RG कर केस में शुभेंदु सरकार का बड़ा एक्शन, पूर्व पुलिस कमिश्नर समेत 3 IPS अधिकारी सस्पेंड

आरजी कर रेप-मर्डर केस में जांच में कथित लापरवाही और “मिशैंडलिंग” को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी ने पूर्व कोलकाता पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल सहित तीन आईपीएस अधिकारियों को निलंबित करने का ऐलान किया। सरकार ने इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने की भी बात कही है।

शुभेंदु अधिकारी ने जांच के दौरान बरामद किया गया फोन भी दिखाया. (File Photo: ITG)
शुभेंदु अधिकारी ने जांच के दौरान बरामद किया गया फोन भी दिखाया. (File Photo: ITG)

15 मई 2026, नई दिल्ली/ कोलकाता:  कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर केस में शुक्रवार को पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, तत्कालीन डीसीपी (नॉर्थ) अभिषेक गुप्ता और डीसीपी (सेंट्रल) इंदिरा मुखर्जी को सस्पेंड किया गया है। 

सरकार का आरोप है कि इन अधिकारियों ने मामले की शुरुआती जांच में गंभीर चूक की और केस को सही तरीके से हैंडल नहीं किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पीड़िता के परिवार को कथित तौर पर पैसे की पेशकश करने और बिना लिखित अनुमति प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जैसे आरोप भी अधिकारियों पर लगे हैं। 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि रेप और मर्डर की मुख्य जांच अभी भी CBI के पास है और राज्य सरकार केवल पुलिस अधिकारियों की भूमिका तथा प्रशासनिक लापरवाही की जांच कर रही है। 

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में आऱ जी कर मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पीटल में एक जूनियर डॉक्टर का शव सेमिनार हॉल में मिला था। इस घटना ने देशभर में आक्रोश पैदा किया था और महिला सुरक्षा को लेकर बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुए थे। बाद में मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।