ जाने के लिए मंदाकनी के साथ-साथ ही उसकी विपरीत दिशा में बढ़ना होता है. यहीं से उस कोहराम के निशान भी दिखने लगते हैं जो पिछले साल मंदाकनी ने अपनी पूरी घाटी में मचाया था. शहर की भीड़ से निजात दिलाने वाला बाईपास का पुल आपदा के दौरान बह गया था और आज तक भी नहीं बन सका है. रुद्रप्रयाग से कुछ ही आगे बढ़ने पर अगस्त्यमुनि कस्बा है. यहां और इससे ऊपर केदारनाथ तक मंदाकनी ने अपने आस-पास बसे किसी को भी नहीं छोड़ा है. यहां से केदारनाथ की दूरी अभी लगभग 80 किलोमीटर है. इतनी लंबी दूरी में नदी के पास बसे सभी लोगों को मंदाकनी ने पिछले साल बर्बाद कर दिया था. सैकड़ों मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गए, हजारों आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए, सैकड़ों गांवों और इलाकों के पुल टूट गए और कई सड़कें नदी में समा गई थी. इन सड़कों को फिलहाल तो बना लिया गया है, लेकिन उन्हें लंबे समय बनाए रखने की मंशा कहीं नजर नहीं आती. सड़क धंसने के कारण जिन जगहों पर टूट चुकी थी वहां कोई स्थाई उपाय किए बिना ही सड़क निर्माण किया जा रहा है. वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के डॉक्टर डीपी डोभाल बताते हैं, ‘जिस तरह से फौरी तौर पर सड़कों को बनाने का काम किया गया है उससे साफ है कि सड़कें ज्यादा समय तक सही नहीं रहेंगी.’ ऐसी स्थिति में यात्रा के दौरान जगह-जगह यात्रियों के फंसने की आशंका है.’

अगस्त्यमुनि से कुछ ही आगे चंद्रापुरी है. इस इलाके में बसे कई लोगों के मकान और खेत आपदा में बह गए थे. इन लोगों के पुनर्वास का सरकार तो कोई इंतजाम नहीं कर सकी, लेकिन कई गैर सरकारी संस्थाएं इस काम के लिए जरूर सामने आईं. लेकिन इन संस्थाओं द्वारा भी सही पात्रों तक मदद नहीं पहुंच सकी है. देहरादून स्थित बलूनी कोचिंग क्लासेस ने इस क्षेत्र के एक प्रभावित परिवार को प्रीफैब्रिकेटेड घर बना कर दिया था. इसके लिए बलूनी क्लासेस ने 1.60 लाख रुपये दान किए. ये घर अंजना देवी के लिए बनाया गया था. लेकिन हकीकत यह है कि अंजना देवी का अपना घर सुरक्षित है और वे अपने पुराने घर में ही रहती हैं. उन्होंने दान में मिले इस प्रीफैब्रिकेटेड घर को किराए पर चढा दिया है. अंजना देवी ने अपने ही गांव के एक हरिजन परिवार को यह घर किराए पर दिया है. मजदूरी करने वाले सुरेंद्र लाल अपने परिवार के साथ इस घर में 600 रुपये महीने के किराए पर रह रहे हैं. सुरेंद्र लाल इस आपदा में अपना घर और जमीन सबकुछ गंवा चुके हैं. तहलका ने जब इस संबंध में बलूनी क्लासेस से संपर्क किया तो विपिन बलूनी का कहना था, ‘हमने कुछ पहचान के लोगों के कहने पर अंजना देवी को घर बना कर दिया था. अगर उन्होंने वे घर किसी अन्य प्रभावित को किराए पर दिया है तो यह बहुत गलत है. इससे तो अच्छा होता कि हम पांच-पांच हजार रुपये कई सारे प्रभावित लोगों में बांट देते. कम से कम कुछ लोगों का एक महीने का राशन तो उससे आ ही जाता.’

चंद्रापुरी में ही सरकारी पैसों की बंदरबांट का भी बेजोड़ नमूना मिलता है. नदी के दूसरी तरफ बसे इस गांव का सड़क से संपर्क टूट चुका था. इसे स्थापित करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 17 लाख रुपये की लागत से एक ट्रॉली लगाई है. लकड़ी की बड़ी यह छोटी सी ट्रॉली आज नदी के बीचो-बीच झूल रही है. रस्सियां बांध कर हाथ से खींची जाने वाली इस ट्रॉली की असल लागत इससे कहीं कम होगी, यह साफ दिखता है. अजेंद्र अजय बताते हैं, ‘इतने पैसों में तो चंद्रापुरी में एक मजबूत पुल बनाया जा सकता था. लेकिन सरकारी विभागों के ऐसे दोयम दर्जे के काम की इस क्षेत्र में भरमार है.’ अजय आगे बताते हैं, ‘विजय नगर में पुल बह जाने के बाद एक व्यक्ति ने नौ लाख रुपये दिए थे. लेकिन इतने पैसे खर्च करके जो पुल बनाया गया वह आपदा के बाद की पहली ही बरसात में बह गया था.’

हजारों लोगों के पुनर्वास और उनकी मूलभूत जरूरतों को नजरअंदाज करके सरकार दूसरे हजारों लोगों को एक खतरनाक यात्रा का निमंत्रण दे रही है. फोटो: राहुल कोटियाल
हजारों लोगों के पुनर्वास और उनकी मूलभूत जरूरतों को नजरअंदाज करके सरकार दूसरे हजारों लोगों को एक खतरनाक यात्रा का निमंत्रण दे रही है. फोटो: राहुल कोटियाल

चंद्रापुरी से लगभग 12 किलोमीटर आगे बसा सेमी गांव आपदा से सबसे प्रभावित गांवों में से एक है. नदी से काफी ऊपर होने के बाद भी यहां भारी नुकसान हुआ है. भूस्खलन के चलते इस गांव के 14 घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए और पांच अन्य घर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए. इन सभी लोगों को सरकार ने दो-दो लाख रुपये मुआवजे के तौर पर दिए. लेकिन इनके पास सर छुपाने को कोई आसरा नहीं था. ऐसे में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा दिए टेंटों में इन परिवारों ने कई महीने गुजारे. इसके कुछ समय बाद ऑक्सफेम संस्था द्वारा इन परिवारों को प्रीफैब्रिकेटेड घर बनाने की सामग्री दी गई थी. इसी सामग्री से बनाए गए एक घर में रह रहे शिवानंद बताते हैं, ‘पहले हमसे कहा गया कि सरकार स्वयं हमें घर बना कर देगी. लेकिन जब काफी समय तक सरकार ने कोई काम नहीं किया तो हमने खुद ही ये प्रीफैब्रिकेटेड घर बनाए हैं. आपदा के बाद हमने पांच लाख रुपये कर्ज लेकर यह जमीन ली है जहां घर बनाने की सोची थी. लेकिन अब सरकार इस जमीन पर भी निर्माण करने से इनकार कर रही है. अब तो हम दोहरी मार झेल रहे हैं. अपना घर तो टूट ही गया साथ ही जो जमीन ली वहां भी कुछ नहीं बना सकते.’

सेमी गांव के अन्य प्रभावित लोग भी शिवानंद की ही तरह अब अधर में लटके हुए हैं. सरकार ने इस क्षेत्र को संवेदनशील घोषित किया है और यहां निर्माण से इनकार कर दिया है. लेकिन यहां रह रहे लोगों के पुनर्वास की सरकार के पास कोई नीति नहीं है. इसी गांव के संतुष्टि गेस्ट हाउस के मालिक बचन सिंह बर्तवाल की भी पिछली आपदा के दौरान मृत्यु हो गई थी. आपदा में उनका उनका गेस्ट हाउस काफी हद तक टूट गया था. उनकी बेटी जया बर्तवाल बताती हैं, ‘हमने दो साल पहले ही यह गेस्ट हाउस 30 लाख रुपये कर्ज लेकर बनवाया था. अभी लाखों का कर्ज हम पर बकाया है. पिता जी की तबीयत पहले से ही खराब थी. आपदा में जब गेस्ट हाउस टूटा तो उन्हें बहुत सदमा लगा. इसके बाद उन्होंने खाना-पीना भी छोड़ दिया. एक महीने बाद ही उनकी मौत हो गई. हमें सरकार से पूरे गेस्ट हाउस के बदले चार लाख रुपये का मुआवजा मिला है.’ आपदा के प्रभाव का अपना दुखद अनुभव सुनाते हुए जया कहती हैं ‘हम अब अपने ही घर में सुरक्षित नहीं हैं. लेकिन अब जाएं कहां?’ सेमी गांव में चुनाव प्रचार करती एक गाड़ी जब ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ का नारा देती है तो जया के चेहरे पर रोष और पीड़ा के भाव और भी बढ़ जाते हैं.

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ बसा ये गांव तबाही की पूरी दास्तां कहता है. इसके आगे के सफर में तबाही और यात्रा मार्ग दोनों की ही तस्वीर और भी भयावह होती जाती है. कुछ ही आगे चलकर खाट गांव आता है. यहां सड़क के ऊपर बना प्राथमिक विद्यालय टूट कर सड़क की तरफ झूल रहा है. आपदा के बाद कुछ महीनों तक तो इस स्कूल को एक गेस्ट हाउस में चलाया गया लेकिन उसके बाद इसे फिर यहीं शुरू कर दिया गया है. गांव के कई लोग इस संबंध में शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंप चुके हैं लेकिन इस पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है. यह आलम तब है जब दो साल पहले ही प्रदेश एक ऐसी ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना की गवाही दे चुका है. दो साल पहले बागेश्वर जिले के एक स्कूल में 18 बच्चों की पहाड़ गिरने से मौत हो गई थी. टूटने को आतुर यह प्राथमिक विद्यालय फिलहाल सरकार की प्राथमिकता नहीं है.

खाट से कुछ आगे बढ़ने पर ही यात्रा मार्ग से एक रास्ता कालीमठ की तरफ जाता है. इस मार्ग पर भी आपदा का जबरदस्त असर हुआ था. यहां तीन दर्जन से ज्यादा पुल बह गए थे और कई भवन क्षतिग्रस्त हुए थे. इस पूरे क्षेत्र में बीएसएफ ने पुनर्निर्माण का काम किया है. कमांडेंट राजकुमार नेगी बताते हैं, ‘इस पूरे क्षेत्र को बीएसएफ ने गोद लिया था. हमारी 110 लोगों की टीम कालीमठ रवाना हुई थी. यहां हमने स्कूल के पुनर्निर्माण से लेकर गांवों को सड़क से जोड़ने तक सभी कार्य किए हैं.’ कालीमठ वाले इस क्षेत्र में बीएसएफ द्वारा एक मोटर ट्रॉली भी लगाई गई है. कम लागत में स्थायी व्यवस्था के जो गिने-चुने काम आपदा के बाद हुए हैं उनमें से कालीमठ क्षेत्र एक उदाहरण है.

यात्रा मार्ग पर वापस लौटें तो अगला पड़ाव गुप्तकाशी आता है. यह इलाका उत्तराखंड आपदा प्रभावितों की राजधानी जैसा बन चुका है. फाटा निवासी अवतार सिंह राणा बताते हैं, ‘आसपास के सैकड़ों बेघर लोग गुप्तकाशी में शरण लेकर रह रहे हैं. सरकार द्वारा लोगों को तीन-चार हजार रुपये प्रतिमाह किराया दिया जा रहा है. कई परिवार तो सिर्फ इसी के सहारे गुजर कर रहे हैं.’ गुप्तकाशी से आगे बढ़ने पर ऐसा कहीं से भी नहीं लगता कि केदारनाथ यात्रा को सिर्फ कुछ ही दिन शेष हैं. अवतार सिंह राणा बताते हैं, ‘हर साल अब तक यहां के सभी होटलों में नया पेंट हो जाता था. फाटा से लेकर गौरीकुंड तक पूरा बाजार एकदम ऐसा लगता था जैसे सभी भवन नए बने हों. इस बार किसी ने भी अपने होटल में काम नहीं करवाया है.’ फाटा बाजार के सभी होटलों में ताले लगे हैं और उन्हें देख कर लगता है जैसे वे बरसों से ऐसे ही बंद पड़े हों. एक गैर सरकारी संस्था हेल्प एज इंडिया का अस्पताल जरूर नया जैसा दिखता है. फाटा में स्थित इस अस्पताल में क्षेत्रीय लोगों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं. संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर शशि भूषण उनियाल बताते हैं, ‘दिसंबर के बाद से हम लोग 3,500 से ज्यादा लोगों को थेरैपी दे चुके हैं. हमारे अस्पताल में दो एमबीबीएस, एक थेरेपिस्ट और एक रेडियोलोजिस्ट की व्यवस्था है.’ इस क्षेत्र के लगभग सभी सरकारी अस्पताल जहां सिर्फ फार्मासिस्टों के भरोसे हैं वहां इस गैर सरकारी संस्था का अस्पताल रेगिस्तान में नखलिस्तान जैसी अनुभूति कराता है.

फाटा से आगे रामपुर और सीतापुर भी बेजान और सूने नजर आते हैं. यहां तक आते-आते यात्रा मार्ग भी अब साहसिक पर्यटन मार्ग में तब्दील हो जाता है. अपना जीवन किसी जांबाज चालक के भरोसे सौंपकर सोनप्रयाग तक पहुंचने पर अचानक एक मेला जैसा दिखाई पड़ता है. यात्रा से पहले लगा ये मेला देश भर के मजदूरों का है. प्रदेश में लोक निर्माण विभाग की सभी 47 इकाइयों से मजदूरों को यहां बुलाया गया है. हरिद्वार से आए लोक निर्माण विभाग के मजदूर श्याम लाल बताते हैं, ‘मुझे नौकरी करते हुए 31 साल हो चुके हैं. यह पहली बार ही हुआ है जब किसी पहाड़ी इलाके में मुझे भेजा गया हो. यहां हमें सांस लेने और चलने में भी दिक्कत आ रही है. ज्यादातर मजदूर बीमार पड़ गए हैं. हमने इतनी ठंड में कभी काम नहीं किया.’ विभागों के अलावा दिहाड़ी मजदूर भी देश भर से यहां बुलाए गए हैं. लेकिन मजदूरों के इस मेले के बाद भी यहां कोई भी स्थायी काम नहीं हुआ है. सोनप्रयाग में जो सड़क पहले थी वह पूरी तरह से टूट चुकी है. यह सड़क नदी से काफी ऊपर थी. अब जो नई सड़क यहां बनाई गई है वह नदी के काफी नजदीक है. ऐसे में इस सड़क का बरसात में बने रहने का विश्वास इसे बनाने वालों को भी नहीं है. सोनप्रयाग का जो मुख्य पुल बनाया गया है उसकी हालत बेहद नाजुक है. स्थानीय निवासी अवतार सिंह राणा बताते हैं, ‘यह पुल इस तरह से बना है कि पहली बरसात भी झेल पाना इसके लिए बहुत मुश्किल है.’ सरकार भी इस पुल की हालत से वाकिफ है. इसीलिए वैकल्पिक तौर से सोनप्रयाग से ही केदारनाथ का पैदल मार्ग तैयार किया जा रहा है. यह पैदल मार्ग पहले गौरीकुंड से था. पिछले साल तक 14 किलोमीटर का यह पैदल मार्ग अब लगभग 22 किलोमीटर का हो चुका है. इस पर भी यदि पैदल यात्रा सोनप्रयाग से ही शुरू करनी पड़े तो यह 25 किलोमीटर से ज्यादा की हो जाती है.

सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक अभी मोटर मार्ग बन भी नहीं सका है. सीमा सड़क संगठन इसके लिए जमकर मेहनत कर रहा है लेकिन उसका भी मानना है कि इसमें महीने भर समय अभी और लग सकता है. यहां की स्थिति ऐसी है कि पिछले साल केदारनाथ यात्रा में आई कई गाड़ियां अब तक यहीं फंसी पड़ी हैं. पहाड़ों से पत्थर लगातार गिर रहे हैं. बीते 12 अप्रैल को सीमा सड़क संगठन के एक मजदूर का पत्थर गिरने के कारण पैर कट गया. इस मजदूर को श्रीनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गौरीकुंड तक सड़क बनने में अभी लगभग एक किलोमीटर तक और पहाड़ काटा जाना बाकी है. गौरीकुंड गांव के प्रधान पति गोपाल गोस्वामी बताते हैं, ‘बरसात के लिए न तो ये रास्ता सही है और न ही सोनप्रयाग का पुल. हम लोग कई बार अधिकारियों से मिले और कहा कि सोनप्रयाग से जो पैदल मार्ग है उसी के पास से मोटर मार्ग भी बनाया जाए. वह नदी से काफी ऊपर था इसलिए सुरक्षित था. लेकिन हमारी किसी ने नहीं सुनी. अब तो हम खुद भी लंबे समय से देहरादून में ही रहते हैं.’ गोपाल के पिता गौरीकुंड प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे. 31 मार्च 2014 को वे रिटायर हो गए और तब से इस स्कूल में कोई भी शिक्षक नहीं है. बिना शिक्षक का गौरीकुंड प्राथमिक विद्यालय तब से ही बंद पड़ा है.

गौरीकुंड से ऊपर का पैदल मार्ग भी अब पहले जैसा बिलकुल नहीं है. इस रास्ते में पड़ने वाला सबसे बड़ा पड़ाव रामबाड़ा पिछली आपदा में पूरी तरह से गायब हो चुका है. यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था भी चरमरा गई है. बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष गणेश गोदियाल बताते हैं, ‘मंदिर समिति का काम वैसे तो पूजा से ही संबंधित है जो कि हमने पिछले साल ही शुरू कर दी थी. लेकिन इस साल हालात देखते हुए हमने और व्यवस्थाएं भी की हैं. इस बार 500 लोगों के दो जत्थों को ही एक दिन में केदारनाथ भेजा जाएगा. सभी लोग क्योंकि एक ही दिन में वापस नहीं लौट पाएंगे इसलिए उनके रुकने की व्यवस्था मंदिर में भी की गई है. मंदिर के प्रवचन हॉल में लगभग 200 पलंग लगवाए जा रहे हैं.’ पैदल मार्ग की स्थिति पूछने पर गोदियाल कहते हैं, ‘उस पर भी काम लगभग हो ही चुका है. मैं दरअसल चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं तो आपको इससे ज्यादा जानकारी नहीं दे पाऊंगा.’ पैदल मार्ग का काम पूरा होने में मौसम एक चुनौती बना हुआ है. लिनचौली नामक पड़ाव से ऊपर का रास्ता बर्फबारी के कारण पूरा नहीं हो सका है. यहां से केदारनाथ तक की दूरी करीब पांच किलोमीटर है. लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता केके श्रीवास्तव बताते हैं, ‘केदारनाथ में बर्फ होना समस्या नहीं है. बर्फ तो यहां इस मौसम में हमेशा ही होती है. यदि बर्फ नहीं होती तब यह जरूर चिंता का विषय था. यहां काम अच्छा हुआ है. हम प्रचार करने की जगह चुपचाप अपना काम करने में विश्वास रखते हैं. प्रदेश का लगभग 70 से 80 प्रतिशत काम लोक निर्माण विभाग ने ही किया है.’

इस बीच यह भी खबरें आ रही हैं कि केदारनाथ जाने वाले सभी यात्रियों को लिनचोली से मुफ्त हवाई यात्रा करवाई जाएगी. हालांकि चुनाव आचार संहिता के चलते इसकी खुली घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री कुछ सभाओं में ऐसा बोल चुके हैं. ऐसा इसलिए भी हो सकता है कि पैदल मार्ग पूरा न होने कारण हवाई यात्रा मुफ्त कराना सरकार की मजबूरी बन गई हो.

इन परिस्थितियों में भी फिलहाल केदारनाथ यात्रा का मतदान से तीन दिन पहले शुरू होना तय है. गोपाल गोस्वामी कहते हैं, ‘इस बार यात्रा में श्रद्धालु कम और तमाशा देखने वाले लोग ज्यादा आएंगे. ऐसे लोग जिन्हें ये देखना है कि आखिर पिछले साल आपदा में क्या हुआ था.’

गोस्वामी की बात पर यदि यकीन करें तो इतना निश्चित ही कहा जा सकता है कि इस यात्रा में श्रद्धालुओं को उनके केदार बाबा के दर्शन करवाने की तैयारी भले ही कमजोर हो, लेकिन आपदा के अवशेष देखने वालों के लिए यहां भरपूर सामग्री मौजूद है.

एक और मिर्चपुर…

खुद पर हुए अन्याय के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे भगाणा के दलित परिवार.
खुद पर हुए अन्याय के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे भगाणा के दलित परिवार. फोटोः विकास कुमार

2011 की एक पंजाबी फिल्म है ‘अन्हे घोड़े दा दान’. गुरदयाल सिंह के लिखे एक उपन्यास पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन गुरविंदर सिंह ने किया था. इस फिल्म में पंजाब के दलित वर्ग की बेबसी को बड़ी ही संजीदगी और धीरज के साथ दिखाया गया है.

तीन साल पहले की इस फिल्म का ज़िक्र यहां इसलिए क्योंकि हरियाणा के भगाणा गांव के दलित परिवारों से बात करते वक्त उस फिल्म के कई सीन आंखों के सामने दौड़ जाते हैं. ऐसा लगता है कि जैसे वही फिल्म दोबारा देख रहे हैं.

हरियाणा के हिसार जिले से आधे घंटे की दूरी पर भगाणा गांव है. काफी लंबे समय से इस गांव के जाटों ने खाप पंचायत के साथ मिलकर दलितों का सामाजिक बहिष्कार कर रखा है.  पिछले दिनों इस बहिष्कार ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए एक ऐसा भयानक रूप लिया जिसने गांव के दलित परिवारों की चार लड़कियों को मुंह ढंककर दिल्ली के जंतर-मंतर पर डेरा डालने को मजबूर कर दिया. 13 से 18 साल की उम्र की इन चार मासूम जिंदगियों का साथ गांव के करीब 100 से भी ज्यादा दलित दे रहे हैं. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

यहां ‘धरना’ शब्द का इस्तेमाल इसलिए नहीं किया जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ समय से इस अलफाज की गंभीरता कम होती जा रही है. शायद इसीलिए भगाणा के इन दलितों की भी कोई सुनवाई नहीं है. चंद अखबारों को छोड़कर ज्यादातर मीडिया ने इनकी तरफ ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा है. शायद उनकी नजर में यह भी जंतर मंतर पर दिया जाने वाला ‘बस-एक-और-धरना’ है. ऊपर से यह चुनाव का मौसम भी है. ‘हर हाथ शक्ति’ और ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ जैसे सुखद नारों के बीच ऐसी किसी बुरी खबर से क्यों जायका बिगाड़ा जाए?

खैर, पूरा मामला यह है कि 23 मार्च की शाम सात बजे, भगाणा गांव के अलग-अलग दलित परिवारों की चार लड़कियां, शौच के लिए घर से बाहर खेतों की तरफ निकली थीं. इन चारों की उम्र 13 से 18 साल के बीच है. जब काफी देर तक लड़कियां घर वापिस नहीं लौटीं तो परिवार वालों ने उन्हें ढूंढना शुरु किया. अगले दिन मदद के लिए सरपंच का दरवाजा खटखटाया गया लेकिन वहां से भी किसी तरह की सहायता न मिलने के बाद ये लोग हताश होकर वापस लौट गए. थोड़ी ही देर बाद सरपंच का संदेश आया कि इन परिवारों की बेटियां मिल गई हैं और वे सभी भंटिडा में हैं.

24 मार्च की शाम को भटिंडा में अपने परिवार से मिलने के बाद इन लड़कियों ने जो जानकारी दी उसने सबको हिला कर रख दिया. लड़कियों ने बताया कि उन्हें एक सफेद गाड़ी में उठा लिया गया था और फिर उनके साथ 12 लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया. इन लड़कियों पर सच न बोलने का काफी दबाव था लेकिन मामले को सामने आने में ज्यादा देर नहीं लगी. जानकारी के मुताबिक डॉक्टरी जांच में दो लड़कियों के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है लेकिन परिजनों का कहना है कि चारों में से किसी को भी नहीं छोड़ा गया. 25 मार्च को सुबह एफआईआर की गई लेकिन केवल पांच ही लोग गिरफ्तार हुए हैं. पीड़ित लड़कियों के परिजनों का आरोप है कि इस काम में सरपंच की मिलीभगत है और जो सात आरोपी फिलहाल बाहर हैं उनमें सरपंच राकेश और उसका चाचा भी शामिल है. लड़कियों के परिवार वालों का कहना है कि जहां सारी रात दौड़-भाग करने के बाद भी उन्हें अपनी बेटियों का पता नहीं चल पाया, वहीं सरपंच ने थोड़ी ही देर में कैसे लड़कियों के ठिकाने का पता लगा लिया.

यही हमारा घर है

भगाणा के जाटों ने दलितों का हुक्का पानी पहले से ही बंद कर रखा है. इस गांव के 135 दलित और पिछड़े परिवार, पिछले दो सालों से अपने बच्चों, महिलाओं और जानवरों के साथ हिसार के मिनी सचिवालय में खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं. गांव की जिन लड़कियों के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ है, वो धानक (अनुसूचित जाति ) जाति की हैं. पीपुल्स यूनियन फॉर डेमोक्रेटिक राइट्स संस्था ने जो रिपोर्ट तैयार की है उसके अनुसार धानक जाति, दलितों में भी बेहद कमजोर मानी जाती है. दो साल पहले जब जाटों ने गांव में हुए एक विवाद के चलते दलितों का बहिष्कार किया था तब चमार, कुम्हार, खाती जैसी अपेक्षाकृत मजबूत जाति के लोग, हिसार में धरने पर बैठ गए थे. लेकिन धानक जाति के परिवारों ने बहिष्कार के बावूजद गांव में ही रहने का फैसला किया था. इस सामूहिक बलात्कार को धानक जाति के उसी निडर कदम की सजा के रूप में भी कुछ लोग देख रहे हैं.

अब एफआईआर दर्ज कराने की हिम्मत दिखाकर और पांच लोगों को सलाखों के पीछे भेजकर, इन लोगों के लिए गांव में ठहरना अपनी जान को खतरे में डालने से कम नहीं. इसलिए 15 दिनों तक हिसार में डेरा डालने के बाद और हरियाणा सरकार से नाउम्मीदी मिलने के बाद, इन लोगों ने 16 अप्रैल से दिल्ली के जंतर मंतर पर न्याय की गुहार लगानी शुरु कर दी. लेकिन क्या इंसाफ मिलना इतना आसान है? जब ये सवाल बलात्कार की शिकार कुसुम (नाम बदला हुआ) की मां से पूछा गया तो जवाब था – ‘अगर निर्भया को न्याय मिल सकता है, तो हमारी बच्चियों को क्यों नहीं? फर्क बस इतना है कि वो मर गई और हमारी बच्चियों को तो इन पैसे वालों ने जीते जी मार डाला.’ इस बीच वे चारों लड़कियां मुंह ढककर तंबू के एक तरफ सो रही हैं.

वहीं तंबू के दूसरी और कुछ लोग ताश खेलकर वक्त गुजार रहे हैं. वैसे भी एक-दो दिन की बात हो तो समझ में आता है. यहां तो इंतजार लंबा नहीं बहुत लंबा है. ऐसे में अपने घर से दूर किसी टैंट के नीचे समय बिताना आसान बात नहीं है. हिम्मत कभी भी ‘इंसाफ’ और ‘जंग’ जैसे भारी शब्दों का साथ छोड़कर भाग सकती है.

और हां, एक छोटी सी बच्ची किरण भी है जो हर नए आने वाले के साथ दोस्ती गांठ रही है. जब उससे घर लौटने के बारे में पूछते हैं तो वह कहती है – अब यही हमारा घर है.

गांव के 135 दलित और पिछड़े परिवार दो साल से बच्चों, महिलाओं और जानवरों के साथ हिसार के मिनी सचिवालय में खुले आसमान के नीचे रह रहे हैं.
फोटोः विजय पांडे

सोनिया गांधी कब आएंगी?
कड़ी धूप में जंतर मंतर पर बजने वाले लाउड स्पीकरों के शोर के बीच उन चार लड़कियों में से एक शशि (नाम बदला हुआ) के पिता विजेंद्र बड़ी मासूमियत से मुझसे एक सवाल पूछते हैं ‘ये सोनिया गांधी कब आने वाली हैं? मैं पूछती हूं, ‘कहां?’ ‘अरे वो बाहर गई हुई हैं ना…वो और राहुल गांधी दिल्ली कब वापिस आएंगे? एक बार बस उनसे मिलना हो जाए.’

उनसे मिलकर क्या कहेंगे पूछने पर विजेंद्र कहते हैं ‘हम बस न्याय चाहते हैं. हमारी बस दो ही मांग हैं. सरपंच और बाकी बचे लोगों को गिरफ्तार करो और हमारे लिए कोई और ठिकाने का इंतजाम कर दो. हम वापिस गांव नहीं लौटना चाहते. क्या मुंह लेकर जाएंगे. इज्जत तो चली ही गई है. वहां लौटेंगे तो जो बची-खुची जान है उसे भी वो लोग ले लेंगे.’

‘लेकिन सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद तो गांव लौटने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए?’

इस पर विजेंद्र का जवाब आता है,  ‘वो लोग पैसे वाले हैं. जेल से छूटना उनके लिए बाएं हाथ का खेल है. उसके बाद हमारा क्या होगा ? और कितना डर-डर के जिएंगे? हरियाणा की सरकार से हमें कोई उम्मीद नहीं है. वो तो जाटों का ही साथ देती आ रही है. इसलिए हम यहां आए हैं. केंद्र सरकार से गुहार लगाने.’

बंदूक से पेट नहीं भरता
इंसाफ की इस लड़ाई में पेट के चूहे साथ नहीं देते. लड़ाई लड़ने के लिए पेट भरा होना जरुरी है. इन लोगों के लिए खाने का प्रबंध सर्वसमाज संघर्ष समिति के अध्यक्ष और बसपा नेता वेदपाल तंवर ने किया है. विजेंद्र का कहना है कि सर्वसमाज संघर्ष समिति और वेदपाल की बदौलत ही पुलिस को एफआईआर दर्ज करनी पड़ी.

वेदपाल सिर्फ भगाणा ही नहीं, मिर्चपुर गांव के सामाजिक बहिष्कार के शिकार दलित परिवारों का भी साथ दे रहे हैं. 2010 में हिसार जिले के ही मिर्चपुर गांव में एक सत्तर साल के दलित और उसकी एक विकलांग बेटी को जिंदा जला दिया गया था. यही नहीं, यहां के अन्य 18 दलितों के घरों को भी फूंक डाला गया था. इस घटना के बाद करीब 100 से भी ज्यादा दलित परिवार मिर्चुपर छोड़कर भाग गए थे. वे सभी पिछले चार सालों से वेदपाल तंवर के हिसार स्थित फॉर्महाउस में ठहरे हुए हैं. सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद हरियाणा सरकार ने मिर्चपर के इन दलितों की सुरक्षा में कुछ कदम तो उठाए हैं लेकिन इससे इन खानाबदोशों के पुनर्वास का मसला अभी भी हल नहीं हो पाया है.

भगाणा के दलितों के पुनर्वास की संभावनाओं के बारे में वेदपाल मिर्चपुर मामले में दिए गए सर्वोच्च न्यायालय के उस वक्तव्य का जिक्र करते हैं जिसमें कहा गया था कि पेट, बंदूक से नहीं भरता. पुनर्वास जरूरी है. लेकिन सर्वोच्च न्यायालय की इस डांट पर अमल करने के लिए सबसे जरूरी है इच्छाशक्ति जो मिर्चपुर और भगाणा जैसे मामलों में नदारद दिखती है.

मैं भी दलित हूं
भगाणा के इन दलितों के लिए किसी के पास वक्त नहीं है इसलिए दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों ने इनकी बात आगे तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है. ऑल इंडिया बैकवर्ड स्टूडेंट फोरम (एआईबीएसएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतेंद्र यादव बताते हैं कि सदर हिसार के थाना अध्यक्ष ने एफआईआर में से कुछ लोगों के नाम हटा दिए थे इसलिए इनके फोरम की मांग है कि अनुसूचित जाति आयोग, लड़कियों के बयान लेकर मामले की दोबारा जांच करवाए और बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए. जीतेंद्र का यह भी कहना है कि जिस तरह के सामाजिक बहिष्कार को ये दलित परिवार अपने गांव में झेल रहे हैं- जैसे, कुएं से पानी निकलाने की मनाही, दुकान से सामान खरीदने की मनाही, जाटों के खेत में काम करने की मनाही, यहां तक की उनकी बहन-बेटियां भी वहां सुरक्षित नहीं हैं ऐसे में इनका भगाणा में लौटना कहां की समझदारी होगी.

इस मामले में तहलका ने जब अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य ईश्वर सिंह से संपर्क किया तो उनका कहना था कि घटना के अगले दिन ही एसपी और दो डीएसपी को समन भेजकर पूरी रिपोर्ट मंगवाई गई थी. डॉक्टरी जांच में केवल दो लड़कियों के बलात्कार की पुष्टि हुई है जिन्हें एक लाख बीस हजार का कुल मुआवजा भी हाथों-हाथ दे दिया गया था. इसके बाद जंतर-मंतर आने का औचित्य समझ के बाहर है.

ईश्वर सिंह के मुताबिक इस पूरे मामले का राजनीतिकरण हो रहा है और पुनर्वास और बलात्कार का मामला दो अलग-अलग मसले हैं. इन्हें जोड़कर न देखा जाए. वहीं एआईबीएसएफ के अध्यक्ष जीतेंद्र यादव ऐसा मानने से इंकार करते हैं. उनका कहना है कि लड़कियों के साथ हुआ बलात्कार, भगाणा के दलितों को गांव से निकाल बाहर करने और उन्हें सबक सिखाने की मंशा से ही किया गया है इसलिए दोनों बातों को अलग-अलग करके देखना, मामले में आयोग की बेरूखी का सबूत है.

27 अप्रैल को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र, इन चार पीड़ित लड़कियों और उनके परिवार के साथ केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के घर का घेराव करने पहुंचे जहां काफी इंतजार के बाद कुछ लोगों को गृहमंत्री से मिलने का मौका मिला. उन्हें आश्वासन दिया गया कि चिट्ठी लिखकर हरियाणा सरकार से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की जाएगी. गृहमंत्री ने कहा कि वे खुद भी दलित हैं और इस दर्द को समझते हैं. लेकिन ये मामला राज्य सरकार का है और केंद्र सरकार इसमें ज्यादा दखलअंदाजी नहीं कर सकती. 2012 में केंद्रीय गृहमंत्री का पद हासिल करने के बाद सुशील कुमार शिंदे ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को धन्यवाद दिया था कि उन्होंने एक ‘दलित’ को गृहमंत्रालय जैसी गंभीर जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हीं ‘दलित’ गृहमंत्री के टूटे-फूटे आश्वासन के साथ ही भगाणा का यह काफिला वापिस जंतर मंतर के अपने डेरे पर लौट आता है और वे चारों लड़कियां एक बार फिर अपने ढके हुए मुंह को और अच्छे से ढककर सोने की तैयारी करने लगती हैं.

फिलहाल इन परिवारों का वर्तमान और भविष्य अधर में है. अगर नेताओं और आयोग के दिलासे के साथ ये गांव लौट भी जाएं तो इनका हाल क्या होगा किसी से छुपा नहीं है. अगर यह भी मान लिया जाए कि केवल दो लड़कियों के साथ ही बलात्कार हुआ है और दिए गए एक लाख बीस हजार के मुआवजे के साथ इन्हें गांव लौट जाना चाहिए, तब भी इनकी सही-सलामती की गारंटी कौन लेता है? ऐसे में कोई सही राहत नहीं मिलने पर सड़कों पर रहना इनकी मजबूरी हो जाती है.

3

न्याय दो या प्राण लो
इतिहासविद रामचंद्र गुहा ने अपनी किताब ‘इंडिया आफ्टर गांधी’ (गांधी के बाद का भारत) में 1949 की एक घटना का जिक्र किया है जिसमें दिल्ली के आसपास के गांव में बसे दलितों को जाटों ने इसलिए निकाल बाहर कर दिया था क्योंकि कल तक जो उनके जानवरों को चराते थे, आजादी के बाद उनमें बराबर खड़े होकर वोट डालने की हिम्मत आ गई थी. विरोध में गांव के दलितों ने दिल्ली के महात्मा गांधी स्मारक पर भूख हड़ताल की थी और कई गांधीवादी नेताओं और कैबिनेट मंत्रियों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था.

लेकिन उस वक्त आजादी नई-नई मिली थी इसलिए जोश भी नया था. यह 2014 है. इस वक्त नेताओं का ध्यान चुनाव में लगा हुआ है. दूसरी तरफ क्रिकेट का सबसे बड़ा महाकुंभ आईपीएल चल रहा है और ये दोनों काफी नहीं थे कि बॉलीवुड के आयफा अवार्ड्स को भी अभी ही शुरु होना था. मीडिया इन सबको कवर करने में मसरूफ है. इतने जरूरी कार्यक्रमों के बीच में इन बेसहारा दलितों की सुनवाई के लिए फुर्सत किसे है.

जंतर मंतर पर शाम का समय है. विजेंद्र टैंट के बाहर लगे एक बोर्ड को बड़ी तन्मयता के साथ ठीक करने में लगे हैं. ऐसे कि जैसे वह बोर्ड अगर थोड़ी देर के लिए भी दिल्ली की नजरों से ओझल हुआ तो उनकी बात नहीं बन पाएगी. बोर्ड पर लिखा है – न्याय दो या प्राण लो.

‘साहित्य को विमर्शों में घटाकर नहीं देखा जा सकता’

kadharआपकी कविता की शुरुआत किस माहौल में हुई?
जब मैंने लिखना शुरू किया तब देश आजाद हो रहा था. वह घटना हमारे पूरे सामाजिक जीवन को प्रभावित करने जा रही थी और उसने ऐसा किया भी. उसके बाद के लगभग एक दशक यानी लगभग 1960 तक, जिसे हम नेहरू काल भी कह सकते हैं, उसमें हम लोग थोड़ी उम्मीद के साथ चलते रहे. लेकिन चीन-भारत संघर्ष एक बड़ी घटना थी जिसने हमारे पूरे सोच को प्रभावित किया. बहुत सारे हवाई किले, जो नेताओं ने बनाए थे, वे टूट गए. मैं पंडित नेहरू को इस बात के लिए साधुवाद दूंगा कि चीन के आक्रमण के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि हम कल्पना-लोक में रह रहे थे. उसके बाद का दौर तो अनेक प्रकार की घटनाओं का दौर रहा, राजनीतिक स्तर भी और सामाजिक स्तर पर भी और उससे हिंदी-कविता जुड़ती गई. हिंदी-कविता प्रत्यक्षत:- नक्सल आंदोलन से जुड़ी क्योंकि कुछ कवि ऐसे थे, जो बाकायदा उस विचारधारा को न सिर्फ मानते थे बल्कि सक्रिय रूप से उसमें भाग लेने का भी प्रयास कर  रहे थे. बड़े-बड़े बांध बने, लोगों का उजड़ना शुरू हुआ. यह कुछ ऐसी घटनाएं थीं, जो उस समय उतनी भयावह नहीं लगती थीं. मेरे जैसे लोगों को उस समय लगता था कि विकास की कुछ कीमत तो होगी ही. लेकिन अब लगता है कि विकास शब्द को पुनर्परिभाषित करने की जरूरत है.

विकास के इस छलावे को हिंदी कविता ने किस प्रकार से पहचाना और उसका साहित्य के उस दौर पर क्या प्रभाव पड़ा?
विकास की इन विसंगतियों को हिंदी-कविता में उस दौर के दो लोगों ने देखा. सबसे पहले मुक्तिबोध ने. उनकी कविताएं बड़ी शक्तिशाली थीं. भाषा भी अद्भुत थी. उनकी भाषा से लगता था कि जैसे उन्होंने कल-कारखानों की भाषा को समाविष्ट कर लिया हो कविता में. उन्होंने उस भाषा में बहुत ही अद्भुत कविताओं का सृजन किया. आजादी के बाद हिंदी-कविता में पहला बड़ा परिवर्तन मुक्तिबोध ही लाए. उसके बाद धूमिल इसमें शामिल हो गए. धूमिल मेरे लिए एक विस्मयजनक कवि हैं. मैंने उनकी आरंभिक कविताएं भी पढ़ीं और सुनी थीं. उनमें कहीं ऐसे किसी विलक्षण कवि का कोई चिन्ह नहीं दिखाई देता था, जैसे बाद में वे हो गए. समय के साथ उनकी कविता में एक अद्भुत विकास हुआ. इतनी बड़ी छलांग वे इस वजह से लगा सके कि समय उसके पीछे अपना काम कर रहा था. वे समय को समझने वाले कवि थे. उन्होंने समय को पकड़ा और हमारे सामने एकदम से धूमिल का नया व्यक्तित्व उभरा. उन्होंने समाज को झकझोरकर रख दिया.

प्रारंभ में आपने केवल गीत लिखे? इसका कोई विशेष कारण था? बाद में आपने गीत लिखना क्यों छोड़ दिया?
मैंने अपनी कविता की यात्रा गीतों से शुरू की थी. उसका कारण यह था कि मैं लोक-गीतों से बहुत प्रभावित था. गांव से आया था, इसलिए लोक-गीतों की गूंज मेरे भीतर थी. गीतों में जो लयात्मकता थी, वह मुझे बहुत प्रभावित करती थी. गांव का माहौल भी मुझे खींचता था. खेत, पगडंडियां, नदी और गांव का पूरा परिवेश मेरे साथ जुड़ा हुआ था. जब मैं गांव छोड़कर बनारस आया तो वह भी एक बड़े गांव की तरह ही लगा, लेकिन फिर भी वह एक शहर था. वहां आकर गांव के प्रति मेरे भीतर आकर्षण बढ़ा. उस बोध अथवा उस नए अनुभव के भीतर से सबसे पहले मेरे गीत पैदा हुए और मैंने कुछ गीत लिखे. मुझे एक बात बहुत जल्दी ही समझ में आ गई कि सिर्फ गीतों से काम नहीं चलने वाला. मुझे तत्कालीन गीतों की एक रूढ़ि पसंद नहीं थी कि गीत की जो पहली पंक्ति होती है वह बाद की सारी पंक्ति यों को डिक्टेट करती है. यह मुझे सही नहीं लगता था इसीलिए मैं गीतों से हट गया.

आपने हिंदी-कविता का एक नया स्वरूप गढ़ा और उसे एक नई दिशा दी. इसके मूल में क्या है अर्थात यह सब कैसे हुआ?
कविता का कोई नया ढांचा गढ़ने की मेरी इच्छा नहीं थी. मुझे यह जरूर लगता था कि प्रगतिशील धारा की जो दिशा थी, कविता का उससे थोड़ा अलग स्वरूप बने. मैं नई कविता की धारा में तो शामिल नहीं था. मैं देख रहा था कि दूसरी तरफ क्या हो रहा है. नई कविता ने जो कुछ भी हमें दिया था, मैं उसे भी साथ लेकर चलना चाहता था. यह मेरा सौभाग्य था कि मैं लंबे समय तक शहर से परे रहा. गांव की बात नहीं कर रहा हूं. एमए तथा पीएचडी करने के बाद मुझे छोटे से कस्बे में नौकरी मिली, जो गांव की तरह ही था. वहां मैं 13-14 साल रहा. मैंने वहां लोगों को करीब से देखा. आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी को बुलाया था एक बार मैंने वहां और उनको उस इलाके में ले गया था. अगर मैं उनके साथ न गया होता तो भारत का असली चेहरा न देखा होता. उन दृश्यों की विद्रूपता ने मुझे कविता के स्वप्ररूप के बारे में दोबारा सोचने पर विवश किया.

आज की कविता पर आरोप लगाया जाता है कि वह प्रभावहीन है, पाठकों में रुचि नहीं जाग्रत करती और उनकी स्मृति में ज्यादा दिन टिकने योग्य नहीं है?
जो कविताएं एक खास तरह की बोल-चाल की लय में लिखी जाती हैं, लोगों को उनसे जुड़ने में कठिनाई नहीं होती है. जब तक पाठक या श्रोता कविता को अपनी आवाज में रिक्रिएट नहीं करेगा, तब तक वह उससे जुड़ेगा नहीं. अभी कुछ दिन पहले जेएनयू की एक गोष्ठी, में कोई सज्जन मेरी एक कविता के बारे में कुछ बोल रहे थे. उन्होंने मेरी कविता ‘पानी की प्रार्थना’ उद्धृत की. वे वहां जिस तरह से उसे पढ़ रहे थे, उससे उस कविता का जरा-सा भी संप्रेषण नहीं हो रहा था. कविता को कविता की तरह पढ़ने की कला भी सिखाई जानी चाहिए. यह कवियों का काम भी है. उन्हें स्कूल व कॉलेजों में जाना चाहिए और क्लास में कविताएं पढ़कर सुनानी चाहिए. जब बच्चे आज की कविता की लय से जुड़ेंगे तभी जाकर वे आज की कविता की संवेदना से, उसके परिवेश से जुड़ पाएंगे. तभी कविता और समान्यजन के बीच की दूरी कम हो पाएगी.

पिछले दो दशकों में पूरे विश्व के सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक संरचना में व्यापक बदलाव आया है, भारत भी इससे अछूता नहीं रहा है? इस परिवर्तन का कविता पर किस तरह का प्रभाव पड़ता देख रहे हैं?
मैं कोई आर्थिक विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन 1990 के बाद के विकास को मैं काफी हद तक दुर्भाग्यापूर्ण मानता हूं. सोवियत संघ का विघटन भी विश्व व्यापार संगठन जैसी संस्था बनने के पीछे एक बड़ा कारण रहा है. दुर्भाग्यपूर्ण यह भी है कि जो महान प्रयोग वहां हो रहा था, वह विघटित हो गया. इस विघटन ने ही विश्व में वर्तमान परिस्थितियों के पैदा होने का मौका दिया. इसके पहले सरकार में उदारीकरण शब्द का नाम भी नहीं था. हिंदी का सबसे अनुदार शब्द है, उदारीकरण. किसके प्रति है यह उदारता ? हमें किसके प्रति उदार होना चाहिए ? हम उसके प्रति ही उदार हो रहे हैं, जो दिन-रात बढ़ रहा है. मैं इसे बड़ी चुनौती मानता हूं. कवि इससे टकरा तो रहा है, अनेक प्रकार के प्रयास कर रहा है और इस पर चोट भी कर रहा है. आप नए कवियों की कविताएं पढ़े तो आपको उनमें इस पर चोट करने वाली पंक्तियां जरूर मिलेंगी.

हिंदी-कविता में 1990 के बाद तेजी से स्त्री-विमर्श, दलित-विमर्श व हाशिए पर पड़े मानव-समूहों की चिंताएं उभरी हैं. आप इन विभिन्न विमर्शों के उभार को तथा उन पर केंद्रित साहित्यिक आलोचना को किस तरह देखते हैं?
मैं इन सारे विमर्शों को 1990 के बाद के सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तनों से जोड़कर देखना चाहूंगा. ये सब अपना-अपना हक मांग रहे हैं, जो उचित है. यह लोकतंत्र का विकास है. लोकतंत्र का जिस तरह का विकास राजनीतिक व्यवस्था कर रही है और जो संसद व कार्यपालिका के माध्यम से सामने आ रहा है, वह शंकित करता है. उसके भीतर से जो असंतोष पैदा हो रहा है, उसी असंतोष की उपज हैं ये सारे आंदोलन. मैं इन्हें इसी स्वरूप में देखता हूं और इन विमर्शों का काफी हद तक स्वागत करता हूं. लेकिन साहित्य को विमर्शों में घटाकर नहीं देखा जा सकता. उस पैमाने पर हम साहित्य का मूल्यांकन कर ही नहीं सकते. यह आदिवासी कविता है, इसलिए अच्छी है, यह पैमाना ठीक नहीं. चूंकि यह अच्छी कविता है, इसलिए अच्छी कविता है, यही पैमाना उचित होगा.

दलित-विमर्श की दृष्टि से गद्य-साहित्य की अपेक्षा हिंदी-कविता पीछे रही है. आप इसका कोई विशेष कारण पाते हैं?
दलित लेखक सीधे अपनी वे बातें कहते हैं, जिनसे हम इतने परिचित नहीं हैं. मैं अपने गांव में उन लोगों को देखा करता था, जो पशुओं का चमड़ा निकालने का काम करते थे. जब मैं उनके पास मरा हुआ पशु लेकर जाता था तो यही समझाता था कि वे चमड़े को निकालकर उससे जूते या अन्य सामान बनाते होंगे. बाद में तुलसीराम की आत्मकथा में पढ़ा कि वे उस मरे हुए पशु का मांस भी निकालकर मोहल्ले में बांटते थे और वह खाया जाता था. यह मेरे लिए शर्म से जमीन में गड़ जाने वाला झटका था. यह झटका देने वाली सचाई मुझे उनकी आत्मकथा से ही पता चली. ओमप्रकाश वाल्मीकि की कहानियां भी बड़े अच्छे रूप में सामने आईं. उनकी कविताओं ने भी अच्छा योगदान दिया है. मैं इसे विमर्श नहीं कहूंगा. केवल एक प्रवृत्ति मानूंगा. यह साहित्य की धारा का हिस्सा है, इसे विमर्श कहकर घटाया नहीं जा सकता. मैं यह जरूर कहूंगा कि मराठी दलित कविता ने अब स्थिर राह पा ली है और वह अपनी पूरी कविता की परंपरा को, जो दलितों ने नहीं लिखी है, समझने की कोशिश कर रही है. ऐसा हिंदी की दलित-कविता के साथ नहीं हुआ. शायद आगे कभी हो.

स्त्री-विमर्श आज की कविता के केंद्र में है. समाज में स्त्रियों की समस्याओं के प्रति काफी जागरूकता भी आयी है. आपकी क्या धारणा है?
स्त्री भी हमारे समाज में दलितों की तरह भयातीत थी. अब वह मुक्त होने की कोशिश कर रही है. लेकिन अभी भी तमाम सामाजिक वर्जनाएं हैं जो काम कर रही हैं. इसके अनेक भेद-उपभेद हैं. जब समाज में जनतांत्रिक चेतना पैदा हुई तो उन्हें भी लगा कि उनके भी कुछ हक हैं, अधिकार हैं. वे अपने अधिकारों से वंचित हैं. यह अधिकार की चेतना उनके भीतर प्रबल होती जा रही है. संपत्ति में अधिकार, परिवार में अधिकार, कार्य-क्षेत्र में अधिकार, समाज व राजनीति में अधिकार आदि-आदि. स्त्रियों ने समाज की विसंगतियों के बारे में काफी कुछ लिखा है. कई स्त्री रचनाकारों ने बहुत अच्छी कविताएं लिखी हैं. कहानियां तथा उपन्यास भी लिखे जा रहे हैं.

कुछ लोग कहते हैं कि आपने कविताओं में स्त्री-विमर्श को उतना स्थान नहीं दिया, जितना आज के समय की अपेक्षा है.
हो सकता है कि मेरे अपने सामाजिक परिवेश की सीमा होने के कारण ऐसा हुआ हो. मैं कोशिश यही करता हूं कि इन सरोकारों पर निरंतर विचार करूं. मेरी रचनाओं में दलित-प्रश्नों पर काफी ध्यान गया है. स्त्रियां मेरे यहां शोषिता-प्रताड़िता के रूप में कम आई हैं. लेकिन अन्य विविध रूपों में स्त्रियां भी मेरी रचनाओं में कई जगह आई हैं. ‘एक प्रेम कविता को पढ़कर’ कविता में स्त्री का एक बड़ा ही मार्मिक पक्ष सामने आया है. ‘नमक’ कविता भी स्त्री-पुरुष संबंधों पर केंद्रित है. मेरी कविताओं में मां के रूप में अनेक स्त्रियां आई हैं, क्योंकि मैं मां को स्त्री का एक बहुत ही महत्वपूर्ण रूप मानता हूं. मेरी कविताओं में मजदूर स्त्री का भी वर्णन है. स्त्री का केवल मध्यमवर्गीय रूप ही महत्वपूर्ण नहीं है.

कविता में विचार का होना कितना जरूरी है? आप इसकी अभिव्यक्ति के लिए किसी विचारधारा या वाद से जुड़े होने को कितना महत्वपूर्ण मानते हैं?
विचारधारा अलग चीज है, विचार अलग. विचारधारा को मैं छद्म-चेतना मानता हूं. विचार छद्म-चेतना नहीं है. विचार गलत हो सकता है, लेकिन वह छद्म है या धोखा है, ऐसा नहीं हो सकता. विचार कविता की अनिवार्यता है, केवल भाव कविता नहीं बन सकता. कविता के भाव में विचार हमेशा शामिल रहता है. बिना विचार के प्रगाढ़ भाव-बोध पैदा ही नहीं हो सकता. यदि होगा भी तो वह भावुकता में परिवर्तित हो जाएगा. भाव का अर्थ भावुकता नहीं है. भाव में विचार भी शामिल रहता है लेकिन आपको यह भी ध्यान में रखना चाहिए कि हर कवि अपने ढंग से सोचता है, अपने विचार रखने की कोशिश करता है. मुक्तिबोध ने भी यही किया. अज्ञेय ने भी किया. आप उनके विचारों को अस्वीकार करने के लिए स्वतंत्र हैं. मैं विचारधारा या किसी वाद का समर्थन नहीं करता, क्योंकि सभी विचारधाराओं की सीमाएं होती है. कई संगठन बार जरूरी रचनात्मक आजादी नहीं दे पाते. पार्टियां नहीं दे पातीं. इसलिए पार्टी, संगठन, वाद, इन सबसे मुक्त होकर ही चलना चाहिए.

हमारा लोकतंत्र एक जटिल दौर से गुजर रहा है, जहां लोग एक बड़ा परिवर्तन चाहते हैं लेकिन उनकी सोच को समुचित नेतृत्व नहीं मिल पा रहा. आप इसे किस दिशा में जाता देख रहे हैं?
यह निश्चित ही चिंता का विषय है कि आज देश में कोई बड़ा आंदोलन क्यों नहीं उठ रहा ? हम केवल चुनाव तक ही सीमित होकर क्यों रह गए हैं. इस ढीले-ढाले जनतंत्र का क्या होगा, जो अपनी सारी शक्ति अंतत: तथाकथित चुनाव से ही अर्जित करता है. मैं चुनाव का विरोध नहीं कर रहा हूं, किंतु संकट यही है कि वह पूरी तरह से जनता के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं कर पाता है. उसका जो भी परिणाम आता है, वह कैसे आता है, यह सभी लोग जानते हैं. मैं समझता हूं कि मनुष्य को स्वतंत्र रूप से सोचने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हमें बनानी पड़ेंगी. इसमें कवि, लेखक, कलाकार अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं. मैं अग्रिम दस्ते में नहीं हूं क्योंकि मैं बीते हुए समय का आदमी हूं. लेकिन एक बीते हुए समय के आदमी की तरह आने वाले समय की एक धमक सुनना चाहता हूं.

पेश है चुनावी मौसम का हाल

इलेस्ट्रेशनः मनीषा यादव

गर्मी का मौसम चल रहा है. इसी बीच चुनाव भी पड़ गया है यानी सिर मुंडाते ही ओले पड़ने जैसी बात हो गई. गर्मी का मौसम चुनावी मौसम में तब्दील हो गया है. इस मौसम का हाल बताने में मौसम विभाग को पसीने आ रहे हैं. अंदरखाने की बात है कि इस मौसम की जानकारी देने में मौसम विभाग के मिजाज पूरी तरह से बिगड़ गए हैं. इसलिए पेश है नये-नये वोटर बने एक युवा वोटर की ओर से चुनावी मौसम का मोटा-मोटी हाल-

आसमान आशंकित, बादल बदहवास हैं, बिजली की बत्ती गुल है, क्योंकि वे सर्वथा अप्रत्याशित दृश्य देख रहे हैं. वे देख रहे हैं कि प्रत्याशी गरज रहे हैं, कड़क रहे हैं, बरस रहे हैं. अजब छटा छाई है. धूप निकली है, मगर बारिश जारी है. कहीं स्याही बरस रही है, तो कहीं अंडे, कहीं थप्पड़ तो कहीं डंडे.

इस चुनावी मौसम में सूरज की पूरी तरह से घिघ्घी बंध गई है. उसके तेवर उम्मीदवारों की त्यौरियों के सामने ढीले हैं. सूरज की किरणें बस्तियों में बाद में पहुंच पाती हैं, नेताओं की टोली पहले आ धमकती है. सूरज से ज्यादा (बाई गॉड!) नेताओं के कुर्ते चमक रहे है. चिडि़यों से ज्यादा उनके चमचे चहक रहे हैं. वोऽ वोऽ वोऽ टऽ टऽ टऽ… वोऽ वोऽ… टऽ …

गर्मी के शबाब में आश्चर्यजनक उछाल देखा जा रहा है. वह दिनोंदिन निखरती चली जा रही है. स्पष्ट है, इसमें देश की भौगोलिक स्थिति का कोई हाथ नहीं है. इस स्थिति के लिए जिम्मेदार चुनाव में खडे़ होने वाले नेताओं के मुख हैं. जो आजकल हर पल वोटरों के उन्मुख हैं. अब तो दिन और रात दोनों तप रहे हैं. आम गर्मी के कारण नहीं नेताओं के भाषण के कारण पक रहे हैं.

जुबानी पारा तेजी से चढ़ रहा है, मर्यादा का पारा उतनी ही तेजी से लुढ़क रहा है. आरोपों की आंधियां प्रचंड चल रही हैं. रुक-रुक कर नहीं लगातार. थपड़ ही थपड़, प्रहार ही प्रहार. रह-रहकर जो आचार संहिता के तंबू उखाड़े जा रही हैं. चुनाव आयोग अधिकतम और न्यूनतम वेग दर्ज करने में अपने को असमर्थ पा रहा है, क्योंकि हर क्षण आंधियों का वेग एक नया रिकार्ड बना रहा है.

जगह-जगह आश्वासनों के भारी वायुदाब देखने को मिल रहे हैं. जिसे हवाई पुल बहुत आसानी से झेल रहे हैं. कहीं-कहीं शिकायतों के निम्नवायुदाब के क्षेत्र भी हैं. जिसके चलते हवा का रुख अचानक बदल भी सकता है. इस मौसम में एक अजब ‘हवा’ की चर्चा चहुंओर हो रही है, इसके वावजूद वोटर का दम घुट-सा रहा है.

घर से बाहर निकलने वालों के लिए चेतावनी- कृपया जब तक अतिआवश्यक न हो, घर से न निकलें. अगर निकलना ही पडे़ तो मुंह और आंखों को अच्छी तरह से ढंक लें. रैलियों के रेले में खूब धूल उड़ रही है और मतदाताओं के आंखों में पड़ रही है. इसलिए आंखे मींचने से कान में तेल डालना अच्छा है. बाहर धूल फांकने से घर में पड़े रहना अच्छा है.

मौसम का पूर्वानुमान- आने वाले करीब एक माह तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा.  सोमवार से इतवार आपके सप्ताह के हर वार में उम्मीदवार होंगे. वादों के बादल आंशिकरूप से छाए रहेंगे. झूठ की उमस और बढे़गी. आरोप-प्रात्यारोपों की बौछारें और तेज हो सकती हैं. और सबसे खास बात है कि सितारे अभी कुछ दिनों तक जमीन पर नजर आएंगे. मतदाताओं की आंखों की नमी के बढ़ने के चलते उन्हें गर्मी का एहसास ज्यादा होगा. प्रचार थमने के बाद फौरी राहत मिलने के आसार हैं. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मौसम अचानक से करवट बदलेगा.  मौसम सामान्य हो जाएगा.  जो नेता आज जगराते कर रहे हैं, वे चादर तान कर सोएंगे. और जो मतदाता आज पूजे जा रहे हैं, वे करवट बदल-बदल कर रोएंगे. अगले पांच सालों के मौसम का पूर्वानुमान अभी से लगाना जितना मुश्किल है, वहीं जनता की हालत का पूर्वानुमान लगाना उतना ही आसान है. चुनावी मौसम आते हैं, चले जाते हैं, मगर देश का मौसम कमोबेश एक-सा रहता है, बदलता ही नहीं कमबख्त!

‘ जब मैं सरकारी नौकरी करते हुए नहीं झुका तो चुनाव जीतने पर तो और भी बेहतर काम करूंगा’

बाबा हरदेव सिंह। 66 । पूर्व आईएएस अधिकारी। मैनपुरी, उत्तर प्रदेश फोटोः प्रमोद अधिकारी
बाबा हरदेव सिंह. उम्र-66 वर्ष.  पूर्व आईएएस अधिकारी. मैनपुरी, उत्तर प्रदेश.  फोटोः प्रमोद अधिकारी
बाबा हरदेव सिंह. उम्र-66. पूर्व आईएएस अधिकारी. मैनपुरी, उत्तर प्रदेश. फोटोः प्रमोद अधिकारी

राजनीति में बाहुबल और पैसे का इस्तेमाल आम बात हो चुका है. राजनीति आम लोगों की मदद का हथियार थी, लेकिन अब यह धंधा बन चुकी है. इसके लिए हम भी दोषी हैं जो जब यह हो रहा था तो इसे किनारे खड़े होकर देख रहे थे. लेकिन अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के बाद सब बदल गया. यह साफ हो गया कि हमें अपनी नौकरियों से ऊपर उठकर सोचना होगा, खुद खड़ा होना होगा और राजनीति में आ चुकी इस गंदगी के खिलाफ लड़ना होगा.

मैं समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव के खिलाफ लड़ रहा हूं. मेरी लड़ाई मैनपुरी के लोगों के लिए है. इसे शहर कहते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार और विकास की कमी के चलते स्थानीय प्रेस की भाषा में कहें तो मैनपुरी अब भी एक बड़े गांव जैसा है. बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है. निजी मैनेजमेंट कॉलेज नहीं हैं. अच्छे अस्पताल नहीं हैं. न ही ट्रेन कनेक्टिविटी है. हैरानी की बात यह है कि पिछले 25 साल से यहां एक ही परिवार चुनाव जीतता आ रहा है. अगर उन्होंने ये मुद्दे उठाए होते तो कुछ तो हो जाता. कम से कम एक इंटरसिटी ट्रेन ही चल जाती. दुख की बात यह है कि तंबाकू के इस्तेमाल की वजह से होने वाले कैंसर के मरीजों की संख्या के मामले में मैनपुरी पहले नंबर पर है, लेकिन यहां किसी अस्पताल में कैंसर के इलाज की कोई यूनिट नहीं. कोई इन मुद्दों पर लोगों को जागरूक नहीं कर रहा. यह स्थिति बदलनी चाहिए. मैनपुरी में यह हाल है कि आज भी यहां डीएम और एसपी लोगों से खुद को जी हुजूर और जी सरकार कहलवाते हैं जबकि असल में वे जनता के सेवक हैं.

यही वजह है कि जिन लोगों को देश की फिक्र है उन्होंने अपनी नौकरियां छोड़ दी हैं. घर छोड़ दिया है. आराम की जिंदगी छोड़ दी है. वे कह रहे हैं कि बहुत हो चुका. अब लोग राजनीति में करियर बनाने नहीं, लोगों की सेवा करने के लिए आ रहे हैं.

अपनी नौकरी के दौरान मैं राजनीतिक वर्ग और व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार से लड़ता रहा. अगर मैं सरकारी अधिकारी रहते हुए ऐसा कर सकता था तो मुझे यकीन है कि अगर मैं चुना गया तो यह काम और भी अच्छे तरीके से कर पाऊंगा. अगर आप ईमानदार हैं, अगर आपको कोई खरीद नहीं सकता और अगर आपकी जनता के लिए काम करने की इच्छा है तो पूरा सिस्टम ठीक हो जाएगा. मुझे यह भी यकीन है कि अगर हम देश में बदलाव लाना चाहते हैं तो हमें जड़ से शुरुआत करनी होगी. बुनियादी स्तर पर ठीक किए बिना इसे राष्ट्रीय स्तर पर ठीक नहीं किया जा सकता.

(अवलोक लांगर से बातचीत पर आधारित.)

पपीहा रे मेरे पिया से कहियो जाए…

anil
हिंदी हिनेमा के संगीत के शुरुआती दौर के सबसे प्रयोगधर्मी संगीतकारों की सूची तैयार की जाए
तो अनिल विश्वास का नाम शीर्ष पर होगा.

अनिल विश्वास हिंदी फिल्म संगीत के पुरोधा के रूप में जाने जाते हैं. बोलती फिल्मों का दौर जब से आरंभ हुआ और उसमें गीत-संगीत के आगमन का रोचक इतिहास बस बनना शुरू ही हुआ था, उस समय अनिल विश्वास जैसे संगीतकार को बेहद प्रमुखता से संगीत के आधुनिक प्रणेता के रूप में आदर मिला.

शुरुआती दिनों में, जो कि उन्नीसवीं शताब्दी का चौथा दशक था, उस समय संगीत के बिल्कुल आरंभिक संगीतकारों में जिन लोगों को जाना जाता है, उनमें प्रमुख रूप से हम फिरोजशाह मिस्त्री, मास्टर अली बक्श, जद्दनबाई, लल्लूभाई नायक, प्राणसुख नायक, बृजलाल वर्मा, वजीर खां, सुंदर दास भाटिया, गाविंद राव टेंबे, केशवराव भोले, झंडे खां, बन्ने खां, राम गोपाल पांडे, सुरेश बाबू माणे आदि को याद कर सकते हैं.

इन आरंभिक संगीतकारों के योगदान पर विकसित होने वाले हिंदी फिल्म संगीत को बाद में एक से बढ़कर एक मूर्धन्य कलाकार सुलभ हुए. इन संगीतकारों का बहुत हद तक ऐतिहासिक महत्व भी है क्योंकि इनमें से बहुतेरे ऐसे लोग थे, जिन्होंने सिनेमा की दुनिया में पहली बार कोई नई चीज रची थी जैसे फिरोज शाह मिस्त्री को पहली बोलती फिल्म आलमआरा (1931) के संगीतकार के रूप में जाना जाता है या फिर जद्दनबाई (प्रसिद्ध अभिनेत्री नरगिस की मां) को पहली महिला संगीतकार होने का गौरव प्राप्त हुआ, जब उन्होंने अपनी ही निर्मित फिल्म तलाश-ए-हक (1935) में संगीत दिया. इसी तरह वजीर खां और नागर दास नायक ने सैय्यद आगा हसन अमानत द्वारा लखनऊ के आखिरी कलाप्रिय नवाब वाजिदअली शाह के लिए लिखे इंद्र सभा पर बनी इसी नाम की फिल्म (1932) के लिए संगीत दिया. पूना के मशहूर प्रभात स्टूडियों न कुछ बड़े संगीतकारों को पैदा किया, जिसमें गोविंद राव टेंबे का नाम प्रमुख है. टेंबे ने अयोध्या का राजा, जलती निशानी, माया मछिंद्र (1932), सैरंध्री (1933), मंजरी (1934), उषा, राजमुकुट (1935) जैसी मशहूर ऐतिहासिक, वेशभूषा प्रधान फिल्मों के लिए संगीत दिया. ऐसे बहुतेरे संगीतकार हैं, जिनके माध्यम से 1931 से लेकर 1940 तक लगभग एक दशक का चित्रपट संगीत अपने जन्म से विकसित होने का एक रोचक सफर तय करता है. इन संगीतकारों की चर्चा भी इस अर्थ में प्रासंगिक है कि हम अनिल विश्वास के सांगीतिक योगदान का जो विश्लेषण करने जा रहे हैं, उनका समय भी इसी दशक के मध्य में आरंभ होता है. वैसे तो अनिल विश्वास सबसे पहले बंबई 1934 में आए, जब वे कुमार मूवीटोन के साथ जुड़े, मगर एक स्वतंत्र संगीतकार के रूप में उनकी पहली फिल्म ईस्टर्न आर्ट्स की हीरेन बोस निर्देशित धर्म की देवी (1935) से माना जाता है.

अनगिनत आरंभिक संगीतकारों की जमात में अनिल विश्वास के साथ जिन संगीतकारों का नाम उल्लेखनीय रूप से चालीस के दशक में उभरा, उनमें हम आर.सी. बोराल, पंकज मलिक, तिमिर बरन, के.सी. डे, रफीक गजनवी, एच.सी. बाली, शांतिकुमार देसाई, मास्टर कृष्णराव, अशोक घोष, सरस्वती देवी, ज्ञान दत्त एवं रामचंद्र पाल का नाम ले सकते हैं. इनमें से अधिकांश न सिर्फ लोकप्रिय और सफल संगीत निर्देशक रहे हैं, बल्कि इस अर्थ में भी आज नए सिरे से विश्लेषण के लिए जरूरी नाम हैं कि इनके हिस्से में कुछ ऐसी ऐतिहासिक फिल्मों के साथ जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त है, जिनमें कुंदन लाल सहगल जैसे महान गायक और अभिनेता की तमाम फिल्मों के अलावा सोहराब मोदी, पृथ्वीराज कपूर, सआदत हसन मंटो, शांता हुबलीकर, देविका रानी, अख्तरीबाई फैजाबादी, पी.सी बरुआ, जिया सरहदी, चंद्र मोहन, दुर्गा खोटे, जोहरा सहगल, उदय शंकर, शांता आप्टे, कवि प्रदीप, उस्ताद अलाउद्दीन खां, नसीम बानो एवं वहीदन बाई जैसे फनकार किसी न किसी भूमिका में मौजूद थे. कहने का तात्पर्य यह है कि हिंदी फिल्मों का यह बिल्कुल आरंभिक बनने-बनने वाला वह दौर है, जब उपर्युक्त उल्लिखित ढेरों ऐसे ऐतिहासिक किरदार सक्रिय नजर आते हैं, जिन्होंने विभिन्न विधाओं में अपनी कला का परचम फहराया हुआ है. इनमें सभी शीर्ष स्तर के कलाकार रहे हैं, जो अभिनय, गायन, पटकथा, गीत व संवाद लेखन के साथ-साथ निर्माण व निर्देशन के स्तर पर भी समादृत रहे.

अनिल विश्वास के करियर में किस्मत मील का पत्थर मानी जाती है. इस फिल्म की अपार सफलता तक पहुंचने से पूर्व अनिल विश्वास ने आरंभिक सफलता का स्वाद जिन फिल्मों के माध्यम से चखा था, उन्हें व्यापक तौर पर वैसी स्वीकृति नहीं मिल पाई थी, जिस तरह वह किस्मत के सभी गीतों को हासिल हुई. इस फिल्म से पूर्व उनके द्वारा संगीतबद्ध कुछ महत्वपूर्ण गाने ही आज याद किए जाते हैं, जो कि उन फिल्मों की थोड़ी-बहुत लोकप्रियता का भी आधार बन सके. इनमें प्रमुख रूप से भारत की बेटी (1935) का ‘तेरे पूजन को भगवान बना मन मंदिर आलीशान’, मनमोहन (1936) का ‘तुम्ही ने मुझको प्रेम सिखाया’, ग्रामोफोन सिंगर (1938) का ‘मैं तेरे गले की माला’, हमारी बात (1943) का ‘बादल सा निकल चला यह दल मतवाला रे’, ‘मैं उनकी बन जाऊं रे’, बसंत (1942) का ‘कांटा लागा रे साजनवा मोसे राह चली न जाए’ एवं नैया (1947) का ‘सावन भादों नैन हमारे बरस रहे दिन रात’ जैसे गीत सुनने में उतने ही ताजे और कर्णप्रिय लगते हैं.

किस्मत इस अर्थ में भी संगीत की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण फिल्म है कि इसमें पहली बार अनिल विश्वास ने अपनी चिर-परिचित शैली में कुछ नवीनता पैदा करते हुए सारे ही गानों को अलग-अलग शैली में संगीतबद्ध किया था. हालांकि किस्मत से पहले उन्होंने बॉम्बे टॉकीज के लिए देविका रानी के अत्यधिक इसरार पर बसंत के गानों की भी सारी धुनें  तैयार की थीं, जो बाद में बेहद लोकप्रिय हुईं, परंतु नेशनल स्टूडियो के साथ अनिल विश्वास के अनुबंध के चलते फिल्म के क्रेडिट्स एवं पब्लिसिटी में कहीं भी उनका नाम बतौर संगीतकार नहीं गया. इस फिल्म के क्रेडिट्स में उनके बहनोई और प्रसिद्ध बांसुरी वादक पन्नालाल घोष का नाम दिया गया, जिन्होंने फिल्म में ऑर्केस्ट्रेशन का काम संभाला और पार्श्व-संगीत भी तैयार किया था.

किस्मत के संगीत-निर्माण की कथा भी अत्यंत दिलचस्प है, जो संगीत-प्रेमियों के बीच प्रसिद्ध भी रही है तथा जिसे फिल्म अध्येता शरद दत्त ने अनिल विश्वास की जीवन-यात्रा पर अपनी पुस्तक में विस्तार से चर्चा की है. किस्मत के निर्माता शशधर मुखर्जी को बॉम्बे टॉकीज में जितनी तनख्वाह मिलती थी, उसकी दोगुनी राशि पर देविका रानी ने अनिल विश्वास को अपने बैनर के लिए संगीत निर्देशक के बतौर अनुबंधित कर लिया था. बस यही एक ऐसा कारण था, जिसने भीतर ही भीतर बॉम्बे टॉकीज में असंतोष का स्वर उभार दिया था. इसमें एक गुट ऐसा था, जो शशधर मुखर्जी के प्रति संवेदनशील रुख रखते हुए अनिल विश्वास को हर हाल में तंग करके नीचा दिखाने पर तुला हुआ था. इसी कारण किस्मत के संगीत निर्माण में बहुतेरी दिक्कतें भी आईं, जिन्हें अनिल विश्वास ने पूरे धैर्य के साथ झेलते हुए न सिर्फ अपना काम पूरा किया वरन उस गुट के कवि प्रदीप को भी जीवन भर के लिए मित्र बना डाला. शरद दत्त की पुस्तक में इस बात की चर्चा स्वयं अनिल विश्वास ने की है, जो यहां ज्यों की ज्यों प्रस्तुत हैः

imgप्रदीप जी एक गाना लिखकर लाए, ‘धीरे-धीरे आ रे बादल, धीरे-धीरे जा/ मेरा बुलबुल सो रहा है, शोरगुल न मचा.’ यह सात मात्रा का गाना था और कहानी की जो सिचुएशन थी उसमें सात मात्रा का गाना अनुकूल नहीं बैठता था. वहां तो एक तरह की लोरी चाहिए थी, साथ ही प्रेम का भाव चाहिए था- यानी दोनों का मिला-जुला रूप और वह तभी हो सकता था, जब गाना आठ मात्रा का हो. मैंने सोचा कि इसमें क्या! किसी एक नोट पर खड़ा हो जाऊंगा, किसी एक सुर पर, तो एक मात्रा मिल जाएगी. इस तरह मैंने सात मात्रा के गाने को आठ मात्रा का बना दिया. प्रदीप जी सुनकर खुद हैरान रह गए थे. प्रदीप जी आखिर कवि थे और साथ ही एक अच्छे गायक भी. इस गाने की कंपोजीशन सुनकर वह मेरे दोस्त बन गए. उनका कहना था कि इस गाने में ऐसा चमत्कार अनिल विश्वास के अलावा और कोई  पैदा नहीं कर सकता था. कुछ साल पहले महाराष्ट्र सरकार द्वारा मुझे सम्मानित किया गया, तो वहां उन्होंने स्वीकार किया था, सार्वजनिक रूप से यह बात कही थी कि अनिल विश्वास को नीचा दिखाने में मैंने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी. मैंने इन्हें सात मात्रा का गाना बनाकर दिया, लेकिन इन्होंने उसे आठ मात्रा का बना दिया. बस, तभी से मैं इनका मुरीद हो गया.

इस घटना के जरिए हम देखते हैं कि कला की उदात्तता में अहं और  ईर्ष्या जैसे भाव तिरोहित हो जाते हैं तथा दूसरे के प्रति अविश्वास का व्यवहार रखने वाला व्यक्ति भी गहरी दोस्ती के बंधन में बंध जाता है. यहीं इस गीत की सांगीतिक चर्चा करना भी समीचीन होगा, जो शायद फिल्म के सबसे मधुरतम गानों में से एक रहा है. पूरा गीत सुनने में जिस तरह सहज ढंग से शांति का भाव रचते हुए भी उसमें गजब ढंग से रूमानियत की सृष्टि करता है, वह देखना विस्मयकारी है. फिल्म में यह गीत अमीरबाई कर्नाटकी और अरुण कुमार ने गाया है. इस गीत के इंटरल्यूड्स (मध्यवर्ती-संगीत) को संगीतकार ने इतनी दक्षता के साथ अंडरटोन में विकसित होने दिया है कि अरुण कुमार और अमीरबाई कर्नाटकी की आवाज की कशिश को लोरी की सी भावभूमि में बेहद सुंदर ढंग का प्रवाह मिला है. सीटी (ह्विस्लिंग) का भी पहला प्रयोग शायद इसी गीत के माध्यम से सामने आता है. इसका इस्तेमाल गाने की कंपोजीशन में मस्ती के भाव को व्यक्त करने के लिए किया गया था. पर्दे पर इसका इस्तेमाल नायक अशोक कुमार द्वारा दर्शाया गया है, जबकि मूल रूप से गीत की रिकॉर्डिंग में उसे एक म्यूजीशियन ने अंजाम दिया था. यह गीत रागों के सरताज भैरवी एवं एक ताल में बेहद उत्कृष्टता के साथ निबद्ध किया गया था. आज भी, इस गीत की खूबसूरती सुनते ही बनती है. इस गीत के निर्माण के लगभग पचास वर्ष बाद, अमीरबाई कर्नाटकी के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त करते समय लता मंगेशकर ने भी इसे अपने एल्बम श्रद्धांजलि भाग-दो में ठीक उसी धुन पर गाया था, जो कि इस गीत की अमरता और लोकप्रियता क समकालीन अर्थों में भी उजागर करता है.

ठीक इसी तरह फिल्म का सबसे बेहतरीन गाना पारुल घोष की आवाज में ‘पपीहा रे मेरे पिया से कहियो जाए’ था. पारुल घोष ने अधिकांश गाने अनिल विश्वास के संगीत निर्देशन में ही गाए हैं. चूंकि वे संगीतकार की अपनी बहन भी थीं, इस कारण भी संगीत को लेकर दोनों के बीच मैत्री और आपसी रिश्तों की ऐसी खनकदार उपस्थिति मयस्सर रही होगी, जिसके चलते पारुल घोष और अनिल विश्वास की जुगलबंदी ने कुछ अत्यंत अमर गीतों की रचना की. किस्मत के अलावा पारुल घोष ने हमारी बात, ज्वार-भाटा, पहली नजर, मिलन और बसंत में अनेक यादगार गीत गाए. ‘पपीहा रे’ मूलतः बंगाल की कीर्तन शैली पर आधारित ऐसा गाना था, जिसमें लोक-संगीत की छाया भी दिखाई पड़ती है. हमें ‘पपीहा रे’ जैसे गीतों को विश्लेषित करते समय इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि अनिल विश्वास का संगीतकार बंगाल के लोक-संगीत से प्रभावित होने के साथ-साथ नजरूल गीति एवं रवींद्र संगीत के भी अत्यंत निकट था. स्वयं अनिल विश्वास ने यह स्वीकारा है कि बसंत का एक गीत ‘हुआ क्या कुसूर जो हमसे हो दूर’ को नजरूल गीति पर आधारित करके उन्होंने रचा था.

‘पपीहा रे’ में जिस बंगाल शैली की कीर्तन पद्धति की प्रयोग अनिल विश्वास ने किया है, उसके मूल में करुणा का स्वर है. ये कीर्तन अक्सर प्रभु और भक्त के आपसी रिश्ते को पुकार देने की कोशिश में रचे जाते हैं, जिनमें चैतन्य महाप्रभु की कथाओं को आधार बनाकर ढेरों मार्मिक आख्यान कीर्तन में ढलकर लोकधुनों पर प्रचलित किए जाते हैं. ऐसी ही किसी कथा की धुन को पारुल घोष का अप्रतिम स्वर सुलभ हुआ है, जिसमें सैक्सोफोन और बांसुरी का बेहद रोचक इस्तेमाल भी किया गया है. इस गीत में पुरुष स्वर स्वयं कवि प्रदीप का था.

किस्मत फिल्म ने संगीतकार अनिल विश्वास को अपार ख्याति दिलाई व उनके लिए किस्मत के दरवाजे वाकई खुल गए.
किस्मत फिल्म ने संगीतकार अनिल विश्वास को अपार ख्याति दिलाई व उनके लिए किस्मत के दरवाजे वाकई खुल गए.

‘पपीहा रे’ की ही तरह एक दूसरी जमीन पर अमीरबाई कर्नाटकी का गाया बेहद सुंदर भजन ‘अब तेरे सिवा कौन मेरा कृष्ण कन्हैया’ भी फिल्म का एक लाजवाब पहलू है. यह कम लोग जानते होंगे कि किस्मत से पूर्व अमीरबाई कर्नाटकी ने चंद फिल्मों में भी अभिनय किया था और उन फिल्मों में अपने गाने स्वयं गाए थे. वे उन दिनों की चर्चित अभिनेत्री गौहर कर्नाटकी की बहन थी. यह वाकया भी अनिल विश्वास के खाते में दर्ज हो पाया है कि सबसे पहले अमीरबाई की आवाज, की विशिष्टता को उन्होंने पहचानकर किस्मत के सभी प्रमुख छह गानों के लिए अनुबंधित किया. इस फिल्म से उनकी किस्मत का सितारा ऐसा बुलंद हुआ कि वे चालीस के दशक की सबसे संभावनाशील और महत्वपूर्ण स्त्री आवाज बनकर उभर सकीं. ‘अब तेरे सिवा कौन मेरा कृष्ण कन्हैया’ में भी अनिल विश्वास बंगाल के उसी लोकसंगीत के आश्रय में डूबते हैं, जिसके गहरे तल में बाऊल लोगों के कीर्तन का बेजोड़ संसार बसा हुआ है. अमीरबाई की आवाज में इस भजन को सुनते हुए अनिल विश्वास द्वारा ही संगीतबद्ध कुछ और भजन भी याद आते हैं, जो उनकी इस खास शैली के प्रति सिद्धहस्त को बयां करते हैं. उदाहरण के तौर पर, ‘बांके बिहारी भूल न जाना’(जागीदार), ‘प्रभु चरणों में दीप जलाओ मन मंदिर उजियाला हो’ (ज्वार-भाटा), ‘दो ऐसे वरदान प्रभु मेरे सपने सच हो जाएं’ (चार आंखें), ‘राम रस बरसे रे मन चातक क्यों तरसे’ (महात्मा कबीर), ‘मैया-मैया बोले बाल कन्हैया’ (सौतेला भाई) एवं ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’ (अंगुलिमाल) को याद किया जा सकता है.

किस्मत में एक वह गीत भी था, जिसे अमीरबाई कर्नाटकी ने बेहद सुंदर ढंग से गाया है. गीत के बोल हैं ‘घर-घर में दीवाली है, मेरे घर में अंधेरा’. इस गीत से संबंधित एक रोचक तथ्य यह भी है कि कवि प्रदीप इस गीत के लिए पूरे बावन अंतरे लिख लाए थे, जिसमें हर अंतरे का भाव अलग-अलग था. यह संगीतकार के लिए ऐसी चुनौती थी, जिसे कुछ मिनट के गीत में तब्दील करना काफी मुश्किल-भरा काम था. अनिल विश्वास का तर्क था कि एक ही बहर की बावन पंक्तियों का वे किस तरह गाना बना पाएंगे, जिसमें न तो स्थायी है, न अंतरा, न संचारी और न ही आभोग. मगर इस गीत को भी तीन हिस्सों में बांटकर और तीन विभिन्न मनोभूमियों की परिस्थिति में विकसित करते हुए संगीतकार ने संगीतबद्ध कर डाला. तीनों हिस्सों की रचना भी उनके भावों के अनुकूल ही की गई थी. मसलन, शुरुआत शांत रस में होते हुए, बीच का टुकड़ा पूरी तरह पीड़ा में डूबा हुआ और अंतिम छंद में आते हुए गीत की परिणति आनंद के सृजन में होती है. अब इन्हीं तीन मनःस्थितियों के अनुकूल अनिल विश्वास ने लय का पैटर्न तीन टुकड़ों में विभाजित कर दिया. आज भी अमीरबाई की गायिकी में अत्यंत कुशलता से उतार-चढ़ाव के साथ ‘घर-घर में दीवाली है’ को सुनना प्रीतिकर लगता है. यह भी माना जाता है कि इस तरह की शैली जिसमें शास्त्रीय ढंग से स्थायी, अंतरा, संचारी, आभोग के अनुसार गीत ढाला जाता है, अनिल विश्वास से पहले संगीतकार मास्टर गुलाम हैदर की परंपरा से आई है. हालांकि रवींद्र संगीत एवं आख्यानपरक कथा-गायन की परंपरा में भी ऐसा ही ढांचा अक्सर प्रयोग में लाया जाता रहा है.

फिल्म के सबसे मशहूर और ऐतिहासिक गीत, जिसके कारण किस्मत आज भी याद की जाती है, एक देशभक्ति गीत था. कवि प्रदीप के द्वारा लिखा ‘दूर हटो ऐ दुनियावालो हिंदुस्तान हमारा है’ को शायद ही कोई संगीत-प्रेमी और सिने-अध्येता आज भी भुला पाया होगा. गीत पूरी तरह ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ बगावती तेवर में रची गई अत्यंत ओजपूर्ण रचना है. इसकी शब्दावली को ध्यानपूर्वक सुनकर यह महसूस किया जा सकता है कि 1943 में किस तरह भारतवासियों ने अपने को रोमांचित और कर्त्तव्यबोध से भरा हुआ पाया होगा, जब अमीरबाई कर्नाटकी और अन्य सामूहिक स्वरों के साथ यह गीत चित्रपट पर अभिनेत्री मुमताज शांति के माध्यम से व्यक्त हुआ. इस गीत की एक दिलचस्प बात यह भी है कि बीच-बीच में आने वाले ‘दूर हटो, दूर हटो, दूर हटो ऐ दुनियावालो, हिंदुस्तान हमारा है’ में नारे की शक्ल में आने वाली ओजपूर्ण अनेकों पुरुष आवाजें स्वयं संगीतकार अनिल विश्वास, गीतकार कवि प्रदीप और पार्श्वगायक अरुण कुमार की थीं. रेकॉर्डिंग के बाद फिल्म के पर्दे तक पहुंचते-पहुंचते यह गीत एक इतिहास बन गया, जिसका असर यह हुआ कि सिनेमाघरों में यह गाना शुरू होते ही दर्शक उत्तेजित हो जाते थे और कुर्सियों पर खड़े होकर नाचने लगते थे. ब्रिटिश शासन को ललकारने वाला यह पहला गाना था. देशभक्तिपूर्ण गीतों में इसका अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है, जिसकी तुलना किसी भी दूसरे गीत से नहीं की जा सकती. इस फिल्म के पांच वर्ष बाद बॉम्बे टॉकीज की ही एक अन्य फिल्म मजबूर के लिए 1948 में गुलाम हैदर ने लता मंगेशकर और मुकेश की आवाज में ऐसा ही एक शाहकार गीत रचा था, जिसके बोल हैं ‘अब डरने की कोई बात नहीं, अंगरेजी छोरा चला गया’. इसके बाद बहुतेरे ऐसे गीतों की झड़ी लग गई, जिसे संगीत और गीत दोनों ने ही मिलकर अविस्मरणीय बनाया. आपको भी ऐसे बहुतेरे गाने याद होंगे, जिनमें से कुछ एक को यहां याद करना, शायद समीचीन होगा- ‘दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’ (जागृति), ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ (शहीद), ‘इंसाफ की डगर पर बच्चों दिखाओ चल के’ (गंगा जमुना), ‘अपनी आजादी को हम हरगिज मिटा सकते नहीं’ (लीडर), ‘नन्हा-मुन्ना राही दूं दिश का सिपाही हूं’ (सन ऑफ इंडिया), ‘कर चले  हम फिदा जान-ओ-तन साथियों’(हकीकत) एवं ‘मेरे देश की धरती सोना उगले’ (उपकार) जैसे अप्रतिम देश-प्रेम में पगे मार्मिक गीत.

किस्मत के अन्य दो गाने ‘हम ऐसी किस्मत को क्या करें’ एवं ‘तेरे दुख के दिन फिरेंगे’ भी असरदार थे और इनमें भी अनिल विश्वास के संगीत का कोमल स्पर्श सहज ही महसूस होता है. मगर किस्मत आज भी जिस कारण ऐतिहासिक रूप से याद की जाती है, उसमें प्रमुख रूप से ‘पपीहा रे मेरे पिया से कहियो जाए’, ‘धीरे-धीरे आ रे बादल’, ‘अब तेरे सिवा कौन मेरा कृष्ण कन्हैया’, ‘घर-घर में दीवाली है’ तथा ‘दूर हटो ऐ दुनियावालो हिंदुस्तान हमारा है’ का स्वर्णिम योगदान शामिल है. किस्मत जिस दौर में आई, वह समय आजादी के लिए संघर्षरत करोड़ों भारतवासियों का वह संक्रमण काल भी है, जहां आजादी बस मिलने-मिलने को थी. दबे पांव हमारे स्वतंत्रता सेनानियों  के आंदोलनों के बहाने हमारे पास आ रही थी. साथ ही वह समय सांस्कृतिक रूप से संगीत, कला, सिनेमा और साहित्य के लिए ऐसा संघर्ष का समय भी था, जहां हर विधा के लोग अपने-अपने ढंग से एक नए स्वाधीन भारत का स्वप्न बुन रहे थे. उसी समय उसी दौर में स्थापित और सक्रिय ढेरों ऐसे संगठनों की भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका बननी शुरू हुई थी, जिसने अपने ढंग से एक स्वतंत्रचेता युग के सूत्रपात की आधारशिला रखी थी. प्रगतिशील लेखक संघ, इंडियन पीपुल थिएटर, बॉम्बे टॉकीज, सरस्वती प्रेस एवं तमाम स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अखबारों के दफ्तरों में एक ऐसी मुहिम रचनात्मक रूप से लगातार रची जा रही थी, जिसकी गहराई में कहीं धरती के लाल, नीचा नगर, अछूत कन्या, पड़ोसी, दुनिया न माने एवं किस्मत जैसी फिल्मों का निर्माण भी हो रहा था. इसी नवोन्मेष की पुकार ने जहां भारत में एक नव-जागरण का स्वर मुखरित किया, वहीं वह भारतीय फिल्मों की दुनिया में भी क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आया, जिसके तहत हिंदी सिनेमा भी अपने ढंग से कुछ सार्थक और स्थायी महत्व का रच सका.

ऐसे में, इतनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के क्रांतिकारी माहौल में फिल्म संगीत की दुनिया में भी अगर अनिल विश्वास जैसे अप्रतिम किरदारों ने कुछ अत्यंत रससिक्त, अर्थपूर्ण और लालित्य के स्तर पर बेहद रोचक किस्म का आस्वाद रचा, तो उसके लिए हमें उनका आभारी होना चाहिए. यह याद करना ही रोमांचित कर देता है कि हम आजादी की पुकार को स्वर देता हुआ 1943 में यदि किस्मत के माध्यम से ‘दूर हटो ऐ दुनियावालो हिंदुस्तान हमारा है’ को पा सके हैं, तो ठीक उसी समय संस्कृति का एक दूसरा अध्याय रचता हुआ ‘पपीहा रे मेरे पिया से कहियो जाए’ को भी अपनी गौरवशाली विरासत का हिस्सा बना पाए हैं.

यह आलेख हाल ही में प्रकाशित हुई किताब ‘हमसफर: हिंदी सिनेमा आैर संगीत’ से लिया गया है.

अलाना एफएम, फलानी पार्टी !

इलेस्ट्रेशनः मनीषा यादव
इलेस्ट्रेशनः मनीषा यादव

हिमेश रेशमिया का एक कालजयी गीत है. ‘मन का रेडियो बजने दे जरा.’ चुनावों के मौसम में मन की बात करना हालांकि बेमानी-सा है क्योंकि पहले तो यह सामान्य ज्ञान है कि आपके मन की किसी को पड़ी नहीं है, दूसरे क्योंकि प्रवचनी सुषमा स्वराज चुनावी हर्फो में सच कह ही चुकी हैं, ‘चुनाव के आखिर में गिनती मनों की नहीं, मतों की होती है’. इसलिए जरूरी है कि तन-मन से ज्यादा धन-बल-शस्त्र-शत्रु-बदलाव-क्रांति-लहर-विकास-रोजगार-जाति जैसे शब्दों से वाक्य-विन्यास करें क्योंकि यही शब्द मतों की हर-हर गंगे हैं, डांस आफ डेमोक्रेसी में समां बांधने वाला संगीत है. इन्हीं में सब्जबाग दिखाने की ईश्वरीय शक्ति है. 2014 के इन आम चुनावों में वैसे भी सब्जबाग, ईश्वर और सोशल मीडिया ही परम सत्य है.

कुछ साल पहले का परम सत्य अलग था. तब चुनावों में राजनीतिक रैलियों का कोई विकल्प नहीं था. वही यथार्थ होता था और वहीं पर युद्ध समाप्त होता था. अब कई मैदान हैं जहां लड़ना है. टीवी अखबार तो थे भी, हैं भी लेकिन अब सोशल मीडिया के आक्रमण रूपी आगमन ने पार्टियों में ई-कार्यसेवकों की फौज खड़ी कर दी है. आप किसी रैली को तमाशे की ही तरह देखने चले गए और रात को जब लौटकर फेसबुक खोला तो पता चला आप उस पार्टी के पेज पर ऐसे टंगे हैं जैसे दशक पुराने उत्साही समर्थक हों. संवाद स्थापित करने वाले इन सब चतुर साधनों के बीच सीधा-साधा रेडियो कहीं पीछे छुप गया है. जैसे पुराने कपड़ों के ढेर के नीचे बचपन में दबा रह जाता था. और हम पृथ्वी का चक्कर लगाने में लगने वाली तेजी से पूरे घर में घूमते हुए उस मन के रेडियो को ढूंढ़ते थे और थोड़ी देर बाद थकने के बाद उसे भूलकर टीवी के सामने पालतीं मार बैठ जाते थे. आज भी वही हाल है. चुनाव प्रचार में रेडियो सबसे पीछे खड़ा एक हलका वार है.

आंकड़े आप से लेकिन अलग तरह से बात करते हैं. वे कहते हैं कि देश में तकरीबन 16 करोड़ लोग रेडियो सुनते हैं और जहां पिछले आम चुनावों में पार्टियों ने अपने एडवरटाइजिंग बजट का सिर्फ 2 से 5 प्रतिशत रेडियो एडवरटाइजिंग पर खर्च किया था, इस बार वही पार्टियां 10 से 15 प्रतिशत का खर्चा रेडियो पर कर रही हैं. देश के अलग-अलग शहरों के रेडियो जॉकी आंकड़े देते हैं कि इस चुनावी मौसम में दिल्ली जैसे बड़े शहरों में 10 सेकंड के रेडियो विज्ञापन की कीमत 1,000 रुपये से शुरू होती है और जबलपुर-जयपुर जैसे शहरों में तकरीबन 300 रुपए से. लेकिन चुनाव के दौर में आंकड़ों के फेर में कम ही पड़ना चाहिए. ये वह दौर होता है जब हमारी जनसंख्या के 0.01 प्रतिशत का सेंपल साइज लेकर ‘सभी’ पूरे देश की सारी नब्जों को बिल्कुल सटीक पकड़ते हुए देश का सबसे बड़ा ओपिनियन पोल कराने का दावा करते हैं, और एक परिणाम के साथ दूसरा परिणाम मुफ्त बांटते हैं. इसके बाद एक शख्स की लहर बनती है, लहर जिसे फिर बवंडर बनाने पर काम शुरू होता है.

आंकड़ों से इतर रेडियो की खूबी यह है कि ये वहां पहुंचता है जहां टीवी और सोशल मीडिया नहीं पहुंच पाता. मोची की दुकान पर, रेहड़ी पर, गन्ने के मधुशाला रस वाले कोनों पर, पंद्रह का नींबू पानी बेचने वाले हाथ ठेलों पर, गांवों में, टीवी की डिजिटल क्रांति से दूर घरों में. शहरों में अपर होता जा रहा मिडिल क्लास इसे कार में सुनता है. दफ्तर और घर के बीच रोज छोटे-छोटे सफर करने वाले लोग रास्ते, बस और मेट्रो में. एक बड़ा शहरी तबका रेडियो सिर्फ और सिर्फ तभी सुनता है जब वह नाई की दुकान पर बैठा होता है. कुछ शहरी लोगों की जिंदगी का यह एक अहम पुराना हिस्सा है तो काफी लोगों की जिंदगी का यह बिल्कुल भी हिस्सा नहीं है. जिन लोगों के पास संचार और मनोरंजन के दूसरे विकल्प हैं उनके लिए राजनैतिक पार्टियां अपने चुनावी एडवरटाइजिंग बजट का 80 फीसदी पैसा खर्च करती हैं. लेकिन वे लोग, जो जनसंख्या में एक बड़ी भागीदारी रखते हैं, और सिर्फ रेडियो तक अपनी पहुंच, क्या उनकी राजनीतिक समझ को रेडियो प्रभावित कर पाता है?

जवाब ‘ना’ की तरफ ज्यादा झुकता है लेकिन उसे ‘हैंस प्रूव्ड’ करने से पहले रेडियो को लेकर की जा रही चुनावी प्रचार की कोशिशों पर लिखना जरूरी है. पिछले चुनावों से ज्यादा ध्यान, वक्त और पैसा इस बार रेडियो पर विज्ञापन और जिंगल्स के लिए खर्च हुआ है, साफ सुनाई देता है. भाजपा अपनी मार्केटिंग में आगे है, ये भी साफ है. मोदी सबको नमस्कार कर भारत के भाग्य को बदलने के लिए वोट मांग रहे हैं. सौगंध खा रहे हैं. ‘शासक बहुत देख लिए आपने, एक सेवक को मौका देकर देखिए’ और ‘मैं आपको भरोसा देता हूं, आपके सपनों को पूरा करने के लिए मैं कोई कसर नहीं छोडूंगा’ की रटंतू विद्यार्थियों-सी रट से रेडियो पटा पड़ा है. सारे नेताओं ने अपने-अपने वोटरों की नप्ती कर ली है जिनके आधार पर बड़ी-बड़ी कंपनियां विज्ञापन, नारे और जिंगल्स बना रही हैं और रेडियो जॉकी भी इन्हें गानों से ज्यादा सुना रहे हैं. क्योंकि उन्हें भरोसा है, अच्छे दिन आने वाले हैं.

लेकिन रेडियो पर आने वाले विज्ञापनों के अच्छे दिन कब आएंगे, कह नहीं सकते. रेडियो मिर्ची से जुड़े आरजे रूपक के अनुसार, ‘रेडियो पर क्रिएटिविटी एक चैलेंज है. बजट की समस्या तो है ही लेकिन चुनावी विज्ञापन देने वाली पार्टियां सिर्फ अपनी बात जनता तक पहुंचाने में दिलचस्पी रखती है, उन्हें क्रिएटिविटी से कम ही मतलब होता है.’  रेडियो पर हमेशा से ही खराब स्तर के विज्ञापनों का बोलबाला रहा है. इस बार चुनाव प्रचार के रेडियो विज्ञापन भी उसी काई में लिपटे हुए हैं. पहले भी रहे हैं, लेकिन चूंकि इस बार पैसा बरसात की मुफ्त बौछारों-सा बहा है तो उम्मीद थी कि चुनावी विज्ञापन भी कोका-कोला विज्ञापनों के स्तर के तो होंगे ही. लेकिन ज्यादातर या तो टीवी पर आने वाले विज्ञापनों के आडियो ट्रैक भर हैं या फिर किसी चिरकुट कवि की मीटर पर चढ़ी आढ़ी-टेढ़ी नज्म. यह तो अच्छा हुआ कि चुनावों की इस ऋतु में गुलजार को दादा साहेब फालके सम्मान मिला और इस बहाने रेडियो ने गुलजार के गीत सुनाकर इन चुनावी विज्ञापनों से कुछ राहत दे दी. उसी दौरान यह खयाल भी आया कि काश चुनाव प्रचार भी गुलजारमय हो सकते! नफासत से, अदब से, बेअदब हुए बिना पार्टियां प्रचार करतीं. कोई पार्टी अपने प्रचार में 116 चांद की रातों का वादा करती, कोई कहती मैंने तेरे लिए ही सात रंग के सपने चुने हैं. कोई खाली बोर दोपहरों का ही मेनिफेस्टो में जिक्र कर देता, कोई आंखों को वीजा नहीं लगता जैसी गंभीर बात ही कह देता. कोई विज्ञापन भमीरी (झींगुर की आवाज के लिए प्रयुक्त शब्द) पढ़ने के बाद के सन्नाटों को समेट पाता, कोई तिल को तिल रहने देता, पहाड़ नहीं बनाता. लेकिन इस मुश्किल समय में, समय जो सदैव से मुश्किल रहा है, चुनाव रूमानी नहीं होते. उनमें कविता नहीं होती. वे तो प्रसून जोशी को भी साधारण कर देते हैं. और साधारण को असाधारण बताते जाते हैं. तब तक जब तक हम उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बना देते.

लेकिन अगर आप चुनाव और उनके प्रचार में कविता नहीं ढूंढते तो गंभीरता तो अवश्य ही ढूंढ़ते होंगे. मगर सरकारी उदासीनता ने रेडियो को कम अधिकार देकर उसे सिर्फ चुनावी विज्ञापनों और जिंगल्स तक ही सीमित कर दिया है. एक माध्यम जिसकी पहुंच सर्वाधिक होनी थी, उसकी हानि हो चुकी है. हमारे यहां रेडियो पर चुनावी बहस नहीं होती, नेता इंटरव्यू नहीं देते, गवर्नेंस पर बात नहीं करते, और यह सब अमेरिका जैसे अनेको देशों में होता रहा है. एक मशहूर आरजे के मुताबिक, ‘आज के वक्त में आप कट कर नहीं रह सकते. सारी दुनिया पॉलिटिकल मुद्दों पर बात कर ही रही है लेकिन हम नहीं कर सकते. अजीब तो है, लेकिन नियम है, मानना पड़ता है.’ दिल्ली के एक दूसरे मशहूर एफएम के आरजे अपने गुस्से को छिपाते नहीं है, ‘यह समझ नहीं आता कि मुझे नेता के बारे में बात करने की इजाजत नहीं है लेकिन उस नेता को मेरे चैनल पर अपना ही विज्ञापन देने की इजाजत है. क्यों भाई? और अगर मैंने कभी गलती से भी कुछ राजनैतिक बात रेडियो पर कर दी तो उसी वक्त मुझे नोटिस देकर निकाल दिया जाएगा. खतरनाक तानाशाही है रेडियो में.’ विज्ञापन और जिंगल्स के अलावा रेडियो अगर चुनाव के लिए कुछ करता है तो चुनाव आयोग से करार, जिसके बाद रेडियो जॉकी महीने भर लोगों को वोट डालने के लिए प्रोत्साहित करते रहते हैं. 92.7 बिग एफएम, भोपाल स्टेशन से जुड़े आरजे रवि इस करनी से खुश भी हैं, ‘हम लोग पिछले कुछ वक्त से हर एक घंटे में सुनने वाले को याद दिलाते हैं कि सीधी उंगली का उपयोग इस बार आपको जरूर करना है. बहुत मेहनत कर रहे हैं इसपर हम इस बार.’ लेकिन यह इसलिए होता है क्योंकि वोट करने के लिए जागरूकता लाना सोसाइटी में ‘कूल’ है अब. समाज सेवा की नई पीआर एक्सरसाइज. इसके अलावा कभी-भी कोई भी रेडियो जॉकी चुनाव से जुड़ी समझदारी भरी बात करता हुआ नहीं मिलता. हिंदुस्तान में आज भी रेडियो सिर्फ भूले-बिसरे गीत सुनाने वाला ही माध्यम है. गंभीरता उसकी फ्रीक्वेंसी नहीं है.

हालांकि रेडियो ने इतना तो कर ही दिया है कि रेहड़ी पर मूंगफली बेचने वाले मंगतू की मूंगफली के साथ मोदी भी बिक रहे हैं. लेकिन बस इतना ही. समाज की चेतना जागृति में कमर्शियल रेडियो का कोई योगदान नहीं है.

हिमेश रेशमिया का एक और कालजयी गीत है. जिंदगी जैसे एक रेडियो, अलग-अलग धुन सुनाती है. आपको दो बार उनका नाम पढ़कर और उसके आगे दो बार ही कालजयी आता देखकर क्रोध अवश्य आ रहा होगा, लेकिन आप यह तो मानेंगे ही न कि ‘हम मोदी जी को लाने वाले हैं, अच्छे दिन आने वाले हैं’ गीत की तुलना अगर आप हिमेश के इन गीतों से करेंगे तो हिमेश को मोदी से आगे ही पाएंगे!

‘हमें अपनी जमीन, अपना पानी और अपनी हवा वापस चाहिए’

सारा जोजफ । 68 । लेखिका। त्रिसूर, केरल
सारा जोजफ । 68 । लेखिका। त्रिसूर, केरल
सारा जोजफ. उम्र- 68 वर्ष.  लेखिका. त्रिसूर, केरल
सारा जोजफ. उम्र- 68 वर्ष . लेखिका. त्रिसूर, केरल

मैं एक लेखिका हूं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं कभी किसी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनूंगी या कोई चुनाव लड़ूंगी. लेकिन पिछले कुछ सालों को देखें तो दुनिया भर में जनआंदोलनों की एक लहर चल रही है. विरोध करने और अपने अधिकारों के लिए लोग सड़कों पर निकले हैं. मुझे लगता है कि यही भावना भारत में भी दिखी जब भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लाखों युवा अन्ना हजारे के साथ हो गए और उस आंदोलन से अरविंद केजरीवाल की पार्टी उभरी.

मुझे लगता है कि लोग आज बेबस हैं और देश की कमान फिर अपने हाथ लेने के लिए हमें कुछ करना होगा. इसलिए मैं आम आदमी पार्टी से जुड़ी. मेरे लिए फंडिंग पर पार्टी की पारदर्शिता बहुत महत्वपूर्ण है. मुझे विश्वास है कि यह पारदर्शी व्यवस्था जारी रहेगी. नहीं तो मैं पार्टी में नहीं रहूंगी.

राष्ट्रीय मुद्दों पर भी ध्यान देना जरूरी है तो स्थानीय मुद्दों की भी उतनी ही बात होनी चाहिए. आज हमारे देश को कॉरपोरेट चला रहे हैं. उन्होंने भ्रष्टाचार के जरिये राजनीतिक वर्ग को खरीद लिया है. हमें अपनी जमीन, अपना पानी और अपनी हवा वापस चाहिए.

स्थानीय स्तर पर देखें तो त्रिसूर में बहुत सी समस्याएं हैं. यहां पर्याप्त विकास नहीं हुआ है. लोग आज भी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं. पेयजल की समस्या तो है ही, सफाई भी एक अहम मुद्दा है.

मुझे पता है कि अगर मैं चुन ली गई तो मुझे इस व्यवस्था से ही काफी चुनौतियां मिलेंगी. लेकिन अब कोई विकल्प नहीं है. अगर हमें अपना देश वापस चाहिए तो हमें लड़ना ही होगा. अगर आप सत्ता में आती है तो हम देश में एक जादुई बदलाव देखेंगे क्योंकि आजादी के 67 साल बाद हमारे पास अपने देश को एक मजबूत लोकतंत्र बनाने का अवसर होगा.

जो व्यवस्था हमारे सत्ताधारी प्रतिनिधि चला रहे हैं वह जनता के खिलाफ है. बहुत से लोग हैं जिन्हें कोई उम्मीद नहीं दिखती. यही वजह है कि वे वोट देने से बचते हैं. उन्हें कोई अच्छा विकल्प दिखता ही नहीं.

आप उम्मीद लेकर आई है. हम भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं और पारदर्शिता के समर्थक. दूसरे क्षेत्रों में काम करने वाले लोग जो पहले राजनीति के प्रति अनिच्छुक थे उनको धीरे-धीरे आप में उम्मीद दिख रही है और वे हमारा समर्थन कर रहे हैं.

(अवलोक लांगर से बातचीत पर आधारित)

‘लोग जाति और संप्रदाय की राजनीति से तंग आ चुके हैं’

रवि कृष्ण रेड्डी. उम्र-39. सॉफ्टवेयर इंजीनियर. बैंगलोर रूरल. फोटोः बैंगलोर न्यूज फोटोज
रवि कृष्ण रेड्डी. उम्र- 39. सॉफ्टवेयर इंजीनियर. बैंगलोर रूरल.
फोटोः बैंगलोर न्यूज फोटोज

मैं मूल रूप से अनेकल तालुक के बोम्मासांद्रा गांव का रहने वाला हूं. मेरा परिवार किसानी का काम करता था. मेरी पढ़ाई-लिखाई कन्नड़ माध्यम के एक स्कूल में हुई. सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग करने के बावजूद कन्नड़ साहित्य हमेशा मेरी जिंदगी से जुड़ा रहा. अमेरिका में रहने के बावजूद मैं अपनी जड़ों से जुड़ा रहा. सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में नौकरी मिलने के बाद 2000 में मैं अमेरिका चला गया था. कैलीफोर्निया में रहने के बावजूद 2003 तक मेरी कन्नड़ भाषा के लेखक के तौर पर थोड़ी पहचान बन गई थी.

2010 में मैं अमेरिका से वापस आया. मकसद था कर्नाटक के समाज और राजनीति में कोई सार्थक दखल देना. शुरुआत करने के बाद हमने भू अधिसूचना रद्द करने के एक मामले में भाजपा नेता बीएस येद्दियुरप्पा के खिलाफ एक मामला दायर किया. हमने विक्रांत कर्नाटक नाम का एक प्रकाशन भी शुरू किया. मैं बैंगलोर में स्थानीय निकाय का चुनाव भी लड़ चुका हूं. मुझे लगा कि आप उन लोगों के लिए सबसे बढ़िया विकल्प है जो जाति और समुदाय की राजनीति से तंग आ चुके हैं.

कर्नाटक में चुनावों के नतीजे लगभग पूरी तरह से जाति के समीकरणों पर निर्भर करते हैं. हमारा यकीन है कि हम एक नई परंपरा शुरू करेंगे. कांग्रेस हो या भाजपा या फिर जद (से), इन पार्टियों में सभी लोग या तो सांप्रदायिक हैं या जातिवादी या फिर भ्रष्ट. अगर आप 2012 के विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो वोक्कालिगा समुदाय ने जद (से) का समर्थन नहीं किया जैसी संभावना जताई जा रही थी. उधर, लिंगायत समुदाय ने येद्दियुरप्पा को समर्थन नहीं दिया जिनकी पार्टी केजेपी सिर्फ छह सीटें जीत सकीं. इसका मतलब यह है कि लोग जाति को लेकर उतने आग्रही नहीं है जिनता राजनीतिक पार्टियां हमें बताती हैं.

दूसरी पार्टियों की तरह हमारे पास न तो पैसे की ताकत है न एसी गाड़ियां. हम दानदाताओं पर निर्भर हैं. निश्चित रूप से यह थकाने वाला अनुभव है लेकिन मैं इसके लिए तैयार हूं. भूलिए नहीं कि मैं एक गांव से ताल्लुक रखता हूं. मेरे निर्वाचन क्षेत्र में किसानों की बहुत सी दिक्कतें हैं. भूजल, रेशम की खेती की बेहतरी और किसानों को न्यूनतम समर्थन कुछ ऐसे अहम मुद्दे हैं जिन पर मैं ध्यान केंद्रित कर रहा हूं. राष्ट्रीय राजनीति में भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा है और उसका असर यहां भी देखा जा सकता है. आप एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनने जा रही है जिसकी उपेक्षा नहीं की जा सकती.

(जी विष्णु से बातचीत पर आधारित)