Home Blog Page 515

विपक्षियों को खत्म करने के लिए ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग गलत : उद्धव

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी से अलग हुए गुट या भाजपा से किसी तरह के समझौता न करने का साफ़ संकेत देते हुए कहा है कि महाविकास आघाड़ी का प्रयोग गलत नहीं था क्योंकि प्रदेश की जनता ने इसका स्वागत किया था। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए ‘विपक्षियों को खत्म करने के लिए जारी ईडी, सीबीआई के दुरुपयोग की भी कड़ी निंदा की है। ठाकरे ने अपनी सरकार गिरने पर कि सत्ता आती है और जाती है और फिर वापस आती है, लिहाजा हम इससे विचलित नहीं हैं।

शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में अपने लम्बे इंटरव्यू के दूसरे हिस्से में उद्धव ने कहा – ‘भाजपा में आज बाहर से आए लोगों को ही सब कुछ दिया जाता है। मुख्यमंत्री पद से विरोधीपक्ष के नेता पद तक। दिल्लीवालों को शिवसेना बनाम शिवसेना का झगड़ा लगाकर महाराष्ट्र में मराठी माणुस के हाथ से ही मराठी माणुस का सिर फुड़वाना है। जिन्हें मैंने अपना माना वो लोग ही छोड़कर चले गए। मतलब वे लोग कभी हमारे थे ही नहीं। उन्हें लेकर बुरा लगने की कोई वजह नहीं है।’

ठाकरे ने देश में लोकतंत्र के भविष्य, विपक्षियों को खत्म करने के लिए जारी ईडी, सीबीआई के दुरुपयोग की कड़ी निंदा की और कहा – ‘देश के वर्तमान हालात ठीक ऐसे ही हैं परंतु सत्ताधारियों को विपक्षी दलों से डर लगने लगा हो तो इसे उनकी दुर्बलता कहेंगे। लोकतंत्र का अर्थ यह नहीं है कि हर बार जीत ही मिले। शिवसेना, कांग्रेस, भाजपा कोई भी पार्टी हो, उन्हें लगातार जीत हासिल नहीं होती। हार-जीत सभी की होती है।’

शिव सेना नेता ने कहा – ‘मैं भी मुख्यमंत्री था। आज नहीं हूं, पर आपके सामने पहले की तरह ही बैठा हूं। क्या फर्क पड़ा? सत्ता आती है और जाती है। फिर वापस आती है। मेरे लिए कहें तो सत्ता हो या न हो, कोई फर्क नहीं पड़ता। अटल जी ने एक बार कहा था कि सत्ता आती है, जाती है। लेकिन देश रहना चाहिए। देश रहने के लिए सभी पार्टियों ने मिलकर काम नहीं किया तो हम ही अपने देश के शत्रु कहलाएंगे, क्योंकि देश में आज भी कई समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। रुपया नीचे गिर रहा है और महंगाई आसमान छू रही है। बेरोजगारी बहुत है। इन मुद्दों पर किसी का ध्यान नहीं है। बस लीपापोती की जा रही है।’

उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र खतरे में है। न्यायालय पर दबाव है। केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। केंद्रीय जांच एजेंसियों को लेकर कई बार न्यायालय ने भी अपने विचार व्यक्त किए हैं। हमारे देश में इस वक्त लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही ही आ गई है, ऐसा मैं नहीं कहूंगा परंतु जिस दिशा में कदम बढ़ रहे हैं उसे देखते हुए कई लोगों का मानना है कि ये कदम, ये लक्षण कुछ ठीक नहीं हैं। ये गलत दिशा में जा रहे हैं। ऐसा ही अनेक का मत है।’

हैदराबाद गैंगरेप में आरोपी चार लड़कों को अदालत से जमानत

हैदराबाद नाबालिग गैंगरेप मामले में विधायक के बेटे समेत चार नाबालिग आरोपियों को जमानत दे दी गई है। उन्हें यह जमानत पांचवें अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने दी है।

बता दें सामूहिक दुष्कर्म की शिकार 17 साल की लड़की के मामले में छह लोग गिरफ्तार किये गए थे जिनमें से एक नाबालिग आरोपी किशोर गृह में है क्योंकि उसकी जमानत याचिका तेलंगना उच्च न्यायालय में लंबित है। इस मामले का इकलौता वयस्क आरोपी सादुद्दीन मलिक चंचलगुडा जेल में बंद है।

याद रहे हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में पार्टी करने के बाद घर जा रही नाबालिग के साथ पांच युवकों ने कथित तौर पर गैंगरेप किया था। लड़के बाद में उसे एक पेस्ट्री-कम-कॉफी शॉप ले गए। बाद में एक इनोवा में में उन्होंने नाबालिग से बारी-बारी दुष्कर्म किया।

लड़की के पिता ने पुलिस ने दर्ज शिकायत में बेटी के ‘शील भंग’ का मामला दर्ज करवाया था। बाद में इसे दुष्कर्म केस में बदल दिया गया। नाबालिग आरोपी 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र हैं और वे राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवारों से हैं।

पुलिस ने यह भी कहा था कि उसे मिले एक वीडियो में एक किशोर को कथित तौर पर लड़की के साथ गलत व्यवहार करते हुए देखा सकता है। हालांकि, वह लड़का दुष्कर्म में शामिल नहीं था। फिलहाल मामला कोर्ट में है।

राज्यसभा से 19 सदस्य पूरे हफ्ते के लिए निलंबित

तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य सुष्मिता देव, शांतनु सेन और डोला सेन सहित विभिन्न दलों के 19 सांसदों को संसद के मॉनसून सत्र के दौरान वेल में प्रवेश करने और नारेबाजी के लिए इस हफ्ते की बाकी की कार्यवाही के लिए मंगलवार को निलंबित कर दिया गया है।

राज्यसभा से निलंबित किए गए सांसदों में सुष्मिता देब, शांतनु सेन और डोला सेन के अलावा मौसम नूर, शांता छेत्रीय, नदीमुल हक, अबीरंजन विश्‍वास (सभी तृणमूल कांग्रेस) के अलावा ए रहीम और शिवदासान (वामदल), कनिमोझी (डीएमके), बीएल यादव (टीआरएस) और मोहम्‍मद अब्‍दुल्‍ला शामिल हैं।

बता दें सोमवार को लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने भी कांग्रेस के चार सदस्‍यों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया था। लोकसभा में हंगामे के लिए कांग्रेस सदस्यों ज्योतिमणी, माणिकम टैगोर, टीएन प्रथापन और राम्या हरिदास को निलंबित किया गया था।

बाद में बिरला के कक्ष में हुई सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों ने स्पीकर बिरला को सदन में तख्तियां नहीं दिखाने और हंगामा नहीं करने के लिए आश्वस्त किया था। विपक्षी सांसदों ने सदन के सुचारू संचालन में सहयोग को लेकर भी भरोसा दिया था, हालांकि, सदन में तख्तियां लहराई गईं और हंगामा हुआ था।

याद रहे, बढ़ती महंगाई और जरूरी वस्‍तुओं पर जीएसटी के मुद्दे तख्तियां और बैनर लेकर हंगामा करने वाले विपक्ष के सांसद मांग कर रहे हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी संसद में आएं और इन मु्द्दों पर उनकी बात को सुनें। विपक्ष लगातार महंगाई के मसले पर चर्चा की मांग कर रहा है।

राहुल गांधी को विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया

सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ कर रहा है। दूसरे दौर की पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय ने सोनिया गांधी को बुलाया है। इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ जांच एजेंसी के कार्यालय में मौजूद है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे और सड़क पर बैठ गए थे किंतु उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि संसद में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से पहले राहुल गांधी भी र्इडी गए थे।

यह प्रदर्शन कीमतों में वृद्धि, जीएसटी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग समेत कई अन्य मुद्दों पर किया जा रहा है। लगभग 30 मिनट तक चले गतिरोध के बाद कांग्रेस के नेताओं को हिरासत में ले लिया गया परंतु राहुल गांधी को हिरासत में लेने से पहले उन्होंने कहा कि, “भारत में मोदी जी एक राजा है और पुलिस का राज है।“

आपको बता दें, संसद का मानसून सत्र जारी है और पूरे मानसून सत्र के लिए पार्टी के चार सांसदों को निलंबित कर दिया गया है जिसके बाद से सांसद संसद में विपक्ष को चुप करने का विरोध कर रहे थे। कांग्रेस सांसदों को राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करने की इस योजना को विजय चौक चौराहे पर ही रोक दिया गया।

हालांकि इस पूरी कार्यवाही पर कांग्रेस नेता लगातार यह बोल रहे है कि हम पुलिस के नियमों के मुताबिक ही विरोध कर रहे है किंतु पीएम मोदी और अमित शाह द्वारा विपक्ष को पूरी तरह से नष्ट करने और विपक्ष की आवाज दबाने की साजिश है किंतु हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

उतार पर कोरोना के मामले; 24 घंटे में मिले 16,866 मरीज, 36 की मौत

भारत में कोविड-19 के मामले कुछ घटे हैं। पिछले 24 घंटे में 14,830 नए मामले सामने आये हैं, जो एक दिन पहले के 16,866 से करीब 2000 कम हैं। इस दौरान 36 लोगों की जान भी वायरस से गयी है।

देश भर में कोविड-19 के अब तक कुल 43,920,451 मामले दर्ज किए गए हैं। वायरस से अब तक कुल 526,110 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4,32,46,829 लोगों ने इस वायरस को हराया भी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आज जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 18,159 लोग कोरोना वायरस से सही हुए हैं। रोजाना की सकारात्मकता दर 3.48 फीसदी और साप्ताहिक 4.53 फीसदी दर्ज की गई है। अब तक कुल 87.31 करोड़ परीक्षण किए गए हैं। पिछले 24 घंटे में 30,42,476 कोरोना वैक्सीन लगाई गई हैं।

इधर राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 463 नए मामले सामने आए और दो मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण दर 8.18 फीसदी पहुंच गई, जो एक महीने में सर्वाधिक है। दिल्ली में लगातार तीसरे दिन संक्रमण दर पांच फीसदी से अधिक दर्ज की गयी।

कारगिल विजय दिवस: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई नेताओं ने कारगिल में ऑपरेशन विजय में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी है। देश में इस अवसर पर आज कई कार्यक्रम किये जा रहे हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने एक ट्वीट करके कारगिल विजय दिवस को सशस्त्र बलों की असाधारण वीरता, पराक्रम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने एक ट्वीट करके लिखा – ‘भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को मैं नमन करती हूं। सभी देशवासी, उनके और उनके परिवारजनों के प्रति सदैव ऋणी रहेंगे। जय हिन्द !’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो ट्वीट करके कारगिल विजय दिवस को मां भारती की आन-बान और शान का प्रतीक बताया। उन्होंने आगे लिखा – ‘इस अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में पराक्रम की पराकाष्ठा करने वाले देश के सभी साहसी सपूतों को मेरा शत-शत नमन। जय हिंद !’

वरिष्ठ मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट में लिखा – ‘समस्त देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की शुभकामनाएं। अतुल्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाले सेना के सभी जवानों को शत्-शत् नमन।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट – ‘कारगिल विजय दिवस के मौके पर भारत अपने सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और बलिदान को सलाम करता है। सैनिकों ने हमारी मातृभूमि की रक्षा के लिए अत्यंत कठोर परिस्थितियों में बहादुरी से लड़ाई लड़ी। उनकी वीरता और अदम्य साहस को देश हमेशा याद रखेगा।’

पुणे में ट्रेनी विमान हुआ क्रैश, महिला पायलट घायल

पुणे में सोमवार दोपहर एक ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया है। इस हादसे में महिला पायलट घायल हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जानकारी के मुताबिक यह प्लेन पुणे के इंदापुर इलाके में क्रैश हुआ है। हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ बताया गया है।

यह एक ट्रेनी विमान था जिसकी महिला पायलट इस हादसे में मामूली घायल हुई हैं। हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी जुताई जा रही है।

कैटरीना कैफ-विक्की कौशल को जान से मारने की धमकी पर मामला दर्ज

सलमान खान के बाद अब बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ और उनके अभिनेता पति विक्की कौशल को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें ये धमकी सोशल मीडिया के जरिए दी गई हैं। पुलिस ने इसे लेकर मामला दर्ज किया है।

याद रहे विक्की कौशल और कैटरीना ने 2021 में विवाह किया है। उन्हें धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने सांताक्रूज थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आगे जांच की जा रही है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक अभिनेता विक्की कौशल की शिकायत पर सांताक्रूज थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह एफआईआर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 (2), 354 (डी) और आईटी अधिनियम की धारा 67 के तहत दर्ज की गयी है।

कौशल की शिकायत के मुताबिक एक व्यक्ति उन्हें और कैटरीना कैफ को धमकी दे रहा है और इंस्टाग्राम पर धमकी भरे संदेश पोस्ट कर रहा है। उन्होंने शिकायत में कहा कि आरोपी उनकी पत्नी का पीछा भी कर रहा है और उन्हें धमका रहा है। बता दें कुछ समय पहले बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को ऐसी ही जान से मारने की धमकी मिली थी जिसे लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

यूपी के बाराबंकी जिले में सड़क हादसे में 8 की मौत, 17 घायल

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक बड़े सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गयी है। हादसा तब हुआ जब सीतामढ़ी से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस को दूसरी बस ने टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कई यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है जिन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।

सोमवार सुबह यह सड़क हादसा तब हुआ जब लोनी कटरा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर दयाराम पुरवा गांव के पास पहले से किनारे खड़ी बस पीछे से आ रही तेज रफ्तार वोल्वो बस टकरा गई।

जानकारी मिलते ही तहसील और पुलिस प्रशासन के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों और मृतकों को बसों से बाहर निकाला गया। घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया।

काफी घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मृतक और घायल में अधिकांश बिहार प्रांत के रहने वाले हैं। दोनों बसें बिहार से दिल्ली जा रही थीं। सरकार ने राहत राशि की घोषणा की है।

द्रौपदी मुर्मू ने देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली

द्रौपदी मुर्मू ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ ले ही है। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने पद की शपथ दिलार्इ। मुर्मू देश की 15 वें राष्ट्रपति बनी है। साथ ही भारत को आज पहली आदिवासी राष्ट्रपति मिल गई है।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य व सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी शामिल रहे।

शपथ ग्रहण करने दौरान उन्होंने कहा कि, “यह एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा है तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी। और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।“

आपको बता दें, द्रौपदी मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली व शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति है। और पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के बाद महिला राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला है।