NEET प्रोटेस्ट में वायरल हुई रिया अहीर, बिग बॉस 20 में ‘Fans Ka Faisla’ हारकर OUT; लवप्रीत गिल को मिला टिकट

NEET प्रोटेस्ट में वायरल हुई रिया अहीर, बिग बॉस 20 में एंट्री से पहले OUT
NEET प्रोटेस्ट के दौरान वायरल हुईं रिया अहीर को बिग बॉस 20 में ‘Fans Ka Faisla’ वोट में हार मिली। दर्शकों ने लवप्रीत गिल को चुना।

मोहिनी सेंगर। नई दिल्ली

एक वीडियो ने बदली पहचान

रिया अहीर का नाम कुछ ही समय पहले तक आम दर्शकों के लिए शायद अनजान था, लेकिन छात्र आंदोलन के दौरान एक वायरल वीडियो ने उन्हें रातों-रात सोशल मीडिया पर पहचान दिला दी। मुंबई में NEET परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन के सामने खड़े होने की उनकी तस्वीर और वीडियो खूब वायरल हुए। देखते ही देखते रिया को ‘वायरल गर्ल’ के नाम से पहचान मिलने लगी।

एक्टिविस्ट नहीं, मॉडल और एक्टर

वायरल होने के बाद रिया के सामने एक नई चुनौती भी आई। लोग उन्हें सिर्फ उस प्रदर्शन से जोड़ने लगे, जबकि रिया ने खुद साफ किया कि वह कोई प्रोफेशनल एक्टिविस्ट नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वह एक्टिंग, मॉडलिंग और दूसरे क्रिएटिव कामों से जुड़ी रही हैं। यानी प्रोटेस्ट उनका करियर नहीं था, लेकिन उसी एक पल ने उनके करियर को एक ऐसी पब्लिसिटी दे दी, जिसकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी।

फिर आया ‘बिग बॉस’ का बुलावा

वायरल फेम के कुछ ही समय बाद रिया का नाम ‘बिग बॉस 20’ से जुड़ गया। लेकिन यहां कहानी थोड़ी अलग थी। उन्हें सीधे घर में जगह नहीं मिली, बल्कि मेकर्स ने रिया और लवप्रीत गिल को ‘Fans Ka Faisla’ के मुकाबले में रखा। अब फैसला मेकर्स नहीं, बल्कि जनता को करना था कि इन दोनों में से किसे बिग बॉस के घर में जाने का मौका मिले।

रिया ने मांगे वोट, लेकिन ट्रोलिंग भी मिली

बिग बॉस का हिस्सा बनने की खबर सामने आते ही रिया को समर्थन के साथ आलोचना भी झेलनी पड़ी। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि प्रोटेस्ट से मिली लोकप्रियता के बाद अब वह रियलिटी शो का हिस्सा क्यों बनना चाहती हैं। रिया ने आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा कि वह चाहती हैं कि लोग दूसरों की राय से नहीं, बल्कि उन्हें खुद देखकर उनके बारे में फैसला करें।

जिस जनता ने स्टार बनाया, उसी ने रोक दिया रास्ता

6 सितंबर को बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर में आखिरकार जनता का फैसला सामने आया। ‘Fans Ka Faisla’ में रिया अहीर और लवप्रीत गिल के बीच मुकाबला हुआ, लेकिन दर्शकों ने लवप्रीत का साथ दिया। लवप्रीत ने रिया को पीछे छोड़कर बिग बॉस के घर में अपनी जगह पक्की कर ली। यानी जिस सोशल मीडिया और जनता की वजह से रिया को पहचान मिली थी, उसी जनता के वोट ने इस बार उनके बिग बॉस सफर पर ब्रेक लगा दिया।