कांग्रेस की दूसरी सूची में २१ नाम

सावित्री फुले, प्रिय दत्त, शिंदे, देवड़ा, बब्बर, पटोले प्रमुख नाम

उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए पहली सूची के बाद कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में 

उत्तर प्रदेश की १६ और महाराष्ट्र की ५ सीटों के लिए उम्मीदवारों  ऐलान किया है। इन उम्मीदवारों में सुशील शिंदे, राज बब्बर, सावित्री बाई फुले, प्रिय दत्त, नाना पटोले जैसे नाम शामिल हैं। 

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों पर मुहर लगाई गई है। दिसंबर में भाजपा की नीतियों के असहमति जताते हुए जिन दलित सांसद सावित्री बाई फुले ने पार्टी छोड़ दी थी वे फरवरी में कांग्रेस में शामिल हो गईं थीं। अब कांग्रेस ने उन्हें उनकी मनपसंद सीट बहराइच से टिकट दिया है। फुले यूपी की राजनीति में बड़ा दलित चेहरा मानी जाती हैं। कांग्रेस यूपी से अब तक २७ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। 

कांग्रेस की अपनी दूसरी सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, श्रीप्रकाश जायसवाल,  मिलिंद देवड़ा, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर, पूर्व सांसद प्रिया दत्त, संजय सिंह और किसान कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के नाम शामिल हैं। श्रीप्रकाश जायसवाल कानपुर से चुनाव लड़ेंगे जो उनकी पारंपरिक सीट रही है। मोदी की २०१४ की लहार में वो भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से हार गए थे।

उधर गांधी परिवार के करीबी संजय सिंह को सुल्तानपुर से पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। इस समय वे राज्यसभा सदस्य हैं। 

पार्टी ने महाराष्ट्र की सोलापुर सीट से पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को टिकट दिया है जबकि अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले को नागपुर से मैदान में उतारा है। नागपुर में उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हो सकता है।

इसके अलावा कांग्रेस ने पूर्व सांसद प्रिया दत्त को मुंबई उत्तर-मध्य से टिकट दिया है। पहले चर्चा थी कि दत्त चुनाव नहीं लड़ना चाहतीं जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें चुनाव लड़ने को कहा था। महाराष्ट्र में ही पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा को मुंबई दक्षिण से टिकट दिया गया है जबकि गढ़चिरौली- चिमूर से नामदेव दल्लूजी उसेंदी को उम्मीदवार बनाया है।