लखनऊ की पार्टी में कनिका के साथ मौजूद थे भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, माता वसुंधराराजे सिंधिया; दिल्ली और बेंगलुरु में २२ को मेट्रो बंद

बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर, जिन्हें जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, के साथ लखनऊ की एक पार्टी में भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह और उनकी माता वसुंधराराजे सिंधिया भी मौजूद थे। इस पार्टी में डेरेक ओब्रायन और उत्तर प्रदेश के एक मंत्री भी परिवार के साथ शामिल थे। इन सभी लोगों के अलावा यूपी के नेता अनुप्रिय पटेल ने भी खुद को आईसोलेशन में रख दिया है। इस बीच भारत में संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर २३० हो गयी है।

जानकारी के मुताबिक कनिका कपूर ९ मार्च को लंदन से लौटी थीं, जहाँ उनके बच्चे पढ़ते हैं। कनिका ने मीडिया को बताया कि एयरपोर्ट पर उनकी प्रॉपर स्कैनिंग हुई थी और उनसे फ़ार्म भी भरवाया गया था। उनके मुताबिक उनकी तबियत पिछले तीन-चार दिन से से ही गड़बड़ हुई है।

गौरतलब है कि इंग्लैंड उन देशों में शामिल हैं जहाँ कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ी है। जानकारी के मुताबिक कनिका लखनऊ में एक पार्टी में गयी थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पार्टी में भाजपा के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता दुष्यंत सिंह, उनकी माता वसुंधराराजे सिंधिया और अन्य भी थे। उत्तर प्रदेश के एक मंत्री के भी परिवार सहित इस पार्टी में होने की जानकारी है।

बताया गया है कि दुष्यंत, मंत्री परिवार, वसुंधराराजे सिंधिया ने खुद को आईसोलेशन में रखने का फैसला किया है। कनिका की पॉजिटिव कोरोना रिपोर्ट आने के वे  अस्पताल में क्वारंटाइन में हैं।

दिल्ली, बेंगलुरु मेट्रो २२ को बंद
इस बीच सरकार ने कहा है कि २२ मार्च को ”जनता कर्फ्यू” के दौरान दिल्ली में मेट्रो को बंद रखा जाएगा। पीएम मोदी ने गुरूवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में जनता से २२ को ”जनता कर्फ्यू” रखने की अपील की थी। लोगों ने इसका समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर भी इस सन्देश को अपने परिचितों को भेजा है। बेंगलुरु मेट्रो भी उस दिन बंद रहेगी।

यूपी में सभी मॉल बंद
उधर यूपी सरकार ने राज्य में सभी मॉल को बंद रखने का आदेश जारी किया है। सरकार के मुताबिक यह फैसला एहतियातन लिया गया है।

भारत में २३० संक्रमित
इस बीच भारत में संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर २३० हो गयी है। अभी तक पांच लोगों की मौत हुई है जिनमें एक इटली का नागरिक है। अच्छी खबर यह है कि २० लोग स्वस्थ होकर अपने घरों को भेज दिए गए हैं।