दिल्ली में 65 लाख की विदेशी सिगरेट जब्त, GST टीम ने पकड़ी 4.20 लाख की खेप

दिल्ली में GST टीम ने 65 लाख कीमत की 4.20 लाख विदेशी सिगरेट जब्त कीं
दिल्ली के GST विभाग की एंटी-इवेजन टीम ने एक वाहन से 4.20 लाख विदेशी सिगरेट बरामद की हैं।

नई दिल्ली। स्नेहलता

दिल्ली में अवैध तंबाकू कारोबार और टैक्स चोरी के खिलाफ दिल्ली सरकार की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में विदेशी सिगरेट पकड़ी गई है। GST विभाग की एंटी-इवेजन टीम ने एक वाहन से करीब 4.20 लाख ‘ESSE Light’ सिगरेट बरामद की हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।

रात में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया वाहन

मामला उस समय सामने आया जब दिल्ली के व्यापार एवं कर विभाग की एंटी-इवेजन शाखा-II की टीम रात में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

जांच के दौरान वाहन से बड़ी संख्या में आयातित सिगरेट के पैकेट मिले। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद खेप भारत में बिक्री और वितरण के लिए जरूरी नियमों का पालन करती हुई नहीं मिली।

पैकेट पर नहीं थी जरूरी हेल्थ वॉर्निंग

जांच में सबसे अहम बात यह सामने आई कि सिगरेट के पैकेट के सामने निर्धारित चित्रात्मक स्वास्थ्य चेतावनी नहीं लगी थी। अधिकारियों के मुताबिक, यह सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 की धारा 7 के प्रावधानों का उल्लंघन है।

नियमों के मुताबिक भारत में बिकने या वितरित होने वाली सिगरेट के पैकेट पर तय स्वास्थ्य चेतावनी होना जरूरी है। यह नियम विदेश से आयात की जाने वाली सिगरेट पर भी लागू होता है।

65 लाख की खेप, आगे की जांच जारी

GST विभाग ने इस मामले में GST अधिनियम, 2017 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सिगरेट कहां से लाई गई थी और इसे दिल्ली में कहां सप्लाई किया जाना था।

दिल्ली सरकार का कहना है कि टैक्स चोरी, अवैध माल की आवाजाही और गैरकानूनी तंबाकू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।