
लोजपा (रामविलास) ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया, बिहार समेत कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदले
रिपोर्टर प्रिया तिवारी
विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन मजबूत करने की तैयारी
विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक पार्टियां अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी हैं। इसी कड़ी में लोक जनशक्ति पार्टी ने भी संगठन में बड़ा बदलाव किया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। नई टीम में राज्यों से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर खास जोर दिया गया है।
8 राज्यों में होने वाले चुनाव पर केंद्रित नई कार्यकारिणी
पार्टी नेताओं के मुताबिक, आने वाले समय में देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में नई कार्यकारिणी के जरिए विभिन्न राज्यों में संगठन को सक्रिय और मजबूत करने की तैयारी है।
लोजपा (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए नई सूची जारी कर दी गई है। नई कार्यकारिणी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां नए और फ्रेश चेहरों को सौंपी गई हैं।
बिहार समेत कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा
पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन के साथ-साथ बिहार समेत कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा की है। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ सांसदों, विधायकों और युवा चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पार्टी का कहना है कि यह बदलाव संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में एक अहम कदम है।
चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर जारी की सूची
पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोशल मीडिया पर नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची जारी करते हुए सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
चिराग ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पार्टी के हर पदाधिकारी को अपने क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।
लोजपा का लगातार संगठन विस्तार पर जोर
लोजपा लगातार संगठन को मजबूत करने और देशभर में अपना विस्तार बढ़ाने पर जोर देती रही है। ऐसे में नई टीम के जरिए पार्टी आगामी चुनावों के लिए अपनी तैयारियों को और धार देने की कोशिश में जुट गई है।


