राजभवन से हरीझंडी: Vijay का ‘राजतिलक’

तमिलनाडु में TVK युग का आगाज! : रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई में विजय लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 13 मई तक साबित करना होगा बहुमत। वीसीके-आईयूएमएल के समर्थन से बनी सरकार , 120 का आंकड़ा पार। पूरे राज्य में टीवीके कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर…

तमिलनाडु की राजनीति में एक अभिनेता से राजनेता बने विजय का यह उदय न केवल सत्ता परिवर्तन है, बल्कि एक नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत भी...Pic Credit : socialmedia
तमिलनाडु की राजनीति में एक अभिनेता से राजनेता बने विजय का यह उदय न केवल सत्ता परिवर्तन है, बल्कि एक नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत भी...Pic Credit : socialmedia

तहलका डेस्क।

चेन्नई तमिलनाडु की सियासत ने शनिवार को एक ऐतिहासिक करवट ली जब राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के अध्यक्ष विजय को आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपने का निर्णय लिया।

राजभवन से जारी सूचना के अनुसार, कल यानी रविवार सुबह 10 बजे चेन्नई में आयोजित एक भव्य समारोह में विजय पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसके साथ ही राज्यपाल ने नई सरकार को 13 मई तक सदन में अपना बहुमत सिद्ध करने की मोहलत दी है।

इस राजनीतिक घटनाक्रम का ताना-बाना तब बुना गया जब VCK और IUML जैसी क्षेत्रीय शक्तियों ने टीवीके को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया। इन दलों के समर्थन पत्र लेकर विजय शनिवार को राजभवन पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के. सेल्वपेरुंथगई और माकपा सचिव पी. षणमुगम जैसे दिग्गज सहयोगी भी मौजूद थे, जो राज्य में एक नए गठबंधन के स्वरूप को स्पष्ट कर रहे हैं।

संख्याबल की दृष्टि से देखें तो 234 सीटों वाली Tamilnadu विधानसभा में अब टीवीके गठबंधन का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया है। वीसीके और आईयूएमएल की दो-दो सीटों ने विजय की राह को आसान बना दिया है। यह चौथा अवसर था जब विजय ने Governer से भेंट की, जिसके बाद अंततः उन्हें सरकार बनाने का न्योता मिला। इस घोषणा के साथ ही पूरे राज्य में टीवीके कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। पार्टी मुख्यालयों पर जश्न का माहौल है; समर्थक आतिशबाजी और मिठाइयों के जरिए अपने नेता के मुख्यमंत्री बनने का उत्सव मना रहे हैं। तमिलनाडु की राजनीति में एक अभिनेता से राजनेता बने विजय का यह उदय न केवल सत्ता परिवर्तन है, बल्कि एक नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत भी है।