Ganga Expressway का आगाज:  मेरठ से प्रयागराज अब सिर्फ 6 घंटे: PM Modi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर उत्तर प्रदेश को विकास की नई रफ्तार दी। हरदोई में उन्होंने विपक्ष को 'नारी विरोधी' बताते हुए तीखा हमला किया, वहीं काशी में रोड शो के जरिए अपनी शक्ति का प्रदर्शन भी किया...

काशी में भक्ति, हरदोई में शक्ति: पीएम मोदी ने विकास और विरासत को पिरोया एक सूत्र में... Photo Source: PIB
काशी में भक्ति, हरदोई में शक्ति: पीएम मोदी ने विकास और विरासत को पिरोया एक सूत्र में... Photo Source: PIB

तहलका ब्यूरो।

दृष्टि गुप्ता, लखनऊ/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई रफ्तार देते हुए हरदोई के मल्लावां में 594 किलोमीटर लंबे ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का भव्य लोकार्पण किया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज के बीच की दूरी को मात्र 6 घंटे में समेट देगा। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने सपा को ‘विकास विरोधी’ और ‘नारी विरोधी’ बताते हुए कहा कि जो लोग समाज को बांटने की राजनीति करते हैं, उन्हें प्रदेश की प्रगति रास नहीं आ रही है।

प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक (नारी वंदन अधिनियम) का जिक्र करते हुए सपा को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए यह विधेयक लाई थी, लेकिन सपा ने इसका विरोध किया। मोदी ने आरोप लगाया कि सपा उन दलों के साथ खड़ी है जो उत्तर प्रदेश के लोगों का अपमान करते हैं। उन्होंने जनता को आगाह किया कि जो दल परिवारवाद और अपराधियों के संरक्षण में विश्वास रखते हैं, वे कभी उत्तर प्रदेश का भला नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि आज यूपी की पहचान ‘जंगलराज’ से नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और एक्सप्रेसवे से होती है।

गंगा एक्सप्रेसवे की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल सड़क नहीं, बल्कि यूपी की नई जीवन रेखा है। यह 12 जिलों को जोड़ते हुए उद्योगों और रोजगार के नए द्वार खोलेगा। इस एक्सप्रेसवे पर शाहजहांपुर के पास 3.2 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी भी बनाई गई है, जिसका उपयोग आपात स्थिति में वायुसेना के विमान कर सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला कदम बताया।

हरदोई पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 14 किलोमीटर लंबा विशाल रोड शो किया। काशी की सड़कों पर उमड़े जनसैलाब के बीच मोदी ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि दशकों बाद बंगाल में लोग भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव परिणाम ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेंगे। उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर को उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक निर्णायक मोड़ करार दिया