देशभर में बारिश का कहर: उत्तराखंड में 12 मौतें, बिहार में बाढ़ का खतरा; MP का चित्रकूट डूबा, यूपी में फिर धंसा गंगा एक्सप्रेसवे

देशभर में भारी बारिश से तबाही, उत्तराखंड में 12 मौतें, बिहार में बाढ़ का खतरा
देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है।

स्नेहलता

देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर आफत बन गया है। उत्तराखंड से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कहीं नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं तो कहीं सड़कें और बाजार पानी में डूब गए हैं।

उत्तराखंड में 12 लोगों की मौत, 172 सड़कें बंद

उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते हालात बिगड़ गए हैं। मंगलवार को बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हुई। नैनी झील का जलस्तर 88 फीट पार होने के बाद चैनल खोल दिए गए हैं। राज्य में 172 सड़कें बंद हैं। नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में आज ऑरेंज अलर्ट जारी है। पांच जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं।

बिहार में गंगा उफान पर, पटना में बाढ़ का खतरा

बिहार में लगातार बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। गंगा, पुनपुन समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना में सुबह से बारिश जारी है और कई इलाकों में पानी भर गया है। भागलपुर में कटाव के चलते करीब 100 साल पुराना दुर्गा मंदिर गंगा में समा गया। मौसम विभाग ने पटना समेत 31 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यूपी में बारिश से तबाही, गंगा एक्सप्रेसवे पर 7 फीट गहरा गड्ढा

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, बरेली और चित्रकूट समेत 25 जिलों में बारिश हो रही है। लखनऊ में सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया है। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। इस मानसून में एक्सप्रेसवे धंसने की यह दूसरी घटना है। सीतापुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि गाजीपुर में गंगा में नहाते समय दो नाबालिग बह गईं।

चित्रकूट में मंदाकिनी का रौद्र रूप, 400 दुकानें डूबीं

मध्य प्रदेश के चित्रकूट में 36 घंटे से जारी तेज बारिश के कारण मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से करीब 4 मीटर ऊपर बह रही है। रामघाट की करीब 400 दुकानें और 20-25 होटल पानी में डूब गए हैं। कई इलाकों में जलभराव है। एक नाविक के बहने की भी सूचना है। राहत और बचाव के लिए SDRF, NDRF और सेना की टीमें तैनात की गई हैं।

दूसरे राज्यों में भी बारिश का असर

छत्तीसगढ़ में उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। झारखंड के पलामू में सोन नदी का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहा है। हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 259 लोगों की मौत हो चुकी है और सरकारी व निजी संपत्तियों को 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान बताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज बारिश जारी रह सकती है। मध्य प्रदेश में 4 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है।