छत्तीसगढ़ में ‘इटली वाला चश्मा’ रैप सॉन्ग वायरल, BJP का कांग्रेस पर तंज

छत्तीसगढ़ BJP का 'इटली वाला चश्मा' रैप सॉन्ग वायरल, कांग्रेस पर तंज
छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसने के लिए 'इटली वाला चश्मा' रैप सॉन्ग और वीडियो जारी किया है।

2 सितंबर/ छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भाजपा इन दिनों कांग्रेस को हर तरफ से घेर रही है। एक ओर जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कथित घोटालों में शिकंजे में कसने के लिए लगातार ईडी के छापे पड़ रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी भाजपा हमलावर है। “इटली वाला चश्मा” इस नए वायरल वीडियो ने धूम मचा रखी है।

‘इटली वाला चश्मा’ क्या है?

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं भाजपा के अन्य नेताओं का कहना है कि कांग्रेस के नेताओं ने अपनी आँखों पर ‘इटली वाला चश्मा’ चढ़ा रखा है। इस चश्मे की वजह से उन्हें छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्य और नीतियां दिखाई नहीं देती हैं।

AI-जनरेटेड रैप सॉन्ग हुआ वायरल

छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसने के लिए सोशल मीडिया पर एक AI-जनरेटेड रैप सॉन्ग (Rap Song) और वीडियो जारी किया है, जो काफी वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहे इस रैप सॉन्ग में कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम लेकर निशाना साधा गया है और कहा गया है कि “सुनो कांग्रेस वालों… दिमाग में थोड़ा तेल डालो… तुमने लगाया है इटली वाला चश्मा, जिससे तुम्हें जनता का कल्याण नहीं दिखता”।

सोनिया गांधी के इतालवी मूल से जुड़ा संदर्भ

‘इटली का चश्मा’ या ‘इटालियन चश्मा’ का संदर्भ सीधे तौर पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के इतालवी मूल (Italian origin) से जोड़कर दिया जाता है, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय नेता (जैसे अमित शाह) भी अक्सर राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला करने के लिए इस्तेमाल करते आए हैं।

2016 में अमित शाह ने कहा था कि राहुल बाबा को इटली का चश्मा उतारकर गुजरात का चश्मा पहनकर देखना चाहिए तब देश में विकास दिखेगा।