चीन के तिब्बत से अचानक भारी मात्रा में पानी आने से नदी का जलस्तर बढ़ा, रसुवा जिले में सबसे ज्यादा प्रभाव
स्नेहल चौरसिया | काठमांडू
भोटेकोशी नदी में अचानक पानी बढ़ा
नेपाल में बुधवार को अचानक आई बाढ़ से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। चीन के तिब्बत क्षेत्र की तरफ से अचानक भारी मात्रा में पानी आने के बाद भोटेकोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इसका सबसे ज्यादा असर रसुवा जिले के तिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके में देखने को मिला। बाढ़ के पानी ने कई जगहों पर नुकसान पहुंचाया है और प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
सुबह 9 बजे मिला अलर्ट, निचले इलाकों में चेतावनी
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब नौ बजे भोटेकोशी नदी में अचानक पानी बढ़ने की सूचना मिली। हालात को देखते हुए प्रशासन ने नदी के निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया। लोगों से कहा गया है कि वे नदियों और नालों के आसपास न जाएं और सुरक्षित जगहों पर रहें।
सड़क यातायात बाधित, भूस्खलन की आशंका
बाढ़ का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। नेपाल के कई पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कई रास्तों पर यातायात बाधित हुआ है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।
तिब्बत में हिमझील टूटने की आशंका
इस बीच अधिकारियों को आशंका है कि तिब्बत की तरफ किसी हिमझील के टूटने या अचानक पानी छोड़े जाने की वजह से नदी में इतना तेज बहाव आया हो सकता है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
मानसून के दौरान लगातार बना खतरा
नेपाल में मानसून के दौरान पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा लगातार बना रहता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
राहत और बचाव कार्य जारी
फिलहाल राहत और बचाव एजेंसियां स्थिति का जायजा ले रही हैं। बाढ़ से हुए नुकसान और प्रभावित लोगों की संख्या का पूरा आंकड़ा सामने आने में अभी समय लग सकता है।

