गुजरात के शिक्षा मंत्री ने सरकारी स्कूलों में भगवत गीता को शामिल करने का ऐलान किया

गुजरात : अब गुजरात में छात्रों को भगवत गीता का पाठ पढ़ाया जाएगा।इस संबंध में शिक्षा मंत्री, जीतू वघानी, ने जून 2022 से राज्य के सरकारी स्कूलों में भगवत गीता के मूल्यों और सिद्धांतों को पाठ्यक्रम में शामिल करने का ऐलान किया है। मंत्री वघानी ने कहा कि इसका उद्देश्य स्कूली छात्रों को गीता और उसके श्लोकों की समझ बढ़ाना है। इस पहल के अनुसार, कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों को भगवत गीता के मूल्यों से परिचित कराया जाएगा।

गुरुवार को राज्य विधानसभा में बोलते हुए, वघानी ने बताया कि भगवत गीता का परिचय कहानी सुनाने और पाठ के रूप में किया जाएगा। इसके अलावा, कक्षा 9 से 12 के छात्रों को मानवतावाद, समानता, कर्म योग, और नेतृत्व की अवधारणाएं सिखाई जाएगी। सरकारी संकल्प के अनुसार, इसमें वाद-विवाद, निबंध लेखन, नाटक, चित्रकला, और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी शामिल होंगी। इस नए पहलुओं के माध्यम से, छात्रों को गीता के मूल्यों को समझने और उन्हें अपने जीवन में अमल में लाने का मौका मिलेगा।