Home Blog Page 1539

न्यूज मीडिया का अंडरवर्ल्ड और उसके शार्प शूटर्स

न्यूज मीडिया के अंदर लगातार मजबूत होते अंडरवर्ल्ड और इसके साथ बढ़ते नैतिक-आपराधिक विचलन और फिसलन के बीच जैसे यह होना ही था. कोयला आवंटन घोटाला मामले में आरोपों में घिरी जिंदल स्टील ऐंड पावर कंपनी के मालिक और कांग्रेसी सांसद नवीन जिंदल ने जी न्यूज समूह पर ब्लैकमेलिंग और डरा-धमकाकर पैसा वसूलने का आरोप लगाया है. जिंदल ने सबूत के बतौर जी न्यूज समूह के दो संपादकों और बिजनेस हेड- सुधीर चौधरी और समीर अहलुवालिया का स्टिंग पेश किया है जिसमें वे दोनों जिंदल समूह के खिलाफ चल रही खबरों को रोकने के लिए 100 करोड़ रुपये का बिजनेस मांगते हुए नजर आते हैं.

लेकिन इस खुलासे के बाद से न्यूज मीडिया खासकर चैनलों में ऐसी हैरानी और घबराहट दिखाई पड़ रही है, जैसे अचानक कोई दुर्घटना हो गई हो. आनन-फानन में बचाव की कोशिशें शुरू हो गईं. ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन (बीईए) ने न सिर्फ इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी बल्कि जांच-पड़ताल के बाद जी न्यूज के एडिटर/बिजनेस हेड और बीईए के कोषाध्यक्ष सुधीर चौधरी को संगठन से बाहर कर दिया. मजे की बात यह है कि चौधरी की बीईए की सदस्यता खत्म करने का फैसला सदस्यों के बीच गोपनीय वोट के जरिए किया गया.

खबर यह भी है कि न्यूज चैनलों के मालिकों/प्रबंधकों के संगठन- न्यूज ब्राडकास्टर्स एसोसिएशन(एनबीए) की स्व-नियमन व्यवस्था- न्यूज ब्रॉडकास्टिंग स्टैंडर्ड अथॉरिटी भी इस मामले की जांच कर रही है. लेकिन सारा जोर जी-जिंदल मामले से भड़की आग पर तात्कालिक तौर पर काबू पाने और नुकसान कम करने पर है. इसके साथ ही दूरगामी नुकसान से बचाव के लिए इस पूरे प्रकरण को एक अपवाद, नैतिक भटकाव और एक खास न्यूज चैनल और उसके दो संपादकों के विचलन के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है.

लेकिन यह चैनलों के मालिक और संपादक भी जानते हैं कि यह पूरा सच नहीं है. अगर मामला सिर्फ एक चैनल और उसके दो संपादकों के नैतिक विचलन और आपराधिक व्यवहार का होता तो चैनलों में इतनी घबराहट और बेचैनी नहीं दिखाई देती. लेकिन मुश्किल यह है कि खबरों की खरीद-बिक्री के इस हमाम में ज्यादातर चैनल और अखबार नंगे हैं. पेड न्यूज के पहले से जारी शोर-शराबे के बीच अब जी-जिंदल प्रकरण के खुलासे से न्यूज चैनलों को यह डर सताने लगा है कि कल उनका नंबर भी सकता है.

लेकिन ऐसा क्यों हो रहा है? दरअसल हाल के कुछ वर्षों में न्यूज मीडिया खासकर न्यूज चैनलों में कॉरपोरेट के अलावा और भी कई तरह की पूंजी आई है जिनमें नेताओं-अफसरों-व्यापारियों/कारोबारियों/ठेकेदारों/बिल्डरों के अलावा चिट फंड कंपनियों की ओर से किया गया निवेश शामिल है. कहने की जरूरत नहीं है कि इसमें ज्यादातर काला धन है जिसका मकसद चैनलों के आवरण में अपने दूसरे कानूनी-गैरकानूनी धंधों के लिए राजनीतिक और नौकरशाही का संरक्षण और प्रोत्साहन हासिल करना है.

सच पूछिए तो इन दोनों यानी कॉरपोरेट और आपराधिक पूंजी को मिलाकर न्यूज मीडिया खासकर न्यूज चैनलों का अंडरवर्ल्ड बनता है जिसमें मालिक-संपादक खबरों के सौदागर बन गए हैं. यहां खबर समेत हर पत्रकारीय मूल्य और नैतिकता बिकाऊ है और जिसके पास भी पैसा है, वह उसे खरीद/दबा/बदल सकता है. चाहे वह भ्रष्टाचार के मामलों में फंसी कोई कंपनी/नेता/अफसर हो या चुनाव लड़ रहा कोई माफिया डॉन. हालत इतने बदतर हो चुके हैं कि ज्यादातर चैनलों और अखबारों में जहां से भी और जैसे भी पैसा आता हो और उसके लिए चाहे खबर बेचनी हो या पत्रकारीय मूल्यों-नैतिकता को ताक पर रखना हो या कोई नियम-कानून तोड़ना पड़े, इसकी कोई परवाह या शर्म नहीं रह गई है.

इस मायने में जी-जिंदल प्रकरण पेड न्यूज की परिघटना का ही स्वाभाविक विस्तार है और इसमें चौंकाने वाली कोई बात नहीं है और न ही यह कोई अचानक हुई दुर्घटना है. जैसा कि वरिष्ठ पत्रकार पी साईनाथ कहते रहे हैं कि बड़ी कॉरपोरेट पूंजी से संचालित न्यूज मीडिया ‘संरचनागत तौर पर झूठ बोलने के लिए बाध्य’ है. सच पूछिए तो न्यूज मीडिया के अंडरवर्ल्ड की मुनाफे की हवस और कॉरपोरेट और दूसरे निजी हितों को आगे बढ़ाने के दबाव ने संपादकों और पत्रकारों को भी हफ्ता वसूलने वाले हिटमैन और शार्प शूटर्स में बदलना शुरू कर दिया है.

क्या नवीन जिंदल के ‘उल्टा स्टिंग’ ऑपरेशन में जी न्यूज के संपादक भी ऐसे ही हिटमैन और शार्प शूटर की तरह नजर नहीं आते हैं? याद रखिए, वे न्यूज मीडिया के अंडरवर्ल्ड के हिटमैन और शार्प शूटर भर हैं, असली डॉन नहीं हैं. लेकिन अंडरवर्ल्ड का खेल देखिए, डॉन के बारे में कोई बात नहीं हो रही है. क्या इसमें आपको ‘षड्यंत्रपूर्ण चुप्पी’ नहीं सुनाई दे रही है?

कितने काम के कानून?

उत्तराखंड में नैनीताल जिले के तराई क्षेत्र में हंसपुर खत्ता नाम का एक गांव है. राज्य के बाकी ग्रामीण क्षेत्रों की तरह इस गांव में भी रोजगार के लिए पलायन आम बात है. जंगलों के बीच बसे इस गांव के कई युवा नौकरी के लिए बाहर चले जाते हैं. प्रकाश राम भी उनमें से एक थे जो आगरा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे. अगस्त, 2004 में वे छुट्टियां मनाने अपने गांव आए थे. उन्हें घर आए कुछ ही दिन हुए थे कि एक दिन पुलिस उनके पिता हयात राम को घर से उठा कर ले गई. हयात राम क्षेत्रीय जनांदोलनों में काफी सक्रिय रहते थे. उनकी गिरफ्तारी के दिन प्रकाश घर पर नहीं थे. अगले दिन जब वे लौटे तो पुलिस ने उन्हें भी थाने चलने को कहा. पूछने पर पुलिस ने बस इतना बताया कि कुछ पूछताछ के बाद उन्हें और उनके पिता को साथ में ही छोड़ दिया जाएगा. प्रकाश के मुताबिक दो दिन तक पुलिस ने उन्हें बिना लिखित रिपोर्ट दर्ज किए ही अलग-अलग थानों में बंद रखा. दो दिन बाद जब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की तो उसमें बताया गया कि गांव के पास जंगल में एक माओवादी प्रशिक्षण शिविर चलाए जाने की सूचना मिली थी और वहीं से प्रकाश और हयात राम को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने यह भी दर्शाया कि इनके पास से कुछ प्रतिबंधित साहित्य बरामद किया गया है.

इसके बाद प्रकाश और उनके पिता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पूरे दो साल बाद प्रकाश की जमानत हो सकी. वे बताते हैं, ‘माओवाद क्या होता है उस वक्त मैं जानता भी नहीं था. पुलिस का असली चेहरा हमने उसी दौरान देखा. ऐसा लगता था जैसे हम अपने देश में नहीं बल्कि किसी दुश्मन देश में आ गए हैं. हमें देशद्रोही घोषित कर दिया गया था. हमारी जमानत को जो भी तैयार होता, पुलिस उसे डरा-धमका कर जमानत नहीं देने देती.’

सरकार इस कानून को इसलिए समाप्त नहीं करना चाहती ताकि उसके हाथ में हमेशा एक ऐसा हथियार रहे जिससे वह अपनी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबा सके

प्रकाश और उसके पिता के साथ ही कुछ अन्य लोगों को भी देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था जो लगभग सात साल तक जेल में रहने के बाद इसी साल 14 जून को बरी हुए हैं. कोर्ट में सुनवाई के दौरान ऐसी कई बातें सामने आईं जो साफ बताती थीं कि यह पूरा मामला पुलिस द्वारा तैयार किए गए झूठ के सिवा कुछ भी नहीं था. जिस प्रतिबंधित साहित्य को सील करने की तिथि पुलिस द्वारा 20 सितंबर, 2004 दर्शाई गई थी, वह दरअसल 23 नवंबर, 2004 के अखबारों में लपेटकर सील किया गया था. अदालत के सामने पुलिस ने यह भी कबूला कि उसे पता ही नहीं कि बरामद साहित्य प्रतिबंधित है भी या नहीं. 14 जून, 2012 को कानूनी तौर पर तो यह मामला समाप्त हो गया, लेकिन प्रकाश और बाकी लोगों की जिंदगी के जो साल जेल में बीत गए उनका हिसाब देने वाला कोई नहीं. उन पर देशद्रोही होने का जो कलंक लगा वह अलग. 

इतिहास बताता है कि राज्य सदियों से शोषण का प्रतीक रहा है और कानून उस शोषणकारी व्यवस्था को मजबूत करने का जरिया. राजा की ‘प्रजा’ से ब्रितानिया हुकूमत की ‘गुलाम’ होने तक भारत की जनता के लिए राज्य का स्वरूप हमेशा शोषणकारी ही बना रहा. आजादी मिलने पर जब जनता की संप्रभुता वाले वेलफेयर स्टेट यानी कल्याणकारी राज्य को स्थापित करने की बात कही गई तब लोगों को जरूर यह लगा कि अब राज्य का स्वरूप बदलेगा. मगर 65 साल बाद भी क्या ऐसा हो पाया है? पिछले कुछ समय से कुडनकुलम में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ 200 से ज्यादा मुकदमे दर्ज करके करीब 1,50,000 लोगों को आरोपित बनाया गया है. इनमें से अधिकतर पर देशद्रोह और देश के खिलाफ साजिश एवं युद्ध की तैयारी करने जैसे आरोप हैं. अलग-अलग रिपोर्टों के मुताबिक झारखंड में भी लगभग 6,000 आदिवासियों को ऐसे ही आरोपों के चलते जेल में कैद किया गया है. जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर तक सरकारी तंत्र की बर्बरता का शिकार होने वाले लोगों के कितने ही उदाहरण हैं. कई ऐसे जिन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी और कई ऐसे भी जिन्हें घर से उठा लिया गया जिनका आज तक कुछ पता नहीं है. छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत कई ऐसे राज्य हैं जहां अलग-अलग कानूनों के अंतर्गत हजारों लोगों को देशद्रोह और देश के खिलाफ साजिश के आरोप में जेल में डाल दिया गया है. और यह सब जिन कानूनों की आड़ में हुआ है वे अपने दुरुपयोग के चलते हमेशा से बदनाम रहे हैं और इसीलिए उन्हें खत्म करने की मांग भी लंबे समय से उठती रही है.

धारा 124 ए (भारतीय दंड संहिता)
पिछले दिनों टीम अन्ना से जुड़े कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी पर भी देशद्रोह का आरोप लगाया गया था. मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया. असीम द्वारा वकील न करने पर और जमानत लेने से इनकार करने के बावजूद उन्हें छोड़ दिया गया. लेकिन इस देश में असीम त्रिवेदी की तरह ‘चर्चित देशद्रोह’ करने का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता. प्रकाश राम और उनके साथियों की तरह हजारों लोग हैं जो देशद्रोह के आरोप में कई साल जेल में बिता चुके हैं और आज भी बिता रहे हैं. अलग-अलग स्रोतों से मिली जानकारी बताती है कि अकेले झारखंड में ही पिछले 10 साल में पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा 550 से ज्यादा लोगों को नक्सली होने के नाम पर मौत के घाट उतारा जा चुका है. कुछ समय पहले एक प्रतिष्ठित अखबार में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इस समय झारखंड में करीब 6,000 लोग जेल में हैं जिनमें से अधिकतर पर माओवादी साहित्य पाए जाने और  माओवादियों की मदद करने का आरोप है.

भारतीय दंड संहिता की धारा 124 ए में देशद्रोह की परिभाषा के तहत आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है. धारा 124 ए में लिखा है : ‘राजद्रोह’ : जो कोई बोले गए या लिखे गए शब्दों द्वारा या संकेतों द्वारा या दृश्य-रूपण द्वारा या अन्यथा (भारत) में विधि द्वारा स्थापित सरकार के प्रति घृणा या अवमान पैदा करेगा या पैदा करने का प्रयत्न करेगा, अप्रीति प्रदीप्त करेगा या प्रदीप्त करने का प्रयत्न करेगा, वह (आजीवन कारावास) से, जिसमें जुर्माना जोड़ा जा सकेगा या तीन वर्ष तक के कारावास से जिसमें जुर्माना जोड़ा जा सकेगा या जुर्माने से दंडित किया जाएगा.

इतिहास बताता है कि यह कानून अंग्रेजी राज के दौरान 1870 में लागू किया गया था. तब इसका मकसद था क्रांतिकारियों को कुचलना. आजादी से पहले महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, मौलाना आजाद और एमएन रॉय जैसे कई स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर इस धारा के अंतर्गत मुकदमे चलाए जा चुके हैं. देश को आजादी मिलने के बाद से ही इस कानून का विरोध होने लगा था. संवैधानिक सभा में बहस के दौरान भी कुछ लोग इस कानून के पक्ष में नहीं थे. देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भी इस पर नाखुशी जाहिर की थी. उन्होंने इसे लोकतंत्र विरोधी करार देते हुए कहा था कि यह प्रावधान बहुत ही अप्रिय और आपत्तिजनक है और व्यावहारिक व ऐतिहासिक दोनों ही कारणों से गणतंत्र में इसकी कोई जगह नहीं होनी चाहिए.

उनकी राय थी कि इससे जितनी जल्दी छुटकारा पाया जाए उतना ही बेहतर होगा. लेकिन यह कानून आज भी न सिर्फ मौजूद है बल्कि समय-समय पर इसका इस्तेमाल भी होता रहा है. हालांकि सर्वोच्च न्यायालय ने ‘केदारनाथ बनाम सरकार’ मामले में सुनवाई के दौरान धारा 124 ए का दायरा सीमित कर दिया था. अदालत का कहना था, ‘सिर्फ वही कार्य देशद्रोह की परिभाषा में दंडनीय होगा जो साफ तौर से हिंसा भड़काने या अशांति फैलाने के आशय से किया गया हो.’ फिर भी इस धारा के दुरुपयोग पर अंकुश नहीं लग सका है. हाल में एक आयोजन के दौरान दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश राजिंदर सच्चर का कहना था कि इस कानून के चलते ‘यह सरकार निकम्मी है’ जैसे बयान देना भी दंडनीय हो जाते हैं जबकि संविधान ऐसे किसी भी कानून की इजाजत नहीं देता जो अभिव्यक्ति की आजादी का हनन करता हो. सच्चर की मानें तो यह कानून सरकार को निरंकुश बनाता है और सरकार इसे इसलिए खत्म नहीं करना चाहती ताकि उसके हाथ में हमेशा एक ऐसा हथियार रहे जिससे वह अपनी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबा सके.

ऐसा ही होता दिखता है. धारा 124 ए का इस्तेमाल आम तौर पर पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही किया जाता रहा है. अरुंधती राय, विनायक सेन, पत्रकार सीमा आजाद, उनके पति विश्वमोहन और सोनी सोरी जैसे कई नाम इसके उदाहरण हैं. पॉस्को से लेकर कुडनकुलम संयंत्र मामले तक हजारों आदिवासियों और ग्रामीणों को इस कानून के तहत देशद्रोही घोषित करके जेल भेजा जा चुका है. आजादी के बाद से अब तक हजारों लोगों पर देशद्रोह के मुकदमे चलाए गए. इनमें से ज्यादातर वही हैं जो जनविरोधी नीतियों पर सरकार का विरोध करते आए हैं.

धारा 124 ए का इस्तेमाल आम तौर पर पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही किया जाता रहा है. अरुंधती राय, विनायक सेन, पत्रकार सीमा आजाद, उनके पति विश्वमोहन और सोनी सोरी जैसे कई नाम इसके उदाहरण है

जयप्रकाश नारायण द्वारा स्थापित संस्था ‘पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज’ (पीयूसीएल) आपातकाल के दौर से ही ऐसे कानूनों का विरोध करती आई है. संस्था के राष्ट्रीय सचिव महिपाल सिंह कहते हैं, ‘विपक्ष द्वारा सरकार पर कई तरह के आरोप रोज लगाए जाते हैं. सरकार की लगभग हर नीति का विपक्ष खुलेआम विरोध और निंदा करता है तो उन पर देशद्रोह का मुकदमा नहीं होता. लेकिन यही काम जब कोई पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और खास तौर पर किसी ग्राम समुदाय के लोग और आदिवासी अपने जल-जंगल-जमीन को बचाने के लिए करते हैं तो उन्हें देशद्रोही घोषित कर दिया जाता है. ऐसे कानूनों की लोकतंत्र में कोई जगह नहीं होनी चाहिए.’ 

हालांकि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी की राय थोड़ी जुदा है. वे कहती हैं, ‘विपक्ष जब भी किसी सरकारी नीति की निंदा करता है तो वह एक लोकतांत्रिक तरीके से करता है, उसे देशद्रोह नहीं कहा जा सकता. मैं खुद भी कई ऐसी सरकारी नीतियों का विरोध करती आई हूं जो जनहित में नहीं थीं. हम कभी यह नहीं कहते कि इस पूरी व्यवस्था को ही उखाड़ फेंका जाए. जबकि कई अलगाववादी संगठन इसी मंशा से विरोध करते हैं कि इस व्यवस्था को बदल कर किसी तानाशाही व्यवस्था को स्थापित कर दिया जाए और ऐसे लोगों को रोकने के लिए तो यह धारा बहुत ही जरूरी है.’ हाल ही में एक टीवी चैनल को दिए गए साक्षात्कार में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और प्रेस काउंसिल के अध्यक्ष मार्कंडेय काटजू का कहना था, ‘इस धारा का गलत इस्तेमाल करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ धारा 342 के अंतर्गत मुकदमा चलाया जाना चाहिए और उन्हें जेल होनी चाहिए.’ इस धारा के दुरुपयोग पर उनका कहना था, ‘यदि इसका दुरुपयोग बंद नहीं हुआ और मेरी जानकारी में कोई भी ऐसा मामला आया जहां किसी निर्दोष व्यक्ति पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जा रहा हो तो मैं स्वयं ऐसे गलत आरोप लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा करूंगा फिर चाहे वह कोई मंत्री या मुख्यमंत्री ही क्यों न हो.’ इसी साक्षात्कार के दौरान जस्टिस काटजू ने यह भी स्वीकार किया कि यह धारा खत्म कर देना ही बेहतर है. हालांकि मीनाक्षी लेखी का मानना है कि किसी भी कानून का दुरुपयोग निंदनीय है, लेकिन 124 ए को समाप्त कर देना कोई समाधान नहीं. वे कहती हैं, ‘दुरुपयोग तो भारतीय दंड संहिता की और भी कई धाराओं का होता रहा है. यहां तक कि धारा 376 और 302 तक का दुरुपयोग हुआ है, इसका मतलब यह तो नहीं कि इन्हें भी समाप्त कर दिया जाए.’

विभिन्न मानवाधिकार संगठन और कई सामाजिक कार्यकर्ता इस धारा को असंवैधानिक बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग करते आ रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि भारत में इस कानून की स्थापना करने वाले ब्रिटेन ने भी अपने यहां यह कानून खत्म कर दिया है. जस्टिस सच्चर के शब्दों में, ‘ऐसे कानून बताते हैं कि कैसे राज्य अपने ही लोगों के खिलाफ एक युद्ध छेड़े हुए है. इस कानून का समाप्त होना नागरिक स्वतंत्रताओं की सबसे बड़ी जीत होगी.’

गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए)
आतंकवाद और अलगाववाद से लड़ने के नाम पर आज तक कई विशेष कानून बनाए गए हैं मगर ऐसे कानून हमेशा ही अपने दुरुपयोग के लिए ज्यादा बदनाम हुए. 1985 में पंजाब में खालिस्तान आंदोलन से निपटने के लिए टाडा (टेररिस्ट ऐंड डिसरप्टिव एक्टिविटिस (प्रिवेंशन) एक्ट) बनाया गया था जिसे दो साल बाद पूरे देश में लागू कर दिया गया. टाडा के अंतर्गत कुल 76,000  से भी ज्यादा लोगों को जेल में बंद किया गया. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की एक रिपोर्ट के अनुसार लगभग 19,000 लोग तो गुजरात में बंद हुए जहां उस वक्त कोई कथित आतंकवाद नहीं था. टाडा के व्यापक दुरुपयोग के चलते इसका चौतरफा विरोध हुआ और अंततः 1995 में इसे समाप्त कर दिया गया. फिर 2002 में एनडीए सरकार द्वारा पोटा (प्रिवेंशन ऑफ टेररिज्म एक्ट) लागू कर दिया गया. यह भी शुरू से ही विवादास्पद रहा. इसके दुरुपयोग के भी कई मामले सामने आए. इनमें से एक मामले में तो दिल्ली विश्वविद्यालय के एक प्रवक्ता को पोटा अदालत द्वारा फांसी की सजा सुना दी गई थी. बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें बरी कर दिया गया.

2004 में आई यूपीए सरकार ने पोटा को तो निरस्त कर दिया मगर टाडा और पोटा के विवादास्पद प्रावधान यूएपीए (अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट) में शामिल कर लिए गए. 2008 के मुंबई हमलों के बाद इस कानून को फिर से संशोधित किया गया. यूएपीए का विरोध करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि 2008 के संशोधन ने इस कानून को और ज्यादा बर्बर बना दिया है. कश्मीर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एफ ए कुरैशी बताते हैं, ‘यूएपीए नई बोतल में पुरानी शराब जैसा है. यह कानून सरकार को मनमानी करने का अधिकार देता है. जो कोई भी अपने अधिकारों के हनन होने पर आवाज उठाता है, उसे इस कानून से दबा दिया जाता है और उसकी लंबे समय तक जमानत भी नहीं हो पाती.’

ऐसे कानूनों से आतंकवाद पर नियंत्रण पाने का तो कोई भी पुख्ता उदाहरण नहीं मिलता लेकिन इनके दुरुपयोग के हजारों उदाहरण हैं. यह कानून अक्सर सामाजिक कार्यकर्ताओं और अपने जल-जंगलों को बचाने की लड़ाई लड़ने वाले आदिवासियों के दमन के लिए इस्तेमाल होता रहा है. मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह कानून पुलिस और सरकारी अधिकारियों को जरूरत से ज्यादा शक्तियां प्रदान करके उन्हें मनमानी और दमन करने की छूट देता है.

सीमा आजाद उत्तर प्रदेश में ‘दस्तक’ नाम की एक पत्रिका निकालती हैं. प्रदेश की राजनीतिक खामियों के साथ ही उन्होंने ‘गंगा एक्सप्रेस वे’ के संभावित खतरों पर एक विस्तृत रिपोर्ट अपनी पत्रिका में छापी. छह फरवरी, 2010 को उन्हें दिल्ली से लौटते वक्त इलाहाबाद स्टेशन पर उनके पति विश्वविजय के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. माओवादी साहित्य बरामद होने का आरोप लगाते हुए उन्हें यूएपीए की विभिन्न धाराओं में आरोपित बना दिया गया. लगभग ढाई साल जेल में रहने के बाद इसी साल अगस्त में उन्हें इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा जमानत पर रिहा किया गया है. सीमा आजाद की ही तरह माओवादी साहित्य बरामद होने के नाम पर विभिन्न राज्यों में हजारों लोगों को कैद किया गया है. इस संदर्भ में 15 अप्रैल, 2011 को विनायक सेन को जमानत देते वक्त सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि ‘सिर्फ माओवादी साहित्य बरामद होना किसी व्यक्ति को अपराधी नहीं बनाता.’ साथ ही तीन फरवरी, 2011 को एक अपील की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने कहा कि ‘महज किसी प्रतिबंधित संगठन का सदस्य होना किसी व्यक्ति को अपराधी नहीं बनाता जब तक कि किसी हिंसक घटना में उसकी कोई भूमिका न हो’. फिर भी देश में न जाने कितने लोग माओवादी होने के आरोप में जेल में हैं.

सीमा आजाद उत्तर प्रदेश में ‘दस्तक’ नाम की एक पत्रिका निकालती हैं. प्रदेश की राजनीतिक खामियों के साथ ही उन्होंने ‘गंगा एक्सप्रेस वे’ के संभावित खतरों पर एक विस्तृत रिपोर्ट अपनी पत्रिका में छापी.

हाल ही में दिल्ली स्थित जामिया टीचर्स सॉलिडेरिटी एसोसिएशन द्वारा दिल्ली में एक रिपोर्ट जारी की गई. ‘आरोपित, अभिशप्त और बरी’ नामक इस रिपोर्ट में भी कई ऐसे मामले दर्शाए गए हैं जिनमें यूएपीए के तहत लोगों को आरोपित बनाया गया और सालों जेल में बंद रखने के बाद भी जब उनके खिलाफ कोई मामला नहीं बन पाया तो उन्हें बरी कर दिया गया. रिपोर्ट में आमिर नामक एक लड़के का भी जिक्र है जिसे 18 साल की उम्र में जेल में डाल दिया गया था. आमिर का फैसला होने में 14 साल लगे जिस दौरान वह जेल में रहा और उसकी जिंदगी के ये 14 महत्वपूर्ण साल यूं ही निकल गए. एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स नामक संस्था ने आमिर को कोई कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता की है. संस्था की दिल्ली इकाई के सचिव सय्यद अख्लाक अहमद बताते हैं, ‘आमिर और उनके जैसे कई अन्य लोगों की जिंदगी के ये साल तो लौटाए नहीं जा सकते मगर सरकार इनके पुनर्वास के लिए भी कोई कदम नहीं उठाती और न ही उन अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई ही की जाती है जो ऐसे झूठे मामलों में लोगों की जिंदगी बर्बाद कर देते हैं.’ जामिया टीचर्स सॉलिडेरिटी एसोसिएशन की अध्यक्ष मनीषा सेठी ऐसे मामलों में मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहती हैं, ‘जब भी कोई व्यक्ति देशद्रोह के आरोप में पुलिस द्वारा पकड़ा जाता है तो मीडिया स्वयं ही इन्हें आतंकवादी घोषित करने में रत्ती भर नहीं कतराता. मीडिया में बेझिझक बयान दिए जाते हैं कि कोई माओवादी या लश्कर का आतंकी पकड़ा गया है. जब वही व्यक्ति कोर्ट द्वारा निर्दोष बताया जाता है तो उस पर कहीं कोई खबर नहीं होती.’

यूएपीए अपने कई प्रावधानों के चलते विवादित रहा है. इनमें से एक यह भी है कि इस कानून के तहत आरोपी को 180 दिन तक बिना आरोपपत्र दाखिल किए बंद रखा जा सकता है, जबकि दंड प्रक्रिया संहिता के अनुसार किसी भी मामले में 90 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल करना अनिवार्य होता है. इस संदर्भ मंे पीयूसीएल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष और अधिवक्ता एनडी पंचोली बताते हैं, ‘आज तक ऐसा एक भी मामला मेरे संज्ञान में नहीं जब यूएपीए के अंतर्गत आरोपी बनाए गए किसी भी व्यक्ति के खिलाफ 90 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल किया गया हो. पुलिस ऐसे प्रावधानों का गलत इस्तेमाल करती है और किसी को भी इतने लंबे समय तक जेल में डाल देती है. आतंकी गतिविधियों की पड़ताल तो और भी ज्यादा जल्दी की जानी चाहिए फिर आरोपपत्र दाखिल करने के लिए इतना ज्यादा समय देना कहां तक उचित है?’ पंचोली आगे बताते हैं, ‘भारतीय दंड संहिता में हर तरह के अपराध की सजा का प्रावधान है और आतंकवाद से निपटने के लिए भारतीय दंड संहिता ही काफी है. इसके अलावा जितने भी कानून आतंकवाद से निपटने के नाम पर बनाए जाते हैं वह सिर्फ राज्यों द्वारा शोषण करने का ही काम करते हैं जो बंद होना चाहिए.’

नक्सल प्रभावित इलाकों में तो सोनी सोरी जैसे हजारों आदिवासी यूएपीए जैसे कानून का दंश झेल ही रहे हैं साथ ही उन इलाकों के लोग भी इसके दुरुपयोग का शिकार हो रहे हैं जहां नक्सलवाद या माओवाद का नाम तक नहीं है. 

 सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून (अफस्पा)
काले कानूनों की श्रृंखला में सबसे ज्यादा कुख्यात कानून है ‘आर्म्ड फोर्सेस (स्पेशल पावर्स) एक्ट’ यानी अफस्पा. 1958 में लागू हुआ यह कानून सेना बलों द्वारा नागरिकों की हत्या, बलात्कार व दमन करने का एक साधन बनने के आरोपों को लेकर लंबे समय से विवादों में रहा है. अफस्पा के अंतर्गत सैन्य बलों को जिस प्रकार के अधिकार और छूट हासिल है उसकी तुलना दुनिया के किसी भी अन्य कानून से नहीं की जा सकती है. अफस्पा भारतीय संविधान में वर्णित मूलभूत अधिकारों के उल्लंघन के लिए तो चर्चा में रहा है साथ ही यह 1978 में मेनका गांधी मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दी गई ‘कानून द्वारा स्थापित व्यवस्था’ की परिभाषा का भी उल्लंघन करता है. उत्तर-पूर्व के राज्यों से लेकर जम्मू-कश्मीर तक जहां भी यह कानून प्रभावी है वहां इसके दुरुपयोग के हजारों उदाहरण मिलते हैं.

पांच मार्च, 1995 को नागालैंड की राजधानी कोहिमा में राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने गाड़ी के टायर फटने की आवाज को बम धमाका समझ कर गोलीबारी शुरू कर दी. इस गोलीबारी में सात लोगों की जान चली गई और 22 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. मरने वालों में चार और आठ साल की दो बच्चियां भी शामिल थीं. नवंबर, 2000 में मणिपुर की राजधानी इंफाल के पास एक बस स्टैंड पर खड़े 10 लोगों को असम राइफल्स के जवानों द्वारा मार दिया गया. अफस्पा की आड़ में हुए इस नरसंहार के बाद ही इरोम शर्मिला ने इस कानून को हटाने की मांग के साथ भूख हड़ताल शुरू की. इस हड़ताल को 12 साल होने वाले हैं. आज तक की सबसे लंबी भूख हड़ताल करने वाली इरोम का नाम कई रिकॉर्डों में दर्ज हो चुका है, लेकिन अफस्पा को हटाने की उनकी मांग आज तक अधूरी है.

सरकार आतंकवाद से लड़ने के नाम पर ऐसे कानूनों को बनाए रखने का तर्क देती है. लेकिन क्या इन कानूनों का दुरुपयोग करने वालों को दंडित करने के लिए भी किसी इतने ही प्रभावी कानून की आवश्यकता नहीं है?

जम्मू-कश्मीर में भी हजारों परिवार इस कानून के दुरुपयोग के शिकार हुए हैं. श्रीनगर में रहने वाली परमीना अहंगर पिछले 22 साल से अपने बेटे की राह देख रही हैं. 18 अगस्त, 1990 की रात तीन बजे उनके बेटे को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के सिपाही घर से उठा कर ले गए थे. उनका बेटा जावेद अहंगर उस वक्त 16 साल का था और दसवीं कक्षा में पढ़ता था. उस रात के बाद से जावेद की कोई खबर नहीं मिली. प्रशासन से लेकर कोर्ट तक कई-कई बार गुहार लगा चुकी परमीना अब गुमशुदा युवाओं के अभिभावकों की एक संस्था चलाती हैं. गांव-गांव जाकर उन्होंने लापता लोगों के परिवार वालों को संगठित करके ‘एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स ऑफ डिसअपीयर्ड पर्सन्स’ का गठन किया. तहलका से बात करते हुए परमीना बताती हैं, ‘मैंने हर एक थाने, हर छावनी, हर कैंप, हर अस्पताल में अपने बेटे को ढूंढ़ा मगर उसकी कोई खबर नहीं मिली. आज 22 साल हो चुके हैं. आज मैं सिर्फ अपने बेटे के लिए नहीं लड़ रही बल्कि उन हजारों बच्चों के लिए लड़ रही हूं जो जावेद की ही तरह लापता कर दिए गए हैं. हमें मारने के लिए तो कई कानून हैं लेकिन जो इन कानूनों के नाम पर खुलेआम कत्ल कर रहे हैं उन्हें सजा देने के लिए कोई कानून नहीं है.’ बात जायज है. सरकार आतंकवाद से लड़ने के नाम पर ऐसे कानूनों को निरस्त करने से तो इनकार कर सकती है मगर क्या ऐसे कानूनों का दुरुपयोग करने वालों को दंडित करने के लिए भी किसी इतने ही प्रभावी कानून की आवश्यकता नहीं है?

2004 में अफस्पा पर बदनामी का एक बड़ा कलंक तब लगा जब 30 वर्षीया थान्गजम मनोरमा के साथ असम राइफल्स के जवानों द्वारा सामूहिक बलात्कार करके उनकी हत्या कर दी गई. इसके विरोध में 40 महिलाओं ने निर्वस्त्र होकर असम राइफल्स के मुख्यालय के सामने बैनर दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिन पर ‘इंडियन आर्मी रेप अस’ लिखा था. इसने देश को झकझोर कर रख दिया. मजबूरन केंद्र सरकार को अफस्पा की जांच के लिए एक आयोग का गठन करना पड़ा. जस्टिस जीवन रेड्डी की अध्यक्षता में बने इस पांच सदस्यीय आयोग ने 2005 में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी. इसमें कहा गया कि अफस्पा को तुरंत निरस्त कर दिया जाना चाहिए. जीवन रेड्डी आयोग के अलावा 2007 में वीरप्पा मोइली की अध्यक्षता वाली प्रशासनिक सुधार समीति और हामिद अंसारी की ‘वर्किंग ग्रुप ऑन कॉन्फिडेंस बिल्डिंग मेजर्स इन जम्मू एंड कश्मीर’ ने भी अफस्पा को हटाए जाने की संस्तुति की है. इसी साल मार्च में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रतिनिधि क्रिस्टोफ हेंस ने भी कई इलाकों में घूम कर और कई लोगों से मिलकर एक रिपोर्ट केंद्र को सौंपी है. इसमें भी अफस्पा को मानवाधिकारों का हनन करने वाला कानून मानते हुए इसे हटाए जाने की संस्तुति की गई है.

सवाल यह भी है कि ऐसे कानून कितने सफल रहे हैं. अफस्पा को ही लें. जब इस कानून को बनाया गया था तब पूर्वोत्तर में सिर्फ ‘नागा नेशनल काउंसिल’ ही एक ऐसा संगठन था जिससे सशस्त्र विद्रोह के संभावित खतरे थे. आज अफस्पा के इतने साल बाद आलम यह है कि ऐसे पचासों संगठन उत्तर-पूर्व में मौजूद हैं. इससे यह तो साफ है कि जिन उद्देश्यों के लिए ऐसे कानूनों को बनाया जाता है उनकी पूर्ति नहीं हो पाती जबकि इन कानूनों का दुरुपयोग बहुत बड़े स्तर पर होता है. आजादी के 65 साल बाद भी यदि हजारों बेगुनाह लोग अपने देश के ही कानून की बलि चढ़ रहे हों तो वेलफेयर स्टेट या कल्याणकारी राज्य की बातें हवा-हवाई ही लगती हैं.

सर्व ‘दीक्षा’ अभियान!

कुछ महीनों पहले जब मध्य प्रदेश में गीता को अनिवार्य रूप से स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का फैसला किया गया तब यह चौतरफा विवाद का विषय बन गया था. शिक्षाविदों का कहना था कि ऐसे कदमों से शिक्षा का धर्मनिरपेक्ष स्वरूप बिगड़ सकता है तो वहीं भाजपा इसे पहले से एक तरफ झुकी शिक्षा व्यवस्था को संतुलित और बेहतर करने का प्रयास बता रही थी.  हालांकि बाद में यह विवाद धीरे-धीरे परिदृश्य से गायब हो गया. लेकिन इस घटना के पहले और बाद में अपेक्षाकृत कई ऐसी कम चर्चित लेकिन महत्वपूर्ण घटनाएं हुई हैं जो बताती हैं कि भाजपा सरकार ने बीते सालों में लगातार स्कूली शिक्षा में संघ की विचारधारा को पोषित करने का काम किया है. सर्व शिक्षा अभियान को निशाने पर रखने वाली इस सरकारी कवायद का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि अब इससे जुड़ी आर्थिक अनियमितताओं के मामले भी सामने आने शुरू हो गए हैं.

इस कड़ी में सबसे ताजा मामला प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस को प्रदेश लोकायुक्त द्वारा जारी नोटिस है. यह नोटिस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पत्रिका देवपुत्र को अपने कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर दिए गए सरकारी अनुदान को लेकर है. गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने देवपुत्र पत्रिका को 2009 में सभी स्कूलों में अनिवार्य तौर पर पढ़ाए जाने का फैसला लिया था. इस फैसले में हैरान करने वाली बात यह थी कि पत्रिका की सदस्यता के लिए 13 करोड़ 27 लाख रुपये का ड्राफ्ट पहले ही जारी कर दिया गया जबकि अनुबंध के लिए समिति का गठन बाद में किया गया. यह रकम प्रदेश के एक लाख 12 हजार से अधिक स्कूलों में देवपुत्र का सदस्य बनाने के नाम पर जारी की गई है. सन 2024 तक लागू इस फैसले का मतलब है कि यदि भविष्य में भाजपा सत्ता में न भी रहे तो भी सालों तक प्रदेश के सभी स्कूलों में संगठन की विचारधारा पढ़ाई जाती रहेगी. 
विचारधारा की आड़ में रेवड़ियां बांटने का दूसरा मामला सूर्य नमस्कार से जुड़ा है. विवेकानंद जयंती के मौके पर 12 जनवरी के दिन प्रदेश के सभी स्कूलों में अनिवार्य रुप से करवाए जाने वाले सूर्य नमस्कार में हर साल 12 करोड़ रुपये का खर्च आता है. यह काम सरकार खुद न करके संघ से जुड़ी विद्या भारती से करवाकर उसे लाभ पहुंचाती है. इतना ही नहीं, विचारधारा को पोषित करने के लिए सरकारी नीतियों को भी तोड़ने-मरोड़ने का काम किया गया है. जैसे कि प्रदेश सरकार ने केंद्र की कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के योजना संचालन का सारा काम संघ की ही ग्रामीण महिला संघ को सौंप दिया है. दरअसल इस योजना के तहत जहां भी बालिका विद्यालय स्थापित किए जाते हैं उनका प्रबंधन स्थानीय महिलाओं की एक समिति करती है, मगर प्रदेश सरकार ने इस प्रावधान को न मानते हुए ग्रामीण महिला संघ को ही नियुक्त कर दिया.

संघ से जुड़े विवेकानंद केंद्र के जरिए शिक्षकों के शिक्षण-प्रशिक्षण का कार्यक्रम भी अपने आप में अनोखा है. इसी के अंतर्गत पिछले साल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सरकार ने शिक्षकों को 500 रुपये साहित्य और स्टेशनरी खरीदने के लिए तो दिए लेकिन उनसे संघ का साहित्य खरीदने के लिए तीन सौ रुपये काट भी लिए. इस तरह नौ जिलों के 21 हजार शिक्षकों को 65 लाख रुपये से अधिक का संघ साहित्य बेच दिया गया. प्रदेश के स्कूली शिक्षा राज्य मंत्री नानाभाऊ माहौड़ को इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता. उनके मुताबिक, ‘यह साहित्य शिक्षकों को खरीदना इसलिए अनिवार्य था ताकि उन्हें भारतीय संस्कृति के गुर सीखने को मिलें.’ वहीं शिक्षकों के एक तबके का मानना है कि भारतीय संस्कृति को लेकर कइयों का नजरिया संघ के मापदंडों से मेल नहीं खाता. इसके बावजूद उन पर संघ साहित्य खरीदने का आदेश थोपा जा रहा है. मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष रामनरेश त्रिपाठी इसे तानाशाही मानते हैं. उनका आरोप है, ‘प्रशिक्षण के नाम पर आया पैसा भी भाजपा सरकार संघ के खाते में डाल रही है.’

इसके अलावा अनगिनत ऐसे मामले भी हैं जिनमें प्रदेश सरकार ने कभी पुस्तकालय तो कभी छात्रावास आदि के नाम पर संघ से जुड़ी संस्थाओं को लाभ पहुंचाया. मसलन, उसने भोपाल के ही कालापानी स्कूल में रामकृष्ण शिक्षा समिति (संघ से संबद्ध) को सौ सीटर छात्रावास चलाने के लिए 30 लाख रुपये का चेक जारी किया. हालांकि शिक्षा अधिकारियों ने इससे पहले इसी स्कूल में छात्रावास के लिए पर्याप्त जगह न होने की बात कही थी. शिक्षा का अधिकार कानून के विशेषज्ञ बताते हैं कि कानून के भीतर राज्य सरकारों के लिए कहीं भी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वे सर्व शिक्षा अभियान के कामों में स्वयंसेवी संस्थाओं को भागीदार नहीं बना सकतीं. इसी का फायदा उठाकर कोई भी सरकार अपने अनुकूल विचारों वाली संस्थाओं को शामिल कर सकती है. इस मायने में प्रदेश की भाजपा सरकार ने निचले स्तर तक राजनीतिक विचारधारा को पुख्ता बनाने के लिए जबरदस्त घेराबंदी की है. यहां पर भाजपा राष्ट्रीय चुनावी रणनीति के योजनाकार अनिल माधव दवे ने जन अभियान परिषद को संगठित करके निर्णायक भूमिका निभाई है.

सरकारी स्तर पर हुए सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

उन्होंने सरकार से वित्त पोषित इस परिषद के बैनर तले प्रदेश की सभी स्वयंसेवी संस्थाओं को एकत्रित करके एक ऐसा छत्र तैयार किया है जिसने सरकार और संस्थाओं के बीच की दूरी पाटकर अनुकूल विचारों वाली तकरीबन एक लाख संस्थाओं को वित्तीय सहायता पहुंचाई है. सरकार की इस घेराबंदी से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में जिस तरह से संघ की विचारधारा हावी हुई उससे होने वाली अनियमितताओं के मामलों में बाढ़ आ गई है. मसलन, स्कूलों में मिड-डे मील के लिए खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने के लिए केंद्र सरकार की योजना का ठेका भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू के बेटे की संस्था नांदी फाउंडेशन को दिया गया है. हालांकि प्रदेश के दूसरे विभाग सभी कामों के लिए टेंडर जारी करते हैं लेकिन इस मामले में सर्व शिक्षा अभियान का संचालन करने वाली संस्था राज्य शिक्षा केंद्र ने केवल शोध कार्यों के लिए ही संस्थाओं को सूचीबद्ध किया है. इसके अलावा बाकी सभी बड़े कामों के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनाए बिना संस्थाओं की सीधे तैनाती की जा रही है. राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग में राज्य की चेयरमैन आशा मिश्रा बताती  हैं, ‘सर्व शिक्षा जैसे अहम अभियान में संघ से जुड़ी संस्थाओं की तैनाती से शिक्षा विभाग पर एक ही नजरिया रखने वालों का कब्जा हो गया है.’

राजनीतिक विचारधारा के प्रति समर्थन के नाम पर शिक्षा विभाग में कई फर्मों को भी संरक्षण मिल गया है. विभाग में अनियमितता का आलम यह है कि स्कूलों में छुटपुट मरम्मत कार्यों के लिए 2010 में केंद्र से आया साढ़े 11 करोड़ रुपये का बजट ब्लैकबोर्ड को ग्रीनबोर्ड बनाने के नाम पर खर्च हुआ. इस काम का ठेका उज्जैन की क्लासिक टेंडर्स को टेंडर के बिना ही दे दिया गया. तहलका से बातचीत में प्रदेश की स्कूली शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस बताती हैं, ‘बोर्डों पर हमने हरा रंग इसलिए पुतवाया कि प्रकृति के साथ यह अधिक एकाकार है.’ चिटनीस के इस ‘इकोफ्रेंडली’ जुनून को पूरा करने के लिए विभाग ने बोर्डों को ब्लैक से ग्रीन बनाने में एक बोर्ड पचास रुपये की जगह 800 रुपये में पोता. इसी तरह, प्रदेश के स्कूलों में अग्निशमन यंत्र भी बड़े पैमाने पर लगाए गए हैं. बाजार में अग्निशमन की कीमत 700 रुपये है लेकिन स्कूली शिक्षा विभाग ने इन्हें पांच गुना अधिक कीमत पर खरीदा. इस कीमत पर प्रदेश के स्कूलों में 18 करोड़ के अग्निशमन यंत्र लगाए गए. ये अग्निशमन यंत्र उन्हीं स्कूलों में लगाए जाने थे जिनमें एक या उससे अधिक मंजिल हो, लेकिन भिंड जिले के लहार गांव के सरकारी स्कूल जैसे कई स्कूलों में जहां एक भी मंजिल नहीं थी वहां भी अग्निशमन यंत्र लगाए गए.

राजनीतिक विचारधारा लागू करने की जद्दोजहद में शीर्ष स्तर पर अनियमितताओं को संरक्षण दिए जाने का नतीजा अब प्रशासन के भीतर भ्रष्टाचार के रूप में दिखाई देने लगा है. प्रदेश मे इस समय 50 में से 43 जिला शिक्षा अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के संगीन मामले हैं, लेकिन इसके बावजूद इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. इन सबके बीच शिक्षा और शिक्षकों की हालत की बात करें तो मध्य प्रदेश जैसे बीमारू प्रदेश के ग्रामीण स्कूलों में सवा लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं. वहीं यहां की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले संविदा शिक्षाकर्मियों (प्राथमिक शाला) को हर महीने मात्र 3,500 रुपये मिलते हैं. आदिवासी बहुल मध्य प्रदेश में 6 से 14 साल के आयु-वर्ग के आधे से अधिक बच्चे स्कूलों से बाहर हैं. शिक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं की राय में ऐसे हाल में प्रदेश सरकार को बुनियादी समस्याओं से निजात पाने की ओर ध्यान देना चाहिए था, लेकिन उसने अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने में ही अधिक रुचि ली.

बीते दो साल में भाजपा सरकार अपने एजेंडे को लेकर तेजी से आगे बढ़ी है. इस दौरान स्कूलों के उन्नयन और भवन निर्माण के लिए केंद्र से 479 करोड़ रुपये आए. इस मद से घोषित हुए तकरीबन एक हजार स्कूलों में से 85 प्रतिशत भाजपा के मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों पर खर्च किए गए. उदाहरण के लिए, टीकमगढ़ जिले के भाजपा विधानसभा क्षेत्र जतारा में 19 उन्नयन और भवन निर्माण हुए. वहीं गैर भाजपा विधानसभा क्षेत्र टीकमगढ़ में एक भी उन्नयन या भवन निर्माण मंजूर नहीं हुआ. राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि स्कूलों का गांव-गांव से लेकर घर-घर में दीर्घकालीन प्रभाव पड़ता है और यही वजह है कि भाजपा सरकार स्कूलों के जरिए संघ की पकड़ मजबूत बना रही है. यानी सत्ता वापसी के लिए अपना राजनीतिक भविष्य भी सुरक्षित बना रही है.

‘छल’चित्र कथा

70 के दशक में हास्य अभिनेता महमूद ने फिल्म प्यार किए जा में आत्मा नाम के किरदार को निभाया था. इसमें वे वाह-वाह प्रोडक्शन की स्थापना करते हैं और फिल्में बनाने के लिए अपने पिता यानी ओमप्रकाश से मनमाना पैसा वसूलते हैं.  फिलहाल यह फिल्मी कहानी छत्तीसगढ़ में दोहराई जा रही है. यहां पिता की भूमिका में छत्तीसगढ़ सरकार है तो पुत्र की भूमिका में ढेरों वाह-वाह प्रोडक्शन नुमा ऐरे-गैरे प्रोडक्शन हाउस. और यहां प्रेम कहानियों के बजाय सरकार से पैसा वसूलने का काम सरकारी योजनाओं के नाम पर किया जा रहा है.

इस गोरखधंधे की शुरुआत वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के साथ ही हो गई थी. तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी की सरकार ने नई दिल्ली की शैली सुमन प्रोडक्शन को नवा छत्तीसगढ़ नामक फिल्म बनाने का ठेका दिया था. प्रदेश के नागरिकों को छत्तीसगढ़ की विशेषताओं से परिचित कराने के उद्देश्य से लगभग 32 लाख में निर्मित की गई फिल्म के निर्देशक वैसे तो महेश भट्ट थे, लेकिन फिल्म के अधिकांश दृश्य एक स्थानीय फिल्मकार संतोष जैन की फिल्म कंपनी ‘ईरा’ ने मुहैया कराए थे. फिल्म का पहला और एकमात्र सार्वजनिक प्रदर्शन भी वर्ष 2003 में राज्योत्सव के दौरान  देखने को मिला था. अब यह फिल्म कहां और किधर है इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है. जनसंपर्क विभाग में लंबे समय तक फिल्मों का लेखा-जोखा रखने वाले सूचना सहायक शशि पाराशर कहते हैं,‘फिल्म की मूल प्रति खराब हो चुकी है, सो फिल्म का प्रदर्शन कहीं किया ही नहीं जा सकता है.’ जबकि संयुक्त संचालक संजीव तिवारी का कहना है, ‘फिल्म की एक भी कॉपी यहां तक रिकार्ड कापी भी महकमे में उपलब्ध नहीं है.’

लड़कियों की तस्करी के मामले में राज्य की भारी बदनामी को छिपाने के लिए राज्य महिला आयोग ने एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण करवाया है

जोगी के सत्ता से हटने के बाद जब प्रदेश में भाजपा की सरकार काबिज हुई तब तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री कृष्णमूर्ति बांधी की विशेष मेहरबानी मध्य प्रदेश के भोपाल की रहवासी आरती गोस्वामी की स्मृति फिल्म्स पर बरसी. स्मृति फिल्म्स को स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों के फिल्मांकन का काम लंबे समय तक सौंपा जाता रहा, लेकिन इस फिल्म्स ने किस तरह की फिल्में बनाईं और वे फिल्में अब कहां हैं इसकी जानकारी भी महकमे में उपलब्ध नहीं है. वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री अग्रवाल कहते हैं, ‘एक स्थानीय फिल्म निर्माता की शिकायत के बाद स्मृति फिल्म्स के खिलाफ जांच प्रारंभ तो की गई थी लेकिन अब यह देखना होगा कि जांच कहां पर अटकी पड़ी है.’

फरवरी, 2008 में प्रसिद्ध एंकर अन्नू कपूर की बहन सीमा कपूर ने मुंबई के फिल्म निर्देशक जुबिन खान के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ की सभ्यता और संस्कृति को दिखाने के लिए  ‘महानदी के तट पर’ शीर्षक से एक भव्य डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई थी. लेकिन इसका प्रदर्शन न तो सरकारी समारोहों में हो पाया और न ही निजी सिनेमाघरों में. पर्यटन मंडल में पदस्थ एक अफसर नाम न छापने की शर्त पर कहते हैं, ‘फिल्म में सिर्फ ओमपुरी की आवाज ही बेहतर थी बाकी फिल्मांकन इतना वाहियात था कि शुरू के कुछ मिनटों के बाद हमने उसे देखा ही नहीं.’ कुछ इसी तरह का हश्र रायपुर से रंगकर्म के जरिए फिल्मों का सफर तय करने वाले चंपक बनर्जी द्वारा निर्मित की गई फिल्मों का भी हुआ. पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के निकटतम समझे जाने वाले चंपक बनर्जी ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 30 लाख रुपये की लागत से पांच-पांच मिनट की अवधि वाली 12 छोटी फिल्मों का निर्माण किया था. जब पर्यटन मंडल ने फिल्मों प्रदर्शन के लिए तैयारी प्रारंभ की तब पता चला कि सभी फिल्मों की तस्वीरें घटिया थीं. पर्यटन मंत्री ने फिल्म में सुधार के सुझाव दिए लेकिन न तो फिल्म आई और न ही किसी तरह का कोई सुधार हुआ.

राजधानी रायपुर से लगभग 22 किलोमीटर दूर प्रदेश की नई राजधानी का निर्माण किया जा रहा है. राजधानी की विशेषताओं से आमजन को अवगत कराने के उद्देश्य से न्यू रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी
(नारडा ) ने वर्ष 2010 में 121 उद्योग विहार फेज फोर हरियाणा स्थित कंपनी मिडिटेक को बगैर निविदा के ही फिल्म निर्माण का काम सौंप दिया था. जब कंपनी ने नया रायपुर के विकास को दर्शाते हुए फिल्म का निर्माण किया और 24 जनवरी, 2011 को 47 लाख 67 हजार 65 रुपए का भुगतान भी हासिल कर लिया तब यह सवाल उठा कि नारडा ने जिस हाई डेफिनेशन फॉर्मेट का हवाला देकर मिडिटेक से फिल्म का निर्माण करवाया है उस हाई डेफिनेशन फॉर्मेट पर स्थानीय फिल्मकार भी बेहतर काम कर सकते थे. लेकिन नारडा के अफसरों ने मिडिटेक की उपलब्धियों को बढ़ा-चढ़ाकर बताया और उसे 15 मिनट की फिल्म बनाने की जवाबदारी सौंपी. छत्तीसगढ़ फिल्म निर्माण विकास समिति के पूर्व अध्यक्ष परेश बागबहरा आरोप लगाते हुए कहते हैं, ‘दरअसल नारडा के अफसरों को सुश्री मालिनी कुमार की कंपनी मिडिटेक को उपकृत करना था, सो नियम-कानून को ताक पर रखकर लगभग आधा करोड़ रुपये स्वाहा कर दिए गए.’

बागबहरा के आरोपों में इसलिए भी दम नजर आता है क्योंकि मिडिटेक से फिल्म बनवा लेने के बाद जब यह खुलासा हुआ कि काम उस स्तर का नहीं था जिस स्तर का होना चाहिए था तब नारडा ने एक बार फिर नई राजधानी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए फिल्म निर्माण की योजना बनाई. इस मर्तबा नारडा ने 28 सितम्बर, 2012 को निविदा आमंत्रित की. इस निविदा में फिल्मकारों के दफ्तरों का मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद और बैंगलोर में होना अनिवार्य किया गया. इसके साथ ही फिल्म बनाने वालों को दो से तीन करोड़ रुपये का टर्न ओवर दर्शाने के लिए भी कहा गया. इस शर्त के जुड़ जाने के बाद एक फिर यह सवाल उठने लगा है कि नारडा के अफसर किसी चहेती फिल्म कंपनी को उपकृत करने के फिराक में हैं.

छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के बीच फिल्मों से प्रचार का ढर्रा इस हद तक चल पड़ा है कि लगातार बढ़ रही लड़कियों की तस्करी के बावजूद राज्य महिला आयोग ने अपनी छवि को चमकाने के लिए एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण करवाया है. इस फिल्म के निर्माण के लिए रवींद्र गोयल की जेबी कम्युनिकेशन को दो लाख 75 हजार रुपये का भुगतान किया गया है. पिछले साल  जुलाई में जनदर्शन मीडिया सेंटर ने स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन के लिए एक लघु फिल्म बनाई थी. तीस मिनट की इस फिल्म के लिए मीडिया सेंटर ने तीन लाख 25 हजार रुपये का भुगतान हासिल किया था. फिल्म बनाने और भुगतान हासिल करने वालों की सूची में ‘डिस्कवरी छत्तीसगढ़’ नाम की एक संस्था भी शामिल है. इस संस्था ने राज्य बागवानी मिशन के लिए केला, आम, लीची और पपीते की खेती पर फिल्में बनाकर अप्रैल-मई, 2011 में  विभाग में जमा की थीं. इन फिल्मों के लिए उसे चार लाख 75 हजार रुपए का भुगतान किया गया है. इधर महिला एवं बाल विकास विभाग भी एक बड़े बजट के फिल्म निर्माण की तैयारियों में लगा हुआ है. विभाग के सचिव सुब्रत साहू ने तहलका को बताया कि स्त्रियों के सशक्तीकरण को रेखांकित करने के लिए फिल्म निर्माण की प्रारंभिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.

राजधानी रायपुर से लगभग 22 किलोमीटर दूर प्रदेश की नई राजधानी का निर्माण किया जा रहाइन फिल्मों के निर्माण से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि इनमें से ज्यादातर फिल्मों का प्रदर्शन किस समारोह में हुआ या कब हुआ यह किसी को नहीं पता. फिल्म निर्माण के नाम पर सबसे ज्यादा गड़बड़झाला पर्यटन मंडल में नजर आता है. मंडल ने प्रदेश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए डिस्कवरी चैनल से लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से जिस फिल्म का निर्माण किया था वह फिल्म जन-जन का हिस्सा नहीं बन पाई. प्रदेश के फिल्मकार संतोष जैन ने प्रदेश के सिरपुर इलाके में उत्खनन के दौरान मिल रहे मंदिरों को लेकर वैभव नगरी सिरपुर शीर्षक से एक लघु वृत चित्र का निर्माण किया, लेकिन यह वृतचित्र भी मंडल के दफ्तर से बाहर नहीं निकल पाया है. इसी तरह रायपुर के योगिता आर्ट्स ने ‘छत्तीसगढ़ नहीं देखा तो क्या देखा’ स्लोगन को ध्यान में रखते हुए ‘छत्तीसगढ़ दर्शन’ शीर्षक से छह छोटी फिल्में बनाई हैं. ये फिल्में भी भुगतान संबंधी विवादों के चलते डिब्बे में ही कैद है.

आनन-फानन में फिल्म निर्माण का आदेश दिए जाने के चलते पर्यटन मंडल विवादों में घिरता ही रहा है. फिलहाल एक ताजा विवाद जन-गण-मन फिल्म के निर्माण के बाद उठ खड़ा हुआ है. विवाद यह है कि मंडल ने वर्ष 2011 में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों के प्रमोशन के लिए दो मिनट की लघु फिल्म निर्माण करने के लिए निविदा मंगवाई थी. इस फिल्म के निर्माण के लिए सात संस्थाओं ने निविदा में हिस्सेदारी दर्ज की लेकिन बाद में  मोलभाव करते हुए 32 लाख न्यूनतम बजट की फिल्म के निर्माण का काम मुंबई की पॉप्स इंटरटेनमेंट को 25 लाख रुपए में सौंप दिया गया. इस निविदा में साफ तौर पर उल्लिखित था कि चयनित फिल्मकार को पर्यटन स्थलों के प्रमोशन के लिए ही फिल्म बनानी होगी. लेकिन संस्था के निर्देशक उज्जवल दीपक ने फिल्म में पर्यटन स्थलों का फिल्मांकन तो किया ही फिल्म में पदमश्री तीजन बाई, पंडवानी गायिका ऋतु वर्मा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी फिल्म के कलाकार योगेश अग्रवाल, अनुज शर्मा और इंडियन आइडल में हिस्सेदारी दर्ज करने वाली सुमेधा कर्महे, अमित साना को दिखाते हुए राष्ट्रगान जन -गण-मन का इस्तेमाल भी कर डाला. छत्तीसगढ़ में फिल्मों के जानकार कहते हैं कि यह फिल्म पर्यटक स्थलों पर इतना फोकस नहीं करती. लेकिन छत्तीसगढ़ में सरकारी पैसे से बनी यह अकेली फिल्म नहीं है जिसमें इतने गड़बड़झाले हुए हों. बाकी फिल्में भी कमोबेश ऐसी ही बन रही हैं या बनी हैं, लेकिन वे ज्यादातर दर्शकों के सामने ही नहीं आ पाईं इसलिए उन पर इतनी चर्चा नहीं हुई.

…किसकी लगी नजर?

पंजाब के युवाओं में नशे की लत ऐसा कोई रहस्य नहीं है जिसके बारे में किसी को पता न हो. साल 2009 में जब पंजाब की अकाली दल सरकार ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के सामने यह माना था कि राज्य के 75 फीसदी युवा नशे की गिरफ्त में हैं तब इस मुद्दे पर कुछ सरगर्मी देखी गई थी. लेकिन पिछले दिनों अपनी पंजाब यात्रा के दौरान जब कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि राज्य के 10 में से सात युवा नशे के आदी हैं तो इस पर खूब हायतौबा मची. तीन साल पहले कोर्ट में यही तथ्य रखने वाली राज्य सरकार ने इसे हकीकत से दूर और प्रदेश की छवि खराब करने वाला गैरजिम्मेदार बयान बताकर आलोचना की तो वहीं पंजाब की सरकार में साझेदार भाजपा के एक बड़े तबके ने इसे सच माना.

लेकिन आंकड़ों और तथ्यों की बारीकियों से आगे निकलते हुए जब हम पंजाब में इस समस्या की हकीकत देखने का फैसला करते हैं तो हमें जल्दी ही एहसास हो जाता है कि युवाओं के लिए त्रासदी बन चुकी इस समस्या को आप चाहकर भी अनदेखी नहीं कर सकते. हम पाकिस्तान की सरहद से लगे अमृतसर के अनगढ़ इलाके में एक रेलवे बैरियर के पास हैं. यहां सरहद के साथ-साथ कई चीजें एक साथ खत्म होती दिखती हैं. यहां न तो कानून का डर नजर आता है और न ही अपराध से किसी तरह का भय. सब कुछ असामान्य. यह पूरा इलाका नशीले पदार्थों और अपराध की चपेट में है. हालात अकल्पनीय रूप से खराब हो गए हैं. यहां दिवाली पर जुए को लेकर हुए झगड़े में 13 साल के बच्चों की हत्या हो जाती है, 20 साल की उम्र के लड़के नशे की लत के उन्माद में दुकानें लूटते हैं, एलपीजी के गोदामों के पास विस्फोटकों की अवैध फैक्टरियां चलती हैं. गलियों में आपको जहां इंजेक्शन से नशा करते युवा मिलेंगे वहीं कुछ कश्मीरी सुल्फा (खराब गुणवत्ता वाली ब्राउन हशीश) बेचते नजर आ जाएंगे.

बहरहाल, यह तो एक बड़ी बीमारी की ओर छोटा-सा इशारा भर है. पंजाब के दोआबा, माझा और मालवा इलाकों में नशे की समस्या बहुत बढ़ चुकी है. यहां लगभग हर तीसरे परिवार में कोई न कोई ऐसा मिल जाएगा जो नशे का आदी है. स्मैक से लेकर हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स तक, बुप्रेनॉर्फाइन, परवॉन स्पा, कोडेक्स सिरप जैसी दवाइयों से लेकर नकली कोएक्सिल और फेनारिमाइन इंजेक्शन तक यहां सब कुछ सुलभ है. पंजाब की जेलों में जितने लोग बंद हैं उनमें से 30 फीसदी नशे से जुड़े कानूनों के तहत गिरफ्तार किए गए हैं.

पंजाब के दोआबा, माझा और मालवा इलाकों में नशे की समस्या बहुत बढ़ चुकी है. यहां लगभग हर तीसरे परिवार में कोई न कोई नशे का आदी मिल जाएगा.

हम अनगढ़ की एक गली से गुजर रहे हैं जो कोएक्सिल की बोतलों और इस्तेमाल की जा चुकी सुइयों से अटी पड़ी है. 16 साल का सुखबीर संधू अपनी मां के पास जाने के लिए हमसे 30 रुपये मांगता है. वह कहता है, ‘मैं आपसे भीख नहीं मांग रहा हूं. बस मदद मांग रहा हूं. मैं एक जाट हूं. मेरा बड़ा-सा फार्म है और अगली बार मिलने पर आपके पैसे लौटा दूंगा.’ सुखबीर इलाके के एक ठीक-ठाक किसान का बेटा है. हम उसे पैसे देने से इनकार करते हैं तो वह लगभग रोना शुरू कर देता है. आखिर में वह मान लेता है कि उसे एवीएल (फेनारिमाइन मैलेट) इंजेक्शन खरीदना है. यह घोड़ों और पालतू पशुओं के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली दवा है. वह कहता है कि इस दवा में एक मरते हुए घोड़े को दोबारा जिंदा कर देने की ताकत है और इसे लेकर वह भी खुद को जिंदा महसूस करता है. सुखबीर कहता है कि अगर हम उसे 100 रुपये और देंगे तो वह हमें कस्बे की बेहतरीन जगह दिखाएगा. हमारे इनकार करने पर वह छलांग लगाते हुए एक ऐसी जगह में गुम हो जाता है जिसे होना तो सार्वजनिक शौचालय चाहिए लेकिन जो अब स्मैक व एवीएल इंजेक्शन जैसे नशे लेने वालों का अड्डा बन चुकी है.

अनगढ़ में जिम चलाने वाले 35 वर्षीय सतबीर सिंह, जो बॉडी बिल्डिंग के नेशनल चैंपियन भी रह चुके हैं,  सुखबीर जैसे लड़कों को देखकर कहते हैं कि पंजाब का भविष्य पूरी तरह अंधकारमय है और इसका कुछ नहीं किया जा सकता. सतबीर कहते हैं, ‘स्कूल के दिनों में एक ही कक्षा में हम 40 बच्चे थे. उनमें से मुझे मिलाकर केवल 10 ही जिंदा हैं. बाकी सारे स्मैक और ऐसे ही दूसरे नशों का शिकार बन गए.’ सुखबीर और सतबीर की जिंदगी में दोगुने का अंतर है लेकिन ढेर सारी बातें ऐसी हैं जिनकी आपस में तुलना हो सकती है, बल्कि जो आपस में गुंथी हुई हैं. 16 साल का सुखबीर अगर 21 वां जन्मदिन मना लेता है तो वह खुशनसीब होगा. वहीं 35 साल के सतबीर अपने ढेर सारे साथियों को मौत के मुंह में जाते देख चुके हैं. 16 की उम्र का सुखबीर अपने भावी जीवन के बारे में कुछ नहीं सोच पाता वहीं 35 के सतबीर भविष्य के बॉडी बिल्डर तैयार कर रहे हैं जो असली मर्द बनकर निखरेंगे. 16 साल का सुखबीर एक दूसरे नशेड़ी के हाथों अपने चेहरे पर ब्लेड के दो वार झेल चुका है. 35 साल के सतबीर अपने चार साल के बेटे पर झूठ-मूठ का मुक्का चलाते हैं और वह किसी प्रशिक्षित मुक्केबाज की तरह खुद को सफलतापूर्वक बचा लेता है. 16 साल का सुखबीर हर रोज अपने गांव से अनगढ़ आता है, लेकिन वह किताबें खरीदने नहीं बल्कि अपने लिए नशे का अगला डोज तलाश करने आता है. 35 साल के सतबीर ने इस कस्बे में जिम इसलिए शुरू किया कि उन्हें कोई दूसरा काम नहीं मिला.

यह एक ही राज्य के भीतर बसे दो पंजाबों की दास्तान है. सतबीर उस पंजाब की याद दिलाते हैं जिसके बारे में सिकंदर महान ने अपनी मां को लिखा था, ‘यह शेरों और बहादुरों की धरती है जहां की जमीन पर कदम-कदम पर मानो इस्पात की दीवारें हैं जो मेरे सैनिकों की परीक्षा ले रही हैं.’ इसी पंजाब के बारे में स्वामी विवेकानंद ने कहा था, ‘यह वह वीर भूमि है जो किसी भी बाहरी हमले को पहले अपनी नंगी छाती पर झेलती है.’ वहीं दूसरी ओर सुखबीर 21वीं सदी के पहले दशक के पंजाब का चेहरा है जो बुरी तरह निस्तेज है. ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर वे कौन-से हालात हैं जिनके चलते पंजाब में नशे की ऐसी लहर उठी.

पंजाब में हालिया विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान चुना आयोग के अधिकारी यह देखकर स्तब्ध रह गए कि वहां इतने बड़े पैमाने पर नशे की लत लोगों को लग चुकी है. दोआबा और माझा इलाके में केवल अफीम की भूसी यानी भुक्की और डोडा का इस्तेमाल नहीं किया जाता बल्कि इससे बनने वाले अन्य नशे मसलन स्मैक और हेरोइन भी यहां खूब चलन में हैं. इतना ही नहीं अधिकारियों के लिए सबसे अधिक चौंकाने वाली बात यह थी कि राजनीतिक दलों ने दवा दुकानदारों को खुली छूट दे रखी थी कि वे युवाओं को उनकी मर्जी के मुताबिक खतरनाक नशीली दवाएं दे दें. यह काम केवल उनके वोट हासिल करने के लिए किया जा रहा था. चुनाव की तारीख से एक सप्ताह पहले चुनाव आयोग के अधिकारियों ने तीन लाख कैप्सूल, एविल के 2,000 इंजेक्शन और रिकोडेक्स कफ सीरप के 3,000 डब्बे जब्त किए. मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी ने पंजाब में नशे की स्थिति को अनूठा बताते हुए बयान भी दिया था कि उन्होंने जितने राज्यों में चुनाव करवाए हैं कहीं भी हालात इतने खराब नहीं थे.

सीमा से लगे खालरा कस्बे में एक किसान

अपने गीतों के जरिए पंजाबी युवाओं से खुद को खत्म न करने की अपील करने वाले पंजाबी लोक गायक सतराज कहते हैं, ‘इन चुनावों के दौरान नशे की लत को जो राजनीतिक संरक्षण दिया गया वह शर्मनाक है. ऐसे वक्त में जबकि नशे की लत को एक सामाजिक मसला बनाकर उठाना चाहिए था, राज्य के नेताओं ने इसका इस्तेमाल अपने लिए वोट जुटाने के काम में किया.’ मोगा के सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त होने वाले डॉ. राजेश कुमार कहते हैं, ‘आखिर राजनेता ऐसा करें भी क्यों? दरअसल दवाओं की अधिकतर दुकानें राजनेताओं की मदद से ही तो फल-फूल रही हैं. नशे की लत के शिकार जहां हकीकत का सामना नहीं करना चाहते हैं वहीं नेताओं के सामने कड़े सवाल उठाना और उनको अपने अंदर झांक कर देखने के लिए मजबूर करना जोखिम भरा काम है.’

पंजाब में हालात खराब होने की और भी वजहें हैं. इनमें से एक प्रमुख कारण है अफगानिस्तान और पाकिस्तान से इसकी निकटता तथा दुनिया के नशे के कारोबार के नक्शे पर इसकी अहम स्थिति. पाकिस्तान के साथ लगने वाली पंजाब की सीमा के पूरे 553 किलोमीटर के इलाके में बिजली के तारों की घेराबंदी की गई है. लेकिन इसका कोई खास असर नहीं है क्योंकि इसमें बिजली गर्मियों में शाम छह बजे के बाद और जाड़ों में शाम चार बजे के बाद ही चालू की जाती है. सीमा का कुछ हिस्सा पानी से भरा है, लेकिन वह तस्करों की पसंद का रास्ता नहीं है क्योंकि बिजली बंद होने के कारण पहले वाला रास्ता उनको अधिक मुफीद पड़ता है. अगर आप नशे की लत से जद्दोजहद कर रहे तरनतारन जिले की खेमकरन सीमा चौकी पर जाएंगे तो वहां आपको सड़क पर यह चेतावनी लिखी नहीं मिलेगी कि शराब पीकर वाहन न चलाएं बल्कि इसके बजाय वहां लिखा होगा कि ड्रग्स लेकर वाहन न चलाएं.

खेमकरन के रास्ते में पड़ता है खालरा. यह सीमा पर बसा एक छोटा-सा कस्बा है जो नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े केंद्र के रूप में कुख्यात है. स्थानीय किसान कहते हैं कि नशे का ज्यादातर कारोबार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और सीमा के दोनों और मौजूद रेंजरों की नाक के नीचे होता है. नशीले पदार्थों को इधर से उधर करने में सबसे अधिक इस्तेमाल दोनों देशों की सीमाओं में खुलने वाली नाली की पाइपों और महिला तस्करों का होता है. बीएसएफ अधिकारियों का दावा है कि उन्होंने कई बार स्थानीय महिलाओं को 50 किलो तक हेरोइन अपने शरीर में सिलकर ले जाते पकड़ा है.

नशे ने पंजाब के युवाओं की क्या हालत कर दी है यह बताते हुए बीएसएफ के एक अधिकारी हमें चौंकाने वाला वाकया सुनाते हैं, ‘हम 2009 में तरनतारन में जवानों की भर्ती के लिए गए थे. यहां 376 पदों के लिए तकरीबन आठ हजार युवा आए थे, लेकिन उनमें से ज्यादातर इतने अनफिट और कमजोर थे कि हमारे 85 पद खाली ही रह गए.’ सीमापार की खतरनाक स्थितियां और सीमा पर ढुलमुल चौकसी पंजाब में नशीली दवाओं की समस्या का बस एक छोटा-सा हिस्सा भर हैं. असल में खुद भारत में ऐसे कई इलाके और रूट हैं जो सीधे-सीधे राज्य की इस पीढ़ी की तबाही के लिए जिम्मेदार हैं. यहां से तकरीबन आठ सौ किमी दूर राजस्थान का चित्तौड़गढ़ है. यह राजस्थान के उन सात जिलों में शामिल है जहां अफीम उत्पादन के लिए किसानों को सरकारी लाइसेंस मिलता है. पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी सरकार की तरफ से अफीम की खेती का लाइसेंस जारी किया गया है.

अफीम की खेती नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सख्त निगरानी में होती है. 2012 के लिए अकेले राजस्थान में 53,588 हेक्टेयर पर अफीम की खेती के लिए 48,857 नए लाइसेंस जारी किए गए थे. अफीम उत्पादन का कुछ हिस्सा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और मध्य प्रदेश के नीमच में जाता है. यहां इससे अल्कालॉयड निकाले जाते हैं जिनका उपयोग दवा बनाने में होता है. इस फसल का एक बड़ा हिस्सा ऊंचे दामों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचा जाता है.इस पूरे वैध कारोबार के बीच ऐसे कई छेद हैं जिन्हें पूरी तरह बंद करना लगभग असंभव है. नशीली दवाओं का अवैध कारोबार यहीं से फलता-फूलता है. जिन किसानों को अफीम उत्पादन का सरकारी लाइसेंस मिलता है, उनके लिए उत्पादन की न्यूनतम नियत सीमा 58 किग्रा/हेक्टेयर है. उत्पादन यदि इससे ज्यादा होता है तो नारकोटिक्स विभाग पर उसे नष्ट करने की जिम्मेदारी होती है. लेकिन इसके बाद ऐसी घटनाएं उजागर होती रही हैं जिनसे पता चलता है कि अतिरिक्त उत्पादन का एक हिस्सा पंजाब के ब्लैक मार्केट में बेचा गया है. यहां अफीम से बने पदार्थ और पाउडर सरकार द्वारा निर्धारित 800 रुपये प्रति किग्रा से कहीं ज्यादा कीमत पर बिकते हैं.

मोटे मुनाफे की वजह से इस धंधे में कहीं-कहीं सरकारी अधिकारियों की भूमिका भी संदेहास्पद है. नारकोटिक्स विभाग से तहलका को मिले दस्तावेज बताते हैं कि 2010-11 में जिला अफीम अधिकारियों ने राजस्थान के सात में से पांच जिलों के 2,700 किसानों का अफीम उत्पादन सरकारी मानक से कम रहने पर उनकी फसल खरीद निरस्त कर दी थी. चित्तौड़गढ़ के किसान कहते हैं कि कम उत्पादन उनके लिए ज्यादा मुनाफे का सौदा है, क्योंकि ऐसे में वे अपनी फसल का ज्यादा  हिस्सा ब्लैक मार्केट में बेच सकते हैं. इस अफीम को पंजाब के हनुमानगढ़ जिले में बेचा जाता है.

हालांकि पंजाब की सिर्फ भौगोलिक स्थिति राज्य के युवाओं की इस दुर्दशा के लिए जिम्मेदार नहीं है. एक मायने में हरित क्रांति से आई समृद्धि भी इसके लिए जिम्मेदार है. ग्रामीण इलाकों की शिक्षित-अर्धशिक्षित युवा पीढ़ी अब अपने बाप-दादों की तरह किसानी को आजीविका का साधन बनाना नहीं चाहती लेकिन विडंबना यह है कि इसके अलावा उनके पास नौकरियां भी नहीं हैं. पंजाब के माझा क्षेत्र में पड़ने वाले ब्रह्मपुर गांव के किसान दलबीर सिंह बताते हैं, ‘मेरे बेटे को कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद बस कंडक्टर का काम करना पड़ा था. अब वह मेरे साथ ही खेत में काम करता है. यहां नौकरियां हैं ही नहीं. यदि ये युवा ऐसे बिना काम के घूमेंगे तो नशे की गिरफ्त में आसानी से पड़ जाएंगे.’

मुक्तसर(पंजाब) में 'एक प्रयास’ नामक निजी पुनर्वास केंद्र पर नशामुक्ति के उद्देश्य से आए युवा; फोटो-तरुण सहरावत

इस जाट किसान के पास तीन एकड़ जमीन है. यह रकबा एक लिहाज से छोटा जरूर है लेकिन उनके बेटे के आजीविका कमाने और व्यस्त रहने के लिए यह पर्याप्त है. लेकिन जो बड़े किसान हैं उनके बेटों की स्थिति जोखिम भरी हैं. इनकी खेती पूरी तरह से उत्तर प्रदेश और बिहार से आए मजदूरों पर निर्भर है. तरनतारन के सरकारी अस्पताल में पदस्थ मनोविज्ञानी डॉ राणा रंजीत सिंह कहते हैं, ‘बड़े किसानों की नई पीढ़ी बुरी तरह नशे में लिप्त है क्योंकि बाहर उनके लिए कोई नौकरी नहीं है और उन्हें लगता है कि उनकी जिंदगी में आगे और कुछ बेहतर नहीं हुआ तो बाकी की जिंदगी बिताने के लिए जमीन तो है ही उनके पास.’
पंजाब के समाज में नशा एक ऐसी बुराई बन गया है जिसने यहां किसी तबके को नहीं बख्शा. अमृतसर के बाहरी इलाके में बसे मकबूलपुर में है. अनुसूचित जाति के लोगों की प्रधानता वाले इस गांव में घूमते हुए साफ तौर पर समझ में आता है कि समृद्ध जाट प्रधान गांवों और इस गांव में कुछ खास फर्क नहीं सिवाय इसके कि नशे की लत का असर यहां ज्यादा आसानी से समझा जा सकता है. मकबूलपुर के हालात इतने खराब हैं कि प्रशासन ने इस गांव को अनौपचारिक रूप से अपने हाल पर छोड़ दिया है. गांव की लगभग हर किराने की दुकान पर मेडिकल स्टोरों में मिलने वाली विशेष दवाएं मिलती हैं. छोटे-छोटे बच्चे सड़क किनारे एक लाइन से सिगरेट और अंडे बेचते हुए देखे जा सकते हैं क्योंकि उनके पिता नशे की लत के चलते अपना घर-परिवार चलाने की हालत में नहीं हैं. कुछ लोग अपनी झोपड़ियों के पीछे अफीम के थैले रखते हैं जहां नशा करने वालों की लाइन दिख जाती है जो सिर्फ दस रुपये में अपनी खुराक लेने के लिए यहां जुटते हैं.

32 साल के विजय पाल सिंह मकबूलपुर के सबसे संपन्न लोगों में से हैं. हमें गांव घुमाने की बात पर वे बड़ी मुश्किल से तैयार होते हैं. गांव से गुजरते हुए हमें आस-पास के इलाकों से आए कई मजदूर दिखते हैं जो यहां लहान (देसी शराब) के लिए आते हैं और अपने लिए स्मैक लेकर चले जाते हैं. विजय पाल, जो खुद एक नशेड़ी हैं, काफी मान-मनौव्वल के बाद हमसे इस बारे में बात करने को तैयार होते हैं. उनकी कहानी अपने आप में उस बुनियादी वजह का खुलासा करती है जिससे राज्य में नशे की लत इस हद तक फैली है.

विजय पाल के दादा जब 1947 में भारत-पाक विभाजन के बाद भारत आए थे तब उनके पास काफी जमीन थी और आज भी वे यहां के बड़े किसान हैं. हमने जब विजय पाल से यह जानने की कोशिश की कि वे आखिर नशे में अपना जीवन क्यों बर्बाद कर रहे हैं तो वे अपनी मूंछों पर ताव देते हुए कहते हैं कि उनके पिता ने कहा था, ‘पुत्तर, जब हमारे पास इतनी सारी जमीन है तो तू क्यों काम करना चाहता है?’ लेकिन क्या वह काम करना चाहते हैं? हमारे यह पूछने पर विजय पाल का जवाब है, ‘कोई यहां काम दिखा दे तो मैं तो करने को तैयार हूं. आपको यहां कोई काम दिखता है?’ बातचीत आगे बढ़ती है तो हमें समझ में आता है कि यह युवा नशे में बहुत बुरी तरह उलझा हुआ है और जहां से फिलहाल वह निकलने की कोशिश भी नहीं करना चाहता. विजय पाल को लगता है कि वह अपने पड़ोसियों से कहीं ऊंचा दर्जा रखता है इसलिए गांव में कोई काम-धंधा शुरू नहीं कर सकता. वह इंग्लैंड जाना चाहता है, लेकिन अपने खिलाफ एक आपराधिक मामले की वजह से नहीं जा पा रहा है. अपने बच्चों के लिए विजय पाल के पास कोई सपना नहीं है. उसे लगता है कि पुरखों की जमीन उसके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए काफी है. वह कहता है,  ‘देखिए, मुझे अपने पिता की इज्जत ऊपर वाले से भी प्यारी है और मैं उस पर दाग नहीं लगने दूंगा.’

पंजाब में दवाओं की अवैध दुकानों पर लगातार छापे पड़ते हैं, लेकिन वे कुछ हफ्तों के बाद फिर खुल जाती हैं. सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तो राज्य में यह मांग शुरू कर दी है कि दवा बेचने वाली सभी दुकानों को सरकारी नियंत्रण में आ जाना चाहिए ताकि नशे के लिए अफीम आधारित दवाओं की बिक्री को रोका जा सके. पंजाब की इस त्रासदी का एक दूसरा त्रासद पहलू यह है कि इसका समाधान खुद एक बीमारी की तरह फैल रहा है. राज्य में जहां-तहां अवैध नशा मुक्ति केंद्र खुल चुके हैं. इन केंद्रों में ज्यादातर मरीजों का वैज्ञानिक तरीके से इलाज तो होता नहीं है उल्टे पचास फीसदी से ज्यादा मरीज एक बार यहां से छुट्टी मिलने के बाद दोबारा यहां भर्ती जरूर होते हैं. पंजाब में बीते दिनों निजी नशा मुक्ति केंद्रों से जुड़ी हुई ऐसी घटनाएं हुई हैं जहां भर्ती मरीजों को प्रबंधन द्वारा शारीरिक प्रताड़ना दी गई. अमृतसर के कुछ निजी क्लीनिक तो यह भी दावा करते हैं कि वे दो लाख रुपये में लेजर थेरपी से लोगों का नशा छुड़वा सकते हैं. कुछ जगह यह दावा किया जाता है कि एक चिप लगाकर वे लोगों का इलाज कर सकते हैं. सबसे बड़ी विडंबना यह है कि पंजाब में ऐसे हास्यास्पद दावे करने वाले क्लीनिक भी लाखों की कमाई कर रहे हैं. मुक्तसर शहर में आदेश अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एस कृष्णन इसकी वजह बताते हैं, ‘ज्यादातर परिवारवाले नहीं जानते कि वे नशेड़ी आदमी के साथ क्या करें. वे या तो उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं या फिर यह सोचते हैं कि पैसे से वे उसका इलाज करवा सकते हैं. कुछ परिवारों को लगता है कि संबंधित व्यक्ति उनकी प्रतिष्ठा पर धब्बा है इसलिए उसे इन सेंटरों में रख दिया जाए.’

चौंकाने वाली बात यह थी राजनीतिक दलों ने दवा दुकानदारों को खुली छूट दे रखी थी कि वे युवाओं को उनकी मर्जी के मुताबिक खतरनाक नशीली दवाएं दे दें.

तहलका ने पंजाब के कई निजी नशा मुक्ति केंद्रों का जायजा लिया और पाया कि ज्यादातर एक जैसे ही हाल में चल रहे हैं. मुक्तसर के ऐसे ही एक केंद्र ‘एक प्रयास’ में जब हम पहुंचे तो हमें वहां एक बड़े कमरे में 30 मरीज मिले. लेकिन आश्चर्यजनक रूप से इसमें कोई खिड़की नहीं थी. यहां हर एक मरीज को प्रतिमाह 6,000 रुपये देने होते हैं. इस केंद्र के मालिक ने हमें किसी मरीज से बात करने से मना कर दिया. साथ में यह जानकारी दी कि हर दिन उन्हें कम से कम दो लोग सेंटर में भर्ती होने के लिए संपर्क करते हैं और नशा छोड़ने के लिए वे कोई भी कीमत देने को तैयार हैं. यहां के स्टाफ से बातचीत के बाद हमें पता चला कि यदि यहां जगह की कमी हो जाती है तो कम पैसा देने वाले मरीजों को किसी दूसरे सेंटर में शिफ्ट कर दिया जाता है.

विशेषज्ञ बताते हैं कि इन सेंटरों से ठीक होकर निकलने वाले तकरीबन आधे लोगों को वापस इन केंद्रों में लौटना पड़ता है. इस समय पंजाब में 98 निजी नशा मुक्ति केंद्र हैं जिनमें से सिर्फ 17 सरकार द्वारा निर्धारित मानदंडों के हिसाब से पंजीकृत हैं. इसके अलावा कितने अवैध नशा मुक्ति केंद्र यहां संचालित हैं इसका अनुमान लगाना इसलिए मुश्किल है कि यहां हर पखवाड़े ऐसे केंद्र खुल रहे हैं. अतीत में समृद्धि और बहादुरी का प्रतीक रही इस जमीन की नशावृत्ति की समस्या अब अपनी विकरालता की अंतिम अवस्था पार कर चुकी है. लेकिन अभी तक सरकार की प्राथमिकता में यह मुद्दा कहीं नहीं है. ऐसे ही हालात रहे तो शायद कुछ ही सालों में पंजाब की वैश्विक पहचान यही समस्या होगी.

(अनुवाद: पवन वर्मा)

मतिभ्रम और हम

 राजनेताओं से अगर पूछें कि उनकी निगाह में देश के सामने सबसे बड़ा संकट क्या है तो दल-दल पर निर्भर करेगा कि इसका उत्तर क्या होगा. सांप्रदायिकता पिछले करीब 20 साल से राजनीतिज्ञों के एक बड़े हिस्से की चिंता की सबसे बड़ी वजह रही है, आज भी है. इसे आधार बनाकर तमाम खरे-खोटे राजनीतिक गठबंधन बनते-बिगड़ते और तमाम अजीबोगरीब काम होते रहे हैं. राम मंदिर का निर्माण एक समय भारतीय जनता पार्टी के लिए दुनिया का सबसे बड़ा मुद्दा था, आज दूसरों का भ्रष्टाचार है. वामपंथी, समय के साथ बदलती समस्याओं के साथ नवसाम्राज्यवाद, पूंजीवाद आदि का कॉकटेल हमेशा ही बनाते रहे हैं. क्षेत्रीय दलों की समस्याएं केंद्र-राज्य संबंधों, सीबीआई-राज्यपालों के दुरुपयोग से लेकर नदी के पानी पर पड़ोसी राज्य से विवाद तक कुछ भी हो सकती हैं. लेकिन आज असल और सबसे बड़ी समस्या लोकतांत्रिक व्यवस्था के हर पाए, उसमें लगे ईंट-पत्थर-गारे और उसके चारों ओर मौजूद व्यवस्था को गतिमान रखने के लिए जरूरी उपकरणों पर से तेजी से उठते जनता के विश्वास की है.

हाल ही में किसी को कहते सुना कि अगर हमारे नेता जातिवादी, संप्रदायवादी और किसी तरह के बंटवारा-वादी नहीं होते तो वोट देते समय बड़ी समस्या खड़ी हो जाती, समझ ही नहीं आता कि वोट किसे दें.

आम जनता के किसी नुमाइंदे के इस कथन पर थोड़ा गहराई से विचार करें तो बात समझ में आ जाती है. रॉबर्ट वाड्रा के कथित गड़बड़झाले का मामला भाजपा ने करीब डेढ़ साल पहले इसलिए नहीं उठाया कि वे किसी राजनेता के परिवार के गैर-राजनीतिक सदस्य थे. मतलब अगर आपके पिता, माता या भ्राता राजनीति में हैं तो भाजपा के लिए आपका भ्रष्टाचार, भ्रष्टाचार ही नहीं है. इसका एक मतलब यह भी हो सकता है कि आपके पिता, माता या भ्राता अगर चाहें तो आपके जरिए भ्रष्टाचार करके कम से कम भाजपा की ओर से तो निश्चिंत हो ही सकते हैं.

उधर दिग्विजय सिंह के मुताबिक अटल जी के दत्तक दामाद रंजन भट्टाचार्य और आडवाणी जी की सुपुत्री के खिलाफ उनके पास काफी समय से सबूत हैं और उन्होंने राजनीति में नैतिकता का परिचय देते हुए इन दोनों के खिलाफ कभी कुछ नहीं बोला. नितिन गडकरी के बारे में कहा जा रहा है कि शरद पवार और उनके परिवार के खिलाफ वे कुछ नहीं कर रहे हैं तो इसलिए कि उनके पवार परिवार के साथ पारिवारिक संबंध हैं. उधर जब गडकरी पर आज तरह-तरह के गंभीर आरोपों की बौछार है तो पवार अपनी पारिवारिक मित्रता की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए गडकरी की प्रशंसा में कसीदे पढ़े जा रहे हैं.

नितिन गडकरी पर जिन भ्रष्टाचारों के आरोप हैं उनका जवाब तो वे नहीं देते मगर न केवल द पार्टी विद अ डिफरेंसकी कृपा से चुनावी रैलियां करते हैं बल्कि उन रैलियों में जोरदार तरीके से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज भी बुलंद करते हैं. सलमान खुर्शीद पर भी भ्रष्टाचार के आरोप हैं, अपने पिछले कानून मंत्री के पद की गरिमा और देश के कानून के प्रतिकूल अंट-बंट बातें करने के आरोप भी हैं. मगर पार्टी की कृपा से उन्हें हफ्ते-दस दिन के भीतर ही विदेश मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग की सौगात दे दी जाती है.

उत्तर प्रदेश के लोग बहन मायावती के तानाशाही रवैये से परेशान होकर बदलाव की कोशिश करते हैं मगर अखिलेश यादव के रूप में उतनी ही या उससे कम अच्छाइयों और उतनी ही या उससे भी बुरी बुराइयों के साथ दो-चार होने को विवश हो जाते हैं.

तो ऐसे में एक सामान्य नागरिक के सामने विकल्प ही क्या बच जाते हैं सिवा इसके कि या तो वह वोट ही न दे या फिर जाति-धर्म आदि का सहारा लेकर बिना दुविधा के अपना वोट डाल दे.

पिछले दो-तीन साल देश के बारे में जरा भी सोचने और सोचने-समझने की काबिलियत रखने वाले किसी भी व्यक्ति पर बहुत भारी पड़े होंगे इसमें किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए. लेकिन देश के हर नागरिक को समझना होगा कि किसी भी किस्म की उदासीनता ऐसे हालात में कोई विकल्प ही नहीं है. अगर कुछ कर नहीं सकते तो गलत का साथ देना भी कोई विकल्प नहीं हो सकता. हमें लोकतंत्र के हर उस मौके और मंच पर जिसमें हमारी जरा भी भागीदारी का प्रावधान है कुछ ऐसा करना होगा कि जाति-धर्म या किसी भी अन्य ऐसी ही चीज के नाम पर कोई हमें अपनी बपौती न समझ सके. हमें अच्छा करने वालों को जयकारना होगा और बुरा या कुछ नहीं करने वालों को हमारे पास मौजूद हर तरह की लोकतांत्रिक शक्तियों से धिक्कारना होगा. हमें हर लोकतंत्र-प्रदत्त शक्ति का इस्तेमाल कर दिखाना होगा कि हम जड़ नहीं चेतन हैं. नहीं तो हमारा भविष्य उज्जवल क्या होना ही मुश्किल है.

हमारे राजनीतिक नेतृत्व को भी समझना होगा कि लोकतंत्र और उसके संस्थानों व उपकरणों में जनता का विश्वास ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है. अगर उसने यह पूंजी लुटा दी तो भविष्य में उसका, देश का और हम सबका कंगाल होना तय है.        

 

भारत-सोवियत संघ मैत्री संधि : 1971

जब भारत की गुटनिरपेक्षता नीति पर सवाल खड़े किए गए.
नेहरू का समाजवाद की तरफ झुकाव और देश में आजादी के तुरंत बाद मिश्रित अर्थव्यवस्था का लागू होना ऐसी घटनाएं थीं जो स्वाभाविक रूप से भारत की साम्यवादी रुझान वाले देश की छवि बनाती थीं. फिर भी शीतयुद्ध की शुरुआत में जब पूरी दुनिया पूंजीवादी (अमेरिका के नेतृत्व में) और साम्यवादी (सोवियत संघ के नेतृत्व में) खेमों में बंट रही थी, भारत किसी पक्ष में खड़ा हुआ दिखाई नहीं दिया. इन्हीं दिनों 1955 में सोवियत संघ (रूस) के राष्ट्रपति खुश्चेव भारत यात्रा पर आए और देश में रूस के सहयोग से कई परियोजनाएं शुरू हुईं. दोनों देशों की इस नजदीकी के बाद भी इंडोनेशिया के बांडुंग में जब गुटनिरपेक्ष देशों का पहला सम्मेलन हुआ तो भारत न सिर्फ गुटनिरपेक्ष आंदोलन के नेता के तौर पर उभरा बल्कि उसे तमाम देशों का समर्थन भी हासिल हुआ. तब दक्षिण एशिया में भारत के लिए स्थितियां लगातार बिगड़ रही थीं. 1954-55 में पाकिस्तान बगदाद संधि और सीटो (साउथ ईस्ट अटलांटिक ट्रीटी) में शामिल होकर अमेरिकी खेमे का सदस्य बन चुका था. इधर चीन के साथ भारत की तल्खी बढ़ती जा रही थी.

उस समय अमेरिका से पाकिस्तान को मिल रही भारी सैन्य सहायता रूस के लिए भी चिंता का विषय थी. इन परिस्थितियों में 1965 में उसने भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करके दक्षिण एशिया में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश भी की. तब रूस दोनों देशों के बीच तटस्थ रवैया अपना रहा था. लेकिन जब 1971 में फिर से भारत-पाकिस्तान युद्ध के हालात बने तब भारत के विदेश मंत्री सरदार स्वर्ण सिंह ने रूस जाकर वहां की सरकार के सामने भारत का पक्ष इतनी मजबूती से रखा कि रूस स्पष्ट रूप से भारत के समर्थन में आ गया. यही वह निर्णायक घटना थी जिसने भारत-रूस मैत्री संधि की बुनियाद रखी. इसके बाद अगस्त, 1971 में दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक मैत्री संधि हुई. देश के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए यह काफी महत्वपूर्ण कदम था लेकिन इसने अचानक ही भारत को गुटनिरपेक्ष देशों की अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के निशाने पर रख दिया. इन देशों का कहना था कि भारत भी अब एक सैन्य शक्ति की शरण में चला गया है. भारत की प्रतिष्ठा को इस कदम से गहरा झटका लगा लेकिन बाद के सालों में शीत युद्ध का माहौल खत्म होने के साथ-साथ गुटनिरपेक्ष आंदोलन भी मंद पड़ गया. हालांकि भारत-रूस मैत्री संधि भारत के विकास में काफी मददगार साबित हुई.
-पवन वर्मा

‘आज आलोचना चमचे पैदा करने का जरिया बन गई है’

 आम तौर पर कहा जाता है कि भारत सरकार और पूर्वोत्तर के बीच संवादहीनता है. क्या संवादहीनता केवल सरकारी स्तर पर है? क्या साहित्य और पत्रकारिता के स्तर पर कोई संवादहीनता नहीं है? 

पूर्वोत्तर से जो भी संवाद है वह सरकारी ही है या फिर व्यापारियों ने बना रखा है. अगर वहां सरकार की भेजी फौजें, किसिम-किसिम के दफ्तर, आयोग और हजारों कर्मचारी न होते तो यह अलगाव और भी गहरा होता. लेकिन यह सिलसिला बहुत फूहड़ है क्योंकि वहां उग्रवाद और आदिवासियों की अन्य जटिल समस्याओं को हल करने का जिम्मा जिन बड़े अफसरों पर है वे पूर्वोत्तर को पिकनिक की जगह समझते हैं जहां जंगली रहते हैं जो उनके स्वागत में नाचने चले आते हैं. वहां के बहुत-से लोगों की तरह अरुणाचल के मुख्यमंत्री गेगांग अपांग की बहू आद्री ने भी एक मुलाकात में व्यंग्य करते हुए मुझसे पूछा था, ‘आप क्या समझते थे मैं घर में नहीं पेड़ पर बैठी मिलूंगी.’ जबकि वह औरत दिल्ली में पढ़ाई और उत्तर प्रदेश में भंगियों पर रिसर्च करके गई थी. दिल्ली के अफसरों ने वहां दलालों, ठेकेदारों और भ्रष्ट अफसरों का एक विशाल तंत्र विकसित किया है जो आदिवासियों को उन्हीं की नजर से देखता है. सरकार की नजर में वहां की हर समस्या का समाधान या तो दमन है या पैसे बांटना है. माफ कीजिएगा, मीडिया और साहित्य से आप कुछ ज्यादा ही उम्मीद लगाए बैठे हैं जबकि दोनों ही हाइली लोकलाइज्ड धंधे हैं. उन्हें पूर्वोत्तर या किसी और जगह के आम लोगों से क्या लेना-देना. मीडिया ने पूर्वोत्तर को सदा से ब्लैक आउट कर रखा है. कोकराझार और दूसरे बोडो इलाकों में आदिवासियों और मैमनसिंघिया मुसलमानों के बीच मारकाट को जरा तवज्जो इसलिए मिल गई कि उसकी प्रतिक्रिया मुंबई और लखनऊ जैसी रेवेन्यू देने वाली जगहों में होने लगी थी. और रही बात हिंदी साहित्य की तो इन दिनों उसकी सबसे बड़ी समस्या पुरस्कार, अफसर लेखक का ट्रांसफर, बच्चे का इम्तिहान और मिडिल क्लास का सड़ियल प्रेम है. हरिश्चंद्र चंदोला की नागा कथा के कुछ अंशों के कई साल पहले हंस में छपने को छोड़ दें तो लोगों की समस्याओं पर प्रामाणिक ढंग से किसी साहित्यिक पत्रिका में कुछ नहीं छपा है. अब हिंदी का लेखक अपने चरित्रों के भी पास नहीं जाता. लेखक चाहता है कि पात्र खुद आएं और उसके पैरों पर गिर कर अपना हाल बता जाएं.   

पूर्वोत्तर से हिंदीभाषियों  के खिलाफ हिंसा की खबरें आती रहती हैं. आखिर इस इलाके में हिंदीभाषियों के लिए इतनी नफरत  क्यों है?

वहां अलगाव की राजनीति करने वाले लोग चुनावी फायदे के लिए हिंदी बोलने वाले आदमी को इंडिया के प्रतिनिधि के रूप में रंग देते हैं और वह अंधी हिंसा का शिकार बन जाता है. इंडिया शब्द वहां देशप्रेम नहीं दमन और भेदभाव की स्मृति जगाता है. लेकिन इससे भी बड़ा मसला जीने के संसाधनों पर कब्जे का है. पहले असम में जमीन बहुत ज्यादा थी और आबादी कम. तब सबका स्वागत था. लेकिन अब सीमित संसाधनों पर दखल के लिए असमिया, बोडो, मिरी, हिंदीभाषी और बांग्लादेशी मुसलमान सभी जूझ रहे हैं और खूनखराबा जारी है. राजनेता इस जटिल प्रश्न को हल करने के बजाय नफरत को सत्ता पाने की सीढ़ी की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं.

क्या आप पूर्वोत्तर की यात्रा पर निकलते समय ही यह तय कर चुके थे कि इस यात्रा संस्मरण को एक किताब की शक्ल में लाएंगे?

नहीं, जाते समय सिर्फ रिपोर्टिंग का इरादा था. किताब के बारे में सोचना उन दिनों की मनःस्थिति में मुमकिन नहीं था. मेरे दोस्त पंकज श्रीवास्तव (जो इन दिनों एक हिंदी समाचार चैनल में हैं) ने यह कह कर एक डायरी जरूर दी थी कि लौटने के बाद वहां के संस्मरणों को दोस्तों के बीच सुना जाएगा. लेकिन लौटते ही मैं प्रेम में पड़ गया. कुछ दिन बनारस में नौकरी की, फिर आदिवासी नायकों पर कामिक्स लिखने, बिरसा मुंडा पर फिल्म बनाने और एक ट्राइबल म्यूजियम बनाने की एक महत्वाकांक्षी योजना पर मुग्ध होकर झारखंड में भटकने लगा जो बुरी तरह फ्लाप हुई. फिर अचानक लखनऊ में घर बस गया. मैं पूर्वोत्तर को एकदम भूल गया. वह तो सेंटर फॉर साइंस एंड इनवायरनमेंट की रिपोर्टिंग फेलोशिप के कारण अरुणाचल का एक और लंबा चक्कर लगा कर लौटने के बाद 2005 में मुद्राराक्षस ने लखनऊ से एक पत्रिका निकाली जिसके लिए यह संस्मरण लिखना शुरू किया. उन्होंने झक में चार अंक बाद पत्रिका बंद कर दी. मैंने लिखना बंद कर दिया. तब से वही पत्रिकाओं, अखबारों, ब्लागों में यदा-कदा छपता रहा और कोई न कोई पाठक या दोस्त कहता रहा कि इसे किताब की शक्ल में आना चाहिए. जब अंतिका प्रकाशन के गौरीनाथ पीछे पड़ गए तब इतने साल बाद मैंने पूर्वोत्तर में पहने कपड़ों, वहां के नक्शों, डायरियों, स्केचों, चिट्ठियों, तस्वीरों, जुटाए गए दस्तावेजों से भरा झोला खोला और उस यात्रा को रिकंस्ट्रक्ट किया. सच कहूं तो यह गौरीनाथ और मेरे बच्चे टीपू की किताब है. वे दोनों न होते तो यह कभी न लिखी जाती. मैं छपने न छपने से उदासीन हो चुका था.   

आपने बताया कि आपने एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में झारखंड की भी यात्रा की है. क्या इस इलाके के बारे में भी कुछ लिखेंगे?

झारखंड तो मैं एक साल रह गया. इसके अलावा मैं पंजाब, हिमाचल और दक्षिण के छोटे कस्बों और गांवों में भी कुछ वक्त बाइक से बेमकसद भटका हूं. लेकिन अब मैं कुछ ठोस,  शोधपरक काम करना चाहता हूं. ऐसी जगहें जहां सरकार, लोकतंत्र, विकास वगैरह लगभग अनुपस्थित हैं, जहां बस आदमी है और निर्मम प्रकृति है वहां लोग कैसे जीते हैं, इस बारे में लिखना चाहता हूं. मसलन तिब्बत के भीतरी हिस्सों के बारे में रहस्य की जो कहानियां हैं वे मुझे उकसाती हैं. जानना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश के अबूझमाड़ के जंगल के भीतर आदिवासी और नक्सली कैसे रहते हैं या एक समुद्री मछुआरे का जीवन कैसा होता है. अगली यात्रा पुस्तक का अस्तित्व मेरे पास संसाधनों के होने न होने पर निर्भर है. हो सकता है मेरी अपनी शर्तों पर कोई प्रायोजक भी मिल जाए.   

पूर्वोत्तर को लेकर अज्ञेय का भी काफी महत्वपूर्ण काम रहा है. उनके काम को किस तरह से देखते हैं?

अज्ञेय के यात्रा वृत्तांत मैं पहले पढ़ चुका था. लेकिन वे कहानियां जो पूर्वोत्तर में घटित होती हैं, मैंने इस यात्रा के दौरान ही पढ़ीं. उनमें भारत और फौज के प्रति असंतोष की ध्वनि है. लेकिन तब से अब के बीच ब्रह्मपुत्र में काफी पानी और खून बह चुका है. अब हर आदिवासी समुदाय की अपनी एक साहित्य सभा है जो उनकी बोली की लिपि बना रही है और एक गुरिल्ला संगठन है जो एक अलग राज्य या देश मांग रहा है. साथ ही उनके गुस्से के ढेरों आदिवासी राजनीतिक सौदागर हैं. लेकिन अज्ञेय के काम और बहुआयामी व्यक्तित्व की हमने क्या कद्र की? हिंदी के गोष्ठीबाजों ने उन्हें रिड्यूस कर एक साहित्यिक गिरोह के नेता और कलावादी के रूप में नई पीढ़ी को पहचनवाया. मुझे लगता है कि हिंदी के पास अज्ञेय के रूप में एक अपना रवींद्र नाथ टैगोर था. हमने उसे नहीं पहचाना और खो दिया.

हिंदी साहित्य का कोई भी नामचीन समीक्षक इस किताब के बारे में कुछ भी लिख-बोल नहीं रहा है.

हिंदी के दो बड़े लेखकों स्वयं प्रकाश और ज्ञानरंजन ने इस किताब की समीक्षा की है. टीवी और प्रिंट के कुछ अच्छे पत्रकारों ने भी रिव्यू किया है इसलिए यह कहना कि कोई लिख-बोल नहीं रहा है, ठीक नहीं होगा. दूसरी बात, मैं नितांत निजी वजहों से लिखता हूं इसलिए आलोचकों, समीक्षकों की परवाह नहीं करता और उनसे किसी प्रकार की अपेक्षा नहीं रखता. मुझे लगता है कि लेखक जरा उपेक्षित और गुमनाम रहकर ही अच्छा काम कर सकता है. उपेक्षा मेरे भीतर की आग को लहकाने का काम करती है. ज्यादा नामवरी किसी भी लेखक के लिए फंदा है जो फंसा कर अपनी कीमत अंततः वसूल ही लेती है. आलोचना अब रचना को विश्लेषित करने के बजाय चमचे और विपुल मात्रा में घटिया साहित्य निर्मित करने का जरिया बन रही है. हिंदी का सबसे बड़ा आलोचक सबसे बड़ा जोकर बन चुका है. असल बात यह है कि यदि आपकी विषयवस्तु में दम है तो नामचीनों की चुप्पी के बावजूद अपनी जगह बना लेंगे. नहीं तो कितनी भी शुरुआती हाइप बना लें फुस्स हो जाएंगे. 

‘गंदगी है तो साफ करने वाले भी हैं’

बैंक की नौकरी में तीन साल बिताने के बाद मेरा तबादला बुंदेलखंड क्षेत्र में हुआ. मैं लगातार बुंदेलखंड के किसानों के हालात के बारे में पढ़ता रहता था और मुझे लग रहा था कि इस तबादले के बाद लोगों के काम आ सकने की मेरी इच्छा कुछ हद तक पूरी हो सकेगी. मैं वाकई जानना चाहता था कि करोड़ों रुपये के पैकेज मिलने के बाद भी देश के इस हिस्से में इतनी बदहाली क्यों है.

मैं वित्त सहायक के पद पर था और मैंने सोच रखा था कि किसानों की भरपूर मदद करनी है. लेकिन वहां के जमीनी हालात देखकर मैं स्तब्ध रह गया. खुली लूट मची हुई थी. हर तरह के कर्ज देने में दलाली का बोलबाला था. क्या मेरे वरिष्ठ और क्या मेरे अधीनस्थ, सारे के सारे इसका भरपूर लाभ उठा रहे थे. मैं अपने प्रण व नैतिकता के साथ बिल्कुल अलग-थलग पड़ गया था.

आखिर में मैंने ठाना कि गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरुक करूंगा. लेकिन लंबे समय से चला आ रहा भ्रष्टाचार उन लोगों के दिलोदिमाग में इस कदर घर कर चुका था कि उनको लगता था इसके बिना कोई काम पूरा ही नहीं हो सकता. इसी उधेड़बुन में मैं एक शाम ट्रेन से शहर अपने घर आ रहा था. डिब्बा ठसाठस भरा हुआ था. उसमें जगह बिल्कुल नहीं थी लेकिन हां, सहयात्रियों के दिलों में पर्याप्त जगह थी. सफर लंबा था लिहाजा मैं वक्त काटने के लिए बैग से गीता निकालकर पढ़ने लगा.

अचानक मेरे कान में कुछ शब्द टकराए – भ्रष्टाचार व घोटाले हमारे देश का अभिन्न अंग बन चुके हैं. नेताओं और अफसरों ने देश में आग लगा रखी है। कभी 2जी घोटाला तो कभी कॉमनवेल्थ घोटाला. घोटाले और भ्रष्टाचार ने हमारे सिस्टम में बहुत भीतर तक पैठ बना रखी  है. कभी-कभी तो लगता है कि बड़े-बड़े पदों पर बैठे नेताओं और अफसरों को अपनी जिम्मेदारी का अहसास ही नहीं है. तो कभी लगता है कि इस पर बात करना समय को बर्बाद करना है. खिड़की के पास बैठे सज्जन बहुत निश्चिंत भाव से कह रहे थे. पिछले कुछ समय से मेरा पाला भी भ्रष्टाचार की घटनाओं से लगातार पड़ रहा था, इसलिए मैं चौकन्ना होकर लोगों की बातें सुनने लगा.

ताश खेल रहे दूसरे सहयात्री ने कहा,  ‘आखिर हम भी ईमानदार कहां हैं? कोई बड़ा चोर है तो हम छोटे चोर हैं. जिसका जैसा बल और अधिकार, वैसा ही उसका भ्रष्टाचार. भ्रष्टाचार केवल पैसे से नहीं होता बल्कि हम सब कर्तव्य, समय, समाज और चरित्र से भी भ्रष्ट हैं. आज के युग में वही ईमानदार है जिसे भ्रष्टाचार करने का अवसर न मिले.’

हालांकि उनकी साफगोई मुझे अच्छी लग रही थी, लेकिन अपनी सच्चाई व ईमानदारी पर मुझे इतना अधिक यकीन था कि उनकी बातें सुनकर गुस्सा भी आ रहा था कि ये कैसे बिना जमीर वाले इंसान की तरह बात कर रहे हैं. इसी बीच काफी देर से खामोश बैठे तीसरे बंदे ने कहा – भाइयों सिस्टम एक गिलास है हम सब पानी. पानी को ही गिलास का रूप लेना पड़ता है अगर ईमानदारी का ज्यादा उबाल आया तो गिलास चटक जाएगा और हम सब बह जाएंगे. मैं इन तमाम नकारात्मक बातों से अंदर से हिल उठा था कि तभी रेल के उस कूपे में सवार एक निपट देहाती दिखाई दे रहे शख्स ने कहा,  ‘हुजूर, बोले के लिए माफी चाहत हौं, नदियन मां रहै वारी सबै जीव गंदगी नहीं फलावत हैं.

कुछ गंदगी का साफौ करत हैं जिके कारन नदी का पानी बचा रहत हौ’ (बोलने के लिए माफी चाहता हूं, नदियों में रहने वाले सभी जीव गंदगी नहीं फैलाते हैं कुछ उस गंदगी को साफ भी करते हैं जिसके कारण नदी का पानी बचा रहता है). मैं अवाक था. जो बात मुझे गीता पढ़कर समझ में नहीं आ रही थी, वह एक साधारण ग्रामीण ने मुझे समझा दी. मैंने मन में ठान लिया कि भले ही पानी की तरह बह जाऊं लेकिन अपनी ईमानदारी से सिस्टम रूपी गिलास को चटका कर मानूंगा.

मिसाल और मलाल

सितंबर का आखिरी हफ्ता. सुबह के माहौल में ठंड की हल्की दस्तक है. अहमदाबाद गणेश विसर्जन के अनगिनत रंगों में डूबा हुआ है. साबरमती नदी पर बने एक पुल पर अबीर-गुलाल में लिपटे नाचते-गाते लोगों के हुजूम के बीच सरकती हुई एक स्कॉर्पियो कार सड़क के किनारे रुकती है. हमारे लिए पीछे का दरवाजा खुलता है. भीतर एक शख्स पर नजरें एक बार जमती हैं तो फिर कुछ मिनट के लिए ठहर-सी जाती हैं. महरून सलवार-कुर्ता, कंधे तक कटे और माथे पर करीने से जमे बाल, आंखों में गहरा काजल और मर्दाना से दिखने वाले होठों पर भूरे रंग की भड़कीली लिपस्टिक. चार-चार अंगूठियों के साथ-साथ मेंहदी से संवारे गए अपने हाथों को आगे बढ़ाकर जब यह शख्स हमसे गाड़ी में बैठने को कहता है तो हम एक पल के लिए ठिठक से जाते हैं. उसके खुरदुरे से दिखने वाले गालों पर उग आई बासी दाढ़ी और गर्दन पर जमी चर्बी की मोटी परतों के बीच झूलती सुनहरी चेन देखकर हमारी उत्सुकता बढ़ जाती है.

आश्चर्य के उन शुरुआती लम्हों को पार कर हम गाड़ी में बैठते हैं. बातों का सिलसिला शुरू होता है. गाड़ी में बैठते ही हमें उस शख्स का परिचय मिलता है, ‘मेरा नाम मोना है. वैसे मेरा असली नाम मोहन था पर बाद में मैंने उसे बदल कर मोना कर दिया.’ साथ ही मौजूद राजू भाई और रहीम भाई (बदला हुआ नाम) से भी हमारी पहचान होती है. तय होता है कि मोना के घर चलने से पहले हम उनकी पहचान की एक चाय की दुकान पर रुककर बात कर सकते हैं. रहीम भाई गाड़ी की स्टीयरिंग संभाले हुए हैं. इस बीच मोना के साथ बात आगे बढ़ती है, ‘आप हमारे बारे में लिखने के लिए आई हैं न? मुझे पता है, सब हमारे बारे में जानना चाहते हैं क्योंकि हम सभी हिजड़े हैं’.

सफलता के साथ अपना ब्यूटी-पार्लर चला रही मोना बताती हैं कि पूरे अहमदाबाद से औरतें उनके यहां आई-ब्रो बनवाने आती हैं

सवाल हमें चौंकाता है. थोड़ा संभलते हुए हम कहते हैं कि हम उनसे इसलिए मिलने आए हैं कि किन्नर होने के साथ जुड़े ऐतिहासिक सामाजिक बहिष्कार को सहते हुए भी उन्होंने अपनी मेहनत से जिंदगी में अपना एक मुकाम बनाया है और अपने क्षेत्र में सफलता की मिसाल कायम की है. विश्वास में लेने की कुछ कोशिशों के बाद वे बात करने के लिए तैयार हो जाते हैं. आगे की सीट पर रहीम भाई के बगल में बैठे राजू भाई भी पीछे मुड़कर बातचीत में शामिल हो जाते हैं. 46 वर्षीय राजू का असली नाम मजीद है. अपने जीवन के बीते दो दशक मंच पर एक सफल नर्तकी के तौर पर गुजर चुके राजू अब सिर्फ खास मौकों पर ही अपनी प्रस्तुति देते हैं. अपनी शोहरत के दिनों को याद करते हुए अचानक राजू की सुरमई आंखों में चमक आ जाती है. वे उत्साहित होकर बताते हैं, ‘स्टेज पर मेरा नाम ‘लैला’ हुआ करता था. मैं क्लासिकल के साथ-साथ फिल्मी गीतों, गजलों और लोकगीतों पर भी प्रस्तुति दिया करता था. एक वक्त सारे गुजरात में मेरे शोज की धूम हुआ करती थी. बाद में खास न्योतों पर मैंने बॉम्बे और राजस्थान में भी कई शो किए.’

राजू को बचपन से ही सामान्य बच्चों से अलग महसूस होता था. लेकिन इस ‘अलग’ होने के मायने उनकी शारीरिक बनावट और उस बनावट को लेकर असहज सामाजिक प्रतिक्रियाओं से बहुत गहराई से जुड़े हुए थे, यह उन्हें बहुत बाद में महसूस हुआ. अपनी शुरुआती यात्रा के बारे में पूछने पर वे कहते हैं, ’10 -12 साल की उम्र तक मुझे समझ में आ गया था कि मैं आदमी नहीं हूं. पूरी तरह से औरत भी नहीं हूं. मुझे बस डांस करने की इच्छा होती थी. हमेशा नाचने का ही मन करता था. मैंने यहीं की एक डांस कंपनी में काम शुरू कर दिया. शुरू में आर्टिस्टों के कपड़े लेकर उनके पीछे खड़ा रहता था. मेकअप का सामान लेकर यहां-वहां दौड़ता रहता था. हमारे ट्रूप के लोग बहुत अच्छे थे. जब उन्होंने देखा कि मेरा डांस को लेकर बहुत लगाव है तो उन्होंने मुझे भी सीखने के लिए कहा. फिर उन्हीं लोगों ने बिना पैसे लिए ही मुझे क्लासिकल सिखाया. फिल्मी गीतों और गजलों पर डांस करना भी सिखाया.’ वे आगे जोड़ते हैं, ‘मेरे पास तो अपनी पहली प्रस्तुति के लिए कपड़े भी नहीं थे. इन लोगों ने ही मुझेे लहंगा बनवा के दिया. गहने दिए और मेरा मेक-अप भी किया. नसीब से मेरा पहला परफार्मेंस बहुत हिट रहा. फिर क्या था, मुझे और काम मिलता गया और मैं खूब सारे डांस शो करने लगा. इस बीच मैंने रियाज करके अपनी कला को भी सुधारा. लगातार मेहनत से मेरे काम में और निखार आया और धीरे-धीरे गुजरात से बाहर के भी प्रोग्राम मिलने लगे.’

लेकिन आसान-सी दिखने वाली राजू की यह यात्रा उतनी आसान नहीं रही. राजू तीन बहनों के बाद पैदा हुए थे. उनके पिता के गुजर जाने के बाद उनकी मां ने किसी तरह उनकी दो बहनों की शादी करवाई. राजू का मानना है कि अगर आज वे जिंदा हैं तो सिर्फ अपनी मां की वजह से. वे बताते हैं, ‘मेरी तीसरी बहन पागल थी. इसलिए अपनी मां और बहन का खर्चा चलाने की जिम्मेदारी मेरे ही कंधो पर थी. सबने मुझे दुत्कारा पर मेरी मां ने हमेशा मुझे अपनाया. वे हमेशा कहती थीं कि मैं जैसा भी हूं, उसे कमा के खिलाता तो हूं. उसने मुझे कभी डांस करने से नहीं रोका, हालांकि मेरे परिवार के बाकी लोगों को बहुत बुरा लगता था.’

एक किन्नर होने के बावजूद राजू ने भीख मांगने के अपने पारंपरिक पेशे को कभी नहीं अपनाया. बल्कि अपनी मेहनत और कला के बल पर रोजी कमाई. लेकिन एक कलाकार के तौर पर अपनी सामाजिक स्वीकार्यता के बारे में पूछने पर वे कुछ देर के लिए खामोश हो जाते हैं. फिर भर्राए हुए गले से कहते हैं, ‘मैडम, 20 साल से ऊपर हो गए नाचते-नाचते, लेकिन आज भी लोग मुझे हिजड़ा ही कहते हैं, कलाकार नहीं. आज भी जब मैं सड़क पर चलता हूं तो सब कहते हैं कि देखो छक्का जा रहा है. मैंने अपने समाज के लोगों, अपने गुरुओं, सभी के नाराज होने पर भी मेहनत करके रोजी कमाने की ठानी. पूरी जिंदगी लगा दी आपकी इस दुनिया में एक जगह बनाने के लिए. खूब मेहनत भी की. रोजी तो कमा ली लेकिन प्यार और इज्जत नहीं. आपको लगता है कि हम लोग सफल किन्नरों की मिसालें हैं? यह ठीक है कि हमने अपने समाज के लोगों की तरह कभी भीख नहीं मांगी, लेकिन उससे हुआ क्या? मेरे पास आज भी न ही कोई कानूनी अधिकार है और न ही इस समाज के लोगों ने मुझे स्वीकार किया. आज एक नृत्य कलाकार के तौर पर 20 साल गुजारने के बाद भी मैं ठगा हुआ महसूस करता हूं.’

भारत में कभी किन्नरों की कोई आधिकारिक गिनती नहीं हुई है लेकिन प्रमुख सामाजिक सर्वेक्षणों के अनुसार पूरे भारत में उनकी संख्या 19 लाख के आस-पास बताई जाती है. भारत में किन्नरों के सात प्रमुख घराने हैं और हर किन्नर इनमें से किसी एक घराने का सदस्य होता है. किन्नरों की इस दुनिया की अपनी व्यवस्था और नियम होते हैं. हर घराने में कई स्तर होते हैं और घराने का मुखिया एक प्रमुख गुरु या ‘नाईक’ होता है. घराने में किसी भी नए सदस्य का आगमन इस गुरु के आशीर्वाद के बाद ही संभव होता है. ज़्यादातर किन्नरों को प्रमुख गुरु, गुरु, छोटे गुरुओं और चेलों का यह सुरक्षात्मक जाल बहुत आकर्षित करता है. किन्नरों पर लिखे अपने एक निबंध में प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी कहते हैं कि गुरुओं और चेलों का यह नेटवर्क हिजड़ा होने का मूल भाग है. ‘द हाफ़ वूमेन गॉड’ में वे लिखते हैं, ‘परिवार का यह स्वरूप ही एक हिजड़े के जीवन को अर्थ देता है. ऐसी कई महिलाएं भी हैं जिन्होंने हिजड़ा घरानों और उनकी सुरक्षात्मक संरचना से प्रभावित होकर उन्हें अपना लिया. इस समुदाय के लिए एक सच्चा हिजड़ा होने का अर्थ ही है घराने का हिस्सा बनना और अपने गुरु की सेवा करना.’ लेकिन मोना, राजू और रहीम भाई ने हिजड़ा समुदाय के इन सभी नियमों को ताक पर रखकर अपनी नई जिंदगी बनाने की पूरी कोशिश की.

मोना पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना ब्यूटी-पार्लर चलाती हैं. इस पार्लर में पूरे अहमदाबाद से औरतें आती हैं. तस्वीर: प्रियंका दुबे

राजू से बातचीत करते-करते हम इन तीनों दोस्तों की पसंदीदा चाय की दुकान पर पहुंच चुके हैं. चाय का प्याला हमारी तरफ बढ़ाते हुए मोना कहती हैं, ‘हमने बहुत पहले ही तय कर लिया था कि हम आम किन्नरों जैसा जीवन नहीं गुजारेंगे. असल में जब हम अपने समाज में गए तो वहां किन्नरों की हालत देखकर बहुत डर सा लगा. हमने देखा कि उन्हें तरह-तरह की बीमारियां हो गई हैं. वे बहुत तड़प-तड़प के अपनी जिंदगियां गुजार रहे थे. सारी उम्र भीख मांगते रहे लेकिन गरीबी और भुखमरी कभी नहीं गई. तभी हमने सोचा कि हम कुछ भी करेंगे लेकिन इस तरह नहीं मरेंगे. राजू को डांस करना आता था तो उसने इसे अपना पेशा बनाया, रहीम ने एक ठेले से शुरुआत की और आज शहर में अपना होटल चलाता है. देखिए, यह गाड़ी भी उसी की है. और मुझे सजने-संवरने का शौक था तो मैंने अपना ब्यूटी पार्लर खोल लिया. हमें जो भी छोटा-मोटा काम आता था, हमने किया. मेहनत से सीखकर अपने आप को सुधारा भी. लेकिन भीख मांग कर जीने से इनकार कर दिया.’

42 वर्षीया मोना मोहन की तरह एक पारंपरिक हिंदू परिवार में पैदा हुई थी. मोहन से मोना तक की अपनी यात्रा को याद करते हुए वे कहती हैं, ‘जब मैं 8 -10 साल की थी तभी से मुझे लड़कियों की तरह सजना-संवरना बहुत पसंद था. मुझे मेंहदी लगाने का बहुत शौक था और मैं अच्छी मेंहदी लगा भी लेती थी. धीरे-धीरे आस-पास की लड़कियां भी मुझसे मेंहदी लगवाने आने लगीं. उन्हीं से सुनकर पास के ब्यूटी पार्लर वालों को भी पता चला और उन्होंने मुझे बुलाया. उन्होंने कहा कि मेरे हाथों में कला है और अगर मैं चाहूं तो काम सीख सकती हूं. बस मैंने उनके यहां काम सीखना शुरू कर दिया और फिर कुछ सालों बाद अपना ब्यूटी पार्लर खोला. आज पूरे अहमदाबाद से औरतें मेरे यहां आई-ब्रो बनवाने आती हैं. अपने काम से मैं अपना और अपनी बूढ़ी मां का खर्चा आराम से निकाल लेती हूं. और मैं खुश हूं कि मैं वही काम कर रही हूं जो मैं करना चाहती थी.’ लेकिन अपनी किन्नर पहचान के साथ इतनी सफलता हासिल करने के बाद अब वे अपने जीवन को कैसे देखती हैं? इस सवाल को सुनते ही मोना की आंखों में आंसू आ जाते हैं. वे लड़खड़ाती आवाज में कहती हैं, ‘भगवान ऐसी जिंदगी किसी को न दे. आधी जिंदगी तो यही समझने में निकल जाती है कि हम औरत हैं या मर्द. और फिर इस सवाल में उलझ जाती है कि हम इन दोनों में से कुछ क्यों नहीं हैं? और जब दस-बीस सालों की जद्दोजहद के बाद हम खुद को स्वीकार करते हैं, तो दुनिया नहीं मानती. हम कुछ भी क्यों न कर लें, हमेशा हिजड़े ही रहेंगे. मैंने हमेशा चाहा कि लोग मेरी जिंदगी को न देखकर मेरे काम को देखें, लेकिन हुआ हमेशा उल्टा. लोगों ने हमेशा मेरे हुनर को नजरअंदाज किया और सिर्फ यह याद रखा कि मैं एक हिजड़ा हूं.’

राजू और रहीम मोना को संभालते हुए उन्हें सांत्वना देते हैं और उनका उत्साह बढ़ाते हुए अपना ब्यूटी-पार्लर दिखाने के लिए कहते हैं. मोना हमें अपने पार्लर ले जाने के लिए तैयार हो जाती हैं. पुराने अहमदाबाद की एक छोटी सी बस्ती में मौजूद अपना एक कमरे का पार्लर दिखाते हुए मोना की आंखों की चमक लौट आती है. ‘चांदनी ब्यूटी पार्लर’ में कई महिलाएं उनका इंतजार कर रही है. मोना अपने ग्राहकों में व्यस्त हो जाती हैं और हम रहीम से बात करते हैं. एक ठेले पर नाश्ते की छोटी-सी लारी लगाकर अपने व्यवसाय की शुरुआत करने वाले रहीम भाई आज शहर में अपना होटल खोल चुके हैं. बातचीत की शुरुआत से पहले ही वे कहते हैं कि वे अपने किन्नर होने के बारे में बात नहीं कर सकते. वे बताते हैं,’पहले तो कोई मेरा चेहरा तक नहीं देखना चाहता था. मुझे देखकर मेरे परिवारवाले मुंह मोड़ लेते थे. लेकिन जब से मेरा होटल चल निकला, तब से सबने मुझे अपना लिया है. लेकिन उनके साथ रहने के लिए मुझे अपनी किन्नर पहचान छुपानी पड़ती है. वे कहते हैं कि घर की लड़कियों की शादी में दिक्कत होगी. पहचान के लोगों में बदनामी होगी’. एक आखिरी सवाल करते हुए हम पूछते हैं कि उन्होंने अपने जीवन में आत्मनिर्भर होकर इतनी सफलता अर्जित की है, फिर भी उनके परिवारवाले और मित्र उन्हें उनकी पहचान के साथ स्वीकार क्यों नहीं करते. सवाल सुनते ही सुबह से एक सफल व्यवसायी के तौर पर मुस्कुराते हुए अपनी गाड़ी चला रहे रहीम भाई धीरे से अपनी गर्दन झुका लेते हैं. कुछ देर चुप रहने के बाद वे कहते हैं, ‘मुझे स्वीकार तो किया गया, लेकिन सिर्फ अपनी सफलता की वजह से. और शायद इसलिए स्वीकार्यता भी शायद सिर्फ मेरी सफलता को ही मिली है, मेरे किन्नर होने को नहीं’. यह पीड़ा सिर्फ राजू भाई, मोना और रहीम की ही नहीं, उन तमाम किन्नरों की भी है जिन्होंने अपनी पारंपरिक राह छोड़कर कुछ अलग करने का फैसला किया. मध्य प्रदेश के शहर सागर की पूर्व महापौर कमला बुआ को भी इसका दर्द है कि सफलता हासिल करते ही लोगों का उनके प्रति व्यवहार बदल गया. वे बताती हैं, ‘महापौर बन गई हूं तो घरवाले प्रेम करते नहीं थक रहे. हर कोई रिश्ता जोड़ रहा है. लेकिन यह कैसे भूलूं कि मेरे पैदा होने पर ममता की मूरत कही जाने वाली मां के सीने से न तो एक बूंद दूध निकला और न ही बाप के बटुए से दो रुपये. मुझे मेरे हाल पर छोड़ दिया गया था. मैंने अपनी मेहनत से अपना जीवन संवारा है.’

किन्नर होने के बावजूद राजू ने मांगने के अपने पारंपरिक पेशे को कभी नहीं अपनाया, बल्कि अपनी मेहनत और कला के बल पर रोज़ी कमाई

भोपाल में किन्नरों के उत्थान के लिए काम करने वाले 30 वर्षीय नरेंद्र शर्मा उर्फ मैगी से हमारी पहली मुलाकात शहर के एक रेस्तरां में होती है. सलवार-कुर्ता और काले रंग का दुपट्टा ओढ़े मैगी जब रेस्टोरेंट में दाखिल होती हैं तो माहौल में थोड़ी असहजता फैल जाती है. काजल और गहरे लाल रंग की लिपस्टिक से सजी मैगी को भी अपने अलग होने का एहसास सात साल की उम्र में ही हो गया था. वेटर की कौतूहल भरी निगाहों का सामना करते हुए मैगी आत्मविश्वास के साथ अपने लिए चाय मंगवाती हैं. बातचीत का सिलसिला शुरू करते हुए वे बताती हैं कि उन्हें अपने अलग होने का एहसास सात साल की उम्र में ही हो गया था. वे बताती हैं, ‘मेरे परिवारवालों को तो शुरू में ही पता चल गया था कि मैं किन्नर हूं, लेकिन समाज के डर से उन्होंने मेरी परवरिश लड़के की तरह ही की. अभी जहां मैं किराये पर रहती हूं वहां भी सब मुझे एक लड़के के तौर पर ही जानते हैं. मैं किन्नर तो हूं लेकिन मुझे हमेशा से पता था कि मैं अपनी मेहनत से अपनी पहचान बनाऊंगी. इसलिए मैंने पढ़ाई भी खूब की. फैशन डिजाइनिंग के साथ-साथ कंप्यूटर का भी कोर्स किया. फिर कई जगह नौकरियां भी कीं, लेकिन हर जगह मेरे किन्नर होने की वजह से लोग मुझसे कतराते. हर जगह या तो मेरा मजाक उड़ाया जाता या मुझ पर फब्तियां कसी जातीं.’

फिर मैगी ने सोचा कि दूसरों द्वारा मजाक का पात्र बनने से बेहतर है कि वे अपने समाज के लिए कुछ करें. उन्होंने एक छोटा-सा संगठन बनाकर किन्नरों को उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का काम शुरू कर दिया. पिछले चार साल से वे किन्नरों के मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रही मैगी बताती हैं कि इतनी मेहनत के बाद वे अपनी आजीविका तो कमा लेती हैं लेकिन उन्हें सम्मान नहीं मिलता. वे कहती हैं, ‘मेरे पिता मेरे किन्नर होने की वजह से हमेशा मेरी मां को डांटते थे. अब भी उनका या समाज का मेरे प्रति नजरिया बदला नहीं है. मेरे भाई आज भी मुझे छक्का कहकर बुलाते हैं. मेरे मेहनत करने या अपने पैरों पर खड़े होने से मैं सिर्फ पैसे कमा सकती हूं, प्यार और सम्मान नहीं.’

अहमदाबाद में राजू भाई, मोना और रहीम भाई से विदा लेते हुए एक ही बात जेहन में बार-बार आ रही है. हम आए तो थे ऐसे किन्नरों से मिलने जिन्होंने अपनी पारंपरिक राह को छोड़कर अपनी मेहनत से अपना मुकाम बनाया है. हम बॉलीवुड, फैशन डिजाइन और राजनीति में मौजूद चंद चर्चित किन्नर चेहरों से इतर, आम भारत के आम शहरों में पनप रही सफलता की नई कहानियों की तलाश में आए थे. हमें सफलता की ऐसी कहानियां मिलीं लेकिन हर कहानी सामाजिक स्वीकार्यता के बिंदु पर आते ही बिखर जाती.
ये कहानियां बताती हैं कि यदि अपने समाज, परिवार और तमाम बंधनों को तोड़कर किन्नर अपनी एक नई पहचान बनाने की कोशिश करते हैं तो भी समाज उन्हें स्वीकार नहीं करता. किन्नरों को सिर्फ ‘किन्नर’ बनाए रखने की सोच के आगे सफलता की इतनी मजबूत कहानियां भी टूटती ही लगती हैं. क्या यह स्थिति बदलेगी?
 (बृजेश सिंह के योगदान के साथ)