अमेरिका, मिस्र की यात्रा से लौटे पीएम मोदी; एयरपोर्ट पर जबरदस्त स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका और मिस्र की यात्रा के बाद स्वदेश लौट आये हैं। पालम हवाई अड्डे पर उनका पार्टी नेताओं और अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई लोग उपस्थित थे।

मिस्र यात्रा से वापसी पर मोदी ने ट्वीट में कहा – ‘मिस्र की मेरी यात्रा ऐतिहासिक रही। इससे भारत-मिस्र संबंधों में नयी ऊर्जा आएगी और हमारे देशों के लोगों को फायदा होगा। मैं राष्ट्रपति अल-सीसी, सरकार और मिस्र के लोगों को उनके स्नेह के लिए धन्यवाद देता हूं।’

मोदी ने इससे पहले कहा कि भारत और अमेरिका की दोस्ती दुनिया की भलाई के लिए एक शक्ति है और यह धरती को बेहतर बनाएगी। मोदी का यह बयान अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के उस ट्वीट के जवाब में आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और भारत के बीच मित्रता दुनिया में सबसे अधिक अहम है।

बाइडन ने पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा का एक वीडियो मेंटाज साझा करते हुए ट्वीट किया – ‘अमेरिका और भारत के बीच की दोस्ती दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण है और यह पहले से कहीं अधिक प्रगाढ़, करीबी और अधिक गतिशील है।’ इस ट्वीट के जवाब में मोदी ने ट्वीट में कहा – ‘मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूं। हमारे देशों के बीच मित्रता वैश्विक अच्छाई के लिए एक शक्ति है। यह धरती को बेहतर बनाएगी। मेरी हाल की अमेरिका यात्रा से हमारा बंधन और भी मजबूत होगा।’

मोदी ने 20 जून को अपनी पांच दिवसीय यात्रा शुरू की थी। उन्होंने 21-24 जून तक अमेरिका का दौरा किया। उनकी अमेरिका यात्रा न्यूयॉर्क से शुरू हुई, जहां उन्होंने 21 जून को नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

इसके बाद मिस्र यात्रा में मोदी ने देश की 11वीं सदी की ऐतिहासिक अल-हाकिम मस्जिद का दौरा किया, जिसका दाऊदी बोहरा समुदाय की मदद से जीर्णोद्धार किया गया था। उन्होंने काहिरा में हेलियोपोलिस राष्ट्रमंडल युद्ध कब्रिस्तान का भी दौरा किया और प्रथम विश्वयुद्ध के दौरान मिस्र और अदन में बलिदान देने वाले 4,300 से अधिक वीर भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वह गीज़ा के पिरामिड को भी देखने गए।