AAP ने गोवा में GFP के साथ किया गठबंधन, ‘गोवा फर्स्ट’ होगा नाम

AAP ने गोवा में GFP के साथ किया गठबंधन, ‘गोवा फर्स्ट’ होगा नाम
आम आदमी पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने गोवा में ‘गोवा फर्स्ट’ नाम से गठबंधन की घोषणा की है। अरविंद केजरीवाल ने गणेश चतुर्थी के मौके पर इस गठबंधन का ऐलान किया।

रिपोर्ट: प्रिया तिवारी

अरविंद केजरीवाल ने गणेश चतुर्थी के मौके पर किया ऐलान; कहा—बीजेपी और कांग्रेस गोवा के लोगों को धोखा दे रहे हैं, अब तीसरा विकल्प

पणजी — 13 सितंबर, 2026 । आम आदमी पार्टी ने गोवा में गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर इस गठबंधन की घोषणा की। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा के लोगों के लिए गणेश चतुर्थी के मौके पर यह एक बड़ा तोहफा है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के गठबंधन का नाम ‘गोवा फर्स्ट’ होगा। केजरीवाल ने कहा कि गोवा में इस गठबंधन की जरूरत इसलिए महसूस हुई क्योंकि पिछले कई वर्षों से लोगों के सामने सीमित राजनीतिक विकल्प रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोवा के मतदाता कभी बीजेपी तो कभी कांग्रेस को सत्ता में चुनते रहे हैं, लेकिन अब उनके सामने एक नया विकल्प होगा।

कांग्रेस-बीजेपी गोवा के लोगों को धोखा दे रहे

केजरीवाल ने कहा, ‘2022 में फिर से लोगों ने बीजेपी के खिलाफ वोट दिया, लेकिन फिर से कांग्रेस ने बीजेपी को नंबर प्रॉवाइड्स किए और बीजेपी की सरकार बना दी. तो दो बार लोग धोखा खा चुके हैं, तो अब तीसरी बार लोग धोखा खाने के मूड में नहीं है, तो एक तरफ कांग्रेस, लोगों को धोखा दे रही है. लोग कांग्रेस को वोट देते हैं, बीजेपी से परेशान होकर, और कांग्रेस उसी बीजेपी को अपने एमएलए भेजकर उसकी सरकार बनवा देती है. और दूसरी तरफ बीजेपी धोखा दे रही है.’

उन्होंने कहा, ‘चुनाव के वक्त कांग्रेस को खूब गालियां देते हैं, कांग्रेस वाले ऐसे हैं, वैसे हैं, और फिर उन्हीं कांग्रेसी के साथ मिलकर सरकार बना लेती है. जो बीजेपी की सरकार है, उसमें आधे से ज्यादा कांग्रेस के लोग हैं. तो यह दोनों पार्टियां एक दूसरे से मिलकर लोगों को धोखा दे रही हैं. अंदर प्यार है, मोहब्बत है, डील है, सेटिंग है, सबकुछ है, और गोवा के लोग दुखी हैं.’

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के जुड़े फैक्ट्स

गोवा फॉरवर्ड पार्टी गोवा की एक क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी है. इसका नेतृत्व विजय सरदेसाई के हाथ में हैं. जीएफपी ने 2017 में गोवा विधानसभा चुनाव में चार उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिसमें से उन्होंने तीन सीटें जीती थीं. माना जाता है कि 2017 में बीजेपी की वापसी में इस पार्टी ने अहम भूमिका निभाई थी. इसकी स्थापना 25 जनवरी 2016 को हुई थी, इसका सिंबल नारियल है.

AAP और GFP के इस गठबंधन के जरिए गोवा की राजनीति में बीजेपी और कांग्रेस के अलावा एक तीसरा विकल्प पेश करने की कोशिश की जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गठबंधन गोवा के लोगों के हितों को प्राथमिकता देगा।

अब देखना होगा कि ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में किस तरह की रणनीति अपनाता है और गोवा के मतदाताओं के बीच कितना प्रभाव बना पाता है।