चार मंजिला इमारत में अचानक उठीं आग की लपटें, पुराना सीलमपुर में मचा हड़कंप

पुराना सीलमपुर में चार मंजिला इमारत में आग लगने का हादसा
पुराना सीलमपुर में चार मंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

स्नेहलता चौरसिया | दिल्ली

रविवार की सुबह पुराना सीलमपुर में अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर से उठती आग की लपटों ने आसपास के लोगों को दहला दिया। देखते ही देखते धुआं इमारत के आसपास फैल गया। सबसे बड़ी चिंता ऊपर की मंजिलों पर रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई आग

घटना दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र के पुराना सीलमपुर इलाके की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी। आग लगते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं तो इमारत से धुआं निकल रहा था। आग के फैलने को रोकने और इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई।

ऊपर रहने वाला किरायेदार सुरक्षित निकाला गया

चार मंजिला इमारत होने की वजह से आग के साथ-साथ धुएं का खतरा भी बना हुआ था। बताया गया कि इमारत की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले एक किरायेदार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं।

आग कैसे लगी, जांच के बाद होगा खुलासा

फिलहाल आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद दमकल विभाग की जांच में इसके कारण और इमारत में हुए नुकसान की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुराना सीलमपुर जैसे घनी आबादी वाले इलाके में बहुमंजिला इमारत में आग लगना बेहद गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। संकरी गलियों और आसपास की घनी आबादी के बीच दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचाना भी चुनौती बन सकता है। ऐसे में यह घटना एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में आग से बचाव और सुरक्षित निकासी की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।