मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद कराई जाएगी जातीय जनगणना- खरगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत भ्रष्टाचार और कमीशन वाली भाजपा सरकार का खात्मा करेगी कांग्रेस और कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मध्य प्रदेश में जातीय जनगणना कराई जाएगी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड के सागर से मंगलवार को चुनावी शंखनाद किया और भाजपा पर जमकर हमला बोला। आज के इस कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे। 

एक जनसभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, “कांग्रेस ने कर्नाटक में भाजपा की 40 प्रतिशत भ्रष्टाचार और कमीशन वाली सरकार का खात्मा किया। अब मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी 50 प्रतिशत भ्रष्टाचार और कमीशन वाली भाजपा सरकार का खात्मा करेगी। ”

खरगे ने आगे कहा कि, “कांग्रेस सरकार बनने पर किसान कर्ज से मुक्त होंगे। घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। महिलाओं को 1500 रुपये हर महीने मिलेंगे। 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ होंगे। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी।

पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि, “नरेंद्र मोदी नौ साल से प्रधानमंत्री हैं, शिवराज सिंह भी 18 साल से मुख्यमंत्री हैं लेकिन रविदास जी का मंदिर बनाने की अब याद इसलिए आई, क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। यहां इन्होंने मंदिर बनाने का वादा किया, लेकिन दिल्ली में 2019 में रविवास मंदिर पर बुलडोजर चलाकर उसे तोड़ दिया। इनके मुंह में राम, बगल में छुरी है। खरगे ने ऐलान करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर संत रविदास जी के नाम से विश्वविद्यालय खोला जाएगा।”

गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए खरगे ने कहा कि, “अमित शाह ने कांग्रेस से 53 साल की रिपोर्ट मांगी है और मेरे पास सारे आंकड़े हैं। जब मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ एक था तो भिलाई स्टील प्लांट कांग्रेस ने बनवाया। कांग्रेस ने इंदिरा सागर डैम, इंदौर आईआईटी-आईआईएम, एम्स भोपाल बनाया, मौलाना आज़ाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी, रानी लक्ष्मीबाई इंस्टीट्यूट ग्वालियर, चंबल घाटी प्रोजेक्ट सहित ऐसी सैकड़ों चीजें दीं। कांग्रेस ने लोगों की जिंदगी बनाने का काम किया है, उन्हें रोजगार देने का काम किया है। जनता जानती है कि जवाहरलाल नेहरू जी से लेकर राजीव गांधी जी तक कांग्रेस ने क्या किया।” 

बता दें, मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों की तैयारियां जोरों पर है। मध्य प्रदेश में नवंबर माह के अंत तक चुनाव होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं अंतिम विधानसभा चुनाव वर्ष 2018 में हुआ था और 28 नवंबर को एक ही चरण में प्रदेश में चुनाव करवा दिए गए थे।