प्रकाश पर्व की देश भर में धूम

सिख समुदाय के प्रथम गुरु श्रीगुरुनानक देवजी की ५५०वीं जयंती पर देश भर में धूम है। प्रकाश पर्व पर देशभर के गुरुद्वारों में खास सजावट की गई है। करतारपुर कॉरिडोर के शुभारंभ के बाद वहां भी जबरदस्त रौनक है और श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष, भाजपा अध्यक्ष सहित तमाम बड़े नेताओं ने देशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रकाश पर्व की तैयारियां बहुत पहले से शुरू हो गयी थीं। इस बार प्रकाश पर्व खास तरीके से मनाया जा रहा है। देशभर के गुरुद्वारों में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इस बार करतारपुर कॉरिडोर की वजह से प्रकाश पर्व भारतीयों के लिए और भी ज्यादा खास हो गया है। नौ नवंबर से भारतीयों के लिए करतारपुर कॉरिडोर खुल गया है। पिछले दो दिन में हजारों सिख श्रद्धालु करतारपुर साहिब दर्शन के लिए गए हैं।

पंजाब में गुरु नानक देवजी की ५५० वीं जयंती को लेकर गुरुद्वारों में खास सजावट की गई है। पंजाब के सुल्तानपुर लोधी में बेर साहिब गुरुद्वारा में भक्तों से तांता सोमवार शाम से ही लगने लगा था।

दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारा में प्रकाशपर्व के मौके पर बहुत ही खास तरीके से सजाया गया है। यहां कल से ही लोगों की भारी भीड़ दर्शन के लिए पहुंच रही है। पूरा इलाका रौशनियों से जगमगा रहा है।