Home Blog Page 398

सीबीआई को एलजी से दिल्ली सरकार के खिलाफ जांच की मिली अनुमति

आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से 2015 में गठित की गयी फीडबैक यूनिट (एफबीयू) को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद हो गया है। दिल्ली सरकार पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जासूसी करने का आरोप लगा है। और इस मामले में दिल्ली के एलजी विनय सक्सेना ने सीबीआई को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ छह अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की अनुमति दे दी है। इनमें एक आईएएस अधिकारी भी शामिल है।

बता दें, दिल्ली की आप सरकार ने सत्ता में आने के बाद वर्ष 2015 में विजिलेंस डिपार्टमेंट के तहत एक फीडबैक यूनिट बनाई थी। विजिलेंस विभाग को मजबूत बनाने और सरकारी विभागों व संस्थाओं के कामकाज के संबंध में फीडबैक लेने के नाम पर गठित यह यूनिट है किंतु इसके जरिए राजनीतिक जासूसी करायी जा रही थी।

एलजी दफ्तर के अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में केस दर्ज करके आगे की जांच करने के लिए नियमों के तहत दिल्ली के उपराज्यपाल से अनुमति मांगी थी। और सूत्रों के मुताबिक एलजी ने सीबीआई के अनुरोध को मंजूरी दे दी है।

भाजपा इस मसले पर दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। और इसमें दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा व विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधुड़ी भी शामिल है।

भाजपा का कहना है कि फीडबैक यूनिट के गठन के वक्त एक करोड़ रुपये दिए गए और इस फंड का नाम सीक्रेट सर्विस फंड रखा गया। एफबीयू का हेड भी पैरामिलिट्री फोर्स से रिटायर्ड अधिकारी को बनाया गया था। भाजपा की मांग है कि इस पर जो खर्च किया गया उसकी रिकवरी भी मनीष सिसोदिया से की जाए।

महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा-अडानी के खिलाफ जंतर-मंतर पर किया विरोध प्रदर्शन

वित्तीय अनियमितताओं और बाजार में हेरफेर के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार व बिजनेसमैन गौतम अडानी के खिलाफ भारतीय महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे है। कई प्रदर्शनकारियों ने सिर पर काली पट्टी बांध रखी थी जिस पर हिंदी में ‘मुद्रास्फीति मुक्त भारत’ लिखा हुआ था।

हाथों में तख्तियां जिस पर लिखा था ‘भारत कहता है हमें भाजपा नहीं चाहिए’ लिए महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की जांच की मांग भी की है। इन तख्तियों पर ‘भाजपा भूखी आबादी पर कोई रहम नहीं करती है क्योंकि एलपीजी सिलेंडर 1100 रुपये महंगा हो रहा है, और पीएम मोदी मंत्र: जनता से छीनो, अडानी को दो।’ लिखा हुआ है।

महिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष ने बात कर बताया कि, “सदन से लेकर सड़क तक, एक ही आवाज़ गूँज रही है कि मोदी जी अडानी स्कैम पर जवाब दो लेकिन प्रधानमंत्री जी तो अपने प्रिय मित्र का नाम भी लेना जरूरी नहीं समझ रहे है।“

आपको बता दें, अमेरिका स्थित एक्टिविस्ट शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के अडानी समूह के शेयर कीमतों में हेरफेर और लेनदेन करने की कीमतों में हेरफेर सहित कर्इ आरोपों के लगाए जाने के बाद कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को देश के कई हिस्सों में एलआईसी और एसबीआई के कार्यालयों के सामने विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि समूह ने आरोपों को सिरे से नकार दिया है और कहा है कि यह झूठ बताया गया है।

नोएडा में बस ने होंडा कम्पनी के कई कर्मियों को कुचला; हादसे में 4 की मौत, तीन घायल

नोएडा में बुधवार देर रात अपने काम से लौट रहे होंडा कंपनी के चार कर्मचारियों की उस समय मौत हो गयी जब रोडवेज की एक बीएस ने उन्हें कुचल दिया। यह कर्मचारी ग्रेटर  नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में स्थित होंडा मोटर कंपनी के थे।

इस हादसे में चार कर्मचारियों की जान चली गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के हायर सेंटर में रेफर कर दिया।

बस को कब्जे में लेकर पुलिस मौके से फरार बस चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की है।

यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ, जब हीरो होंडा मोटर कंपनी के कर्मचारी रात को 11:30 शिफ्ट खत्म होने के बाद अपने घरों की तरफ जा रहे थे। उसी समय नोएडा डिपो की बस जो दादरी से नोएडा की तरफ जा रही थी, उसने इन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस-अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सजा पूरी होने के बाद भी सिख कैदियों की रिहाई को लेकर मोहाली में प्रदर्शन

देश भर में अलग-अलग जेलों में कैद सिख बंदियों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन के दौरान पंजाब के मोहाली में प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गयी। इसमें दोनों तरफ से काफी लोग घायल और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रदर्शनकारियों की मांग है देश भर लम्बे समय से कैद सिख बंदियों को रिहा किया जाये। इनमें से कई ऐसे हैं जो निर्धारित समय से भी ज्यादा तक कैद में हैं। उनकी रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित आवास की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की जिसके बाद उनकी पुलिस से झड़प हो गई।

अभी तक की ख़बरों के मुताबिक दोनों ही तरफ के 40 लोग घायल हो गए। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने चंडीगढ़-मोहाली सीमा के पास बाड़ लगा दिए थे। जब प्रदर्शनकारियों ने बाड़ तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, तो चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार शुरू कर दी।

दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हाथापाई के अलावा पथराव भी हुआ ,पुलिस के मुताबिक झड़प में त्वरित कार्रवाई बल समेत करीब 25-30 कर्मियों को चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके लोग भी घायल हुए हैं।

चंडीगढ़ के डीजीपी प्रवीर रंजन ने कहा – ‘घटना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। कौमी इंसाफ मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास जाना चाहते थे। मांगों में सिख कैदियों की रिहाई भी शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि सजा पूरी होने के बावजूद वे विभिन्न जेलों में बंद हैं।’

रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर पाबंदी लगाने का इरादा नहीं: अमेरिका

अमेरिका ने कहा है कि उसका रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर पाबंदी लगाने का इरादा नहीं है। अमेरिका ने कहा कि उसके भारत के साथ रिश्ते सर्वाधिक नतीजे देने वाले हैं।

यह बात यूरोपीय और यूरेशियन मामलों की अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री कैरेन डॉन फ्राइड ने कही। उन्होंने कहा – ‘भले ही नीतियों के मामले में अमेरिका और भारत के दृष्टिकोण अलग-अलग हो सकते हैं, दोनों ही देश अंतरराष्ट्रीय नियमों पर आधारित व्यवस्था को बरकरार रखने के प्रति कटिबद्ध हैं। दोनों क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का सम्मान करते हैं।’

उधर अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री जॉफरी प्यॉट ने ऊर्जा संसाधनों के मामलों में कहा कि अमेरिका को रूस से तेल खरीद के मामले को लेकर भारतीय दृष्टिकोण से कोई दिक्कत नहीं, लेकिन हम इस मुद्दे पर जारी बातचीत को अहम मानते हैं। उन्होंने यह ज़िक्र भी किया कि कैसे हाल ही में हुई ज़्यादातर द्विपक्षीय चर्चाओं में ऊर्जा सुरक्षा भी बेहद अहम हिस्सा रही है।

उधर रूसी तेल पर लागू की गई अधिकतम मूल्य पाबंदी को वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिकों ने उचित ठहराया है। उन्होंने कहा है कि भले ही भारत सौदेबाजी नहीं कर रहा है, लेकिन यह बेहतर कीमत पाने के लिए मोलभाव करने का अच्छा मौका था।

देश का मोदी पर भरोसा बना हुआ है क्योंकि
मैंने देश के लिए पल-पल खपा दिया : मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि ‘देश का मोदी पर भरोसा बना हुआ है क्योंकि मैंने देश के लिए जीवन खपा दिया है, पल पल खपा दिया है। मोदी को जनता के इस समर्थन को समझना इनकी (विपक्ष) समझ से बाहर है।’ उन्होंने पिछले कल कांग्रेस सदस्य राहुल गांधी की तरफ से व्यापारी अडानी और उनके रिश्तों को लेकर लगाए गए आरोपों पर बिना नाम लिए कांग्रेस पर हमला बोला, हालांकि, उन आरोपों को लेकर सीधे कुछ कहा नहीं लेकिन उन्हें झूठ बताया।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए पीएम ने कहा कि आज स्थिरता है, राजनीतिक स्थिरता है। भारत ने दुनिया में सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया। अपने देशवासियों को फ्री में टीके भी लगवाएं। कई देशों में जहां जरूरत थी, वहां दवा पहुंचाई और जहां वैक्सीन की जरूरत थी, उन्हें वैक्सीन दिया।

मोदी ने कहा कि देश आत्मविश्वास से भर रहा है और गौरव से भर रहा है। चुनौतियों के बिना जीवन नहीं होता है। चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन चुनौतियों से ज्यादा मजबूत है 140 करोड़ लोगों का सामर्थ्य। पीएम ने कहा कि सदन में हंसी मजाक टीका टिप्पणी होता रहता है लेकिन ये नहीं भूलना चाहिए कि आज गौरवपूर्ण क्षण में हम जी रहे हैं।

उन्होंने कहा – ‘इतनी बड़ी भयंकर महामारी में बंटा हुआ विश्व, युद्ध से हो रहे विनाश के बीच कई देशों में अस्थिरता का माहौल है। कई देशों में भीषण महंगाई है। खाने-पीने का संकट है, बेरोजगारी है। इस स्थिति में भी देश को जिस तरह से संभाला गया है। इससे पूरा देश आत्मविश्वास से भर रहा है।

पीएम ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत को लेकर सकारत्मकता है, आशा है, भरोसा बढ़ा है। आज हमें जी-20 समिट की अध्यक्षता करने का मौका मिला है। ये 140 करोड़ देशवासियों के लिए गौरव की बात है। लेकिन मुझे लगता है कि इससे भी कुछ लोगों को दुख हो रहा है। ये लोग 140 करोड़ में नहीं आते हैं. ऐसे लोग खुद को देखें कि उनको दुख क्यों है?

मोदी ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कल कुछ लोग उछल रहे थे। उन्होंने कहा कि कल कुछ लोग बोल रहे थे तो पूरा इकोसिस्टम उछल रहा था। कल नींद भी अच्छी आई होगी और शायद आज वे उठ भी नहीं पाए होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग तो ये भी कह रहे थे कि ये हुई न बात।

पीएम ने कहा कि कुछ लोग इस देश की प्रगति को स्वीकार ही नहीं कर पा रहे हैं।  उन्हें भारत की तरक्की दिख ही नहीं रही है। उन्हें 140 करोड़ लोगों के पुरुषार्थ और सामर्थ्य का फल नहीं नजर आ रहा है। आज भारत की समृद्धि में दुनिया अपनी समृद्धि देख रही है। लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग निराशा में डूबे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि, स्टार्टअप के क्षेत्र में आज भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर है। भारत आज मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है। देश में 108 यूनिकॉर्न बने हैं। दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। लेकिन कुछ लोगों को ये नजर नहीं आ रहा है।

मोदी ने कहा कि देश में हर जगह आशा ही आशा नजर आ रही है, लेकिन कुछ लोगों को ये दिखता ही नहीं। पीएम ने कहा कि कुछ लोगों को बार-बार सत्ता से बाहर होने की निराशा है। उनकी निराशा के पीछे जनता का बार-बार हुकुम है।

मोदी ने कहा कि यूपीए में बेरोजगारी दूर करने के वादे पूरे नहीं हुए थे। ये निराशा है।  साल 2004 से 2014 तक अर्थव्यवस्था खस्ताहाल हो गई। इसकी निराशा है। दस साल से आतंकवादी हमले होते हैं, अब नहीं होते। इसकी निराशा है। जम्मू-कश्मीर से नॉर्थ ईस्ट तक हिंसा ही हिंसा होती थी। अब नहीं होती है। कुछ लोगों को इसकी भी निराशा है।

संसद में प्लास्टिक की बोतलों से बनी जैकेट पहनकर पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को लोकसभा में हल्के नीले रंग की जैकेट पहने हुए थे इस जैकेट की खास बात यह है कि यह प्लास्टिक की बोतलों (पीईटी) से बनी है। यह जैकेट इन बोतलों को रिसाइकिल करके बनार्इ गर्इ है।

यह जैकेट इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने पीएम मोदी को बेंगलुरु में इंडिया एनर्जी वीक में भेंट की थी। बता दें दस करोड़ बोतलों को रिसाइकिल करने का लक्ष्य तय किया गया है। और पेट्रोल पंप पर काम करने वाले असिस्टेंट को यही जैकेट दी जाएगी।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने ट्वीट कर कहा कि, ‘माननीय श्री @narendramodi, द्वारा #IndianOil  की #अनबॉटल पहल के तहत पुनर्नवीनीकरण पीईटी बोतलों से बनी पोशाक के साथ प्रस्तुत किया गया। @ChairmanIOCL’

‘हम अपने सशस्त्र बलों के लिए ऑन-ग्राउंड टीमों और गैर-लड़ाकू वर्दी के लिए वर्दी बनाने के लिए सालाना 100 मिलियन पीईटी बोतलों को परिवर्तित करेंगे।‘

आपको बता दें, 6 फरवरी 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत ऊर्जा सप्ताह-2023 (इंडिया एनर्जी वीक) का उद्घाटन किया था। और इस उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा था कि बजट 2023-24 में दस लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है। इससे हरित ऊर्जा, सौर बिजली और सड़क क्षेत्रों को प्रोत्साहन मिलेगा।

अडानी मामले में राहुल गांधी के भाषण पर भाजपा का विशेषाधिकार हनन का नोटिस

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, जिन्होंने मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जबरदस्त हमला करते हुए उनके व्यापारी गौतम अडानी से रिश्तों को लेकर सवाल किया था, के खिलाफ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। दुबे ने इन आरोपों को ‘गलत और भटकाने वाला’ बताया है।

दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखे पत्र में कहा है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 7 फरवरी को संसद में बगैर किसी प्रमाण के प्रधानमंत्री पर आरोप लगाए हैं। दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष से राहुल गांधी पर कार्यवाही करने का आह्वान किया है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष को लिखे पत्र में ‘राहुल गांधी पर दस्तावेजी साक्ष्य के बिना पीएम मोदी के खिलाफ टिप्पणी करके सदन को गुमराह करके नियमों का उल्लंघन करने’ का आरोप लगाया है।

भाजपा सांसद ने अपने पत्र में लिखा कि लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के मोशन ऑफ थैंक्स पर बहस में भाग लेते हुए, सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ असत्यापित, अपमानजनक और मानहानिकारक बयान दिए।

दुबे ने पत्र में लिखा कि ‘राहुल गांधी ने अपने बयानों के समर्थन में कोई विधिवत प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया है। इस तरह, उन्होंने एक बयान दिया है, जो किसी भी दस्तावेजी साक्ष्य के अभाव में सदन को गुमराह करने जैसा है। यह आचरण सदन की अवमानना का स्पष्ट मामला होने के अलावा, सदन और उसके सदस्यों के विशेषाधिकारों का स्पष्ट उल्लंघन है। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें।’

याद रहे मंगलवार को राहुल गांधी ने संसद में हिंडनवर्ग की रिपोर्ट में आरोपों का सामना कर रहे व्यापारी अडानी को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला था। उन्होंने सवाल किया था कि पीएम मोदी के अडानी से क्या रिश्ते हैं ? कैसे मोदी के सत्ता में आने के बाद के कुछ साल में ही अडानी 609वें नंबर से दुनिया के नंबर दो बिजनेसमैन बन गए ?

दिल्ली में आज चल सकती हैं ठंडी हवाएं,
कश्मीर, हिमाचल में होगी हल्की बर्फबारी

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि बुधवार (आज) रात से पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज हवाएं चल पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल में हल्की बर्फबारी हो सकती है। साथ ही 9 और 10 फरवरी को भरी बारिश की संभावना है।

विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है जिससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 9-10 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में गरज और बिजली के साथ भारी वर्षा या बर्फबारी होने का अनुमान है साथ ही उत्तरी पंजाब में हल्की बारिश की संभावना है।

बर्फबारी और बारिश से कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। मध्य भारत के कई हिस्सों में 9 तारीख के बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ने का अनुमान है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 2011 के बाद पहली बार दिल्ली में फरवरी के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है।

तुर्की भूकंप में मरने वालों की संख्या 8000
के पार पहुंची, 3 माह की इमरजेंसी घोषित

तुर्की में भूकंप से भारी तबाही की जानकारी अब सामने आने लगी है। अब तक भूकंप से 8000 लोगों की मौत की पुष्टि की झा चुकी है जबकि सैकड़ों लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। अब तक 34,000 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी भी आई है, लिहाजा मरने वाले की संख्या कहीं ज्यादा होने की आशंका है। इस बीच तुर्की में इस संकट को देखते हुए 3 महीने के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी जताई है।

भूकंप प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू टीमों ने लगातार बचाव अभियान चला रही हैं। भारत समेत अन्य देशों और संगठनों की टीम मलबे में जिंदगियां तलाशने में जुटी हैं। भारत अब तक दो बार वहां सहायता भेज चुका है। तुर्की के उप राष्ट्रपति फुआत ओकटे के मुताबिक भूकंप से 34,810 लोग घायल हुए हैं। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि इस भीषण भूकंप से करीब 2.3 करोड़ लोग प्रभावित हो सकते हैं।

याद रहे सोमवार तड़के तुर्की और सीरिया में 7.8 तीव्रता का भारी भूकंप आया था जिससे वहां भारी तबाही हुई है। जान-माल का बड़ा नुकसान होने के अलावा सरकारी और निजी संपत्ति बड़े पैमाने पर तबाह हो गयी है। कई ऊंची इमारतें जमींदोज हो चुकी हैं जिनमें अस्पताल भी शामिल हैं लिहाजा घायलों के इलाज में दिक्कत आ रही है।

हजारों लोग बेघर हो गए हैं और उन्हें खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है। तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लू ने कहा है कि तीन घातक भूकंपों के बाद 76 देश और 14 अंतरराष्ट्रीय संगठन मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 36 देशों से 3,319 खोज और बचाव कर्मी तुर्की पहुंचे हैं। वहीं, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन को 19 देशों के शीर्ष नेताओं से फोन कॉल भी आए हैं। इन्होंने तुर्की को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि इस भीषण भूकंप से करीब 2.3 करोड़ लोग प्रभावित हो सकते हैं। डब्ल्यूएचओ के सीनियर इमरजेंसी अधिकारी एडेलहेड मार्सचांग ने कहा कि हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भूकंप के बाद तुर्की की ऐतिहासिक इमारतें पूरी तरह तबाह हो चुकीं हैं। तुर्की के मालाटया शहर में स्थित ऐतिहासिक येनी कैमी मस्जिद खंडहर में तब्दील हो गई है।

तुर्की के राष्ट्रपति ने अगले सात दिन तक राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। वहां तीन महीने तक इमरजेंसी का ऐलान किया गया है। भूकंप से प्रभावित यानी बेघर हो चुके लोगों के लिए देश की सरकारी इमारतों को शेल्टर होम बनाया गया है।