वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की आशंका है।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “एक दुखद घटना में कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पलट गई है।”
दूतावास ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और स्थानीय प्रशासन हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहा है। दूतावास ने यह भी कहा कि घटना के संबंध में सटीक जानकारी अभी जुटाई जा रही है।
वियतनामी अधिकारियों के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। रिपोर्टों के मुताबिक, स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह की ओर जा रही थी, तभी तट से लगभग 400 मीटर की दूरी पर वह पलट गई।
भारतीय दूतावास ने प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हनोई स्थित दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किए हैं।
हो ची मिन्ह सिटी स्थित नियंत्रण कक्ष के लिए हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 हैं, जबकि हनोई स्थित दूतावास के नियंत्रण कक्ष से +84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है।
दूतावास ने कहा कि ये हेल्पलाइन प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को सूचना, सहायता और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं।




