सरकार विरोध की आवाज दबा रही, कांग्रेस छात्रों और नागरिकों के संघर्ष में उनके साथ: सोनिया गांधी

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जारी हिंसा के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार शाम एक वीडियो संदेश के जरिये सरकार की नागरिकता क़ानून के खिलाफ विरोध की आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कांग्रेस भाजपा सरकार की कार्रवाई की निंदा करती है और छात्रों और नागरिकों के संघर्ष में उनके साथ है।

सोनिया गांधी की तरफ से शुक्रवार शाम जारी किए गए इस वीडियो सन्देश में कहा गया है कि कांग्रेस सरकार की कार्रवाई की निंदा करती है। उन्होंने कहा – ”लोकतंत्र में लोगों को सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और अपनी चिंताओं को दर्ज करने का अधिकार है। सरकार लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की आवाज की घोर अनदेखी की है और असहमति की आवाज को दबाने के लिए निर्दयता से बल प्रयोग किया है। उनहोंने कहा – ”यह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है”।

वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस भाजपा सरकार की कार्रवाई की निंदा करती है और छात्रों और नागरिकों के संघर्ष में उनके साथ है। वीडियो संदेश में गांधी ने कहा कि ”नागरिकता संशोधन कानून भेदभावपूर्ण है। नोटबंदी की तरह एक बार फिर एक-एक व्यक्ति को अपनी और अपने पूर्वजों की नागरिकता साबित करने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ेगा।”