
राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के लिए स्टेडियम नहीं मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि स्टेडियम में पहले भाजपा और संघ से जुड़े संगठनों को कार्यक्रम के लिए अनुमति दी गई। फिर राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए क्यों मना किया जा रहा है? जबकि यह कार्यक्रम गैर राजनीतिक है, इसमें छात्रों से शिक्षा के विषय पर राहुल गांधी का संवाद होना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने CM को लिखा पत्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर स्टेडियम देने की मांग की है। वहीं पार्टी के प्रवक्ता मुकेश नायक ने उन कार्यक्रमों की सूची जारी की है जो विगत में स्टेडियम में हुए हैं।
इनमें भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र द्वारा नशे के खिलाफ यूथ वॉक का आयोजन, सनातन लीग का आयोजन, विश्व हिंदू परिषद द्वारा शौर्य कुंभ का आयोजन सहित कई सारे ऐसे कार्यक्रमों के लिए प्रशासन ने स्टेडियम दिया है। ये कोई भी खेलकूद की गतिविधियों से संबंधित नहीं थे।
घबराहट के कारण मना किया गया: नायक
नायक का कहना है कि सरकार दुर्भावना के साथ काम कर रही है। राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं। उनके कार्यक्रम को हम इंदौर में 19 सितंबर को हर हाल में आयोजित करेंगे।
सरकार स्टेडियम नहीं देती तो भी होगा कार्यक्रम
जीतू पटवारी और एआईसीसी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने ऐलान किया है कि सरकार स्टेडियम नहीं देती है तो भी इंदौर में कार्यक्रम होगा। पचास हजार छात्र शामिल होंगे।



