Home Blog Page 1103

भाजपा ने बंगाल के २७ नाम तय किए

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल के लिए २७ उम्मीदवारों के नाम लगभग अंतिम कर लिए हैं। इसका फैसला भाजपा चुनाव समिति की बैठक में किया गया जिसकी अध्यक्षता अमित शाह ने की।
पार्टी ने बंगाल की ४५ में से २७ सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया है।  आसनसोल से बाबुल सुप्रियो, टीएमसी से आए सौमित्र खान और अनुपम हाजरा के टिकट और दार्जिलिंग से एसएस अहलूवालिया की उम्मीदवारी पर अंतिम फैसला आलाकमान करेगा। भाजपा ने पूर्व आईपीएस भारती सेन टिकट देने का फैसला किया है।
टीएमसी से भाजपा में आए अर्जुन सिंह को भी भाजपा टिकट मिल गया है। उत्तर प्रदेश की ४० लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों के नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ की ११ में से ५ लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। छत्तीसगढ़ की बाकी सीटों पर २२ मार्च को भाजपा चुनाव समिति की बैठक में चर्चा होगी।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक मंगलवार को भी देर रात हुई थी। बैठक में फैसला किया गया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के सभी १० सांसदों को इस बार टिकट नहीं दिया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को राजनांदगांव से पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रमुख और पार्टी महासचिव अनिल जैन ने कहा कि सभी १० सांसदों को बदला जाएगा। हाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा की शर्मनाक हार के मद्देनजर यह फैसला किया गया है। केंद्रीय चुनाव समिति में पीएम मोदी और पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हुए।

नक्सली हमले में ९ घायल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने होली के दिन आम नागरिकों को निशाना बनाया है जिसमें कमसे कम ९ लोग घायल हो गए हैं। नक्सलियों ने एक सिविलियन वाहन को आईईडी विस्फोट करके उड़ा दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजापुर जिले में नक्सलियों के इस हमले में घायल ९ लोगों में से एक महिला भी है। घायलों में एक ही हालत गंभीर बताई गयी है। यह एक निजी वाहन था जिसे नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट करके उड़ा दिया।  छत्तीसगढ़ पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।
डीआईजी (नक्सल विरोधी अभियान) सुंदरराज पी ने बताया कि यह घटना ब्लैक टॉप रोड पर पेड्डाकोदेपाल और नामेड गांव की है। सभी पीड़ित एक मेला देखने के लिए दंतेवाड़ा जिला जा रहे थे, तभी नक्सलियों ने उनको निशाना बनाया।
हमले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस उप-महानिरीक्षक ने बताया कि वाहन के चालक राजाराम की हालत नाजुक है, वहीं इस धमाके के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यह घटना बुधवार देर शाम की है।
 पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की साजिश रची थी, लेकिन गलती से आम नागरिकों के वाहन पर हमला हो गया।

सीआरपीएफ जवान ने तीन साथियों की हत्या की

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक सीआरपीएफ जवान ने कथित विवाद के बाद अपने तीन साथियों को गोली मार दी। यही नहीं इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।  इस गोलीबारी में उसके तीनों सीआरपीएफ साथियों की मौत हो गई है जबकि वह खुद गंभीर हालत में है।
गंभीर हालत में उसे उधमपुर के सेना अस्पताल में भर्ती किया गया है। डाक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर नहीं बताई है। जानकारी के मुताबिक जवान की अपने साथियों के साथ बट्टल बालियान कैंप में कुछ कहासुनी हो गयी। यह सभी जवान सीआरपीएफ की १८७ बटालियन के हैं। अभी साफ नहीं हो पाया है कि चारों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यूपी के कानपुर के रहने वाले कांस्टेबल अजीत कुमार ने राजस्थान के झुनझुन के रहने वाले हेड कॉन्स्टेबल पोखरमल, दिल्ली के मौजपुर के रहने वाले हेड कॉन्स्टेबल योगेंद्र शर्मा और हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले हेड कॉन्स्टेबल उम्मीद सिंह को गोली मारी। इन तीनों की गोली लगने से मौत हो गई  जबकि कांस्टेबल अजीत कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बचाने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गोलीबारी की घटना उस वक्त हुई जब पुलवामा आतंकी हमले में ४० सीआरपीएफ जवानों के शहीद होने के कारण इस बार सीआरपीएफ, बीएसएफ समेत अर्धसैनिक बलों के करीब १० लाख जवानों ने होली नहीं मनाने का फैसला किया है। मामले की जांच चल रही है।

समझौता ब्लास्ट के सभी आरोपी बरी 

पानीपत के बहुचर्चित समझौता ब्लास्ट मामले में बुधवार को विशेष एनआईए कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। ब्लास्ट मामले में स्वामी असीमानन्द, लोकेश शर्मा, कमल चौहान और राजेंद्र चौधरी उर्फ राजेन्द्र पहलवान को कोर्ट ने बरी किया है।
ब्लास्ट के १२ साल बाद यह फैसला आया है। गौरतलब है कि १७ फरवरी, २००७ को  पाकिस्तान जा रही समझौता एक्सप्रेस में पानीपत के पास ब्लास्ट हुआ और इसमें पांच भारतीय नागरिको समेत ६८ लोगों की जान चली गयी थी। मरने वालों में १६  बच्चे भी शामिल थे। यह हादसा इतना भीषण था कि १९ मृतकों की शिनाख्त तक नहीं हो पाई थी।
एनआईए ने मामले की जांच में आठ लोगों को आरोपी बनाया। इनमें स्वामी असीमानंद, लोकेश शर्मा, राजेंद्र चौधरी और कमल चौहान के खिलाफ यह मुकदमा एनआईए कोर्ट में चल रहा था, जबकि तीन आरोपी पहले ही भगोड़े करार दिए जा चुके हैं और एक आरोपी की मौत हो चुकी है।
१८ फ़रवरी, २००७  को भारत-पाकिस्तान के बीच हफ़्ते में दो दिन चलनेवाली ट्रेन संख्या ४००१ अप अटारी (समझौता) एक्सप्रेस में दो आईईडी धमाके हुए जिसमें ६८  लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा रात ११.५३ बजे दिल्ली से क़रीब ८०  किमी दूर पानीपत के दिवाना रेलवे स्टेशन के पास हुआ था। धमाकों की वजह से ट्रेन में आग लग गई और इसमें महिलाओं और बच्चों समेत कुल ६८ लोगों की मौत हो गई जबकि १२ लोग घायल हुए।
याद रहे १९ फ़रवरी को जीआरपी/एसआईटी हरियाणा पुलिस ने मामले को दर्ज किया और क़रीब ढाई साल के बाद इस घटना की जांच का ज़िम्मा २९ जुलाई, २०१०  को राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) को सौंपा गया।

कांग्रेस-एनसी में चुनाव पूर्व समझौता

जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नैशनल कांफ्रेंस में लोक सभा चुनाव के लिए चुनाव-पूर्व समझौता हुआ है। हालाँकि समझौते के बावजूद दोनों पार्टियां तीन सीटों पर ”फ्रेंडली कांटेस्ट” के लिए भी उतरेंगी। जम्मू-कश्मीर की छह लोकसभा सीटों पर पांच चरणों में चुनाव होना है।
पिछले विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में एनसी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार थी लेकिन चुनाव में भाजपा-पीडीपी को ज्यादा सीटें मिलने के बाद इन दोनों ने चुनाव बाद गठबंधन बनाकर सरकार बनाई थी। इस समझौते में पीएम मोदी ने भी बड़ी भूमिका निभाई थी। हालाँकि २०१८ में भाजपा ने अचानक पीडीपी से समर्थन वापस ले लिया और सरकार तोड़ दी। अब अगले लोक सभा चुनाव में एनसी और कांग्रेस पीडीपी और भाजपा को धूल चटाने के लिए फिर इक्कट्ठे हुए हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता घुलम नबी आज़ाद और अम्बिका सोनी बुधवार को श्रीनगर पहुंचे और नैशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला से बैठक की। जम्मू-कश्मीर में ६  संसदीय सीटें हैं। गठबंधन के बाद श्रीनगर लोकसभा सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस कांग्रेस के सहयोग से पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला को मैदान में उतारेगी। कांग्रेस जम्मू और उधमपुर सीटों पर नैशनल कांफ्रेंस के साथ गठबंधन से लड़ेगी। कांग्रेस का जोर चार सीटों के लिए था जिसमें लद्दाख और अनंतनाग सीटें भी हैं। हालाँकि वहां अब दोनों ”फ्रेडंली मुकाबला” करेंगे। फ्रेडंली मुकाबला बारामुला में भी होगा। वैसे लद्दाख में हो सकता है दोनों में समझौता हो जाये और कांग्रेस वहां से लड़े।
सूबे में छह संसदीय सीटें अनंतनाग, उधमपुर, बारामुला, श्रीनगर, जम्मू और लददाख हैं। कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के अलावा पीडीपी और भाजपा भी मैदान में होंगे। गौरतलब है कि २०१४ की मोदी लहर में जम्मू, उधमपुर और लद्दाख सीटें भाजपा ने जीत ली थीं। बाद में लद्दाख से भाजपा एमपी तुपस्तन छेवांग ने भाजपा छोड़ दी थी।  इस बार मोदी लहर जैसी कोइ बात नहीं लिहाजा भाजपा को कड़ा मुकाबला झेलना होगा।

प्रियंका ने शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाये तो भाजपाई गंगाजल से धोने पहुँच गए

यूपी में भाजपा की राजनीति की बुधवार को अजब रंग देखने को मिला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सुबह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये और श्रद्धांजलि अर्पित की तो बाद में भाजपा के लोग प्रतिमा के ”शुद्धिकरण” के लिए वहां आकर उसे गंगाजल से धोने लग पड़े।
प्रियंका के यूपी की राजनीति में उतरने के बाद से ही भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उनपर अलग-अलग तरह की टिप्णियां करने में जुटे हैं। कई भद्दी टिप्णियों के लिए भाजपा के नेताओं को सोशल मीडिया पर ट्रोल भी होना पड़ा है। अब नई घटना में प्रियंका के शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद भाजपा नेताओं के उसके ”शुद्धिकरण” का मामला सामने आया है।
इससे पहले प्रियंका गांधी वाराणसी के रामनगर इलाके में किला घाट स्थित शास्त्री स्मृति भवन पहुंचीं। वहां पहुंचने पर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच बहसबाजी के बाद धक्का-मुक्की भी हुई, जो कुछ देर बाद हाथापाई में बदल गई।
पूर्वांचल के तीन दिन के दौरे पर बुधवार को वाराणसी पहुंचीं प्रियंका गांधी ने पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किये। इसके बाद भाजपा  कार्यकर्ता प्रतिमा ”धोने” पहुंच गए। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा को गंगा जल से धोया और उसका कथित तौर पर ”शुद्धिकरण” किया।
प्रियंका गांधी तीन दिन के पूर्वांचल के तूफानी दौरे पर हैं। वे प्रयागराज, मिर्जापुर और वाराणसी का दौरा कर रही हैं। प्रियंका ने काशी विश्वनाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और आज तीन दिवसीय दौरे का आखिरी दिन है। प्रियंका गांधी ने अस्सी घाट पर सफाई कर्मियों से भी बात की। उन्होंने वाराणसी के मशहूर दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भी भाग लिया। वाराणसी में प्रियंका के रोड शो में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली जिससे कांग्रेस के नेता गदगद हैं।

यूपी भाजपा अध्यक्ष के भाई की पुत्रवधू कांग्रेस में शामिल

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय की पुत्रवधू अमृता पांडेय बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के वाराणसी दौरे में कांग्रेस में शामिल हो गईं। पीएम मोदी के गढ़ वाराणसी के दौरे में प्रियंका ने जनसभा में केंद्र सरकार पर जमकर हमला किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश में नयी राजनीति शुरू करना चाहती हैं। उन्होंने कहा – ”इसलिये गंगा के सहारे, गंगा के रास्ते आयी हूं। मोदी सरकार ने मजदूरों और किसानों के लिए कुछ काम नहीं किया है। बीएचयू में छात्राओं ने अपनी आवाज़ उठायी तो उन्हें लाठियां मारी गयीं। वहां लड़कियों को अपनी बात कहने का हक नहीं है। ये लोकतंत्र नहीं है।”
गांधी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने की लड़ाई वाराणसी से ही लड़ी जाएगी।  ये एक तरह से आज़ादी की लड़ाई है। ”अगर हो सके तो हमारे उम्मीदवार को वाराणसी से जरूर जिताएं।” इस मौके पर कांग्रेस में शामिल हुईं अमृता पांडेय से प्रियंका ने मजाक में पूछा कि आप पार्टी ज्वॉइन कर रही हैं, आपके ससुर जी नाराज तो नहीं हो जाएंगे? बता दें, अमृता यूपी भाजपा अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय की पुत्रवधू हैं।
भाजपा-कांग्रेस कार्यर्ताओं के बीच मारपीट मामले पर प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी राजनीति मारपीट की नहीं है। ”कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजों की लाठियां सही, मार खाई पर हाथ नहीं उठाया। आज इस देश में अंग्रेजों जैसी तानाशाही की स्थिति है।  बस फर्क यही है कि ये हिंदुस्तानी तानाशाह है।”
प्रियंका से नीरव मोदी की गिरफ्तारी पर भी सवाल पूछा गया। गांधी ने कहा – ”क्या नीरव मोदी को गिरफ्तार करना उपलब्धि है, जाने किसने दिया था?”
वाराणसी में रैली को संबोधित करने के बाद प्रियंका गांधी शहीद विशाल पांडेय के घर पहुंचीं। जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में वायु सेना के एमआई-१७  हेलीकॉप्टर हादसे में वाराणसी निवासी सार्जेंट विशाल पांडेय शहीद हो गए थे।

गोवा में सावंत ने विश्वास मत जीता

मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद गोवा की राजनीति में नए युग का सूत्रपात हो गया है। भाजपा गठबंधन विधायक दल के नए नेता प्रमोद सावंत, जिन्हें पिछली रात ही मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गयी थी, ने बुधवार को सदन के बहुत में बहुमत साबित कर दिया।
दो विधायकों के निधन के बाद गोवा विधानसभा में सदस्यों की संख्या फिलहाल ३६  है, जिसमें से बहुमत के लिए सरकार को १९ विधायकों की ज़रुरत थी। फ्लोर टेस्ट के दौरान सरकार को २० विधायकों का समर्थन मिला, जबकि १५ विधायकों ने विपक्ष में वोट किया। इस तरह पांच वोटों के अंतर से प्रमोद सावंत की सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है।
फ्लोर टेस्ट के दौरान सावंत सरकार को भाजपा के ११, महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के ३, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के ३ और ३ ही निर्दलियों का समर्थन मिला। कांग्रेस के १४ और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के एक विधायक ने विशवास मत के विरोध में वोट किया। पर्रिकर के निधन के बाद राजनीतिक गठजोड़ की कोशिशों के बीच प्रमोद सावंत ने देर रात २ बजे ११ मंत्रियों के साथ शपथ ली थी।

नीरव मोदी लन्दन में गिरफ्तार

पंजाब नैशनल बैंक से १३,००० करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी को लंदन में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें थोड़ी देर में अदालत में पेश किया जाएगा। भारतीय अधिकारियों को लन्दन की अदालत को यह कन्विंस करना होगा कि क्यों नीरव को भारत ले जाना ज़रूरी है। ब्रिटेन में प्रत्यार्पण का क़ानून भारत से थोड़ा भिन्न है और वहां लम्भी प्रक्रिया के बाद ही प्रत्यार्पण पर फैसला सामने आता है।
मोदी को गिरफ्तार होने के बाद करीब ३. ४५ पर वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया जाएगा। अभी तय नहीं कि उन्हें जमानत मिलेगी या नहीं। अदालत अब भारत में उसके प्रत्यर्पण को लेकर मामले की सुनवाई करेगी। चर्चा है कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से नीरव मोदी की संपत्तियों को बेचा जा सकता है।
नीरव के वकील कोशिश कर रहे हैं कि लंदन कोर्ट से आज ही उन्हें जमानत भी मिल जाए। इसके बाद आगे मामले को विजय माल्य के केस की तरह चलाया जाएगा। वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने भारत के प्रवर्तन निदेशालय की ओर से प्रत्यर्पण की अर्जी दाखिल करने के जवाब में यह अरेस्ट वॉरंट जारी किया था। इसके बाद से ही कहा जा रहा था कि नीरव मोदी को कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक कि जांच एजेंसी को हाल में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा वारंट जारी करने के बारे में सूचित किया गया था और नीरव मोदी को जल्द ही स्थानीय पुलिस (लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस) द्वारा गिरफ्तार करने की बात कही गई थी।

पीएम जनता को मूर्ख समझना बंद करें : प्रियंका

यूपी की चुनावी जंग में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अब सीधे पीएम मोदी को ललकारने लगी हैं। सुबह मोदी ने ब्लॉग लिखकर गांधी परिवार पर टिपण्णी की तो प्रियंका ने भी जवाब देने में देर नहीं लगाई। उन्होंने जवाब दिया मोदी के ही गढ़ बाराणसी में और कहा – ”अब पीएम को जनता को मूर्ख समझना बंद कर देना चाहिए।”
लोकसभा चुनाव के लिए अब माहौल भाजपा बनाम कांग्रेस होता जा रहा है। यूपी में भी जिस तरह प्रियंका के दौरों से हलचल है उसने लोगों का फोकस कांग्रेस पर किया है। भाजपा ही नहीं, मायावती तक में इससे बैचेनी दिख रही है। अब पीएम मोदी ने ब्लॉग के जरिये गांधी परिवार पर निशाना साधा तो कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर मोदी को जवाब देने में डेरी नहीं की।
प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा – ”वंशवाद राजनीति की सबसे बड़ी संस्था है। भाजपा पिछले पांच साल से मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर हमला बोल रही है। अब पीएम को जनता को मूर्ख समझना बंद कर देना चाहिए।”
गांधी यूपी के चार दिवसीय दौरे पर हैं। वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ काशी पहुंचीं और वहां रुद्राभिषेक किया। वे कई घाटों-मंदिरों का दौरा कर चुकी हैं। प्रियंका की 140 किमी की बोट यात्रा का वाराणसी आखिरी पड़ाव रहा। प्रयागराज से शुरू दो दिन की बोटयात्रा के दौरान प्रियंका ने मोदी पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेस महासचिव आज मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अपनी तीन दिवसीय चुनावी यात्रा का समापन कर रही हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी ”सांची बात, प्रियंका के साथ” कार्यक्रम के जरिए जनता से सीधा संवाद करेंगी।
मिर्जापुर पहुंची प्रियंका गांधी का जोरदार स्वागत हुआ। मोदी के ब्लॉग पर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से पिछले पांच साल में मीडिया समेत सभी संस्थानों पर हमला किया। प्रधानमंत्री को यह सोचना बंद कर देना चाहिए कि लोग बेवकूफ हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि लोग इसके पीछे की सच्चाई देख सकते हैं। ”हम डरने वाले नहीं हैं। हमें जितना प्रताड़ित किया जाएगा, हम उतनी ही मजबूती से लड़ेंगे।”
इस बीच प्रियंका गांधी ने आज होने वाले होली मिलन समारोह को रद्द कर दिया है। आज साढ़े तीन बजे ये कार्यक्रम वाराणसी के कांग्रेस मुख्यालय में होना था। खबरों के मुताबिक पुलवामा में शहीद हुए जवानों के शोक में प्रियंका गांधी ने इस कार्यक्रम को रद्द किया है। वे शहीदों के तीन परिवारों से भी मिल रही हैं।