
स्नेहलता | नई दिल्ली
2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के दौरान अपने साहस और जज्बे से देशभर में पहचान बनाने वाले पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट ले लिया है। करीब दो दशक तक एयरफोर्स में सेवा देने के बाद अब उनके करियर ने एक नया मोड़ लिया है। अभिनंदन ने गोवा की प्राइवेट एयरलाइन FLY91 जॉइन कर ली है। अब वह यात्री विमान उड़ाते नजर आएंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना छोड़ी और अगस्त में FLY91 से जुड़े। एयरफोर्स में उनका सामान्य रिटायरमेंट 2037 में होना था।
2019 में पाकिस्तान में उतरे थे अभिनंदन
27 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा की ओर बढ़ने की कोशिश की थी। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे।
पाकिस्तानी विमानों को रोकने के लिए उन्हें भेजा गया। हवाई मुकाबले के दौरान उन्होंने एक पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया। इसी दौरान उनका MiG-21 भी मिसाइल की चपेट में आ गया। विमान को नुकसान पहुंचने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया और पैराशूट से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में जा गिरे।
इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। करीब 60 घंटे बाद 1 मार्च 2019 को अभिनंदन भारत वापस लौटे।
वीर चक्र से हुए सम्मानित
अभिनंदन की बहादुरी के लिए उन्हें साल 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी कहानी भारतीय वायुसेना के साहस और मुश्किल परिस्थितियों में कर्तव्य निभाने की मिसाल बन गई।
अब ATR-72 उड़ाएंगे
वायुसेना छोड़ने के बाद अभिनंदन अब कमर्शियल एविएशन में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं। वह FLY91 के ATR-72 विमान उड़ाएंगे। ATR-72 एक क्षेत्रीय यात्री विमान है, जिसमें 70 से ज्यादा यात्री सफर कर सकते हैं। इसमें प्रोपेलर वाले इंजन होते हैं और इसे मुख्य रूप से छोटी और मध्यम दूरी की उड़ानों में इस्तेमाल किया जाता है।
एयरफोर्स के लड़ाकू विमान से लेकर अब यात्री विमान तक का यह सफर अभिनंदन के करियर का एक नया अध्याय है।

