Home Blog Page 559

राज्यसभा चुनाव 2022: चार राज्यों की 16 सीटों पर वोटिंग आज

चार राज्यों की 16 राज्यसभा सीटों पर वोटिंग आज सुबह 9 बजे से जारी है। राज्यसभा की 57 सीटों में से कुल 41 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन पहले ही किया जा चुका है।

इन चुनावों में मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला, जयराम रमेश और मुकुल वासनिक व शिवसेना नेता संजय राउत प्रमुख है।

आपको बता दें, हाल ही में 57 राज्यसभा सीटों पर द्विवार्षिक चुनावों की घोषणा की गर्इ थी। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, तेलंगाना, झारखंड व उत्तराखंड में सभी 41 उम्मीदवारों को शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। बाकी बचे राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र व कर्नाटक की सभी 16 सीटों के लिए आज चुनाव जारी है।

नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को, आयोग की अधिसूचना जारी

देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को चुनाव होगा। इसे लेकर चुनाव आयोग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी है। जरूरत हुई तो 21 जुलाई को मतगणना होगी।

मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त राजीव कुमार ने राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए‍ कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि चुनाव में हिस्सा लेने वाले मतदाताओं की संख्या 4,809 होगी। इनमें 776 सांसद और 4,033 विधायक हैं।

सभी सांसद संसद में जबकि विधायक संबंधित राज्‍य की विधानसभाओं में वोट डालेंगे। हालांकि, पूर्व सूचना पर किसी भी अन्‍य लोकेशन पर वोट डाले जा सकते हैं।

आयोग के मुताबिक इसके लिए कम से कम 10 दिन पहले सूचना देनी होगी ताकि वोटिंग की व्‍यवस्‍था उस स्‍थान पर की जा सके। वोट डालने के लिए आयोग अपनी ओर से पैन उपलब्ध कराएगा। अन्‍य पैन का इस्‍तेमाल होने पर मत अवैध करार दिया जाएगा।

तीस जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 2 जुलाई होगी। मुख्य चुनाव आयुक्‍त ने स्‍पष्‍ट किया कि पार्टियां अपने सदस्‍यों को कोई व्हिप जारी नहीं कर सकेंगी। उन्‍होंने कहा – ‘घूस या अन्‍य तरीके से वोट के लिए लुभाने की कोशिश अपराध की श्रेणी में आते हैं और ऐसी स्थिति में माननीय सुप्रीम कोर्ट की ओर से इलेक्‍शन को अवैध घोषित किया जा सकता है।’

नए राष्ट्रपति की शपथ 25 जुलाई तक होनी है। साल 2017 में 17 जुलाई को चुनाव हुए थे, जिसमें रामनाथ कोविंद को बतौर राष्ट्रपति चुना गया था।

देश में कोविड-19 के 7,240 नए मामले, आठ लोगों की हुई मौत

देशभर में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 में 40 फीसदी के बड़े उछाल के साथ 7,240 नए मामले सामने आए हैं। अब कोविड संक्रमितों की कुल संख्या 4 करोड़ 31 लाख, 97 हजार 522 हो गई है। पिछले 24 घंटे में आठ लोगों की।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक कोविड संक्रमण के नए मामलों में लगातार दूसरे दिन करीब 40 फीसदी का उछाल देखा गया है। देश में कोविड से अब तक कुल 5 लाख 24 हजार 723 लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 32, 498 हो गई है। यह कुल संक्रमण का 0.08 फीसदी है। देश में रिकवरी दर 98.71 फीसदी है। देश में कुल 4 करोड़, 26 लाख, 40 हजार, 301 लोग महामारी को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।

उधर राजधानी दिल्ली में इस दौरान कोरोना के 564 नए मरीज सामने आये हैं। एक मरीज की मौत हुई है जबकि संक्रमण दर 2.84 फीसदी है। उधर देश भर में दैनिक पॉजिटिविटी रेट बढ़कर अब 2.13 फीसदी हो गया है।

हफ्ते में तीसरी बार दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर खराबी

एक हफ्ते में तीसरी बार दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर तकनीकी खामी होने से यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा और उन्हें स्कूल-कालेज-दफ्तर पहुँचने में देरी हुई। अब समस्या को हल कर दिया गया है और मेट्रो सेवा सामान्य हो गई है।

तकनीकी खराबी से ब्लू लाइन दिल्ली के द्वारका सेक्टर-21 को नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली से जोड़ने वाली लाइन में गड़बड़ हुई। बता दें तीन दिन पहले भी इसी लाइन पर यात्रियों को काफी देर तक कठिनाई झेलनी पड़ी थी।

ब्लू लाइन मेट्रो सेवाएं पिछले चार दिनों में तीन बार बाधित हुई हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने गुरुवार को ट्विटर पर यात्रियों को पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी लेकिन ज्यादातर यात्रियों, जो ट्विट्टर आदि इस्तेमाल नहीं करते, को स्टेशन पर आने के बाद ही दिक्कत की जानकारी हुई।

मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास

भारत की दिग्गज महिला क्रिकेटर मिताली राज ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसकी घोषणा पूर्व कप्तान ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पत्र के साथ की।

मिताली ने पत्र में लिखा कि, “इतने सालों तक टीम का नेतृत्व करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात थी, उसने मुझे निश्चित रूप से एक व्यक्ति के रूप में आकार दिया है। मुझे उम्मीद है कि भारतीय महिला क्रिकेट को भी आकार देने में मदद मिलेगी।”

आपको बता दें, मिताली ने ट्वीट मे लिखा कि, “मुझे सालों से मिल रहे आप सभी के प्यार और सपोर्ट का धन्यवाद। आप सब के सपोर्ट और आशीर्वाद से मैं अपनी जिंदगी की दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रही हूं।“

मिताली दाएं हाथ की बल्लेबाज है और वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भी यही है। भारत के लिए इन्होंने 232 वनडे मैच खेलते हुए 50.68 की औसत से 7805 रन बनाए हैं।

उन्होंने जून 1999 आयरलैंड के खिलाफ एक वनडे मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। साथ ही मिताली की कप्तानी में वर्ष 2017 में आईसीसी महिला वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल तक भी पहुंची थी। हालांकि इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 39 वर्षीय मिताली भारत के लिए 12 टेस्ट, 232 वनडे और 89 टी 20 मैच खेले है।

लगातार दूसरी बार रेपो रेट में बढ़ौतरी, 4.90 फीसदी हुआ

देश में महंगाई की दर के 7.79 फीसदी पर पहुंच जाने के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मॉनिटरिंग पॉलिसी कमेटी ने बुधवार को नीतिगत दरों (रेपो रेट) में बढ़ोतरी की है। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बुधवार बताया कि इस महीने 0.50 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। अब रेपो रेट की ताजा दर 4.90 फीसदी हो गई है।

आरबीआई ने पिछले महीने भी रेपो दर और नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) में बढ़ोतरी की थी। तब रेपो दर 0.40 फीसदी बढ़ाकर 4.40 फीसदी की गयी थी। उस समय सीआरआर में भी 0.50 फीसदी की बढ़ौतरी की गई थी। रिजर्व बैंक के लगातार दो बार रेपो रेट बढ़ाने का कारण मुद्रास्फीति (महंगाई) को बताया जा रहा है।

देश में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति अक्टूबर, 2021 से ही लगातार बढ़ रही है। खुदरा मुद्रास्फीति जनवरी से आरबीआई के छह फीसदी के संतोषजनक स्तर से ऊपर है जबकि अप्रैल, 2022 में यह आठ साल के उच्च स्तर 7.79 फीसदी पर जा पहुँची।

आरबीआई ने इस बार रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट यानी 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इससे होम लोन की ईएमआई में बढ़ोतरी होगी। यह उन लोगों के लिए हालांकि लाभकारी है जो बैंक एफडी कराते हैं।

गृह मंत्रालय में देर रात लगी आग, कोई हताहत नहीं

दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्रालय की पहली मंजिल पर मंगलवार की देर रात आग लग गई थी। हालांकि दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर 7 गाड़ियों को मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया और किसी भी प्रकार की हताहत नहीं हुई।

दमकल विभाग के मुताबिक आग गृह मंत्रालय के दफ्तर के रूम नम्बर 82 ए और बी में लगी थी। बता दे, यह रूम टेलीफोन एक्सचेंज का दफ्तर बताया जा रहा है।

आग लगने का कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। एक अधिकारी ने घटना के बारे में सूचना देते हुए कहा कि, “दमकल विभाग ने सुबह एक बजे के करीब आग पर काबू पा लिया और आग बुझाने का संदेश साझा किया। साथ ही किसी भी प्रकार की हताहत की कोई सूचना नहीं मिली है।“

यूपी: पबजी खेलने से रोकने पर नाबालिग ने की अपनी मां की गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआर्इ इलाके में एक 16 वर्षीय लड़के ने अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी है। सूत्रों के अनुसार हत्या करने का कारण बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़के की मां ने उसे ‘पबजी गेम’ खेलने से रोका था।

लड़के के पिता आर्मी ऑफिसर हैं और कोलकाता में रहते हैं। बताया जा रहा है कि नाबालिग पबजी गेम खेलने का आदी था और उसकी मां उसे अक्सर टोका करती थी। रविवार को जब उसकी मां ने उसे फिर पबजी गेम खेलने से रोका तो गुस्से में आकर उसने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी।

मां की हत्या के बाद नाबालिग ने अपनी मां के शव को घर में तीन दिन तक छिपाकर रखा और छोटी बहन को एक कमरे में बंद कर दिया था। लेकिन जब शव से तेज़ दुर्गंध आने लगी तब आरोपी ने पुलिस को सूचना दी और किसी इलैक्ट्रीशियन की झूठी कहानी पुलिस को सुनार्इ। किंतु जांच के अंत में वारदात का खुलासा हो गया। और पुलिस ने लड़के को हिरासत मे ले लिया।

पुलिस ने कहा है कि, “हमने लड़के को हिरासत में ले लिया है व प्रारंभिक जांच से पता चला है कि लड़का पबजी गेम खेलने का आदी था और उसकी मां उसे गेम खेलने से रोकती थी। और उसने अपने पिता की पिस्तौल से इस घटना को अंजाम दिया। साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान नाबालिग पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी कहानी भी सुना रहा था।“

आपको बता दें, इसी प्रकार की एक घटना मुंबर्इ ठाणे से भी आर्इ है। मार्च माह में तीन दोस्तों ने पबजी गेम खेलने के दौरान दुश्मनी को लेकर चाकू मारकर यहां के निवासी की हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के साथ दो नाबालिगों को भी गिरफ्तार कर लिया था।

अमित शाह ने एनटीआरआई का किया उद्घाटन कहा- “आने वाले पचास वर्षों में आज की इस पहल की सब करेंगे सराहना”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में नवनिर्मित राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान (एनटीआरआई) का उद्घाटन किया। एनटीआरआई आदिवासी विरासत और संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण के लिए प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान होगा और शैक्षणिक, कार्यकारी और विधायी क्षेत्रों में आदिवासी अनुसंधान मुद्दों और मामलों के तंत्रिका केंद्र के लिए प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान केंद्र होगा।
यह संस्थान राज्यों के साथ समन्वय, अनुसंधान, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, अन्य संस्थानों की कैपेसिटी बिल्डिंग, डाटा संग्रह और जो अच्छे कार्य हुए हैं उनका प्रचार-प्रसार करके लोगों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का भी काम करेगा। यह आदिवासी जीवन शैली के सामाजिक-आर्थिक पहलुओं में सुधार करेगा। साथ ही जनजातीय मामलों के मंत्रालय के साथ-साथ राज्य कल्याण विभागों, डिजाइन अध्ययन और कार्यक्रमों को नीतिगत इनपुट भी प्रदान करेगा।

इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि, “आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी जी के विजन के अनुसार राष्ट्रीय जनजातीय अनुसंधान संस्थान आखिरकार अस्तित्व में आ रहा है। हम सोच सकते हैं कि यह सिर्फ एक और संस्था है, लेकिन ऐसे संस्थानों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका होती है।”

उन्होंने आगे कहा कि, “यह भवन आदिवासी मामलों में संस्थागत विकास में बड़ा योगदान देगा और आगे आने वाले 50 वर्षों में सभी आज की इस पहल की सराहना करेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में सरकार आठ वर्ष में आदिवासियों के विकास पर पूरा जोर दिया है गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी जी ने जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए वनबंधु कल्याण योजना के रूप में एक ऐसी योजना शुरू की जिससे व्यक्ति, गाँव और क्षेत्र का समानांतर विकास हुआ। मोदी जी ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अनेक प्रकार की विविधता वाले इस देश के 8 प्रतिशत जनजातीय समाज के विकास को एक सूत्र में पिरोने के लिए इस संस्थान की कल्पना की थी। जनजातीय त्यौहारों को, उनकी मूल भावना को संजोए रखते हुए, आधुनिक स्वरूप देकर लोकप्रिय बनाने का काम भी करेगा, जनजातीय संग्रहालयों की विविधता, रखरखाव पर भी काम करेगा।“

गृह मंत्री ने आगे बताया कि, “सरकार द्वारा पहले एक छात्र पर 42,000 रुपए खर्च किए जाते थे लेकिन अब 1,09,000 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साथ ही छात्रवृत्ति में भी वृद्धि की है। वर्ष 2014 में 978 करोड़ रुपए और अब 2,546 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं। जनजातीय योजनाओं के लिए 2014 में 21,000 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे जिसे 2021-22 में बढ़ाकर 86,000 करोड़ रुपए किया गया और इसमें से 93% खर्च भी किया गया।

आदिवासियों के घर में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना के तहत 1.28 करोड़ आदिवासी घरों में मोदी सरकार नल से जल पहुंच चुकी है, 1.45 करोड़ आदिवासियों के घर में शौचालय है, 82 लाख जनजातीय परिवारों को आयुष्मान कार्ड दिया गया है, प्रधानमंत्री आवास योजना में 40 लाख से ज्यादा जनजातीय परिवारों को घर देने का काम भी किया गया है।

सरकार ने अनुसंधान संस्थान और जन शिक्षा पर बल देते हुए वर्ष 2014 में सात करोड़ रुपए के बजट को वर्ष 2022 के बजट में बढ़ाकर 150 करोड़ रुपए कर दिया है। साथ ही एनटीआरआई की पहली के बाद स्ट्रक्चरल तरीके से देशभर की जनजातियों को, छोटी से छोटी जनजाति को समाहित करके, उसके कल्याण की योजना यह अनुसंधान केंद्र बनने के बाद बनने की यह पहल की गयी है।“

सीमा पार से आये ड्रोन ने जम्मू के क्षेत्र में तीन आईईडी फेंके

सीमा पार से भारत के क्षेत्र में ड्रोन से हथियार या गोला-बारूद भेजने का सिलसिला जारी है। अब सोमवार की रात जम्मू के कानाचक सेक्टर के दयारान इलाके में एक ड्रोन ने सीमा पार से आकर तीन आईईडी भारत के क्षेत्र में फेंके और वापस चला गया।

जम्मू कश्मीर पुलिस के मुताबिक सोमवार देर रात करीब 11 बजे पाकिस्तान की तरफ से एक ड्रोन आठ किलोमीटर भीतर तक आ गया। उससे तीन आईईडी फेंके गए। ये आईईडी तीन किलो वजनी थे। आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक यह आईईडी बच्चों के टिफिन बॉक्स में रखे गए थे। इनमें ‘टाइमर’ भी लगा था। इसे लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। ड्रोन की इस गतिविधि के बाद वहां पुलिस के जवानों को तैनात किया गया। उन्होंने सामान्य क्षेत्र में ड्रोन विरोधी एसओपी का पालन किया।

जानकारी के मुताबिक पुलिस ने जब ड्रोन को देखा और उस पर फायरिंग भी की गयी, हालांकि, ड्रोन से पेलोड को तो नीचे ले आया गया लेकिन ड्रोन नहीं लाया जा सका। पेलोड में बच्चों के टिफिन बॉक्स के अंदर पैक किए गए तीन चुंबकीय आईईडी थे, जिनका टाइमर क्रमशः 3 और 8 घंटे के अलग-अलग समय पर सेट किया गया था।