दिवाली की रात देश भर में आग का तांडव, बड़े जान माल का नुकसान

राघवेंद्र द्विवेदी
दिवाली की रात कई शहरों में आफत लेकर आई। त्योहार की ख़ुशियाँ मातम में बदल गईं। आतिशबाजी और शॉर्ट सर्किट के कारण कई शहरों में आग लगने की घटनाएं घटीं। हादसे में कई लोगों की जान गई, करोड़ों का नुकसान हुआ।

आग लगने की सबसे दर्दनाक घटना मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में हुई। जहाँ एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हुए। एक सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग जाने से ये दर्दनाक हादसा हुआ। गई।

राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में एक पटाखा दुकान में चिंगारी गिरने से आग लगी और भयानक विस्फोट हुआ। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोगों के लापता होने की सूचना है।

दिल्ली NCR में सैकड़ों फायर कॉल दर्ज किए गए।

महाराष्ट्र में भी आग का तांडव देखा गया। पुणे में दिवाली के दिन छह साल का रिकॉर्ड टूट गया, जहाँ 94 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज की गईं। मुंबई के डोंगरी में चॉल और गैराज में आग लगने से 30 से अधिक झोपड़ियां और दुकानें खाक हो गईं। लोखंडवाला की एक हाई-राइज़ बिल्डिंग में आग से एक व्यक्ति की जान चली गई। ठाणे के रहेजा गार्डन की 17 मंजिला इमारत में आग लगने के बाद 50 लोगों को रेस्क्यू किया गया।

नागपुर के सावरकर नगर में स्थित एक TVS टू-व्हीलर शोरूम में आग लगने से वहां खड़ी दर्जनों गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।

जम्मू के नेहरू मार्केट इलाके के एक वेयरहाउस में पटाखों के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते 12 से ज्यादा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

हरियाणा के गुरुग्राम में 12 से ज्यादा जगहों पर बड़ी आग लगी। खांडसा रोड पर एक हार्डवेयर स्टोर में लगी आग को काबू करने में 25 दमकल गाड़ियों को 3 घंटे से ज्यादा का समय लगा।

ये तो कुछ ही शहरों की जानकारी है। सोचिये अगर इन शहरों में आग ने इतना बड़ा नुकसान किया तो देश भर में कितनी घटनाएं हुईं होंगीं और कितना बड़ा नुकसान हुआ होगा।