
रिपोर्टर: प्रिया तिवारी । नई दिल्ली
शिक्षक दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित शताब्दी समारोह में पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां छात्रों को संबोधित करते हुए SRCC को देश के ऐतिहासिक कॉलेजों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि आज का अवसर श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के लिए बेहद ऐतिहासिक है और यहां SRCC का हिस्सा रही कई पीढ़ियां एक साथ जुटी हैं।
पीएम मोदी ने कहा, “मैं आप सभी को SRCC के इस शताब्दी समारोह के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।”
‘दिमागी नक्सल’ वाले तंज का फिर किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में ‘दिमागी नक्सल’ वाले तंज का एक बार फिर जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि यहां के छात्रों की जिंदगी अभी ‘SRCC मोड’ में है, लेकिन कॉलेज से निकलने के बाद उन्हें एक नई दुनिया मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक दुनिया ऐसी होगी, जो सामाजिक शक्ति को राष्ट्र की शक्ति में बदलने का काम करेगी, जबकि दूसरी तरफ ऐसे लोग भी मिलेंगे, जो हर बात पर ‘नाराज फूफा’ बन जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि देश ने ऐसे ‘नाराज फूफाओं’ को जवाब दिया है और भारत अब नई रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है।
‘दिमागी नक्सल’ को बताया होम्योपैथिक डोज
अपने ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने लाल किले से ऐसे लोगों के बारे में बात की थी और इसे समझाने के लिए ‘होम्योपैथिक डोज’ का उदाहरण दिया था। प्रधानमंत्री के मुताबिक, होम्योपैथिक डोज का असर शुरुआत में समस्या को और उभारता हुआ दिखाई देता है, लेकिन बाद में उसके इलाज में मदद करता है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने इसी डोज को ‘दिमागी नक्सल’ नाम दिया था। उन्होंने दावा किया कि उनके इस बयान के बाद कई लोग तुरंत सामने आ गए और जनता को उनका वास्तविक रुख दिखाई देने लगा।
‘माई-बाप कल्चर को बढ़ावा देने वालों के सामने चट्टान की तरह खड़ा है मोदी’
जनधन योजना का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का भी कुछ लोगों ने विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग चाहते हैं कि गरीब और सामान्य नागरिक उनके आगे-पीछे घूमते रहें। पीएम मोदी ने इसे ‘माई-बाप कल्चर’ बताते हुए कहा कि यह व्यवस्था दशकों से चली आ रही थी, लेकिन मोदी इस सोच के सामने चट्टान की तरह खड़ा है।
‘झूठ की गूंज सच की हुंकार के आगे नहीं टिकेगी’
अपने 2013 के SRCC भाषण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह आज अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के सामने आए हैं। उन्होंने कहा, “सच की हुंकार के आगे झूठ की गूंज टिक नहीं सकेगी।”
पीएम मोदी ने कहा कि 2013 में जिन लोगों को देश का गिलास आधा खाली नजर आता था, उनकी सोच आज भी वैसी ही है। उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ रहा है और नए अवसर पैदा हो रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों को देश की उपलब्धियां दिखाई नहीं देतीं।
‘अब भारतीय सेना घर में घुसकर जवाब देती है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में एक दौर ऐसा था, जब भारत को हर मोर्चे पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी आतंक फैलाते थे, वे आज पस्त पड़े हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि अगर पाकिस्तान कोई नापाक हरकत करता है तो भारतीय सेना उसकी जमीन पर जाकर जवाब देती है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक शांति बढ़ी है और माओवादी आतंक तथा नक्सलवाद की कमर तोड़ दी गई है।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया कभी भारत के ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ को लेकर चिंतित थी, लेकिन आज वही दुनिया भारत के ‘पॉलिसी डायनामिज्म’ की चर्चा कर रही है।
2013 की सुर्खियों को किया याद
पीएम मोदी ने 2013 के अपने SRCC दौरे का जिक्र करते हुए उस समय की मीडिया सुर्खियों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में अखबारों और टीवी चैनलों की हेडलाइंस में कई गंभीर चुनौतियां छाई रहती थीं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा—
- LoC पर भारतीय सैनिक मारे गए
- विश्व बैंक ने भारत के विकास दर के अनुमान को कम किया
- करंट अकाउंट डेफिसिट अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर
- महंगाई दर करीब 10 प्रतिशत पर
पीएम मोदी ने कहा कि ये हेडलाइंस उस समय देश के हालात की कहानी बताती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में घोटाले और भ्रष्टाचार चरम पर थे और देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था।
‘2013 के भाषण की वेव आज भी बरकरार’
पीएम मोदी ने कहा कि उनके SRCC आने से पहले 2013 के दौरे और उस समय दिए गए संबोधन की काफी चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि लोगों ने उस भाषण को दोबारा सुना और पढ़ा है और संभव है कि नई पीढ़ी के छात्रों ने भी उसे रिविजिट किया हो।
पीएम मोदी ने कहा कि उस भाषण की एक वेव बन गई थी और 13-14 साल बाद भी उस सभा और संबोधन का प्रभाव बरकरार है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक ‘गैंग’ उनके भाषण के छोटे-छोटे हिस्से काटकर सोशल मीडिया पर फैला सकती है और उन्होंने पहले से ही लोगों को इसके लिए आगाह किया।
‘2013 में विपक्ष में रहते हुए भी नहीं किया था हमला’
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह 2013 में SRCC आए थे, तब सामने उनके वरिष्ठ छात्र बैठे थे। उन्होंने कहा कि उस समय वह मुख्यमंत्री तो थे, लेकिन देश की मुख्य विपक्षी पार्टी के एक सदस्य भी थे।
पीएम मोदी ने कहा कि संभवतः उस समय लोगों को उम्मीद थी कि वह केंद्र की तत्कालीन सरकार पर लंबे-चौड़े हमले करेंगे और आरोपों की झड़ी लगा देंगे। लेकिन उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद और तत्कालीन सरकार के आलोचक होने के बावजूद उन्होंने इस मंच का इस्तेमाल राजनीतिक हमलों के लिए नहीं किया था।
अरुण जेटली को किया याद
पीएम मोदी ने बीजेपी के वरिष्ठ दिवंगत नेता अरुण जेटली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली इसी कॉलेज से पढ़े थे।
पीएम मोदी ने कहा कि शायद ही उनकी कोई ऐसी मुलाकात हुई हो, जिसमें अरुण जेटली ने SRCC के बारे में बात न की हो।
‘भारत मैन्युफैक्चरिंग और रिसर्च का हब बनेगा’
प्रधानमंत्री ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाले समय में भारत मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च और इनोवेशन का ग्लोबल हब बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत कृषि निर्यात की महाशक्ति बनेगा और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा। पीएम मोदी ने युवाओं से बड़े लक्ष्य रखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया।
युवाओं को दिया ‘विकसित भारत’ का मंत्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत का आत्मविश्वास अलग स्तर पर है और देश बड़े लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि सपना हमारा होना चाहिए, संकल्प हमारा होना चाहिए और आत्मनिर्भर भारत का परचम भी हमारा होना चाहिए।



