Home Blog Page 560

राहुल गांधी मूसेवाला के परिजनों से मिलने उनके गाँव पहुंचे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार दोपहर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मिलने और अफ़सोस जताने मानसा के उनके गाँव मूसा पहुंचे। मूसेवाला की 29 मई को हत्या कर दी गयी थी।

राहुल गांधी मूसा पहुँचने के बाद वो मूसेवाला के परिजनों से मिले। राहुल की इस मुलाकात के दौरान मीडिया को दिवंगत सिंगर के घर के भीतर जाने की इजाजत नहीं दी गई।

राहुल गांधी कुछ दिन की विदेश यात्रा के बाद हाल में स्वदेश लौटे हैं। मंगलवार सुबह वो दिल्ली से फ्लाइट के जरिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से कुछ कांग्रेस नेताओं के साथ वो सीधे वाहन के जरिये मूसा गांव पहुंचे।

राहुल के साथ कई कांग्रेस नेता भी थे। इनमें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, विधानसभा में नेता-प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व उप-मुख्यमंत्री ओपी सोनी और अन्य शामिल हैं।

भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब नैशनल बैंक घोटाला मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में उनकी पत्नी प्रीति चौकसी और अन्य के नाम भी हैं।

ईडी ने प्रीति चौकसी को उपरोक्त मामले में मुख्य लाभार्थी बताया है। उसका कहना है कि वो 2017 से अपने पति के साथ एंटीगुआ में छिपी हैं। बता दें मेहुल, उनकी पत्नी प्रीति और उनकी कंपनियों सहित छह अन्य के खिलाफ मुंबई की विशेष अदालत में यह दूसरी पूरक चार्जशीट है।

करीब 13,500 करोड़ रुपये के पीएनबी धोखाधड़ी मामले में भारत में सीबीआई और ईडी की तरफ से वांछित चोकसी पिछले साल 23 मई को ‘लापता’ हो गया था। हालांकि, 26 मई को डोमिनिका में चौकसी को पकड़ लिया और डोमिनिकन अदालत ने उसका निर्वासन रोक दिया था। अब चौकसी एंटीगुआ और बारबुडा में रह रहा है।

भाजपा नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के निष्कासन को भुनाने के मूड में

दिल्ली में भाजपा से निष्काषित नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल के नाम पर राजनीति भले ही चर्चा के केन्द्र हो । लेकिन भाजपा इस मामलें को भुनाने के मूड़ में है। भाजपा का कहना है कि हमने तो देश -दुनिया में ये मैसेज दे दिया है कि भाजपा सभी धर्मो का सम्मान करती है। अगर कोई उनका पार्टी का नेता या प्रवक्ता किसी के धर्म और उनके गुरूओं का अपमान करती है। तो भाजपा को उसको बर्दास्त नहीं करेगी।इस सब के पीछे क्या भाजपा की चाल है। इस बारे में जानकारों का कहना है कि कल अगर किसी अन्य दल के नेता या किसी अन्य धर्म के लोग हिन्दू देवी देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते है। तो उसका भाजपा पुरजोर विरोध ही नहीं करेगी बल्कि भाजपा उनके खिलाफ कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि मौजूदा समय में विरोधी दल इस मामलों को राजनीतिक हवा देना चाहते है। लेकिन भाजपा ने वह मौका नहीं दिया है। रहा सवाल निष्काषन का तो वह तो रद्द भी हो जाता है।कुल मिलाकर राजनीति में सब चलने वाली बात सामने आती ही रहती है।
आप पार्टी और कांग्रेस को अब इस बात को लेकर सजग रहना होगा, कि कल के दिन अगर उनके नेता और प्रवक्ता किसी धर्म और धर्म के गुरू के खिलाफ कुछ बोलते है। तो क्या वो भी भाजपा की तरह अपने नेताओं और प्रवक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कर सकेंगे।
भाजपा सूत्रों की माने तो उन नेताओं और पार्टियों के की लिस्ट खगाली जा रही है जिन्होंने अपने शासन काल के दौरान किसी के धर्म और उनके धर्म गुरूओं के खिलाफ कुछ वोला है जिससे देश में दंगे और साम्प्रदायिक हिंसा हुई है।

पंजाब के पूर्व मंत्री धर्मसोत भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार

पंजाब में सतर्कता ब्यूरो ने मंगलवार सुबह पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। धर्मसोत पिछली कांग्रेस सरकार में समाज कल्याण और वन मंत्री के पदों पर रहे। उनके अलावा एक पत्रकार कमलजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक सतर्कता ब्यूरो ने धर्मसोत को भ्रष्टाचार के एक मामले में डीएफओ गुरमनप्रीत सिंह और एक ठेकेदार हरमिंदर सिंह हम्मी की गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद गिरफ्तार किया है।

पत्रकार कमलजीत सिंह को धर्मसोत का निकट सहयोगी बताते हुए गिरफ्तार किया गया है। याद रहे सीएम भगवंत मान ने दो महीने पहले ही धर्मसोत के खिलाफ कार्रवाई का संकेत दिया था।

बता दें मान ने पिछले महीने ही अपनी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में केबिनेट से बाहर कर दिया था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। उनपर निविदाओं पर एक फीसदी कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है।

भाजपा की कट्टरता देश को कमजोर कर रही, छवि को नुकसान पहुंचा रही: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उसकी कट्टरता देश को भीतर से कमजोर कर रही है और वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को इससे बड़ा नुकसान पहुंचा है।

पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा के दो नेताओं की टिप्पणी के बाद जैसी प्रतिक्रिया आई है और जिस तरह भारत को असहज स्थिति झेलनी पडी है, उसके बाद उसपर कांग्रेस हमलावर है।

अब एक ट्वीट करके राहुल गांधी ने कहा – ‘आंतरिक रूप से बंटवारा होने से भारत बाहरी रूप से कमजोर हो जाता है। भाजपा की शर्मनाक कट्टरता ने न केवल हमें अलग-थलग कर दिया है, बल्कि विश्व स्तर पर भारत की छवि को भी नुकसान पहुंचाया है।’

उधर एक फेसबुक पोस्ट में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्देपर भी निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आर्थिक मंदी स्पष्ट रूप से नजर आ रही है। सरकार पर नीतिगत दिवालियेपन का शिकार होने का आरोप लगाते ने कहा कि उसके पास इसका कोई जवाब नहीं है। उन्होंने यह दावा किया कि देश में आज प्रति व्यक्ति आय दो साल पहले की तुलना में भी कम हो गई है।

राहुल गांधी का ट्वीट
@RahulGandhi
Divided internally, India becomes weak externally. BJP’s shameful bigotry has not only isolated us, but also damaged India’s standing globally.

वाराणसी सीरियल धमाकों के दोषी वलीउल्लाह को फांसी की सजा

वाराणसी सीरियल ब्लास्ट जिसमें 7 लोगों की जान चली गई थी, के दोषी वलीउल्लाह को गाजियाबाद की एक अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। उसे दशाश्वमेध घाट बम धमाकों में उम्र कैद की सुनाई गयी है। दोनों धमाकों में 16 लोगों की मौत हो गयी थी।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में यह धमाके 2006 में हुए थे। गाजियाबाद के कोर्ट ने वलीउल्लाह को पहले ही दोषी करार दिया था। अदालत ने अपना फैसला देते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया था।

अदालत ने सुनवाई के बाद अपने फैसले में वलीउल्लाह को धमाकों के दो मामलों में दोषी माना। हालांकि, एक अन्य मामले में उसे बरी कर दिया गया है। वलीउल्लाह को 4 जून को जिला और सत्र न्यायाधीश ने बनारस के संकट मोचन मंदिर में हुए ब्लास्ट मामले में दोषी ठहराया था। इस धमाके में सात लोगों की जान चली गयी थी।

इसके अलावा अदालत ने उसे दशाश्वमेध घाट पर कुकर बम मिलने के मामले में में भी दोषी ठहराया। हालांकि, रेलवे कैंट में बम विस्फोट मामले में उसे सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था। इन बम धमाकों में 16 लोगों की मौत हुई थी जबकि 76 लोग घायल हुए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक वलीउल्लाह की तरफ से बनारस में कोई वकील लड़ने को तैयार नहीं हुआ था जिसके बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर सुनवाई ग़ाज़ियाबाद कोर्ट में ट्रांसफर कर दी गयी थी। इन धमाकों में शामिल अन्य तीन आतंकियों की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।

राहुल कल मानसा में मूसेवाला के परिजनों से मिल सकते हैं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को पंजाब के मानसा जा रहे हैं जहाँ वे पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता दिवंगत सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मिलेंगे। राहुल विदेश के दौरे से लौट आये हैं और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक राहुल मानसा जाएंगे और दिवंगत मूसेवाला के परिवार के सदस्यों से मिल सकते हैं। बता दें हाल में अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी गायक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी हत्या पर पंजाब ही नहीं देशभर से प्रतिक्रियाएं आई हैं और उनकी मौत पर बड़ी तादाद में प्रशंसकों ने गहरा दुःख जताया है।

मूसेवाला की हत्या पर पंजाब की मान सरकार को भी फजीहत झेलनी पड़ी क्योंकि एक दिन पहले ही उसने अन्य लोगों के साथ मूसेवाला की सुरक्षा वापस ले ली थी। इस हत्या की जांच अभी चल रही है।

सिखों को मॉडर्न हथियारों की ट्रेनिंग मिले, अकाल तख्त जत्थेदार ने कहा

ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मौके पर अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में सोमवार खालिस्तान समर्थक नारे लगे जबकि अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि सभी सिखों को गतका के साथ-साथ मॉडर्न हथियार चलाने की ट्रेनिंग देने और इसके लिए मॉडर्न हथियारों के अखाड़े, जिन्हें शूटिंग रेंज कहते हैं, भी तैयार किए जाने चाहिएं।

इस मौके पर श्री अकाल तख्त साहिब पर चल रहे अखंड पाठ का भोग डाला गया। बाद में वहां ब्लू स्टार ऑपरेशन के दौरान मारे गए सिखों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जब अकाल तख्त के जत्थेदार संदेश दे रहे थे, उसी समय दूसरी तरफ खालिस्तान के नारे लग रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक अकाल तख्त साहिब के नीचे जुटे लोगों ने पंजाब को खालिस्तान बनाने की मांग रखी।

सिख संगत को दिए अपने संदेश में ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सिख प्रचार कमेटियों और संस्थाओं को गांवों, खासकर बॉर्डर क्षेत्र में, जाकर सिख धर्म का प्रचार करने को कहा। उन्होंने कहा कि सिखों का धर्म में मजबूत होना बहुत जरूरी है। अगर सिख धर्म मजबूत होगा तो वह आर्थिक और सामाजिक तौर पर भी मजबूत हो जाएंगे। और यदि ऐसा हुआ तो उन्हें राजनीतिक तौर पर मजबूत होने से कोई नहीं रोक सकता।

सिंह ने कहा – ‘सभी सिखों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग जरूरी है। सिखों को ट्रेनिंग अकादमी शुरू करनी चाहिए, ताकि वे जान सकें कि वे कैसे हथियार चला सकते हैं।’ ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सिखों को गतका के अलावा मॉडर्न हथियारों की ट्रेनिंग देने का संदेश दिया। सिंह ने कहा – ‘धन गुरु अंगद देव जी महाराज ने माला साहिब में गतका अखाड़े तैयार किए थे। ऐसा कहने में हर्ज नहीं है कि अब सिखों को भी मॉडर्न हथियारों के अखाड़े, जिन्हें शूटिंग रेंज कहते हैं, भी तैयार किए जाएं। यह समय की जरूरत है।’

उन्होंने स्वर्ण मंदिर के बाहर ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सिख कैदियों को जेलों से रिहा करने की मांग उठाई। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया – ‘सिखों को कभी आजादी नहीं मिली। सिखों को राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हमें धार्मिक रूप से मजबूत होने की जरूरत है। इस बार पुलिस को तैनात कर सरकार ने सिखों को कंट्रोल करने की कोशिश की है।’

उनके अलावा सरबत खालसा की तरफ से चुने गए जत्थेदार ज्ञानी ध्यान सिंह मंड ने सिखों के पलायन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा – ‘पंजाब पर चारों तरफ से हमला चिंता का विषय है। इस कारण ही सिख विदेशी धरती पर जा रहे हैं। जो यहां हैं, वे नशे की भेंट चढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं, सिद्धू मूसेवाला जैसे लोग नस्लकुशी की भेंट चढ़ रहे हैं।’

सलमान खान और पिता सलीम खान को मिली धमकी मामले में पुलिस की जांच तेज, लॉरेंस बिश्नोई से भी पूछताछ

अभिनेता सलमान खान को मिली धमकी की जांच मामले में ज्वाइंट सीपी विश्वास नांगरे पाटिल ने सलमान के घर जाकर उनके पिता से मुलाकात की है। वहीं दूसरी तरफ धमकी भरे खत के सिलसिले में स्पेशल सेल की कस्टडी में लॉरेंस बिश्नोई से पुलिस ने पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के अनुसार रविवार की सुबह सैर के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने सलीम खान को एक पत्र दिया जिसमें सलीम खान और सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी गई थी और पत्र में लिखा था कि, तेरा मूसेवाला बना देंगे। इस पत्र के मिलने के तुरंत बाद ही सलीम खान ने अपने सुरक्षाकर्मियों की मदद से पुलिस से संपर्क कर बांद्रा थाने में मामला दर्ज कराया।

धमकी भरे पत्र में अंत में जीबी और एलबी लिखा हुआ था। जिसके चलते यह कयास लगाए जा रहे है कि जीबी मतलब गोल्डी बरार व एलबी मतलब लॉरेंस बिश्नोई हो सकता है। इस मामले में बांद्रा पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

आपको बता दे, काला हिरण मामले के बाद लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। और हाल ही में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की दिन दहाड़े हुई हत्या के बाद से तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी मीडिया में काफी चर्चित रहा।

भाजपा प्रवक्ताओं की पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणियों ने देश को असहज किया

भाजपा के दो प्रवक्ताओं राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा और दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन जिंदल, जिन्हें भाजपा ने पार्टी से निलंबित कर दिया है, के पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान से उपजे तूफ़ान के बीच क़तर ने अपने देश की यात्रा पर गए भारत के उपराष्ट्रपति वेंकेया नायडू का रात्रि भोज रद्द करने जैसा कड़ा फैसला किया। यही नहीं कई मुस्लिम देशों ने अपने यहाँ भारत के राजदूतों को तलब करके इस बयान को लेकर सख्त नाराजगी जताई है। बता दें भारत के लाखों युवा इन देशों में नौकरियां कर रहे हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने एक निजी टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसके बाद पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है लेकिन यह मामला अब तूल पकड़ चुका है। कुवैत, कतर और ईरान ने अपने देशों में भारत के राजदूतों को तलब करके विरोध दर्ज करवाया है। इन देशों के सोशल मीडिया में भारतीय उत्पादों के बहिष्कार की मांग वाले सन्देश ट्रेंड हो रहे हैं।

भाजपा नेताओं के बयान के बाद कतर ने कहा – ‘हम भारत सरकार से सार्वजनिक माफी और इन टिप्पणियों की तत्काल निंदा की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसी इस्लामोफोबिक टिप्पणियां बिना सजा जारी रखने की अनुमति देना मानवाधिकारों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ये हिंसा और नफरत पैदा कर सकता है।’

उधर दो प्रवक्ताओं को निलंबित करने भाजपा के फैसले के बाद कांग्रेस ने कहा है कि ‘पैगम्बर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर भाजपा ने अपने दो प्रवक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई बाहरी ताकतों की चेतावनी के बाद दबाव में की और इससे पार्टी के आक्रामक रुख का पर्दाफाश हो गया है।’

भाजपा के इन दो नेताओं की आपत्तिजनक टिप्पणियों से इसलिए भी भारत को फजीहत झेलनी पड़ी है क्योंकि देश के उपराष्ट्रपति वेंकेया नायडू वर्तमान में कतर के तीन दिन के दौरे पर हैं। व्यापार को लेकर ये दौरा काफी अहमियत वाला है। लेकिन बीच दौरे के भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर क़तर के सख्त रुख ने भारत को असहज स्थिति में डाल दिया है। नायडू ने स्वीकार किया था कि भारत की करीब 40 फीसदी गैस जरूरतों को कतर पूरा करता है।