
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 स्थित एक आवासीय सोसायटी में रविवार रात युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर हिंसा भड़क गई। आरोप है कि विरोध के बाद कुछ युवक अपने साथियों के साथ लौटे और सोसायटी में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें 10 वर्षीय एक बच्चा भी शामिल है। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने सोसायटी में घुसकर पत्थरों और डंडों से लोगों पर हमला किया। कुछ हमलावरों के हाथ में कीलों लगे डंडे भी थे। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई वाहनों तथा संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की शुरुआत एक युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने से हुई। विरोध के बाद आरोपी कुछ देर में अपने साथियों के साथ लौटे और सोसायटी के लोगों पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।


