OTT का भौकाल अब थिएटर में! ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज़ से पहले टिकटों की धूम, ₹1800 तक पहुंचा दाम

मिर्जापुर द मूवी के टिकट ₹1800 तक पहुंचे, एडवांस बुकिंग में 1.40 लाख टिकट बिके
'मिर्जापुर: द मूवी' 4 सितंबर को थिएटर में रिलीज हो रही है। एडवांस बुकिंग में टिकटों की कीमत ₹149 से शुरू होकर ₹1,800 तक पहुंच गई है।

मोहिनी सेंगर। नई दिल्ली

4 सितंबर को थिएटर में दस्तक

जिस ‘मिर्जापुर’ ने OTT पर अपनी अलग पहचान बनाई, अब वही भौकाल बड़े पर्दे पर उतरने वाला है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म की रिलीज़ से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और इसकी एडवांस बुकिंग तेजी से आगे बढ़ रही है।

रिलीज़ से पहले ही एडवांस बुकिंग में दिखा जबरदस्त क्रेज

एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू हुई थी और अब तक फिल्म के 1.40 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। 3 सितंबर तक एडवांस बुकिंग से फिल्म ने करीब ₹6.03 करोड़ का कलेक्शन दर्ज किया है, जिसमें ब्लॉक किए गए टिकट भी शामिल हैं। वहीं, PVR INOX और Cinepolis जैसी नेशनल चेन में भी करीब 55 हजार टिकटों की बिक्री हो चुकी है।

टिकटों पर भी दिखा भौकाल, ₹1800 तक पहुंचा दाम

अब बात करें टिकट की कीमत की, तो यहां भी ‘मिर्जापुर’ का भौकाल नज़र आ रहा है। अलग-अलग शहरों और सिनेमाघरों में टिकट की कीमत अलग है। शुरुआती बुकिंग में टिकट ₹149 से शुरू होकर ₹1,800 तक पहुंच गया है। नोएडा के DLF में नाइट शो का टिकट ₹1,800 तक दर्ज किया गया।

कालीन भैया से गुड्डू पंडित तक, पुराने किरदारों की धमाकेदार वापसी

फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा अपने चर्चित किरदारों में लौट रहे हैं। इनके साथ रवि किशन, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी समेत कई कलाकार नज़र आएंगे। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है।

कितनी लंबी होगी फिल्म और किस उम्र के दर्शक इसे देख सकेंगे?

‘मिर्जापुर: द मूवी’ को A सर्टिफिकेट मिला है और फिल्म का रनटाइम करीब 3 घंटे 17 मिनट है। फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। A सर्टिफिकेट के चलते फिल्म को केवल वयस्क दर्शक ही देख सकेंगे। लंबा रनटाइम होने के कारण फिल्म ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइज़ी की अब तक की प्रमुख सिनेमाई रिलीज़ में शामिल होगी।

एडवांस बुकिंग ने बढ़ाई उम्मीदें

अब सबसे ज्यादा नजर फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर है। शुरुआती ट्रेड अनुमानों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ पहले दिन करीब ₹20-25 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है। एडवांस बुकिंग में मिल रहे रिस्पॉन्स को देखते हुए फिल्म की ओपनिंग को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, असली तस्वीर रिलीज के बाद ही सामने आएगी और यह देखना दिलचस्प होगा कि OTT पर बड़ी फैन फॉलोइंग रखने वाली ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइज़ी सिनेमाघरों में दर्शकों को कितनी मजबूती से खींच पाती है।