राहुल गांधी पर टिप्पणी के लिए असम के सीएम के खिलाफ एफआईआर

हैदराबाद पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सरमा के खिलाफ यह मामला तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंथ रेड्डी की शिकायत के आधार पर किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक टीपीसीसी प्रमुख ने यह शिकायत हैदराबाद सिटी के जुबली हिल्स पुलिस स्टेशन में कराई है। पुलिस के मुताबिक यह मामला भादंसं की धारा 504 और 505 (2) के तहत दर्ज किया गया है। बता दें रेवंथ ने राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजक टिप्पणी के लिए सोमवार को असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री सरमा के खिलाफ इस टिप्पणी के लिए आपराधिक मामला दर्ज कराते हुए उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। अपनी शिकायत में
रेवंथ ने कहा – ”असम के मुख्यमंत्री की टिप्पणी महिलाओं का अपमान है। मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी आखिर सरमा की गिरफ्तारी का आदेश क्यों नहीं दे रहे?’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा बेशर्मी से मुख्यमंत्री का बचाव कर रही है जबकि उसे सरमा को मुख्यमंत्री के पद से तुरंत हटा देना चाहिए। बिस्व सरकार को नोटिस जारी किया जाना चाहिए। असम के सीएम की गिरफ्तारी पुलिस की जिम्मेदारी है।’

रेवंथ ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि यह गांधी परिवार का अपमान है लेकिन यह देश की महिलाओं का अपमान है। असम के सीएम के खिलाफ हमारी शिकायत पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।