प्रियंका ने शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाये तो भाजपाई गंगाजल से धोने पहुँच गए

यूपी में भाजपा की राजनीति की बुधवार को अजब रंग देखने को मिला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सुबह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये और श्रद्धांजलि अर्पित की तो बाद में भाजपा के लोग प्रतिमा के ”शुद्धिकरण” के लिए वहां आकर उसे गंगाजल से धोने लग पड़े।
प्रियंका के यूपी की राजनीति में उतरने के बाद से ही भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उनपर अलग-अलग तरह की टिप्णियां करने में जुटे हैं। कई भद्दी टिप्णियों के लिए भाजपा के नेताओं को सोशल मीडिया पर ट्रोल भी होना पड़ा है। अब नई घटना में प्रियंका के शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद भाजपा नेताओं के उसके ”शुद्धिकरण” का मामला सामने आया है।
इससे पहले प्रियंका गांधी वाराणसी के रामनगर इलाके में किला घाट स्थित शास्त्री स्मृति भवन पहुंचीं। वहां पहुंचने पर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच बहसबाजी के बाद धक्का-मुक्की भी हुई, जो कुछ देर बाद हाथापाई में बदल गई।
पूर्वांचल के तीन दिन के दौरे पर बुधवार को वाराणसी पहुंचीं प्रियंका गांधी ने पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किये। इसके बाद भाजपा  कार्यकर्ता प्रतिमा ”धोने” पहुंच गए। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा को गंगा जल से धोया और उसका कथित तौर पर ”शुद्धिकरण” किया।
प्रियंका गांधी तीन दिन के पूर्वांचल के तूफानी दौरे पर हैं। वे प्रयागराज, मिर्जापुर और वाराणसी का दौरा कर रही हैं। प्रियंका ने काशी विश्वनाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और आज तीन दिवसीय दौरे का आखिरी दिन है। प्रियंका गांधी ने अस्सी घाट पर सफाई कर्मियों से भी बात की। उन्होंने वाराणसी के मशहूर दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भी भाग लिया। वाराणसी में प्रियंका के रोड शो में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली जिससे कांग्रेस के नेता गदगद हैं।