भाजपा के राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे का 74 वर्ष की आयु में निधन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ और राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे का सोमवार को निधन हो गया। हरद्वार दुबे उत्तर प्रदेश के आगरा में छावनी विधानसभा सीट से दो बार विधायक भी रहे हैं।

दिल्ली के अस्पताल में 74 साल के वरिष्ठ नेता हरद्वार दुबे का काफी समय से इलाज चल रहा था और यही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना से आगरा समेत आसपास के इलाकों में शोक है।

सीएम योगी ने शोक जताते हुए ट्वीट कर कहा कि, “माननीय राज्यसभा सांसद, पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार हरिद्वार दुबे जी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति दें।”

बता दें, हरद्वार दुबे यूपी में कल्याण सिंह सरकार में वित्त मंत्री भी रहे हैं। सीतापुर और अयोध्या समेत कई जिलों में संघ के प्रचारक रहे। 2020 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा। दुबे ने ब्राह्मण वोटरों को साधने में अहम भूमिका भी निभाई है।