Home Blog Page 514

बापू-पटेल की धरती पर कौन बेख़ौफ़ हो बेच रहा जहरीली शराब: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात में शराब से हुई मौतों पर चिंता जताते हुए सवाल पूछा है कि वो कौन लोग हैं जो बापू और पटेल की धरती पर बेख़ौफ़ शराब बेच रहे हैं ? उन्होंने जहरीली शराब से जान गंवाने परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई है।

राहुल गांधी ने शुक्रवार सुबह एक ट्वीट करके कहा – ‘ड्राई स्टेट’ गुजरात में जहरीली शराब पीने से कई घर उजड़ गए। वहां लगातार अरबों की ड्रग्स भी बरामद हो रही हैं। ये बेहद चिंता की बात है, बापू और सरदार पटेल की धरती पर, ये कौन लोग हैं, जो धड़ल्ले से नशे का कारोबार कर रहे हैं? इन माफिया को कौन सी सत्ताधारी ताक़तें संरक्षण दे रही हैं?’

याद रहे हाल में गुजरात में जहरीली शराब पीने से 42 लोगों की जान चली गयी है जबकि 100 से ज्यादा लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। गुजरात की भाजपा सरकार ने गुरुवार को कहा कि पुलिस 10 दिन में कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल करेगी। ज्यादातर मौतें बोटाद, भावनगर और अहमदाबाद ग्रामीण इलाकों में हुई हैं।

जहरीली शराब बेचने और बनाने के मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि बोटाद इलाके में मिथाइल अल्कोहल (मेथेनॉल) में पानी मिलाकर नकली शराब बनाई गयी जिसके जहर से यह मौतें हुई हैं। मौतों के बाद दबाव में आई गुजरात सरकार ने अहमदाबाद ग्रामीण और बोटाद के एसपी हटा दिए और दस पुलिस अफसरों को निलंबित कर दिया।

राहुल गांधी का ट्वीट- ‘ड्राई स्टेट’ गुजरात में ज़हरीली शराब पीने से कई घर उजड़ गए। वहां लगातार अरबों की ड्रग्स भी बरामद हो रही है। ये बेहद चिंता की बात है, बापू और सरदार पटेल की धरती पर, ये कौन लोग हैं जो धड़ल्ले से नशे का कारोबार कर रहे हैं? इन माफिया को कौन सी सत्ताधारी ताक़तें संरक्षण दे रही हैं?

सावनसुखा की ज्वेलरी में शिल्पा शेट्टी कुंद्रा बनी डॉली जे के लिए शो स्टॉपर

सावनसुखा ने फैशन डिजाइन काउंसिल ऑफ इंडिया (एफडीसीआई) द्वारा आयोजित इंडिया कॉउचर वीक में दुर्लभ और भव्य डायमंड व जड़ाऊ ज्वेलरी से जड़ी कलेक्शन को पेश किया गया। इस शाम की शुरुआत एक जैज़ संगीतकार के प्रदर्शन के साथ हुई और मॉडल ने एक विशिष्ट जैज़ फैशन में रैंप वॉक किया।

दिल्ली के ताज पैलेस में चल रहे एफडीआई इंडिया कॉचर वीक 2022 शो में ग्लैमर जोड़ने के लिए भारतीय डिजाइनर डॉली जे के साथ साझेदारी की गर्इ। शिल्पा शेट्टी कुंद्रा शोस्टॉपर रही और ब्लू सफायर डायमंड सेट व ‘मेराकी’ पहनावे में दर्शकों का दिल खूब लुभाने में कामयाब रही।

तहलका से बातचीत में सावनसुखा के सीईओ ने कहा कि, “हम पहली बार एफडीसीआई इंडिया कॉउचर वीक के लिए डॉली जे के साथ सहयोग करने को लेकर उत्साहित हैं। उनके साथ हमारा सहयोग शानदार रहा हैं क्योंकि उनका वाइब और विजन हमारे साथ खूबसूरती से मेल खाता है। और पिछले एक महीने से ज्यादा की कड़ी मेहनत के साथ हमने इस भव्य अवसर के लिए एक साथ आना संभव बनाया।”

उन्होंने आगे कहा कि, उनका हर पहनावा हमारे गहनों की तारीफ करता है और हमारे डिजाइन उनके हाथ से बुने हुए मोटिफ्स के साथ फिट बैठते है। वह एक असाधारण महिला हैं, एक ऐसी दृष्टि के साथ जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।“

आपको बता दें, सावनसुखा का आठ पीढ़ियों का इतिहास है क्योंकि यह घर राजस्थान के खूबसूरत शाही राज्य का है। इस उद्योग में भारत के अग्रणी ज्वैलर्स में से एक के रूप में अच्छी तरह से स्थापित, सटीक गुणवत्ता प्रणाली के साथ सही मानकों को सुनिश्चित करता है।

इनकी रेंज में सोना, प्लैटिनम, हीरा, जड़ाऊ में कलकत्ता की विशिष्ट शिल्पकला शामिल है। साथ ही इनके कलेक्शन में डायमंड ब्राइडल कॉउचर ज्वैलरी, गोल्ड एंटीक फिनिश ज्वेलरी, कैजुअल वियर ज्वेलरी, एक्सक्लूसिव जड़ाऊ, पोल्की ज्वैलरी, कॉकटेल ज्वेलरी, सॉलिटेयर रिंग्स और मेन्स ज्वेलरी शामिल है।

राजस्थान के बाड़मेर में मिग-21 हादसा, दोनों ही पायलट की मौत

राजस्थान में भारत-पाक सीमा पर भारतीय सेना का एक लड़ाकू विमान गुरुवार रात हादसे का शिकार हो गया। हादसे के समय विमान (मिग-21) में आग लग गयी थी। इस हादसे में दो पायलट की मौत हो गयी है।

यह हादसा बाड़मेर जिले के भीमड़ा इलाके में रात सवा नौ बजे हुआ। इस हादसे में दो पायलों की मौत की पुष्टि की गयी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी से बात की, जिन्होंने उन्हें घटना की जानकारी दी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भीमड़ा गांववासियों ने बताया कि रात को तेज धमाका सुनाई दिया। जब वे घरों से बाहर आये तो उन्होंने आसमान से आग के गोले गिरते दिखे। बाद में पता चला कि एक लड़ाकू विमान था जो हादसे का शिकार हो गया।

प्रशासन के अधिकारी भी इसके बाद मौके पर पहुंचे। क्रैश होने के बाद विमान का मालवा आधे किलोमीटर में फ़ैल गया। पता चला है कि पेराशूट नहीं खुलने के कारण पायलट जान गँवा बैठे। दोनों पायलटों के शव और विमान का मलबा दूर-दूर तक बिखरा था।

मच्छरदानी तान संसद परिसर में सोए कई निलंबित सांसद

हाल में संसद के दोनों सदनों से 27 सदस्यों को वेल में आने और नारेबाजी करने के आधार पर सदन से निलंबित कर दिया गया था। इसका विरोध करने के लिए यह सांसद अब संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के पास डेरा जमा कर धरना दे रहे हैं और मच्छरों के ज्यादा परेशान करने के बाद पिछली रात इनमें से कुछ ने वहीं मच्छरदानी तान के रात बिताई।

विरोध कर रहे निलंबित सांसदों में 23 राज्यसभा जबकि 4 लोकसभा के सदस्य हैं। यह सभी जनप्रतिनिधि बुधवार सुबह 10 बजे के बाद से लगातार संसद भवन में धरना देते हुए टिके हैं। उनकी मांग निलंबन वापस लेने की है।

इन सांसदों को जब संसद भवन में गांधी प्रतिमा के पास धरने के दौरान जब मच्छरों ने काफी परेशान किया तो यह सभी मच्छरदानी तान कर सोए। यह जगह ओपन स्पेस है लिहाजा वहां मच्छरों की भरमार है।

टीएमसी सांसद डोला सेन ने कहा – ‘सही है कि संसद भवन में मच्छर बहुत हैं। लेकिन मच्छर हमारे एजेंडे में नहीं। महंगाई और जीएसटी जैसे जनता से जुड़े मुद्दे हमारे एजेंडे में हैं। जहाँ तक रात को नींद आने की बात है तो खुले आकाश में कैसी नींद आती है यह कहने की जरूरत नहीं है।’ वरिष्ठ टीएमसी सदस्य डेरेक ओ ब्रायन ने भी इसकी एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है।

धरना दे रहे सांसदों में आप के संजय सिंह, टीएमसी के डेरेक ओ ब्रायन, सुष्मिता देव और मौसम बेनजीर मच्छरदानी तान कर सोते दिखे। इससे पहले सांसद मच्छर भगाने वाली क्वायल जला कर सोये थे। कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने उनका ऐसा एक वीडियो ट्वीट किया जो काफी वायरल हुआ। वीडियो में उनके हाथ पर मच्छर बैठा और वहां क्वायल जला दिख रहा था।

टैगोर ने इस ट्वीट में लिखा – ‘संसद में मच्छर हैं, लेकिन विपक्षी सांसद डरते नहीं हैं। मनसुख मंडाविया जी कृपया संसद में भारतीयों का खून बचाएं। अदानी तो बाहर खून चूस ही रहे हैं।’

संजय सिंह ने धरने को लेकर कहा – ‘निलंबन के बाद संसद में धरने की ये दूसरी रात है। आज धर्मपत्नी ने यह मच्छरदानी भेजी है तो राहत मिली है। लेकिन गुजरात के उन 75 परिवारों का क्या जिनके घरों से अर्थियां उठ गईं ? कई के छोटे बच्चे अनाथ हो गए, कई के घर में वो अकेले कमाने वाले थे। लोगों की काफी शिकायतों के बावजूद जहरीली शराब पूरे गुजरात में कैसे बनाई जा रही है ? गुजरात में तो पूर्ण शराबबंदी है !’

पश्चिम बंगाल: भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार मंत्री पार्थ चटर्जी को हटाया गया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनकी सरकार में कैबिनेट मंत्री पार्थ चटर्जी को उनके पद से हटा दिया है। यह सूचना पश्चिम बंगाल सरकार की एक प्रेस विज्ञप्ति द्वारा दी गर्इ है। और कहा गया है कि पार्थ चटर्जी को तत्काल प्रभाव से सारी जिम्मेदारियों से मुक्त किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि शिक्षक भर्ती घोटाले में पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी से दो दिन पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि वे भ्रष्टाचार या किसी गलत काम का समर्थन नहीं करतीं।

ममता बनर्जी ने कहा कि, “मैं भ्रष्टाचार या किसी भी तरह के गलत काम का समर्थन नहीं करतीं। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे दंडित किया जाना चाहिए। लेकिन मेरे खिलाफ चलाये जा रहे दुर्भावनापूर्ण अभियान की मैं निंदा करती हूं।“

उन्होने आगे कहा कि, सच्चार्इ सामने आनी चाहिए, लेकिन एक समय सीमा के भीतर। बीजेपी यदि यह सोच रही है कि वह केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग करके मेरी पार्टी को तोड़ सकती है तो वह गलत सोच रही है, ऐसा नहीं होने वाला।“

आपको बता दें, प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े कथित मनी लॉड्रिंग मामले में पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया था। पार्थ की करीबी सहयोगी अर्पिता के पास से 20 करोड़ रुपये बरामद किए जाने के बाद अर्पिता और चटर्जी गिरफ्तारी की गर्इ थीं।

‘राष्ट्रपत्नी’ विवाद पर सोनिया गांधी ने कहा- माफी मांग चुके है अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने वाले बयान पर विवाद पर संसद में गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। इसी बीच सोनिया गांधी ने मीडिया के सवालो के जवाब देते हुए कहा कि अधीर रंजन चौधरी ने पहले ही माफी मांग ली है।

संसद के दोनों सदनों में सत्तारूढ़ बीजेपी ने टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जतार्इ। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में कहा कि, “भारत की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति के अपमान के लिए सोनिया गांधी को देश और आदिवासियों से माफी मांगनी चाहिए।”

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की ‘राष्ट्रपत्नी’ वाली टिप्पणी पर संसद में जोरदार हंगामा हुआ और सत्ता पक्ष के हंगामे व नारेबाजी के चलते लोकसभा को स्थगित कर दिया गया।

राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, “कांग्रेस द्वारा जानबूझकर लिंगभेदी अपमान किया गया था, जब पूरा देश पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति का जश्न मना रहा है।“

आपको बता दे, अधीर रंजन चौधरी द्वारा की गयी इस टिप्पणी पर उन्होंने गुरुवार को माफी मांगते हुए कहा कि, जुबान फिसलने की वजह से ऐसा हुआ है, जिसे भाजपा तिल का पहाड़ बना रही है। मैंने एक बार कहा था कि केवल एक बार, यह जुबान फिसलने से हुआ है। और सत्तारूढ़ पार्टी की आदत है कि तिल का पहाड़ बनाना।“

कोरोना मामलों में उछाल, 24 घंटे में नए मामले फिर 20 हजार के पार

दो दिन अपेक्षाकृत कम मामले आने के बाद बुधवार-गुरुवार के 24 घंटे के दौरान कोरोना मामलों में फिर उछाल दिखी है और इस दौरान 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आये हैं। इस दौरान 46 लोगों की इस महामारी से जान गयी है।

नए मामलों में उछाल की दर 12.3 फीसदी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 20,557 मामले दर्ज हुए हैं। इसके बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 43,959,321 हो गई है।

पिछले 24 घंटे में कोरोना की वजह से 45 लोगों ने जान गंवाई है। अब तक देश में कोरोना वायरस की वजह से 526,212 लोगों की जान जा चुकी है। सक्रिय मरीजों की बात करें तो अभी देश में कोरोना वायरस के 146,322 मामले हैं।

मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 19,216 लोगों ने कोरोना वायरस को मात दी है। अब तक 43,286,787 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में वैक्सीनेशन 40,69,241 हुई है।

अब अर्पिता मुखर्जी के दूसरे घर ईडी की रेड, मिले 29 करोड़

बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी, जिन्हें ईडी ने शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार किया है, के नजदीकी माने जाने वाली अर्पिता मुखर्जी के एक और घर पर प्रवर्तन निदेशलय (ईडी) की टीम ने बुधवार देर रात छापेमारी की है। इस छापेमारी के दौरान अर्पिता के घर से 29 करोड़ रुपये नाकड़ा और पांच किलो सोना मिलने की जानकारी मिली है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक ईडी ने यह छापेमारी कई घंटे तक की। करीब 29 करोड़ रुपए नकद कैश और पांच किलो सोना उनके घर से मिलने की जानकारी है। नोटों की गिनती रात भर चलती रही। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि उनके घर से स्वर्ण आभूषण और बिस्किट भी मिले हैं।

ईडी ने पहले भी अर्पिता के घर छापा मारा था जिसमें 20.9 करोड़ रुपये नकद और कई संपतियां बरामद की गयी थीं। शाम जब ईडी अधिकारियों की टीम कोलकाता के बेलघारिया में अर्पिता के घर पहुंची तो फ्लैट की चाबी न मिलने के कारण अधिकारियों को ताला तोड़कर भीतर घुसना पड़ा। इसके लिए ईडी की टीम ने तलाशी अभियान के दौरान गवाह भी उपस्थित रखे।

मंत्री पार्थ चटर्जी और अर्पिता मुखर्जी अभी 3 अगस्त तक ईडी की हिरासत में हैं। उनसे शिक्षा भर्ती घोटाले को लेकर पूछताछ जारी है। ईडी का दावा है कि अर्पिता के घर मिला पैसा शिक्षा भर्ती घोटाले के जरिये कमाई का है।

दिल्ली में मंकी पॉक्स का एक और संदिग्ध मामला, अलर्ट जारी

दिल्ली में मंकी पॉक्स का एक और संदिग्ध मामला सामने आया है। इस संदिग्ध को राजधानी के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक दूसरे संदिग्ध मंकी पॉक्स मरीज में त्वचा पर चकत्ते और उसे तेज बुखार जैसे वायरस के लक्षण मिले हैं। मरीज का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। ये व्यक्ति विदेश की यात्रा से लौटा है। मरीज के सैंपल को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे भेजा गया है।

राजधानी में एक और मंकी पाक्स मामला सामने आने से सरकार की चिंता बढ़ गयी है। सरकार ने मंकी पाक्स को लेकर अलर्ट जारी किया है।

विदेश से शुरू हुई मंकी पॉक्स की बीमारी भारत में आने से सरकार चिंता में है। राष्ट्रीय दिल्ली में मंकीपॉक्स का एक और संदिग्ध मामला सामने आने से लोगों में भी चिंता पसर रही है।

नए मरीज को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है, हालांकि, आशंका है कि उसके लक्षण मंकीपॉक्स बीमारी से मिलते हैं। दिल्ली में पहले मरीज के संपर्क में आने वाले 13 लोगों को आइसोलेशन में रखा एक महिला डॉक्टर भी शामिल हैं।

देश में मंकीपॉक्स के अब तक आज का मामला मिलाकर छह मामले मिले हैं जिनमें तीन केरल और दो दिल्ली के हैं। एक अन्य मामला तेलंगना का है। मरीज के सैंपल पुणे स्थित लैब में भेजे गए हैं गए।

देश में 18,313 नए कोरोना मामले, एक दिन में 57 लोगों की गयी जान

देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 18,313 नए मामले सामने आए हैं जो एक दिन पहले के मुकाबले 23.5 फीसदी ज्यादा हैं। इस दौरान

स्वास्थ्य मंत्रालय के आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अब कोरोना के 145,026 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 20,742 लोग बाहर आये हैं। ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.47 फीसदी है।

देश में अब तक कुल 43, 938,764 लोग कोरोना से ग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें से 526,167 लोगों की मौत हुई है।

पिछले 24 घंटे में 27,37,235 वैक्सीन लगाई गयी हैं जिससे वैक्सीन का आंकड़ा 2,02,79,61,722 पहुंच गया है। देश में अब तक 4,32,67,571 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.2 फीसदी है।