नई दिल्ली | तहलका न्यूज | स्नेहलता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अक्टूबर 2026 को लद्दाख में लगभग 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कुछ परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इन परियोजनाओं में हवाई अड्डे का नया टर्मिनल, सामरिक सड़क संपर्क, जलविद्युत परियोजना, शैलचित्र संरक्षण पार्क और जल संरक्षण से जुड़ी पहल शामिल हैं।
प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की 14 अक्टूबर को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य लद्दाख में परिवहन, बिजली आपूर्ति, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और जल सुरक्षा को मजबूत करना है।
640 करोड़ की लागत से बना नया हवाई अड्डा टर्मिनल
प्रधानमंत्री लेह के कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। 23,800 वर्ग मीटर में फैले इस टर्मिनल को सालाना 35 लाख यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किया गया है। इसमें भूतापीय ऊर्जा के इस्तेमाल का प्रावधान है, जिससे ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
298 किलोमीटर लंबी सड़क से बढ़ेगा सामरिक संपर्क
प्रधानमंत्री 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित यह सड़क लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ती है और जांस्कर घाटी से होकर गुजरती है।
यह मार्ग श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह राजमार्गों के अतिरिक्त संपर्क विकल्प उपलब्ध कराएगा। इससे सशस्त्र बलों की आवाजाही और रसद व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही जांस्कर के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
जलविद्युत और बिजली आपूर्ति पर जोर
लद्दाख में ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री 9 मेगावाट की हनु लघु जलविद्युत परियोजना और 66 किलोवोल्ट की डबल-सर्किट दाह-हनु-खालत्सी विद्युत पारेषण लाइन का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने और स्थानीय जलविद्युत संसाधनों का उपयोग करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भारत का पहला शैलचित्र संरक्षण पार्क
लद्दाख की प्राचीन विरासत को सुरक्षित रखने के लिए प्रधानमंत्री लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले शैलचित्र संरक्षण पार्क का उद्घाटन करेंगे। इस क्षेत्र में प्रागैतिहासिक शैलचित्रों में मानव आकृतियों, वन्यजीवों और विभिन्न प्रतीकों के चित्रण मिलते हैं। यह पार्क इन ऐतिहासिक अवशेषों के संरक्षण के साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाने और जिम्मेदार विरासत पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
40 गांवों में जल संरक्षण की पहल
प्रधानमंत्री हिम सरोवर परियोजना के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य बर्फ पिघलने और अन्य स्रोतों से उपलब्ध पानी को संरक्षित करना, ताकि जरूरत के समय उसका उपयोग किया जा सके।
लद्दाख में कृषि के लिए पानी की उपलब्धता मौसम के अनुसार बदलती रहती है। ऐसे में जल निकायों के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने, किसानों की आजीविका को सहारा देने और दीर्घकालिक जल सुरक्षा मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
इन पांच परियोजनाओं के जरिए लद्दाख में बुनियादी ढांचे, सामरिक संपर्क, ऊर्जा, सांस्कृतिक विरासत और जल संरक्षण के क्षेत्रों में सुधार की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।




