Home Blog Page 472

बच्ची के साथ फोटो में राहुल ने लिखा – मैं इस तरह के पलों के लिए एक हजार मील भी चल सकता हूं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर दक्षिण में मिल रहे समर्थन से खुश दीखते हैं। उनकी यात्रा मिलने के फोटो भी सोशल मीडिया पर साझे किये जाते हैं, लेकिन अब राहुल गांधी ने ट्वीटर पर खुद एक पोस्ट साझा की है जिसमें वे एक बच्ची को उठाए हैं और लिखा है – ‘मैं इस तरह के पलों के लिए एक हजार मील भी चल सकता हूं।’

ख़बरों के मुताबिक राहुल के नेतृत्व में चल रही इस पदयात्रा को दक्षिण में जैसा समर्थन मिल रहा है उससे पार्टी में उत्साह में है। खुद राहुल गांधी यात्रा के दौरान लोगों से मिल रहे हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं।

अब गुरुवार को राहुल ने ट्वीटर पर जो पोस्ट साझा की है उसमें वे एक बच्ची को उठाए हैं और बहुत सुकून भरे चेहरे से देख रहे हैं। बच्ची भी मुस्कुराती हुई दिख रही है। पोस्ट को जो कैपशन राहुल ने दी है उसमें लिखा है कि वे इस तरह के पलों के लिए एक हजार मील भी चल सकते हैं।

हाल में राहुल की ऐसी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई हैं। इससे पहले एक और बच्ची की फोटो वायरल हुई जिसमें एक लड़की राहुल गांधी से मिलते हुए भावुक हो जाती है और रोने लगती है।

कांग्रेस के भारत जोड़ो ट्विटर हैंडल पर भी ऐसे वीडियो पोस्ट किये जा रहे हैं। इनमें से एक पर लिखा है – ‘किसी कैप्शन की जरूरत नहीं है। केवल प्यार…’ एक अन्य वायरल पोस्ट में राहुल केरल में स्कूली छात्राओं के एक समूह कोरियाई पॉप, या के-पॉप, और वैश्विक सनसनी बीटीएस से मिलते हैं।

राहुल गांधी ने इस मुलाकात का वीडियो ट्वीट किया और स्कूली छात्राओं के साथ अपनी बातचीत भी साझा किया। उन्होंने लिखा – ‘इन अविश्वसनीय लड़कियों के साथ एक सुखद बातचीत जो केरल की बीटीएस सेना हैं !’ राहुल इस यात्रा के दौरान अपने लोकसभा हलके वायनाड भी पहुंचे हैं।

राहुल का ट्वीट -@RahulGandhi I could walk a thousand miles for a moment like this.❤️

सुप्रीम कोर्ट: अविवाहित महिलाओं को भी एमटीपी एक्ट के तहत गर्भपात का अधिकार

सुप्रीम कोर्ट ने महिला अधिकारों को लेकर एक ऐतिहासिक आदेश दिया हैं। कोर्ट ने कहा है कि सभी महिलाओं को गर्भपात कराने का अधिकार हैं। चाहे महिला विवाहित हो या अविवाहित। अविवाहित महिलाओं को एमटीपी एक्ट के तहत गर्भपात कराने का अधिकार हैं। महिलाएं गर्भावस्था के 24 सप्ताह तक गर्भपात करा सकती हैं।

कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि अनुच्छेद 21 के तहत प्रजनन की स्वायत्तता गरिमा और गोपनीयता का अधिकार एक अविवाहित महिला को ये हक देता है कि वह विवाहित महिला के समान बच्चे को जन्म दे या नहीं। और 20-24 सप्ताह के अंतर्गत सिंगल या अविवाहित गर्भवती महिलाओं को गर्भपात करने से रोकना, वही दूसरी तरफ विवाहित महिलाओं को ऐसी स्थिति में गर्भपात की अनुमति देना संविधान के अनुच्छेद 14 की आत्मा का उल्लंघन होगा।

जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच ने फैसला सुनाया है कि नियम 3 बी के दायरे में एकल महिलाओं को शामिल करने का कोई औचित्य नहीं है और यह अनुच्छेद 14 के तहत समानता के अधिकार का उल्लंघन होगा। अविवाहित और एकल महिलाओं को गर्भपात करने से रोकना लेकिन विवाहित महिलाओं को अनुमति देना मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हैं।

आपको बता दें, सामान्य मामलों में 20 हफ्ते से अधिक और 24 सप्ताह से कम के गर्भ को गर्भपात का अधिकार अब तक केवल विवाहित महिलाओं को ही था। और एक 25 वर्षीय अविवाहित महिला द्वारा दायर याचिका पर पीठ विचार कर रही थी, जिसमें 24 सप्ताह की गर्भावस्था को समाप्त करने की मांग की गई थी। और जो कि दिल्ली हाईकोर्ट के उक्त राहत देने से इनकार करने के आदेश के खिलाफ सहमति के रिश्ते से उत्पन्न हुई थी।

याचिका ने सुप्रीम कोर्ट को बताया की वह 5 भाई बहनों में सबसे बड़ी है और उसके माता-पिता किसान है। उसने प्रस्तुत किया कि आजीविका के स्रोत के अभाव में वह बच्चे की परवरिश और पालन-पोषण करने में असमर्थ होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने 21 जुलाई 2022 को एक विस्तृत आदेश द्वारा राहत प्रदान की थी। सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस भी जारी कर एमटीपी अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधान की व्याख्या पर एएसजी ऐश्वर्या भाटी की सहायता मांगी थी। किंतु हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को गर्भपात कराने की इजाजत देने से इनकार कर दिया था।

हाईकोर्ट ने कहा था कि अविवाहित महिलाएं जिनकी गर्भावस्था एक सहमति के संबंध से उत्पन्न होती है और मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी रूल्स 2003 के तहत किसी भी खंड द्वारा पूरी तरह से कवर नहीं की जाती हैं।

पीएफआई पर प्रतिबंध के बाद सरकार ने उसका ट्विटर अकाऊंट बंद किया

पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध लगाने के बाद केंद्र सरकार ने उसका ट्विटर अकाउंट बंद कर दिया है। केंद्र सरकार की शिकायत पर ट्विटर इंडिया ने यह कदम उठाया है। सरकार ने 17 राज्यों में पीएफआई के कार्यालयों को सील कर दिया है और उनके बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस संगठन पर आईएसआईएस जैसे वैश्विक आतंकवादी समूहों से संबंध रखने और देश में सांप्रदायिक नफरत फैलाने की कोशिश के आरोप के बाद आतंकवाद रोधी कानून यूएपीए के तहत पांच साल के लिए उसपर प्रतिबंध लगा दिया गया था।

प्रतिबंध को लेकर सरकार की अधिसूचना में कहा कि पीएफआई के आठ सहयोगी संगठनों- रिहैब इंडिया फाउंडेशन, कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया इमाम काउंसिल, नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन, नेशनल विमेन फ्रंट, जूनियर फ्रंट, एम्पावर इंडिया फाउंडेशन और रिहैब फाउंडेशन, केरल के नाम भी यूएपीए यानी गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम के तहत प्रतिबंधित किए गए संगठनों की सूची में शामिल हैं।

एनआईए, ईडी और संबंधित राज्य पुलिस बलों ने एक साझे अभियान में हाल के दिनों में देशभर में दो बार पीएफआई के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी की थी। देश में आतंकी गतिविधियों को कथित रूप से समर्थन देने के आरोप में 22 सितंबर को 15 राज्यों में पीएफआई के कुल 106 नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था. 27 सितंबर को सात राज्यों में छापेमारी करके पीएफआई से कथित तौर पर जुड़े 270 से ज्यादा लोगों हिरासत में लिया गया है या गिरफ्तार किया गया है।

जम्मू के उधमपुर जिले में दो धमाके, इन घटनाओं में घायल हुए तीन लोग

केंद्र सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाएं ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहीं। नई घटना जम्मू के उधमपुर जिले की है जहाँ दो जगह धामके हुए हैं। इनमें एक पिछली रात एक बीएस स्टैंड के पास हुआ। इन घटनाओं में कुछ लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक करीब आठ घंटे के भीतर यह दो धमाके हुए हैं। बुधवार की रात धमाका उधमपुर में एक पेट्रोल पंप पर खड़ी एक खाली बस में हुआ जिसमें विस्फोट होने से दो लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक विस्फोट रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ। घटना में दो लोग घायल हुए हैं और पास में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चला है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।

एक और धमाका गुरुवार सुबह करीब 6 बजे पुराने बस स्टैंड के पास खड़ी एक बस में हुआ। घटना के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। विस्फोट का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि अचानक बस में धमाका हो जाता है और चारों तरफ कुछ देर के लिए धुएं का गुबार हो जाता है।

ओडिशा के बालासोर में अमोनिया गैस लीक होने से 38 मजदूर बीमार, इनमें कुछ गंभीर

एक फैक्ट्री में झींगा प्रसंस्करण संयंत्र इकाई में अमोनिया गैस लीक होने से ओडिशा के बालासोर में 38 मजदूर बीमार पड़ गए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है और उन्हें चिकित्सीय मदद दी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह पिछली रात की घटना है जब इन मजदूरों ने सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत की। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाय गया। उन्हें यह दिक्कत कल शाम हुई जब गैस लीक हुई।

कुछ कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई गयी है। घटना बालासोर की एक झींगा मछली प्लांट की है। वहां अमोनिया गैस लीक होने से 38 लोग अस्वस्थ हो गए।

अमोनिया गैस अमोनिया, नाइट्रोजन और हाइड्रोजन से मिलकर बनती है। गैस के फैलने से लोगों की आंखों में जलन होती है और सांस लेने में काफी कठिनाई होती है।

इयान चक्रवात से अमेरिका के फ्लोरिडा में भयंकर तबाही, 8.50 करोड़ लोग प्रभावित

अमेरिका में इयान चक्रवात ने भारी तबाही की है। इससे पहले क्यूबा में जबरदस्त तबाही करके अमेरिका पहुंचे इस तूफ़ान ने फ्लोरिडा में धावा बोला और बड़ी संख्या में पेड़ों को ज़मीन से उखाड़ दिया और सड़कों को जलमग्न कर दिया। करोड़ों लोग इससे प्रभावित हुए हैं और कई जगह लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने को मजबूर होना पड़ा है।

तूफान के टकराने के बाद फ्लोरिडा प्रायद्वीप में बाढ़ के हालात बन गए हैं। विनाशकारी तूफान का भयानक मंजर देखने को मिला है। दक्षिण-पश्चिमी तट पर मॉन्स्टर-4 श्रेणी के रूप में चक्रवात इयान ने शक्तिशाली हवाओं और मूसलाधार बारिश के साथ दस्तक दी। वहां सड़कें जलमग्न हो गई और कई कारें उसमें बह गईं।

अमेरिका के राष्ट्रीय चक्रवात केंद्र (एनएचसी) ने कहा कि इयान 240 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से फ्लोरिडा तट से टकराया। तूफान ने जब दस्तक दी, उससे पहले ही वहां बारिश हो रही थी। तूफान से पूरे फ्लोरिडा और दक्षिण-पूर्वी राज्यों जॉर्जिया और दक्षिण कैरोलिना में करोड़ों लोगों के प्रभावित होने की आशंका है।

उधर नेशनल वेदर सर्विस (एनडब्ल्यूएस) के निदेशक केन ग्राहम ने कहा कि यह तूफान विशालकाय बनने जा रहा है, जिसके बारे में हम आने वाले कई सालों तक बात करेंगे। उन्होंने इसे ऐतिहासिक घटना बताया है।

भयंकर चक्रवात के चलते टाम्पा और ऑरलैंडो के हवाई अड्डों से सभी वाणिज्यिक उड़ानें बंद कर दी गई हैं। वहां 8.50 लाख घरों में बिजली गुल है। अधिकारियों ने चेतावनी जारी करके कहा है कि दो फीट तक (61 सेंटीमीटर) बारिश की संभावना है।

रक्षात्मक हुए सीएम गहलोत आज दिल्ली में मिल सकते हैं अध्यक्ष सोनिया गांधी से

आलाकमान की नाफरमानी के मामले में भले कांग्रेस के राजस्थान गए पर्यवेक्षकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर विपरीत टिप्पणी न की हो, आलाकमान की नाराजगी देख रक्षात्मक हुए गहलोत अब खुद पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली आ रहे हैं। समझा जाता है कि इससे पहले गहलोत सोनिया गांधी से फोन पर भी बात कर पूरे घटनाक्रम से अपना पल्ला झाड़ चुके हैं।

सोनिया गांधी से गहलोत की मुलाकात कब होगी, इसे लेकर कोई पक्की सोचना नहीं है। यह भी पता नहीं है कि गहलोत को मिलने के लिए गांधी की तरफ से मंजूरी मिली है या नहीं। लेकिन हालत अपने खिलाफ देखकर गहलोत मामले को ठंडा करने में जुट गए हैं। उनके खेमे में भय है कि कहीं आलाकमान सख्त कदम न उठा ले। पहले ही उनकी टीम के तीन कट्टर समर्थकों को कांग्रेस की अनुशासन समिति ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष पहले ही जयपुर में पर्यवेक्षक बनाकर भेजे गए नेताओं अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे से लिखित रिपोर्ट मांग चुकी हैं, जो उन्होंने दे भी दी है। दिलचस्प यह है कि अशोक गहलोत के वफादार माने जाने वाले मंत्री प्रताप कचरियावास, जिन्होंने जयपुर घटनक्रम में लगातार मीडिया से बात की थी, उन्हें नोटिस नहीं दिया गया है। एक समय वे सचिन पायलट के समर्थक रहे हैं।

यह भी खबर है कि राजस्थान के कई विधायक जिन्हें गहलोत के साथ माना जा रहा था अब यह कह रहे हैं कि बैठक को लेकर उन्हें अँधेरे में रखा गया और दस्तखत भी धोखे से करवाए गए। जाहिर है वे पाला बदल चुके हैं और गहलोत से यदि आलाकमान सख्ती करती है तो वे अकेले भी पड़ सकते हैं।

मोदी सरकार का तोहफा, केंद्रीय कर्मियों का डीए चार फीसदी बढ़ाने की घोषणा

केंद्रीय कर्मियों के लिए दिवाली से पहले ही बड़ी घोषणा हुई है। सरकार ने करीब एक करोड़ कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए डीए में चार फीसदी बढ़ौतरी की घोषणा की है। अब डीए 34 फीसदी से बढ़ाकर 38 फीसदी कर दिया गया है।

इसका फैसला पीएम मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्री मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया। चार फीसदी बढ़ने के बाद अब कर्मियों को 34 की जगह 38 फीसदी दिए मिलेगा।

डीए में यह ये बढ़ोतरी जुलाई से लेकर दिसंबर 2022 के लिए मान्य होगी। कर्मियों और पेंशनरों को 38 फीसदी के हिसाब से महंगाई भत्ते और राहत का लाभ मिलेगा। ये बढ़ोतरी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत स्वीकृत फार्मूले पर आधारित है।

फिलहाल केंद्रीय कर्मियों और पेंशनरों को 34 फीसदी के हिसाब से महंगाई भत्ता मिल रहा था। महंगाई के मद्देनजर डीए बढ़ाने की मांग की जा रही थी। जिसे अब सरकार ने 38 फीसदी कर दिया है। केंद्रीय कर्मचारियों को अक्टूबर के वेतन के साथ में नए महंगाई भत्ते का एरियर समेत पूरा भुगतान किया जाएगा।

पीएफआई पर प्रतिबंध ठीक, पर आरएसएस पर भी लगाया जाना चाहिए : लालू यादव

केंद्र सरकार के पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध की घोषणा के बाद आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मांग की कि पीएफआई के साथ-साथ आरएसएस पर भी प्रतिबंध लगना चाहिए।

लालू यादव ने यह बात आरजेडी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन भरने के बाद कही। वरिष्ठ नेता ने कहा कि पीएफआई के साथ-साथ आरएसएस पर भी प्रतिबंध लगना चाहिए। उन्होंने कहा – ‘मुस्लिमों के साथ गलत हो रहा है। इस बार भाजपा का पताका नहीं फहराया जाएगा। वहीं केरल में कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग या आईयूएमएल ने कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों के लिए पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया या पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने के केंद्र के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि आरएसएस पर भी बैन लगना चाहिए।

यादव ने एक ट्वीट में कहा कि पीएफआई की तरह जितने भी नफ़रत और द्वेष फैलाने वाले संगठन हैं सभी पर प्रतिबंध लगाना चाहिए और इनमें आरएसएस भी शामिल है। सबसे पहले आरएसएस बैन करिए, ये उससे भी बदतर संगठन है।

यादव ने कहा कि आरएसएस पर दो बार पहले भी बैन लग चुका है। आपातकाल में इंदिरा गांधी और उनसे पहले सरदार पटेल ने भी आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था।

इस बीच कांग्रेस ने पीएफआई पर प्रतिबंध का स्वागत किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व गृह मंत्री रमेश चेन्नीथला ने कहा कि पीएफआई पर प्रतिबंध लगाने का केंद्र का फैसला एक अच्छी बात है। उन्होंने कहा – ‘आरएसएस को भी इसी तरह प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। केरल में बहुसंख्यक सांप्रदायिकता और अल्पसंख्यक सांप्रदायिकता दोनों का समान रूप से विरोध किया जाना चाहिए। दोनों संगठनों ने सांप्रदायिक नफरत को भड़काया है और इस तरह समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश की है।’

मोहाली स्थित चंडीगढ़ के एयरपोर्ट का नाम शहीद भगतसिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट हुआ

शहीद भगत सिंह की जयंती पर बुधवार को मोहाली स्थित चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम बदलकर शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट कर दिया गया है। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी।

भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आज आयोजित किये गए एक कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हिस्सा लिया। उन्होंने चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नए नाम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पंजाब वासियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबियों के लिए आज बड़ा दिन है। शहीद भगत सिंह ने 23 साल की छोटी उम्र में ही फांसी के फंदे को चूम लिया था।

मान ने कहा कि आज शहीद भगत सिंह के जन्मदिन के मौके पर पंजाबियों को एक बड़ा तोहफा मिला है। उन्होंने केंद्र से अपील की है कि शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कनाडा और अमेरिका के लिए उड़ानें शुरू करने की मंजूरी दी जाए।