Home Blog Page 537

शिंदे गुट को सुप्रीम कोर्ट से राहत, 16 विधायकों पर टली कार्रवाई

महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच शिंदे गुट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने शिंदे गुट के 16 विधायकों की अयोग्यता मामले में सुनवाई को टाल दिया है। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में बेंच गठित की जाएगी और इस प्रक्रिया में समय लगेगा।

साथ ही उद्धव ठाकरे गुट को भी सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर को आदेश दिया है कि जब तक मामले में सुनवाई पूरी नहीं होती तब तक स्पीकर कोई निर्णय नहीं लेंगे।

गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे गुट की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा था कि कल अयोग्यता मामला विधानसभा में सुना जाएगा और जब तक सुप्रीम कोर्ट कोर्ट सुनवाई नहीं करता तब तक के लिए स्पीकर को निर्णय लेने से रोक दिया जाए। और इस पर सीजेआई ने विधायकों की अयोग्यता के किसी भी फैसले पर रोक लगा दी है।

आपको बता दें, शिवसेना के 16 बागी नेताओं के खिलाफ विधानसभा के डिप्टी स्पीकर ने उनकी योग्यता पर सवाल खड़े किए थे और नोटिस जारी किए थे। और इस नोटिस के खिलाफ शिंदे गुट ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। उसी मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने दोनों पक्षों के विधायकों की योग्यता-अयोग्यता मामले में किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगा दी है।

शिवसेना सांसदों की मातोश्री में बैठक, राष्ट्रपति चुनाव पर पार्टी के रुख की होगी चर्चा

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सोमवार को पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई है। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति चुनाव में किसे समर्थन देना है इस पर विचार किया जाएगा। यह बैठक दोपहर 12 बजे उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री में होगी।

गौरतलब है कि इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि सबकी नजरे इसपर टिकी है कि इस बैठक में शामिल होने वाले सांसदों की संख्या कितनी होगी। इस संदर्भ में शिवसेना सांसद विनायक राउत ने रविवार को मीडिया को बताया कि, “बैठक सोमवार को दोपहर 12 बजे होगी। और बैठक का एजेंडा 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव पर पार्टी के रुख पर चर्चा करना है।“

बता दें, कुछ समय पश्चात शिवसेना सांसद राहुल शेवाले और राजेंद्र गावित ने उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की अपील कर चुके है। लेकिन पूर्व में शिवसेना ने एनडीए के साथ नाता तोड़ लिया था और कांग्रेस नेता प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी का समर्थन किया था।

शिवसेना ने 2019 में एनडीए छोड़ दिया क्योंकि पार्टी ने पुराने सहयोगी भाजपा को छोड़कर महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बनाई थी।

गुजरात और तेलंगाना में भारी बारिश के चलते शहरों में जलभराव

दक्षिण पश्चिम मानसून के कारण लगातार हो रही बारिश से गुजरात और तेलंगाना में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गर्इ है। साथ ही दक्षिण और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

निचले इलाकों में जलभराव के कारण करीब 1500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात के डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में अगले पांच दिन के भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

बता दें, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के जिला कलेक्टरों के साथ बैठक कर दक्षिण गुजरात व छोटाउदेपुर में भारी बारिश के कारण पैदा हो रहे हालातों से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की है।

मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का निधन

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादल की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार को दोपहर में निधन हो गया है। वे काफी समय से फेफड़ों के संक्रमण व अन्य बिमारियों से पीड़ित थी और गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

बता दें, मुलायम और साधना गुप्ता की शादी वर्ष 2003 में हुर्इ थी। साधना गुप्ता भाजपा नेत्री अपर्णा यादव की सास व प्रतीक यादव की मां थी। आज उनकी मृत्यु से कुछ समय पश्चात ही मुलायम सिंह यादव उनसे मिलने पहुंचे थे।

अमरनाथ हादसे में 15 की मौत, 40 अभी भी लापता, यात्रा स्थगित

अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शुक्रवार शाम हुई बादल फटने की घटना में मरने वालों की तादाद 15 पहुँच गयी है जबकि 40 श्रद्धालु अभी भी लापता हैं।

पुलिस और एनडीआरएफ अधिकारियों के मुताबिक घटना में कई टेंट और सामुदायिक रसोईघर नष्ट हो गए हैं। जम्मू कश्मीर प्रशासन के मुताबिक त्रासदी के कारण अमरनाथ यात्रा निलंबित कर दी गयी है और उसे बहाल का निर्णय बचाव अभियान पूरा हो जाने के बाद ही किया जाएगा।

घटनास्थल के आसपास फंसे अधिकांश यात्रियों को हेलीकॉप्टर की मदद से पंजतरणी शिफ्ट कर दिया गया है जिनके लिए रेस्क्यू तड़के 3.38 बजे तक चला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित देश भर के नेताओं ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है।

बचाव दल रात पर लोगों को बचने में लगा रहा। हादसे में अब तक 15 लोगों के शव मिले हैं जबकि 40 लोग अभी लापता हैं। इससे मरने वालों की संख्या ज्यादा हो सकती है। जो शव मिले हैं उनमें सात महिला, छह पुरुष और दो बच्चे हैं। अब तक करीब 15,000 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एक भी श्रद्धालु ट्रैक पर नहीं बचा है।

बादल फटने से आई बाढ़ में यात्रियों के लिए लगे टेंट और लंगर बह गए। रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है क्योंकि बादल फटने से आई बाढ़ के मलबे में लोग दबे हो सकते हैं। लोगों को वहां से हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया है।

याद रहे साल 1969 में भी ऐसे ही एक हादसे में करीब 100 अमरनाथ श्रद्धालु जान गँवा बैठे थे। साल 2017, 2018 और 2019 में अमरनाथ यात्रा के दौरान बस हादसे हुए थे जिनमें कई लोगों की जान चली गयी थी।

एलन मस्क ने ट्वीटर के साथ तोड़ दी डील, ट्वीटर मुकद्दमा करेगा

एलन मस्क ने ट्विटर के साथ 44 बिलियन डॉलर की डील तोड़ दी है। ट्विटर मस्क को डील के मुताबिक फेक अकाउंट संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाया जिसके बाद मस्क ने डील खत्म करने का फैसला किया। उधर ट्विटर के चेयरमैन ने कहा है कि बोर्ड ने विलय समझौते को लागू करने के लिए कानूनी कार्रवाई करने की योजना बनाई है।

मस्क के वकीलों ने कहा कि ट्विटर फेक या स्पैम खातों की जानकारी के लिए कई अनुरोधों का जवाब देने में विफल रहा या मना कर दिया, जो कंपनी के व्यावसायिक प्रदर्शन के लिए मौलिक है। ट्वीटर की ओर से फाइलिंग में इन वकीलों ने कहा कि ‘ट्विटर समझौते के कई प्रावधानों का उल्लंघन कर रहा है। ऐसा लगता है कि उसने गलत और भ्रामक डील की है, जिस पर मस्क ने मर्जर का फैसला किया था।’

याद रहे जब अप्रैल में मस्क ने प्रति शेयर 54.20 डॉलर कंपनी को ऑफर किए थे तब ट्विटर के शेयर एक्सटेंडेड ट्रेडिंग में 7 फीसदी डाउन थे। मस्क ने सौदे को तोड़ने की धमकी दी थी और कहा कि कंपनी यह सबूत दिखाए कि स्पैम और बॉट खाते 5 फीसदी से कम उपयोगकर्ता हैं, जो सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखते हैं। फैसले के परिणामस्वरूप अरबपति और 16 वर्षीय सैन फ्रांसिस्को स्थित कंपनी के बीच लंबे समय तक कानूनी विवाद होने की संभावना है।

इस बीच ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टायलो ने माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर कहा कि बोर्ड ने विलय समझौते को लागू करने के लिए कानूनी कार्रवाई करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा – ‘ट्विटर बोर्ड मस्क के साथ सहमत मूल्य और शर्तों पर सौदे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।’

उधर ट्विटर के बोर्ड अध्यक्ष ब्रेट टेलर ने शनिवार कहा – ‘ट्विटर अमेरिकी अरबपति और उद्यमी एलन मस्क के खिलाफ उन्हें सहमत शर्तों पर सोशल मीडिया कंपनी खरीदने के लिए मुकदमा दायर करेगा। ट्विटर बोर्ड मस्क के साथ सहमत कीमत और शर्तों पर सौदे को बंद करने के लिए प्रतिबद्ध है और विलय समझौते को लागू करने के लिए कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहा है।’

भारतीय मूल के ऋषि सुनक ने पेश की ब्रिटेन के पीएम पद के लिए दावेदारी

ब्रिटिश राजकोष के चांसलर रहे ऋषि सुनक ने बोरिस जॉनसन की प्रधानमंत्री और कंजरवेटिव पार्टी के नेता पद से इस्तीफे के बाद इस पद के लिए दावेदारी पेश की है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा – ‘मैं कंजरवेटिव पार्टी का अगला नेता और आपका प्रधानमंत्री बनने के लिए खड़ा हूं। आइए विश्वास बहाल करें, अर्थव्यवस्था का पुनर्निर्माण करें और देश को फिर से जोड़ें।’ सुनक यदि नेता चुने जाते हैं तो ब्रिटिश पीएम बनने वाले भारतीय मूल के पहले नेता होंगे।

सुनक ब्रिटेन के उन पहले मंत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने बोरिस जॉनसन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा दे दिया था। बता दें सुनक के दादा-दादी भारत के पंजाब से ब्रिटैन आए थे। उन्होंने अगस्त 2009 में भारतीय अरबपति और इंफोसिस के संस्थापक एनआर नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से विवाह किया था। उनकी दो बेटियां हैं।

ट्वीट पर अपने वीडियो संदेश में सुनक (49) ने अपनी दादी की कहानी साझा की, जो बेहतर जीवन की तलाश में इंग्लैंड के लिए एक विमान में सवार हुई थीं। ऋषि ने कहा – ‘वह एक नौकरी खोजने में कामयाब रहीं। लेकिन उसके पति और बच्चों को इसका पालन करने के लिए पर्याप्त पैसा बचाने में करीब एक साल लग गया। परिवार मेरे लिए सब कुछ है।’

याद रहे सुनक के राजकोष के चांसलर के रूप में इस्तीफे ने ही वास्तव में बोरिस जॉनसन के इस्तीफे का रास्ता साफ़ किया। इसके बाद इस्तीफों की झड़ी लग गयी। और आखिर जॉनसन को जाना पड़ा।

भारत में कल एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित, शिंजो आबे के निधन पर पीएम मोदी दुखी

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के दुखद निधन के बाद भारत सरकार ने एक दिन का राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। कल यानी शनिवार को सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज झुके रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि, “पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के प्रति हमारे गहरे सम्मान के प्रतीक के रूप में 9 जुलाई 2022 को एक दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा।“

उन्होंने आगे कहा कि, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, एक उत्कृष्ट नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।“

अपनी संवेदनाओं को प्रकट करते हुए उन्होंने आगे कहा कि, मिस्टर आबे के साथ मेरा जुड़ाव काफी साल पुराना है। मैं गुजरात में मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान से उन्हें जानता हूं और मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी है।“

उत्तराखंड में पंजाब के पर्यटकों की कार नदी में बह जाने से 9 की मौत, एक को बचाया गया

एक बड़े हादसे में शुक्रवार को उत्तराखंड के रामनगर में दस पर्यटकों की कार नदी में गिर जाने से नौ की मौत हो गयी। यह सभी पंजाब के रहने वाले थे। हादसे में एक युवती को बचा लिया गया।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा तब हुआ जब उनकी कार रामनगर के पास ढेला नदी में जा गिरी। कार नदी में गिरते ही तेज बहाव में बह गई। हादसा आज सुबह करीब पौने छह बजे हुआ।

यह लोग पटियाला के रहने वाले पर्यटक थे और वापस पंजाब लौट रहे थे। पुलिस ने कहा कि 10 पर्यटक ढेला के एक रिसॉर्ट में रह रहे थे। रामनगर पुलिस के मुताबिक पर्यटकों के शव ढूँढ़े जा रहे हैं। कुछ शव मिले हैं जबकि अन्य कार में फंसे हैं।

हादसे के बाद कार में बैठी नाजिया (22) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे रामनगर अस्पताल में दाखिल किया गया है, जहाँ उसकी हालत सुधर रही है। अन्य शवों को निकालने के प्रयास जारी हैं।

जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का निधन,कैंपेनिंग के दौरान मारी थी गोली

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन हो गया है। पीएम शिंजो आबे पर शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दिन में 11.30 पर हमला हुआ। उन्हें गोली मारी गई है। यह हमला आबे पर उस वक्त हुआ जब वे पश्चिमी जापान के नारा शहर में भाषण दे रहे थे। सीने में गोली लगने से वे मौके पर ही घायल हो गए और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें सीने में गोली लगने के बाद जब अस्पताल ले जाया गया तब वे लगभग अचेत अवस्था में थे। कुछ ख़बरों में बताया गया है कि वे उस समय ‘कार्डियक अरेस्ट’ जैसी हालत में थे और उनके शरीर में कोई हरकत नहीं दिख रही थी। उन्हें बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालाकि संदिग्ध हमलावर को मौके पर ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

बता दें, जापान में उच्च सदन के चुनाव होने हैं। इसी के चलते शिंजो आबे वहां कैंपेनिंग कर रहे थे। शिंजो आबे सबसे लंबे समय तक जापान के प्र्धानमंत्री रहे है। शिंजो आबे वर्ष 2006-07 से और फिर वर्ष 2012-20 से दो बार जापान के प्रधानमंत्री रहे। उन्हें पिछले साल भारत सरकार ने पदम् विभूषण से सम्मानित किया था। आबे को तब गोली मारी गयी जब वे भाषण दे रहे थे। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि 74 वर्षीय आबे गोली लगने के तुरंत बाद नीचे गिर पड़े। वे अपने हाथ से अपना सीना दबाए हुए थे और खून की धार उनके शरीर से बह रही थी। यह कहा गया है कि उनके शरीर में हरकत नहीं दिख रही थी। उन्हें आननफानन में अस्पताल ले जाया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शायद आबे ‘कार्डियक अरेस्ट में चले गए होंगे’, जिस कारण उनके शरीर में हरकत नहीं थी। मीडिया में आई तस्वीरों में दिख रहा है कई एंबुलेंस और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ‘पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे शुक्रवार को पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक अज्ञात व्यक्ति के हमले के बाद गिर गए। घटना के समय इलाके में गोलियों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।