महाराष्ट्र के रायगढ़ में महिला ने 6 बच्चों की कुएं में फेंक हत्या की

मुंबई के नजदीक रायगढ़ जिले में एक महिला ने अपने 6 बच्चों को कुएं में फेंक दिया। इन सभी की मौत हो गयी है। महिला को आत्महत्या करने की कोशिश करते हुए बचा लिया गया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना रायगढ़ के महाड की है जहाँ एक महिला ने अपने छह बच्चों को कुएं में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक यह महिला अपने पति की पिटाई से परेशान थी।

इस 30 साल की महिला ने अपने पति और उसके परिवार के सदस्यों की कथित रूप से पिटाई की शिकायत भी की लेकिन कोई असर नहीं हुआ।

बच्चों को कुएं में फेंकने के बाद महिला ने खुद अपनी जान देने की भी कोशिश की। लेकिन लोगों ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया और बचा लिया। लेकिन सभी छह बच्चों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक महिला का नाम रूना चिखुरी साहनी है। उसके खिलाफ बच्चों की हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।