विवादित वीडियो को लेकर कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस में शिकायत

बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री कंगना रनौत अक्सर अपने बयानों को लेकर विवादों में रही हैं। इससे पहले रितिक रोशन के साथ रिश्तों को लेकर भी उनकी काफी फजीहत हो चुकी है। तब भी मामला स्पष्ट नहीं हुआ था। अब ताजा मामला ट्विटर पर विवादित वीडियो पोस्ट करने को लेकर है।

कंगना ने अपनी बहन रंगोली चंदेल के समर्थन में ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसी वीडियो को लेकर मुंबई में कंगना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। वकील अली काशिफ खान देशमुख ने कंगना पर दो समुदायों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को अंबोली पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, रंगोली चंदेल के समर्थन में पोस्ट वीडियो में कंगना ने समुदाय विशेष के खिलाफ टिप्पणी की और धार्मिक भावनाओं को आहत किया। इसके अलावा शिकायतकर्ता ने कंगना की बहन रंगोली के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि इससे पहले भी हाल ही में रंगोली के विवादित बयान को लेकर ट्विटर ने उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। इसके बाद अभिनेत्री कंगना ने बहल के समर्थन में एक वीडियो जारी किया था।