यूपी के लिए ‘युवा घोषणापत्र’ में प्रियंका गांधी का 20 लाख नौकरियों का वादा

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए युवाओं का विशेष घोषणापत्र शुक्रवार को जारी कर दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और यूपी की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में इसे जारी किया। इसमें कांग्रेस ने अपनी सरकार बनने की स्थिति में 8,00,000 सरकारी पद महिलाओं के लिए रखने और कुल 20,00,000 लोगों को नौकरी देने का वादा किया है। कांग्रेस ने यह भी कहा है कि वह चुनाव प्रचार में कोई नकारात्मक बात नहीं करेगी और सिर्फ जनता के मुद्दों पर ही चुनाव लड़ेगी।

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि 20 लाख नौकरियां देने का वादा है। इनमें से 8 लाख नौकरियां महिलाओं को दी जाएंगी और 1.5 लाख प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। प्रियंका गांधी ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस ने यह घोषणा पत्र जारी करने से पहले युवाओं से उनकी समस्याएं समझने की कोशिश की है। उन्होंने ऐलान किया कि किसी भी नौकरी के लिए आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।

इस मौके पर प्रियंका गांधी ने जो घोषणाएं कीं उनके मुताबिक कांग्रेस सत्ता में आने पर 8,00,000 सरकारी पद महिलाओं के लिए देगी, 20,00,000 लोगों को नौकरी देंगे, परीक्षार्थियों के लिए रेल और बस यात्रा मुफ्त होगी, स्टार्टअप्स के लिए 5000 करोड़ रुपये का फंड ,रखा जाएगा, एक लाख प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी,
यूपी के सभी कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल का गठन किया जाएगा, फ्री वाईफाई और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी, हर साल यूथ फेस्टिवल आयोजित होंगे और   नशामुक्ति के लिए बड़ा कदम उठाए जाएंगे।

युवा घोषणा पत्र जारी करने के मौके पर प्रियंका गांधी ने कहा – ‘भर्ती विधान को बनाने के लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने जिले-जिले जाकर युवाओं से बात की है। उन्होंने पेपर लीक होने पर कड़ी सजा का प्राविधान रखने की बात की है।’

प्रियंका ने कहा – ‘कांग्रेस ने तय किया है कि वह यूपी चुनाव में किसी तरह की गैर मुद्दा बहस नहीं करेगी। सिर्फ जनता की बात की जाएगी। जनता के लिए ही यह वादे हैं।’  राहुल गांधी ने इस मौके पर कहा – ‘वर्तमान केंद्र और राज्य (यूपी) सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस अपना वादा पूरा करेगी।’