मॉस्को में आतंकवादी हमले में 140 से ज्यादा लोगों की मौत, 100 से ज्यादा लोग घायल

रुस: रूस की राजधानी मॉस्को में आतंकवादी हमले में 140 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। रूसी मीडिया के मुताबिक, मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। आतंकियों ने विस्फोटक से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई। हमले के बाद विशेष पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। आईएस ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “हम मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवार के साथ हैं। भारत इस दुख की घड़ी में रूस के साथ खड़ा है।”