नई दिल्ली: मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक 11 से 14 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में गरज-चमक, बिजली और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसका असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और आसपास के इलाकों में अगले 7 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। यहां कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है, जिसके चलते जलभराव जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अब बात करें दिल्ली-NCR की, तो यहां फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। 8 मई को तापमान 33-35 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि 10 मई तक यह 37-39 डिग्री तक पहुंच सकता है। खास बात ये है कि 11 मई को दिल्ली में आंशिक बादल छाने, हल्की बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बिजली कड़कने के समय सावधानी बरतें। वहीं, जिन इलाकों में लू चल रही है, वहां ज्यादा पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।




