
नई दिल्ली: राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान 16 अगस्त से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 14 अगस्त को अमृत उद्यान के समर एनुअल्स एडिशन 2026 का उद्घाटन किया। आम लोग 16 अगस्त से 15 सितंबर तक उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे।
इस दौरान अमृत उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। आगंतुकों के लिए अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक होगा। रखरखाव के लिए उद्यान प्रत्येक सोमवार को बंद रहेगा।
देशी फूलों की प्रजातियां होंगी आकर्षण
इस वर्ष के समर एनुअल्स एडिशन में देशी और स्थानीय फूलों की कई प्रजातियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। इनमें गुलमेहंदी, अपराजिता, रुक्मिणी, वर्षा फूल, लाल साग और नागफना जैसी प्रजातियां शामिल हैं। इनका उद्देश्य भारत की समृद्ध पुष्पीय विरासत और जैव विविधता को प्रदर्शित करना है।
उद्यान के भ्रमण मार्ग में बाल वाटिका, पामेरिया गार्डन, बरगद ग्रोव, बोनसाई गार्डन, बबलिंग ब्रूक्स, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल रहेंगे। आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास गेट नंबर 35, नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास से होगा।
प्रवेश निःशुल्क, ऑनलाइन बुकिंग जरूरी
अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, लेकिन आगंतुकों को पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। किसी विशेष दिन के लिए बुकिंग पिछले दिन सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी और मौके पर टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
आगंतुकों की सुविधा के लिए मार्ग में पेयजल स्टॉल, प्राथमिक उपचार केंद्र, वर्षा से बचाव के लिए शेल्टर और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक हर 30 मिनट में शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
राष्ट्रीय खेल दिवस यानी 29 अगस्त को खिलाड़ियों और 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के लिए अमृत उद्यान में विशेष प्रवेश की व्यवस्था भी की गई है।
